देश

View All
Published / 2021-12-17 13:40:15
सीडीएस नियुक्ति: रक्षा मंत्री को सौंपी जाएगी संभावित नामों की सूची, जनरल रावत के निधन से खाली हुआ पद

एबीएन डेस्क। तमिलनाडु में बीती आठ दिसंबर को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद अब केंद्र सरकार ने इस पद पर अगली नियुक्ति करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस पद के लिए तीनों सेवाओं की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई नामों की सूची अनुमति के लिए जल्द ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पास भेजी जाएगी। रक्षामंत्री से अनुमति मिलने के बाद इस सूची को कैबिनेट की नियुक्ति समिति के पास भेजा जाएगा जो नए सीडीएस की नियुक्ति पर अंतिम फैसला लेगी। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि जनरल बिपिन रावत के उत्तराधिकारी के चयन के लिए केंद्र सरकार एक पैनल को अंतिम रूप दे रही है। इस पैनल में थल सेना, नौसाना और वायु सेना के वरिष्ठ कमांडर शामिल किए गए हैं। अगले सीडीएस के लिए जनरल एमएम नरवणे का नाम सबसे ऊपर : माना जा रहा है कि थल सेना के वर्तमान प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के अनुभव को देखते हुए उनका नाम अगले सीडीएस के लिए सबसे ऊपर है। वह अगले साल अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे। जनरल नरवणे तीनों सेवाओं के प्रमुखों में सबसे अधिक वरिष्ठ हैं। वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने यह पद 30 सितंबर को और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने यह जिम्मेदारी 30 नवंबर को संभाली थी। जनरल नरवणे बने सीडीएस तो इन्हें मिल सकती है सेना की कमान : अगर जनरल नरवणे को सीडीएस नियुक्त किया जाता है तो सरकार को सेना प्रमुख के पद को भरने पर भी विचार करना पड़ेगा। ऐसे में सेना प्रमुख के पद की दौड़ में सबसे आगे सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती और उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी होंगे। दोनों अधिकारी समान बैच के हैं और जनरल नरवणे के बाद सबसे वरिष्ठ हैं। दोनों ही अधिकारियों को 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होना है। दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे में जनरल रावत समेत 11 की गई थी जान : आठ दिसंबर को हुए इस भयावह हादसे में जनरल रावत, उनकी पत्नी मधूलिया और 11 अन्य सैन्य अधिकारी मारे गए थे। इस हादसे में अकेले जीवित बचे वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जनरल रावत ने पिछले साल एक जनवरी को देश की तीनों सेनाओं के बीच समन्वय को बढ़ाने और सैन्य कौशल में आधुनिकता लाने के लिए भारत के पहले सीडीएस का कार्यभार संभाला था।

Published / 2021-12-17 03:51:23
ओमिक्रॉन: देशभर में नए वैरिएंट के कुल केस 87, मुंबई में धारा 144 लागू

एबीएन डेस्क। देश में ओमिक्रॉन का खौफ बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना के नए वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हैदराबाद में 4 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। तेलंगाना में मामलों की कुल संख्या 7 हो गई। कर्नाटक में 8 केस सामने आ गए हैं। महाराष्ट्र को अलर्ट कर दिया है। यहां पर कुल केस 32 हैं। देश में ओमिक्रॉन के कुल 87 केस हो गए हैं। दिल्ली में ओमिक्रॉन के कुल 10 केस हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में जितने भी संक्रमित मरीज मिले हैं उनमें से किसी की हालत ‘गंभीर’ नहीं है। उन्होंने बताया कि संदेह के आधार पर 40 लोगों को लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 38 कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। वहीं राजस्थान में 17, केरल में 5, गुजरात में 5, बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और चंडगढ़ में 1-1 मामले हैं। गुजरात में मेहसाणा जिले की विजयपुर तहसील के एक गांव की 41 साल की महिला स्वास्थ्य कर्मी गुरुवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन स्वरूप से संक्रमित पाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद गुजरात में ‘ओमीक्रोन’ के कुल मामलों की संख्या पांच हो गई है। ओमिक्रॉन के खौफ के बीच, मुंबई में CRPC (आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता) की धारा 144 के तहत 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी और बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी आयोजन स्थल पर केवल 50 प्रतिशत क्षमता तक लोगों को किसी कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी और कार्यक्रमों के आयोजकों का पूर्ण टीकाकरण होना अनिवार्य होगा।

Published / 2021-12-16 17:52:30
साक्षरता सूचकांक : बड़े राज्यों की श्रेणी में पश्चिम बंगाल अव्वल, बिहार फिसड्डी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में 10 साल से कम उम्र के बच्चों में साक्षरता का संकेतक आधारभूत साक्षरता और गणना पर सूचकांक में बड़े राज्यों की श्रेणी में पश्चिम बंगाल सूची में सबसे ऊपर और बिहार सबसे नीचे रहा। छोटे राज्यों की श्रेणी में केरल ने शीर्ष स्थान हासिल किया और झारखंड सूचकांक में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला राज्य रहा। जिन चार श्रेणियों में क्षेत्रों को विभाजित किया गया है- बड़े राज्य, छोटे राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और पूर्वोत्तर। इंस्टीट्यूट फॉर कॉम्पिटिटिवनेस ने आधारभूत साक्षरता और गणना पर सूचकांक के संबंध में रिपोर्ट तैयार की और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) अध्यक्ष बिबेक देबरॉय ने जारी की। रिपोर्ट में कहा गया कि सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता सुनिश्चित करने की चुनौती कठिन है, फिर भी इसे हासिल करना असंभव नहीं है। ईएसी-पीएम ने एक बयान में कहा, शीर्ष अंक हासिल करने वाले क्षेत्र क्रमशः केरल (67.95) और पश्चिम बंगाल (58.95) क्रमश: छोटे और बड़े राज्यों में हैं। लक्षद्वीप (52.69) और मिजोरम (51.64) क्रमशः केंद्र शासित प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्य श्रेणी में शीर्ष अंक हासिल करने वाले क्षेत्र हैं। सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में सबसे नीचे है, जबकि अरुणाचल प्रदेश पूर्वोत्तर श्रेणी में सबसे आखिर है। बयान के अनुसार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दस साल से कम उम्र के बच्चों में मूलभूत शिक्षा की समग्र स्थिति की समझ स्थापित करते हुए आधारभूत साक्षरता और गणना पर सूचकांक इस दिशा में पहला कदम है। सूचकांक में 41 संकेतकों वाले पांच स्तंभ शामिल हैं। पांच स्तंभ हैं शैक्षिक बुनियादी ढांचा, शिक्षा तक पहुंच, बुनियादी स्वास्थ्य, सीखने के परिणाम और शासन। बयान में कहा गया है कि पांच स्तंभों में से यह देखा गया है कि राज्यों ने शासन में विशेष रूप से खराब प्रदर्शन किया है। बयान के मुताबिक, राज्यों में 50 प्रतिशत से अधिक ने राष्ट्रीय औसत यानी 28.05 से नीचे अंक हासिल किए हैं।

Published / 2021-12-15 17:12:48
पीएम सिंचाई को हरी झंडी, सेमीकंडक्टर्स मैन्यूफैक्चरिंग की 76,000 करोड़ की योजना मंजूर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को कई अहम योजनाओं को मंजूरी दे दी। इनमें 76,000 करोड़ रुपये की लागत वाली सेमीकंडक्टर्स और डिस्प्ले मैन्यूफैक्चरिंग योजना और 22 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने वाली प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना शामिल है। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक के बाद आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेमीकंडक्टर्स मैन्यूफैक्चरिंग योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला है। इसके तहत देश में सेमीकंडक्टर चिप्स का डिजाइन, फैब्रिकेशन, पैकेजिंग, टेस्टिंग और कंप्लीट इकोसिस्टम डेवलप किया जाएगा। भारत को इसका ग्लोबल हब बनाने के लिए 2.3 लाख करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके लिए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया जाएगा। इनमें इस्तेमाल होते हैं सेमीकंडक्टर्स : सेमीकंडक्टर्स का इस्तेमाल स्मार्टफोन, डेटा सेंटर्स, कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट डिवाइसेस, वाहन, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जीवन रक्षक उपकरण, एटीएम आदि में होता है। मोदी सरकार देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना चाहती है। मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाएं लाई है। सेमीकंडक्टर हब बनाने से देश में मैन्युफैक्चरिंग बेस मजबूत होगा। डिस्प्ले के लिए एक-दो यूनिट स्थापित करने तथा डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपोनेंट्स के लिए 10-10 इकाइयां लगाने की योजना है। आईटी मंत्री वैष्णव ने बताया कि इस योजना में लघु उद्योगों का विशेष ध्यान रखा गया है। कंपाउंड सेमीकंडक्टर वर्ग की इंडस्ट्री के लिए कम से कम 15-20 छोटी एमएसएमई इकाइयां बनाई जाएंगी। मंत्री ठाकुर ने बताया कि इसमें 1.66 लाख करोड़ का एफडीआई आने की संभावना है। सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में 20 फीसदी इंजीनियर भारतीय : उन्होंने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम से लगभग 35 हजार उच्च गुणवत्ता वाले प्रत्यक्ष रोजगार और एक लाख अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। दुनियाभर में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में करीब 20 फीसदी इंजीनियर्स भारत से हैं। इस संख्या को बढ़ाने के लिए 85 हजार हाइली क्वालिफाइड, वेल ट्रेंड इंजीनियर के लिए चिप्स टू स्टार्टअप प्रोग्राम बनाया गया है। जिसमें बी-टेक, एम-टेक, पीएचडी इंजीनियर्स को तैयार किया जाएगा। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद सिंह शेखावत ने बताया कि देश में सेमीकंडक्टर्स और डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग का एक पूरा इकोसिस्टम स्थापित करने की एक महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट पर 6 साल में 76,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह मंत्री शेखावत ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2021-26 के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के कार्यान्वयन को मंजूरी दी है। इससे करीब 22 लाख किसान लाभान्वित होंगे। डिजिटल पेमेंट बढ़ाने के लिए 1300 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे : उन्होंने कहा कि भारत ने RuPay कार्ड बनाया, इसे और अधिक डेवलप करने के लिए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) में पर्सन टू मर्चेंट पेमेंट को भारत सरकार RuPay डेबिट कार्ड और UPI पेमेंट के लिए रिइम्बर्स करेगी। 1 साल में 1300 करोड़ रुपये इन्वेस्ट होंगे, जिससे ज्यादा लोग डिजिटल पेमेंट की ओर बढ़ें।

Published / 2021-12-15 15:01:47
16-17 को हड़ताल पर रहेंगे बैंककर्मी

एबीएन डेस्क। अगर आप किसी काम के लिए बैंक जाने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। दरअसल, आने वाले तीन दिन बैंक बंद रहेंगे यानी इनमें कोई भी काम-काज नहीं होगा। दरअसल, देश भर के सरकारी बैंक कर्मचारियों ने दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। इसके बाद रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते बैंक बंद रहेंगे। यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियन की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई है। सरकार के प्राइवेटाइजेशन को लेकर चल रही तैयारियों का विरोध करने के लिए यूएफबीयू ने हड़ताल करने का एलान किया है। गौरतलब है कि यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियन के तहत बैंकों की 9 यूनियन आती हैं। इस हड़ताल से लोगों को खासी तकलीफ होने वाली है। बता दें कि वैसे तो इस हफ्ते के बाकी बचे चारों दिन बैंक बंद हैं, इनमें से शनिवाक को शिलॉन्ग में बैंक बंद रहेंगे। रिजर्व बैंक के कैलेंडर के मुताबिक, यहां 18 दिसंबर शनिवार को यू सो सो थाम की डेथ एनिवर्सरी के चलते बैंकों में काम-काज नहीं होगा। जबकि, देश भर में 16,17 और 19 दिसंबर को बैंक बंद हैं।

Published / 2021-12-15 09:57:19
दुखद : हेलिकॉप्टर हादसे में घायल कैप्‍टन वरूण सिंह का निधन

नई दिल्‍ली। तमिलनाडु के कुन्नूर में हुये हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी आज जिंदगी से जंग हार गये। 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में सीडीएस बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। इस हादसे में बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 13 लोगों का निधन हो गया था। इस हादसे में अकेले वरुण सिंह जिंदा बचे थे। बुधवार को इलाज के दौरान उन्‍होंने दम तोड़ दिया। भारतीय एयरफोर्स ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। आईएएफ ने ट्वीट कर कहा, भारतीय एयरफोर्स को यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन का इलाज के दौरान आज निधन हो गया। वे 8 दिसंबर 2021 को हुए हादसे में अकेले जिंदा बचे थे। एयरफोर्स अफसर उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह यूपी के देवरिया के खोरमा कन्हौली गांव के रहने वाले थे। उनका इलाज बेंगलुरु के आर्मी अस्पताल में चल रहा था। वरुण ग्रुप कैप्‍टन अभिनंदन वर्धमान के बैचमेट रहे हैं।

Published / 2021-12-13 03:31:29
70th Miss Universe: ब्रह्माण्ड सुंदरी बनीं भारत की हरनाज संधू

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मिस यूनिवर्स 2021 का ताज भारत की हरनाज संधू को मिला है। 70वां मिस यूनिवर्स पेजेंट इस साल 12 दिसंबर को इजराइल में हुआ। इस प्रतियोगिता के प्रीलिमिनरी स्टेज में 75 से ज्यादा खूबसूरत और प्रतिभाशाली महिलाओं ने भाग लिया था लेकिन टॉप 3 में तीन देशों की महिलाओं ने जगह बनाई इसमें से एक भारत की हरनाज संधू भी रहीं। हालांकि दोनों साउथ अफ्रीका और Paraguay को पीछे छोड़ते हुए भारत की हरनाज संधू ने ब्रह्माण्ड सुंदरी का ताज अपने नाम कर लिया। इस समारोह का हिस्सा बनने भारत से दिया मिर्जा भी पहुंचीं। उर्वशी रौतेला ने इस बार Miss Universe 2021 के कॉन्टेस्ट को जज किया।

Published / 2021-12-12 14:51:30
केरल में भी पहुंचा ओमिक्रॉन वैरिएंट, संक्रमित मिलने से मचा हड़कंप

एबीएन डेस्क। देश में ओमिक्रॉन का खतरा बढता जा रहा है। महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात जैसे राज्यों के बाद अब केरल में ओमिक्रॉन पहुंच चुका है। केरल के कोच्चि में ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ओमिक्रॉन संक्रमित शख्स हाल ही में ब्रिटेन से लौटा है। देश में अब तक ओमिक्रॉन के 38 केस सामने आ चुके हैं। रविवार को यह पांचवां मामला रिपोर्ट किया गया है। इससे पहले आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ में रविवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के एक-एक मामले की पुष्टि हुई है। दोनों जगहों पर वायरस के इस नए स्वरूप का पहला मामला सामने आया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में ओमीक्रोन का एक-एक और मरीज मिलने के बाद देश में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। विदेश से अपने रिश्तेदारों से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे 20 वर्षीय एक युवक के कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉक्टर सुमन सिंह ने फोन पर बताया, वह इटली में रह रहा था। हाल में वह अपने रिश्तेदारों से मिलने यहां आया था। जीनोम अनुक्रमण की उसकी रिपोर्ट 11 दिसंबर को देर रात मिली और इसमें ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। युवक ने टीके की खुराक ले रखी है और वह फिलहाल सांस्थानिक पृथकवास में है। एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि व्यक्ति 22 नवंबर को भारत आया था। वह चंडीगढ़ में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था और पृथकवास में था तथा एक दिसंबर को दोबारा जांच में संक्रमित पाया गया। वहीं, आंध्र प्रदेश में आयरलैंड से पहुंचे 34 वर्षीय एक विदेशी यात्री में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। यह व्यक्ति पहले मुंबई पहुंचा था और कोविड-19 जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बाद 27 नवंबर को उसे विशाखापत्तनम जाने की अनुमति मिल गई। लोक स्वास्थ्य निदेशक ने एक विज्ञप्ति में कहा, विजयनगरम में दूसरी बार आरटी-पीसीआर जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके नमूने को जीनोम अनुक्रमण के लिए हैदराबाद स्थित कोशिकीय एवं आणविक जीवविज्ञान केंद्र (सीसीएमबी) भेजा गया और इसके जांच परिणाम में ओमीक्रोन की पुष्टि हुई। निदेशक ने कहा कि हालांकि, व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं थे और 11 दिसंबर को फिर से जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। उन्होंने कहा, राज्य में ओमीक्रोन का और मामले नहीं है। इस बीच, कर्नाटक में रविवार को ओमीक्रोन के तीसरे मामले की पुष्टि हुई। यह व्यक्ति दक्षिण अफ्रीका से आया था और कोरोना वायरस से संक्रमित था। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ.के सुधाकर ने ट्वीट किया, कर्नाटक में ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमण के तीसरे मामले का पता चला है। दक्षिण अफ्रीका से लौटा 34 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। उसे पृथक कर सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसके प्राथमिक संपर्क में पांच लोगों के और द्वितीयक संपर्क में 15 लोगों के आने की जानकारी मिली है, जिनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। उधर, महाराष्ट्र में एक दक्षिण अफ्रीकी देश से नागपुर लौटे 40 वर्षीय व्यक्ति में वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में अब तक इस स्वरूप के 19 मामले सामने आ चुके हैं।

Page 300 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse