देश

View All
Published / 2021-12-24 15:56:37
2030 तक कृषि एवं खाद्य क्षेत्र से भारत को 813 अरब डॉलर का राजस्व मिलने की उम्मीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत वर्ष 2030 तक कृषि प्रौद्योगिकी एवं संबद्ध क्षेत्रों में 272 अरब डॉलर के निवेश के साथ 15.2 करोड़ रोजगार सृजित कर सकता है और इससे 813 अरब डॉलर का राजस्व भी अर्जित करने की क्षमता रखता है। ऐसा होने पर यह देश में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा उद्योग बन जाएगा। एस्पायर इम्पैक्ट की कृषि एवं खाद्य क्षेत्र पर जारी एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। इसके मुताबिक, देश के लिए अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार बने रहने के साथ, कृषि प्रौद्योगिकी और संबद्ध क्षेत्रों में निवेश भारतीय कृषि का चेहरा खाद्य सुरक्षा और टिकाऊ कृषि समाधानों के लिए दूरगामी प्रभाव के साथ बदल सकता है। एस्पायर सर्कल और क्रिएटर-इम्पैक्ट फ्यूचर प्रोजेक्ट के संस्थापक अमित भाटिया ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने कृषि क्षेत्र में करीब 9 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दशक भारतीय उद्योग जगत के लिए इस क्षेत्र में अपार क्षमता का लाभ उठाने और इसे टिकाऊ एवं भविष्य के लिए तैयार करने का अवसर लेकर आया है।

Published / 2021-12-24 03:47:34
ओमिक्रॉन: 27 फीसदी मरीज न विदेश गए न वापस आने वालों के संपर्क में आए, फिर भी संक्रमित

एबीएन डेस्क। देश में अब तक करीब ओमिक्रॉन से संक्रमित होने वाले 27 फीसदी मरीज ऐसे हैं, जिन्होंने न तो कोई विदेश यात्रा की है और न ही विदेश से लौटे किसी शख्स के संपर्क में आए हैं। इनमें तीन मामले राष्ट्रीय राजधानी से भी सामने आए हैं, जो एक पांच सितारा होटल में शादी समारोह के दौरान संक्रमित हुए। इसी के चलते केंद्र सरकार ने देश के सात राज्यों के महानगरों को अलर्ट पर रखा है। हालांकि, अभी तक देश में ओमिक्रॉन के सामुदायिक प्रसार की पुष्टि स्वास्थ्य मंत्रालय ने नहीं की है। लेकिन केंद्र को आशंका है कि इन महानगरों में सबसे पहले सामुदायिक प्रसार हो सकता है। इसलिए दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के महानगरों में प्रत्येक कोरोना संक्रमित मरीज के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग की जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इन सभी राज्यों के स्वास्थ्य निदेशक और सचिव को लिखित निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देश में ओमिक्रॉन के 334 मामले दर्ज हुए थे। इनमें से 60 मरीजों की यात्रा की कोई जानकारी नहीं मिली है। यह सभी मामले दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े महानगरों के निवासी हैं। इसलिए मंत्रालय ने राज्यों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पत्र लिखा है। इस बारे में इंडियन सार्स-कोवी-2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम के नेटवर्क से जुड़ी लैब को भी सूचित किया गया है। ताकि प्रत्येक कोरोना संक्रमित मरीज की जीनोम सीक्वेंसिंग हो सके। दिल्ली में बीते बुधवार से यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यहां चार लैब में करीब 100 से 125 सैंपल सीक्वेंस किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि देश में दो दिसंबर को पहले दो ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज मिले थे।

Published / 2021-12-23 17:14:23
स्पीड पकड़ने लगा ओमिक्रोन : महाराष्ट्र में 23, कर्नाटक में 12 और गुजरात में सात नए मामले, देश में कुल 327 केस

एबीएन डेस्क। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन की बढ़ती रफ्तार ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इस बाबत जहां स्वास्थ्य मंत्रालय में बैठकों का दौर जारी है, वहीं आज यानी गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश में कोरोना की स्थिति को लेकर अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इसके अलावा आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बैठक की। उम्मीद जताई जा रही है कि दिल्ली के लिए वे नए दिशा-निर्देश जारी करेंगे। इस बीच, ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या अब देश में 327 हो गई है। इनमें महाराष्ट्र में सबसे अधिक 88, दिल्ली में 57, तमिलनाडु में 34, तेलंगाना में 24, राजस्थान में 22, कर्नाटक में 31 के साथ ही हरियाणा में पहला केस सामने आया है। वहीं गुजरात में बुधवार को ओमिक्रोन के नौ मामले सामने आए हैं। गुजरात में कुल 30 केस दर्ज हो चुके हैं। केरल (29), उत्तर प्रदेश में (2) मामले हैं। आंध्र प्रदेश में दो मामले, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में एक-एक मामला है। गुजरात में सात नए ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके बाद राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट के कुल मामले बढ़कर 30 हो गए हैं। इनमें से 25 का फिलहाल इलाज चल रहा है। केरल में भी गुरुवार को पांच नए ओमिक्रोन संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इनमें चार कोचिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एर्नाकुलम और एक बेंगलुरु एयरपोर्ट पर आए थे। सभी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। ब्रिटेन में ओमिक्रोन का कहर बढ़ता ही जा रहा है। देश में कोरोना के इस नए वैरिएंट से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7495 मामले स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार के आंकड़े के मुताबिक भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7495 नए मामले सामने आए हैं और 434 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 6,960 लोग स्वस्थ भी हो गए। वहीं बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे के अंदर देश में 6,317 नए कोरोना मरीज सामने आए थे और 318 लोगों की मौत हुई थी।

Published / 2021-12-23 15:21:46
केंद्र सरकार की अपील : ओमिक्रॉन के खतरे के बीच ज्यादा सतर्क रहें राज्य

एबीएन डेस्क। केंद्र ने भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के मामलों में लगातार वृद्धि के मद्देनजर बृहस्पतिवार को उन राज्यों को संवेदनशील आबादी की रक्षा के लिए कोविड टीकाकरण को तेजी से बढ़ाने की सलाह दी जहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने और मामले की सकारात्मकता, दोहरीकरण दर और नए मामलों के समूह की निगरानी करने और क्रिसमस तथा नए साल से पहले स्थानीय स्तर पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करने की सलाह दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने टीकाकरण की प्रगति के साथ-साथ कोविड-19 और ओमीक्रोन स्वरूप से निपटने के लिए राज्यों की सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों की आॅनलाइन तरीके से समीक्षा करते हुए, राज्यों को सलाह दी कि महामारी का मुकाबला करने के लिए अपनी तैयारियों को पूरा रखें। बयान में कहा गया है कि उन्होंने दोहराया कि स्थानीय निरूद्ध क्षेत्र जैसे उपायों को तब लागू किया जाना चाहिए जब या तो जांच संक्रमण दर 10 प्रतिशत से अधिक हो जाए या 40 प्रतिशत से अधिक आॅक्सीजन युक्त बिस्तर मरीजों से भर जायें। भूषण ने कहा, ह्यह्यहालांकि, स्थानीय स्थिति और घनत्व जैसी जनसंख्या विशेषताओं के आधार पर और ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इन सीमाओं तक पहुंचने से पहले ही रोकथाम के उपाय कर सकते हैं और प्रतिबंध लगा सकते हैं। राज्यों को सलाह दी जाती है कि किसी भी प्रतिबंध को न्यूनतम 14 दिनों के लिए लागू किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि ओमीक्रोन स्वरूप के कारण होने वाले संक्रमण के लक्षण सामान्य सर्दी जैसे होते हैं। टीकाकरण के बारे में, राज्यों को सलाह दी गई है कि वे पहली और दूसरी खुराक के छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें और उन जिलों पर विशेष ध्यान दें जहां पहली और दूसरी खुराक कवरेज राष्ट्रीय औसत से कम है। भूषण ने बैठक में कहा कि अगले कुछ महीनों में जिन राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, उन्हें विशेष रूप से कम कवरेज वाले जिलों में टीकाकरण में तेजी लाने की जरूरत है। रोकथाम रणनीतियों पर, राज्यों को सलाह दी गई है कि वे रात्रि कर्फ्यू लागू करें, बड़ी सभाओं का सख्त नियमन सुनिश्चित करें और कोविड मामलों के नए समूह सामने आने पर निरूद्ध क्षेत्र को तुरंत अधिसूचित करें।

Published / 2021-12-23 09:37:17
लुधियाना कोर्ट परिसर में हुए धमाके में दो की मौत, CM चन्नी ने कहा- साजिश के तहत हुआ हमला

एबीएन डेस्क। लुधियाना के कोर्ट परिसर में ब्लास्ट हुआ है। धमाका होने से दो की मौत हो गई है। वहीं, 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। धमाके की आवाज़ सुनकर लोग दहशत में आ गए थे। वहां हर तरफ अफरा तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कुछ देर में लुधियाना के लिए रवाना होंगे, उन्होंने इसे साजिश करार दिया है। जांच के लिए NIA-NSG की टीमें भी मौके पर पहुंच रही हैं। ब्लास्ट से पंजाब पुलिस ने पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जानकारी के मुताबिक धमाका परिसर के दूसरे फ्लोर पर हुआ है। धमाका किस चीज का था यह अभी साफ नहीं हुअ है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह ब्लास्ट लुधियाना कोर्ट की कॉपी ब्रांच में हुआ। फिलहाल कोर्ट में वकीलों की हड़ताल चल रही थी, इसलिए कोर्ट में ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

Published / 2021-12-22 17:23:19
आजादी का अमृत महोत्सव: पीएम मोदी ने की मार्च के बाद होने वाली राष्ट्रीय समिति की दूसरी बैठक की अध्यक्षता

एबीएन डेस्क। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले समारोहों व कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए गठित राष्ट्रीय समिति की दूसरी बैठक बुधवार को हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी सहित कई केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हुए। इस समिति के सदस्यों में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार व सुमित्रा महाजन, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, आध्यात्मिक नेता, कलाकार तथा जीवन के अन्य क्षेत्रों के विख्यात व्यक्ति शामिल हैं। समिति की पहली बैठक इसी साल मार्च महीने में हुई थी, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा सहित अन्य नेताओं ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए थे।

Published / 2021-12-21 17:14:13
केंद्र सरकार की अपील : ओमिक्रोन से निपटने के लिए जल्द लें सख्त निर्णय

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में ओमिक्रोन के मामले रोज सामने आ रहे हैं। देश में आज ओमिक्रोन के मामलों का आकंड़ा 200 को पार कर गया है। महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। वहीं, ओमिक्रोन पर लगाव लगाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि ओमिक्रोन डेल्टा की तुलना में कम से कम 3 गुना अधिक तेज है। इसलिए, स्थानीय और जिला स्तर पर और भी अधिक दूरदर्शिता, डेटा विश्लेषण, गतिशील निर्णय लेने और सख्त और त्वरित रोकथाम कार्रवाई की आवश्यकता है। आज सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब 200 मरीज ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र और दिल्ली में हैं। इन दोनों राज्यों में 65 और 54 मामले सामने आ चुके हैं, यानी हर 4 में से 1 मरीज यहीं मिल रहा है जबकि तेलंगाना में इस स्वरूप के 20, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में 14 मामले सामने आए हैं। हालांकि, इस बीच राहत की बात ये है कि 200 में से 77 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश के 12 राज्यों में अब तक ओमिक्रोन पहुंच चुका है।

Published / 2021-12-21 17:01:14
ओमिक्रॉन : बंद करें सेलिब्रेशन, इवेंट कैंसिल होना जिंदगी कैंसिल होने से बेहतर

एबीएन डेस्क। दुनिया भर के कई देशों में कोविड के नए वेरिएंट के बढ़ रहे केस के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ( WHO) ने कहा है कि ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए फिलहाल किसी भी तरह के सेलिब्रेशन को रद्द किया जा सकता है। जेनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन के चीफ डॉक्टर ट्रेड्रोस अधानोम ने कहा, एक इवेंट का कैंसिल होना जिंदगी के कैंसिल होने से अच्छा है। यह अच्छा है कि अभी सेलिब्रेशन को कैंसिल करें और बाद में सेलिब्रेट करें। उन्होंने कहा, इसमें कोई शंका नहीं है कि छुट्टियों के दौरान अगर सोशल मिक्सिंग बढ़ेंगी तब अलग-अलग देशों में केस बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी इस महामारी से तंग आ चुके हैं। हम सभी अपने दोस्तों और परिजनों से मिलना चाहते हैं। हम सभी अब नॉर्मल लाइफ जीना चाहते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कहा कि हम सभी के लिए जरुरी है कि अभी हम कुछ कठोर फैसले लें। ताकि हम खुद की रक्षा कर सकें। विश्व आर्थिक मंच (WEF) ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन को लेकर बढ़ती चिंता के बीच स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाली अपनी वार्षिक बैठक को टाल दिया है। डब्ल्यूईएफ ने सोमवार को अपने एक बयान में कहा कि 17-21 जनवरी 2022 के बीच प्रस्तावित दावोस बैठक को अब गर्मियों की शुरुआत में कराने का फैसला किया गया है। यह लगातार दूसरा साल है जब दावोस शिखर बैठक के नियमित आयोजन पर असर पड़ा है। वर्ष 2021 की शुरुआत में भी यह बैठक कोविड-19 महामारी की वजह से नहीं हो पाई थी।

Page 298 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse