नई दिल्ली। वायु सेना के अधिकारियों ने तमिलनाडु के पास कुन्नूर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए एमआई-17वी 5 हेलीकॉप्टर के महत्वपूर्ण उपकरण और ब्लैक बॉक्स दुर्घटनास्थल से बरामद किया है। मौके से मिले उपकरणों से इस दुर्घटना में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों की मौत के बारे में सही जानकारी मिल सकती है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आज शाम 4 बजे तक चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी के पार्थिव शरीर दिल्ली लाये जाने की संभावना है और अंतिम संस्कार शुक्रवार (10 दिसंबर) को दिल्ली छावनी में किया जाएगा।तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को वायु सेना के हेलीकॉप्टर हादसे में देश के सैन्य बलों के पहले प्रमुख सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह इकलौते जीवित बचे हैं, जिनका सैन्य अस्पताल, वेलिंगटन में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद रक्षा अधिकारियों ने खोज क्षेत्र को दुर्घटनास्थल से 300 मीटर से एक किमी तक बढ़ा दिया था। इसके बाद दुर्घटना स्थल से वायु सेना के अधिकारियों ने आज हेलीकॉप्टर के महत्वपूर्ण उपकरण और ब्लैक बॉक्स बरामद किया है। ब्लैक बॉक्स हेलीकॉप्टर की अंतिम उड़ान स्थिति और कॉकपिट बातचीत के बारे में डेटा प्रकट कर सकता है। ब्लैक बॉक्स के जरिये इस दुर्घटना के असली कारणों से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा मिल सकेंगे। रावत दंपति का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके कामराज मार्ग स्थित सरकारी आवास पर लाए जाएंगे। यहीं पर सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक अंतिम सम्मान देने के लिए शवों को रखा जाएगा। इसके बाद यहीं से उनके पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा दिल्ली छावनी में बरार स्क्वायर श्मशान घाट तक निकाली जाएगी जहां राजकीय सम्मान से साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एबीएन डेस्क। चीफ ऑफ डिफैंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत की मौत की खबर ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। सवाल उठता है कि खाली हुए इस पद के दावेदार अब कौन हैं? देश की सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी अब किसके कंधों पर होगी? इस दुर्घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाम करीब 6.30 बजे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक की। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कमेटी के सदस्य शामिल हुए। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा और कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी बैठक में शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक बैठक में बिपिन रावत की जगह नए CDS के नाम पर चर्चा हुई। वरिष्ठता के हिसाब से जनरल एम.एम. नरवणे की दावेदारी सबसे मजबूत दिख रही है। उन्हें नया सी.डी.एस. बनाया जा सकता है। सैन्य सुधारों के लिए याद किए जाएंगे रावत: नरवणे सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैनिकों की बुधवार को हैलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। जनरल नरवणे ने कहा कि जनरल रावत को उनकी दूरदर्शी सोच तथा दीर्घकालिक परिणाम वाले सैन्य सुधारों के लिए याद किया जाएगा। जनरल रावत ने सशस्त्र सेनाओं में संयुक्त थिएटर कमान की अवधारणा और उसकी आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एबीएन डेस्क। भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों का बुधवार को एक हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हो गया। बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम को राजधानी दिल्ली लाया जाएगा। शुक्रवार को दोनों का अंतिम संस्कार दिल्ली छावनी में किया जा सकता है। वहीं, बिपिन रावत के निधन के कारण उनके गृह राज्य उत्तराखंड तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है। जानकारी के अनुसार एक सैन्य विमान सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का पार्थिव शरीर लेकर गुरुवार शाम तक दिल्ली पहुंचेगा। जिसके बाद उनके शवों को उनके घर ले जाया जाएगा। शुक्रवार को अंतिम संस्कार से पहले सुबह 11 बजे से लोगों को उनके अंतिम दर्शन करने की अनुमति होगी। बताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे के बाद उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जाएगी। कामराज मार्ग से दिल्ली कैंटोनमेंट के बराड़ चौराहा श्मशान घाट तक उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस), जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य 11 लोगों की बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर के पास एक सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से मौत हो गई। जनरल रावत नीलगिरि हिल्स के वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के स्टाफ कोर्स के संकाय और छात्र अधिकारियों को संबोधित करने के लिए जा रहे थे। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने भी जनरल बिपिन रावत और अन्य के निधन पर शोक जताया है।
एबीएन डेस्क। इंडियन रेलवे (IRCTC) लोगों को एक बड़ी राहत देने जा रही है। भारतीय रेलवे ने उन सभी ट्रेनों को शुरू करने का आदेश दिया है, जो कोविड महामारी के दौरान बंद की गई थीं। इन ट्रेनों को अब फिर से चालू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन की सुविधा तो मिलेगी ही साथ ही टिकटों के दाम में भी कटौती होगी। यात्री अब इन ट्रेनों में अनारक्षित टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। रेलवे ने अनुसार, 31 ट्र्रेनों को 10 दिसंबर से शुरू किया जाएगा, जिसमें अनारक्षित टिकट पर सफर किया जा सकता है। कोविड महामारी के दौरान भारतीय रेलवे ने आनरक्षित ट्रेनों में यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही कई ट्रेनों का संचालन भी बंद कर दिया गया था। लेकिन अब जैसे- जैसे कोरोना की लहर के बाद व्यवस्था पटरी पर आ रही है, वैसे- वैसे ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में इन 31 ट्रेनों को भी शुरू किया जा रहा है। सामान्य ट्रेनों में यात्रा करने के लिए कम किराया देना होगा। हालांकि, यात्रा के दौरान यात्रियों को अभी भी COVID-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।महामारी के दौरान रेलवे ने ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए कई स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की थी। जिसके बाद इन ट्रेनों के किराये में भी बढ़ोतरी की गई थी क्योंकि स्पेशल ट्रेनों का किराया सामान्य ट्रेन से ज्यादा होता है। इसके अलावा रेलवे ने करीब 70 फीसदी पैसेंजर ट्रेनों को मेल एक्सप्रेस में बदला है, जिनके किराये में भी इजाफा हुआ है। रेलवे ने इन ट्रेनों के संचालन के साथ ही अब आरक्षित कोच में अनारक्षित टिकट के साथ महिलाएं ओर दिव्यांग सफर कर सकेंगे। इस दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। लेकिन उन्हें उसी जगह पर सफर करने की सुविध मिलेगी, जहां समान्य ट्रेने शुरू नहीं की गई हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के रक्षा प्रमुख (सीडीएस) बिपिन रावत व 13 अन्य लोगों को ले जा रहे हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की हृदय विदारक घटना को कुछ लोगों ने अपनी आंखों से देखी। बुधवार दोपहर यह हादसा तमिलनाडु के कुन्नूर जिले के नानजप्पनचथिराम इलाके के कट्टेरी पार्क में हुआ। जमीन पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने जोरदार आवाज सुनी और उसके बाद चंद लम्हों में हेलीकॉप्टर को आसमान से जमीन पर गिरते देखा। हेलीकॉप्टर आग की लपटों से घिरा हुआ था, इन्हीं लपटों के बीच तीन-चार लोग हेलीकॉप्टर से गिर रहे थे, वे खुद भी जल रहे थे। सीडीएस बिपिन रावत ऊंटी के पास वेलिंगटन डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज में लेक्चर देने जा रहे थे। हेलीकॉप्टर सुलूर एयरबेस से वेलिंगटन जा रहा था। तभी यह क्रैश हो गया। दोपहर करीब 12:30 बजे यह हादसा होते देख नानजप्पनचथिराम इलाके में रहने वाला कुमार नाम का एक युवक पुलिस और दमकल अधिकारियों को फोन करने के लिए दौड़ पड़ा। द न्यूज मिनट्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी कृष्णस्वामी ने बताया, मैंने हेलीकॉप्टर को नीचे आते देखा। भयानक तेज आवाज सुनाई दी। यह एक पेड़ से टकराया और तब आग लग गई थी। हेलिकॉप्टर जमीन पर गिरने से पहले पास के एक बड़े पेड़ से टकरा गया। कृष्णस्वामी का घर दुर्घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर है। कृष्णस्वामी ने बताया कि हादसा करीब 12:20 बजे हुआ। घटनास्थल घाट रोड, मेट्टुपलायम व कुन्नूर के करीब बताया गया है। कृष्णस्वामी ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाला कुमार तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड का फोन करने दौड़ा। मैंने लोगों को हेलिकॉप्टर से गिरते व जलते हुए देखा तो मैं भी वहां से भाग खड़ा हुआ। हेलीकॉप्टर के जमीन पर गिरने के बाद धुएं का गुब्बार व आग की लपटें उठ रही थीं। घटनास्थल पर सबसे पहले स्थानीय लोग पहुंचे और उन्होंने बाल्टियों व पाइप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लोग कंबल और रजाई मंगा रहे थे, ताकि जले हुए लोगों को बचाया जा सके। कंबल और चादर से स्ट्रेचर बनाया गया। इसकी मदद से घायलों को बाहर निकाला। घटनास्थल की तस्वीरें बयां कर रही हैं कि इलाके में हेलीकॉप्टर के जलते हुए टुकड़े और धुआं फैला हुआ था। अग्निशमन विभाग व अन्य बचाव दल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे व हताहतों व घायलों को निकाला। हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। उन्हें वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में ले जाया गया है।
एबीएन डेस्क। तमिलनाडु में कुन्नूर के करीब सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया जिसमें 11 लोगों की मौत की खबर है। इसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी समेत 14 लोग सवार थे। रक्षा मंत्री संसद में कल इस घटना पर पूरी जानकारी देंगे। 14 में से 13 की मौत की खबर : तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शामिल 14 में से 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। डीएनए जांच से होगी शवों की पहचान की जाएगी। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
एबीएन डेस्क। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इसका आयोजन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) कर रहा है। आयोग ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि एनएचआरसी ने एक दिसंबर 2020 से इस साल 30 नवंबर तक 1,02,441 मामले दर्ज किए, जिनमें से 16 मामले स्वत: संज्ञान वाले हैं। उसने बताया कि आयोग ने इस अवधि में 96,804 मामलों का निस्तारण किया। आयोग के मुताबिक, 469 मामलों में मानवाधिकार उल्लंघन के पीड़ितों को राहत के रूप में 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की सिफारिश की गई है। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस के मौके पर विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस मौके पर एनएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। मानवाधिकार दिवस हर साल 10 दिसंबर को मनाया जाता है। एनएचआरसी ने कहा कि मानवाधिकार दिवस एक ऐसा दिन है जब दुनियाभर के विभिन्न पक्षकारों को अपनी कार्रवाई व कर्तव्यों का आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे किसी के भी मानवाधिकार हनन का कारण नहीं बने।
एबीएन डेस्क। भाजपा की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों को सदन की कार्ऱवाई में मौजूद रहने के निर्देश दिए। पीएम मोदी ने कहा कि संसद में मौजूद रहना सांसदों की जिम्मेदारी। साथ ही उन्होंने कहा कि देश हित में काम करना ही सासंदों की अहम जिम्मेदारी है। बता दें कि मंगलवार सुबह आंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। पहले यह बैठक संसद भवन परिसर में होनी प्रस्तावित थी। ऑडिटोरियम में जारी मरम्मत कार्य के चलते बैठक स्थल बदलने का निर्णय लिया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि बैठक के दौरान पीएम मोदी ने संसद खेल स्पर्धा, तंदरुस्त बाल स्पर्धा और सूर्यानमस्कार स्पर्धा आयोजन करने के लिए आवाहन दिया है। इसके साथ ही जिन्हें पद्म अवार्ड मिला है उनके साथ एक लाइव कार्यक्रम करने का आवाहन भी दिया है। हालांकि, चुने गए नए बैठक स्थल का अपना महत्व है क्योंकि यह केंद्र दलित दिग्गज बी. आर. आंबेडकर के नाम पर है जिनकी सोमवार को पुण्यतिथि रही। संसद सत्र के दौरान आमतौर पर हर मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक होती है। हालांकि, पिछले सप्ताह बैठक नहीं हुई थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse