देश

View All
Published / 2021-12-26 03:46:29
बच्चों को वैक्सीन, पीएम मोदी की इस घोषणा का विपक्ष ने किया स्वागत

एबीएन डेस्क। कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंकाओं और वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के देश में बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि अगले साल तीन जनवरी से 15 से 18 साल की आयु के बीच के किशोरों के लिये टीकाकरण अभियान आरंभ किया जाएगा। पीएम मोदी के इस ऐलान का विपक्ष ने स्वागत किया है। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस फैसले से कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी और बूस्टर खुराक के प्रवाधान से गंभीर रोगों से ग्रस्त वरिष्ठ नागरिकों को भी सहायता मिलेगी। उद्धव ने की तारीफ : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घोषणा का स्वागत किया कि 15-18 आयु वर्ग के किशोंरों को टीका लगाया जाएगा और अग्रिम मोर्चा के कर्मियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को एहतियाती खुराक मिलेगी। ठाकरे ने एक बयान में कहा कि इस फैसले से कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी और बूस्टर खुराक के प्रवाधान से गंभीर रोगों से ग्रस्त वरिष्ठ नागरिकों को भी सहायता मिलेगी। गहलोत ने किया स्वागत : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 15 से 18 साल की आयु के किशोरों के लिये कोविड रोधी टीकाकरण शुरू किए जाने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। गहलोत ने ट्वीट किया, विशेषज्ञों की राय के अनुसार हमने कई दफा पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से कोरोना टीके की बूस्टर डोज (तीसरी खुराक) एवं बच्चों को टीका देने के संबंध में दिशा निर्देश जारी करने की मांग की। मुझे प्रसन्नता है कि आज हमारी मांग को स्वीकार कर प्रधानमंत्री ने बूस्टर डोज एवं 15 साल से 18 साल तक के बच्चों के टीकाकरण की घोषणा की है। केजरीवाल ने जताई खुशी : केजरीवाल ने प्रधानमंत्री की घोषणा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे खुशी है आज प्रधानमंत्री जी ने फ्रंटलाइन वकर्र के लिए बूस्टर डोज का ऐलान किया। बूस्टर रोड सबको लगनी चाहिए। इसके अलावा 15 से 18 साल के बच्चों को अब वैक्सीन लग पाएगी या बहुत सुखद बात है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 15 साल से 18 साल की आयु के बीच के जो बच्चे हैं अब उनके लिए देश में टीकाकरण आरंभ होगा। वर्ष 2022 में तीन जनवरी को सोमवार के दिन से इसकी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला कोरोना वायरस के खिलाफ देश की लड़ाई को तो मजबूत करेगा ही, स्कूल और कॉलेजों में जा रहे बच्चों की और उनके माता-पिता की चिंता भी कम करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, इसलिए प्रीकॉशन की दृष्टि से सरकार ने निर्णय लिया है कि हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की प्रीकॉशन खुराक भी प्रारंभ की जाएगी। इसकी शुरुआत 2022 में, 10 जनवरी, सोमवार के दिन से की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की, 60 वर्ष से ऊपर की आयु के अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित नागरिकों के लिये, उनके डॉक्टर की सलाह पर वैक्सीन की प्रीकॉशन खुराक का विकल्प उनके लिए भी उपलब्ध होगा। ये भी 10 जनवरी से उपलब्ध होगा।

Published / 2021-12-25 17:39:49
कश्मीर : ऑपरेशन क्लीन के दौरान 12 घंटे में चार आतंकी ढेर

एबीएन डेस्क। जम्मू-कश्मीर में 12 घंटे के भीतर चार आतंकियों का खात्मा किया गया है। दोनों मुठभेड़ ऑपरेशन क्लीन की तर्ज पर हुए हैं। शनिवार सुबह सुरक्षाबलों को शोपियां में आतंकियों के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर जमकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जबाव में दोनों को ढेर कर दिया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक दोनों आतंकी लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े हैं। सूत्रों के मुताबिक शोपियां में मारे गए आतंकवादियों की पहचान ब्रारीपोरा के सज्जाद अहमद चेक और पुलवामा के राजा बासित नजीर के रूप में हुई है। फिलहाल नामों की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दूसरी ऑपरेशन पुलवामा के त्राल में दोपहर बाद शुरू हुआ। पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने एक इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। जैसे ही पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की तरफ गई। छिपे आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने यहां भी दो आतंकियों को मार गिराया। कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने बताया कि त्राल में मारे गए आतंकियों की शिनाख्त नदीम भट और आदिल के रूप में हुई है। आदिल आईईडी एक्सपर्ट था और आतंकी संगठन अंसार गजवा तुल हिंद से जुड़ा था। मारे गए आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफल बरामद हुई हैं। दोनों आतंकी कई हमलों, आईईडी ब्लास्ट और ग्रेनेड हमलों में शामिल थे। सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए ग्रेनेड हमलों में शामिल हिजबुल आतंकी को मार गिराया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक हिजबुल आतंकी को मार गिराया। उसके पास से एक एके-47 राइफल, 2 मैगजीन, 40 कारतूस, एक ग्रेनेड, गोला बारूद और आपत्तिजनक सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार मारा गया आतंकी कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। वह कुलगाम और अनंतनाग में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए ग्रेनेड हमलों तथा भाजपा नेताओं की हत्या में शामिल था। शुक्रवार तड़के सुरक्षाबलों को जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के मूमिनहाल आरवनी में एक से दो आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक साझा तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक मकान में आतंकियों के छुपे होने का पता चला। सुरक्षा बलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन वो नहीं माने और जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आतंकी मारा गया। उसकी शिनाख्त सहपोरा कुलगाम निवासी शहजाद अहमद सेह के तौर पर हुई है। अधिकारी ने बताया कि वह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित था और कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका था और पुलिस कर्मियों तथा भाजपा नेताओं की हत्या में भी शामिल था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published / 2021-12-25 17:34:24
बेहतर बिहार को अभी नाइट कर्फ्यू की जरूरत नहीं : नीतीश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के कारण फिलहाल बिहार में रात्रि कर्फ्यू लगाने से इनकार किया है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि बिहार की स्थिति सभी राज्यों से बेहतर है। यहां अभी नाइट कर्फ्यू लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। नीतीश कुमार ने कहा कि देश में कोविड संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट के भी मामले कई राज्यों में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण का दौर कब तक चलेगा, यह कोई नहीं जानता है। ऐसे में संक्रमण के पूरी तरह खत्म होने तक मास्क और कोविड गाइडलाइन का पालन करते रहना बेहद जरूरी है। बिहार में टेस्टिंग को भी बढ़ाया गया है। गौरतलब है कि बिहार में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन अभी तक यहां नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का कोई मामला नहीं मिला है। केंद्र सरकार ने हाल में सभी राज्यों को कोविड संक्रमण और ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात बरतने और कोविड गाइडलाइन का पूरी सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और हरियाणा में सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। इस बीच बिहार में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार की ओर से की गई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एक केंद्रीय टीम भी पटना आ रही है।

Published / 2021-12-25 17:27:23
पीएम मोदी के नेतृत्व में कृतज्ञ राष्ट्र ने वाजपेयी जी को किया नमन

एबीएन डेस्क। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को आज देश भर में "सुशासन दिवस" के रूप में मनाया गया और इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत राजनीति और समाज के अनेक क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर देश भर में कई कार्यक्रम, सभा, संगोष्ठी और परिचर्चा का आयोजन किया गया। श्री कोविंद, श्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री कोविंद, श्री मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता राजधानी में वाजपेयी की समाधि "सदैव अटल" पर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, हम लोग श्री वाजपेयी की राष्ट्र के लिए की गयी सेवाओं से प्रेरित होते हैं। उन्होंने भारत को मजबूत और विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी पूरी जिंदगी लगा दी। उनके विकासपरक कार्यों से करोड़ों भारतीयों के जीवन पर सकारात्मक असर पड़ा। श्री सिंह ने कहा, वह एक महान राष्ट्रवादी थे। वह अच्छे वक्ता, अद्भुत कवि, सक्षम प्रशासक और उल्लेखनीय सुधारक थे। पूर्व प्रधानमंत्री के मंत्रिमंडल में रह चुके श्री सिंह ने एक ट्वीट में कहा, अटल जी के देश के सार्वजनिक जीवन के लिए किये गये वृहद योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। श्री शाह ने कहा, उन्होंने अन्त्योदय और सुशासन के दृष्टिकोण को आत्मसात करते हुए अपने अडिग सिद्धांतों के साथ भारतीय राजनीति को एक नयी दिशा दी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, वह पूरे भारत को एक साथ लेकर चले। उनके विचार और उनका जीवन संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, वाजपेयी जी हम सभी के लिए एक मार्गदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत माता की सेवा में लगा दिया। श्री नड्डा ने दिवंगत वाजपेयी को उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कहा, उनके राष्ट्र निर्माण के लिए किये गये योगदान को सदैव याद किया जायेगा। वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। भाजपा के कद्दावर नेता रहे वाजपेयी का 16 अगस्त 2018 को निधन हुआ। वह देश के तीन बार प्रधानमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 1996 में मात्र 13 दिनों का था। इसके बाद वह 1998 में फिर प्रधानमंत्री बने और 13 महीने तक देश की बागडोर संभाली। वर्ष 1999 में उन्होंने फिर प्रधानमंत्री पद को सुशोभित किया और 2004 तक इस पद पर रहे। वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में से एक थे। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य भी रहे। वह देश के पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया। वाजपेयी एक कवि और लेखक भी थे। संसद और संसद के बाहर प्राय: उनके कथनों और विचारों का उल्लेख किया जाता है। पार्टी के अलावा अन्य मंचों पर भी उनकी चर्चा होती थी। हर क्षेत्र में उनके समर्थकों की बड़ी संख्या रही।

Published / 2021-12-25 12:51:34
कोरोना : बढ़ते संक्रमण को देख 10 राज्यों में तैनात हुआ केंद्रीय दल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार ने ओमिक्रॉन समेत कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केरल,महाराष्ट्र और मिजोरम समेत 10 राज्यों में केंद्रीय दल तैनात किए हैं, जो प्रतिदिन शाम को अपनी रिपोर्ट देंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को यहां बताया कि केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, कर्नाटक, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पंजाब में केंद्रीय दल तैनात किए गए। ये दल प्रतिदिन शाम बजे अपनी रिपोर्ट देंगे। मंत्रालय ने कहा है कि ये दल उन राज्यों में तैनात किए गए हैं, जहां कोविड-19 संक्रमण बढ़ने के समाचार मिल रहे हैं या और ओमिक्रॉन के मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा ये दल उन राज्यों में भी भेजे गए हैं जहां कोविड टीकाकरण राष्ट्रीय औसत से कम है। ये दल कोविड टीकाकरण, अस्पतालों में बिस्तरों की उपलब्धता, कोविड परीक्षण और जीनोम सीक्वेंसिंग आदि मामलों को देखेंगे।

Published / 2021-12-25 04:17:30
प्रधानमंत्री ने क्रिसमस पर दी देशवासियों को बधाई

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को क्रिसमस पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस अवसर पर सभी प्रभु ईसा मसीह के जीवन और उनकी आदर्श शिक्षाओं को याद करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि क्रिसमस पर सभी को शुभकामनाएं। हम जीसस क्राइस्ट के जीवन और आदर्श शिक्षाओं को याद करते हैं, जिनमें सेवा, दयालुता और विनम्रता पर सर्वाधिक जोर है। मैं सभी के स्वस्थ व समृद्ध जीवन की कामना करता हूं। पूरे विश्व में सद्भाव बना रहे, यह प्रार्थना करता हूं। दुनियाभर में क्रिसमस का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।

Published / 2021-12-25 04:11:27
ओमिक्रॉन: एक महीने के अंदर 108 देशों में 1.5 लाख से ज्यादा संक्रमित

एबीएन डेस्क। ओमिक्रॉन दुनिया भर में फैल चुका है। अमेरिका, ब्रिटेन जैसे बड़े देश में तो यह संक्रमण कहर बरपा रहा है। ऐसे में विशेषज्ञ भी सहमे हुए हैं। नए खतरे से बचने के लिए दुनिया भर के तमाम देश नए-नए प्रतिबंध लगा रहे हैं। इसका असर एक बार फिर से एयरलाइन इंडस्ट्री पर पड़ने लगा है। सामने आया है कि क्रिसमस सप्ताह में दुनिया भर में लगभग 4500 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया। क्रिसमस की पूर्व संध्या यानी शुक्रवार को कम से कम 2366 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। वहीं करीब 9000 फ्लाइटों में देरी हुई। 1779 उड़ानों को बंद कर दिया गया और 402 फ्लाइट्स को रविवार के लिए निर्धारित किया गया। संयुक्त राज्य अमेरिका में एक सप्ताह में करीब एक चौथाई से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया। दुनिया भर में 1.5 लाख ओमिक्रॉन संक्रमित : करीब एक महीने पहले ओमिक्रॉन का पहला मामला दक्षिण अफ्रीका में सामने आया था, लेकिन इसका संक्रमण इतनी तेजी से बढ़ा है कि सिर्फ एक महीने के अंदर ही 108 देश इस का शिकार हो चुके हैं और दुनियाभर में 151,368 मामले सामने आए हैं। वहीं 26 लोगों की कोरोना के इस नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण मौत भी हो गई। एयरलाइंस कंपनियों में कर्मचारियों की कमी : ओमिक्रॉन के तेजी से बढ़ते संक्रमण के कारण कर्मचारी भी संक्रमित हो रहे हैं। इसका असर भी एयरलाइंस कंपनियों पर पड़ रहा है। अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एयर लाइंस में संक्रमण के कारण कर्मचारियों की भारी कमी हो गई, इसके चलते शुक्रवार को दोनों एयरलाइंस ने लगभग 280 उड़ानों को रद्द कर दिया। ओमिक्रॉन के बीच फिर से बढ़ा कोरोना संक्रमण : ओमिक्रॉन के खतरे से बीच अमेरिका में फिर से कोरोना संक्रमण भी बढ़ गया है। कई राज्यों में यह संक्रमण 90 प्रतिशत तक फैल चुका है। रॉयटर्स के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में अमेरिका में कोरोना वायरस मामलों की औसत संख्या 45% बढ़कर 179,000 प्रति दिन हो गई है। वहीं न्यूयॉर्क में अकेले शुक्रवार को 44,000 से अधिक मामले सामने आए। 10 अन्य राज्यों में गुरुवार या शुक्रवार को एक दिवसीय मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई। ब्रिटेन में भी कोरोना का कहर : अमेरिका के अलावा ब्रिटेन में भी कोरोना का कहर एक बार फिर से शुरू हो गया है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह तक 20 में से एक कोरोना संक्रमित था, लेकिन इस सप्ताह की शुरुआत में 10 में से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित सामने आया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को देश भर में 122,186 नए संक्रमित सामने आए।

Published / 2021-12-24 21:41:44
राजस्थान के जैसलमेर में लड़ाकू विमान मिग-21 क्रैश, पायलट की मौत

जैसलमेर। भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान शुक्रवार को क्रैश कर गया। यह हादसा राजस्‍थान के जैसलमेर में पाकिस्‍तान बॉर्डर के पास हुआ। रात 8 बजे के करीब हुये इस हादसे के बाद मौके पर पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम पहुंची। हादसे में पायलट की जान चली गई। हादसे के पीछे की वजह अभी खुलकर सामने नहीं आया है। यह हादसा है या कुछ और। पायलट अपनी रेगुलर उड़ान पर थे।

Page 297 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse