एबीएन डेस्क। नए साल पर किशोरों को कहर ढा रहे कोरोना का सुरक्षा कवच मिलेगा। साल के पहले दिन से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। 15-18 साल के बच्चे कोविन वेबसाइट पर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। तीन जनवरी से बच्चों को वैक्सीन की खुराक मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर, पहले से बीमार चल रहे 60 से ऊपर की उम्र के बुजुर्ग को एहतियात खुराक भी मिलने लगेगी। द्वारका में नवनिर्मित इंदिरा गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहली तारीख से शुरू हो रहा है। राजधानी में करीब 10.80 लाख बच्चों को वैक्सीन मिलने वाली है। इस आयु के बच्चों को कोवाक्सिन उपलब्ध होगी जिसकी दो खुराक 28 दिन के अंतराल में लेनी हैं। विभाग ने एक रिपोर्ट भी तैयार की है कि 31 जनवरी तक दिल्ली में प्रत्येक बच्चे को पहली खुराक मिलने और 28 फरवरी तक बच्चों का टीकाकरण पूरा हो सकता है। साथ ही यह भी बताया है कि दिल्ली के पास इस समय तीन लाख से भी अधिक वैक्सीन भंडारण में मौजूद हैं जिनका इस्तेमाल बच्चों के टीकाकरण में किया जाएगा। बच्चों का टीकाकरण शुरू होने के एक सप्ताह बाद 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मचारी, फ्रंटलाइन वर्कर और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को भी एहतियात खुराक मिलना शुरू हो जाएगी।
एबीएन डेस्क। जम्मू के कटरा में मौजूद माता वैष्णो देवी भवन में देर रात भगदड़ मचने से 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं कई घायल बताए जा रहे हैं, जिनका नारायणा अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है। साथ ही सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो लाख का मुआवजा देने का एलान किया है। वहीं, घायलों के इलाज के लिए 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। पीएम मोदी ने लिया स्थिति का जायजा : पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 27 अक्टूबर में दिल्ली में आयोजित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुए बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज कराने की सीमा को बढ़ाने के लिए आवाज उठाई थी। मंत्री बन्ना गुप्ता ने उक्त बैठक में जोर देते हुए कहा था कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिन मरीजों का इलाज किया जाता हैं वो पूरी इलाज से ही ठीक होते हैं, लेकिन जो पैसा मरीजों के इलाज के लिए देता जाता है, वो कम रहता है जिस कारण मरीज के परिजन परेशान रहते हैं और पैसे के कमी के कारण पूर्ण इलाज नहीं करवा पाते हैं कई केसों में तो मरीजों की मृत्यु भी हो जाती हैं। अतः इसके अंतर्गत इलाज करने वाली राशि में बढ़ोतरी की जाए। केंद्र सरकार ने इस पहल को स्वीकार करते हुए 409 रोगों के लिए इलाज की राशि को बढ़ाने का फैसला किया है, इस सकारात्मक पहल के लिए मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि ये पहल निश्चित तौर पर राहत भरा है, इससे इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी और सही मायने में इलाज का लाभ मिल पायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पीएम मोदी दो जनवरी को मेरठ का दौरा करेंगे और वहां मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार मोदी रविवार को मेरठ के सरधना कस्बे के सलावा और कैली गांव में 700 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और देश के हर हिस्से में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना स्थापित करना शामिल है। इसी के तहत मेरठ में मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। यह विश्वविद्यालय आधुनिक और उत्कृष्ट खेल अवसंरचना से सुसज्जित होगा।इसमें सिंथेटिक हॉकी मैदान, फुटबॉल मैदान, बास्केटबॉल/वॉलीबॉल/हैंडबॉल/कबड्डी ग्राउंड, लॉन टेनिस कोर्ट, जिम्नेजियम हॉल, सिंथेटिक रनिंग स्टेडियम, तरणताल, बहुउद्देश्यीय हॉल और साइकिल वेलोड्रोम शामिल है। विश्वविद्यालय में निशानेबाजी, स्क्वैश, जिमनास्टिक, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, कैनोइंग और कयाकिंग जैसी अन्य सुविधाएं भी रहेंगी। विश्वविद्यालय में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़यिों को मिलाकर कुल 1080 खिलाड़यिों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र में कोरोना ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। बीते 24 घंटे में कोरोना के करीब 8067 नए मामले सामने आए हैं। इतनी बढ़ी संख्या में कोरोना के केस आने के बाद महाराष्ट्र सरकार की चिंता भी बढ़ गई है। इस दौरान कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 4 मरीज भी सामने आए हैं। आज कुल 8 लोगों ने वायरस से अपनी जान गंवाई है। स्वास्थ्य विभाग द्धारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में कुल 1,766 मरीज कोरोना से मुक्त हुए हैं। वहीं, सूबे में इस वक्त कुल 24,509 एक्टिव केस हैं। अभी तक कोरोना से कुल 65,09,096 मरीज ठीक होकर अपने घरों को लौट गए हैं। वहीं, ओमीक्रॉन की बात करें तो देश में सबसे ज्यादा मामलों में महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। यहां करीब 450 से ऊपर मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, दिल्ली दूसरे नंबर पर बनी हुई है। देश में ओमिक्रॉन के कुल 1300 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने सलाह देते हुए कहा कि बुखार को ही कोविड मानें और अपना कोरोना टेस्ट कराएं। बता दें कि भारत में कोविड का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है। देश में अब तक ओमिक्रॉन के 1300 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। यह वायरस दो से तीन दिन में दोगुनी रफ्सार से फैल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि खांसी, सिरदर्द, गले में खराश, सांस फूलना, शरीर में दर्द, स्वाद या गंध की हाल ही में कमी, थकान और दस्त के साथ / बिना बुखार वाले किसी भी व्यक्ति को COVID-19 का एक संदिग्ध मामला माना जाना चाहिए। इस संबंध में मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। महाराष्ट्र की मंत्री यशोमति ठाकुर कोरोना पॉजिटिव पाईं गई हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद जानकारी दी। यशोमति ठाकुर ने बताया कि मैंने कोविड टेस्ट कराया था, जिसमें कोरोना पॉजिटिव पाई गई हूं। मुझमें कोविड के कोई लक्षण नहीं है, फिर भी मैं डॉक्टर की सलाह पर आगे का इलाज लूंगी। मेरे संपर्क में आने वाले अपना टेस्ट करवा लें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोविड-19 के मद्देनजर शनिवार से एहतियात के तौर पर राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय आगंतुकों के लिए अगले आदेश तक बंद रहेंगे। राष्ट्रपति भवन के एक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, अगले आदेश तक चेंज ऑफ गार्ड कार्यक्रम भी नहीं होगा। इसमें कहा गया है, कोविड-19 के मद्देनजर कल (1 जनवरी 2022) से एहतियात के तौर पर राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय आगंतुकों के लिए अगले आदेश तक बंद रहेंगे। गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के 309 नए मामले एक दिन में सामने आने से देश में इस स्वरूप के मरीजों की कुल संख्या 1,270 हो गयी है। साथ ही पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 16,764 नए मामले आए और 220 मरीजों ने जान गंवाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को सुबह जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, अभी तक ओमीक्रोन के 1,270 मामले आए हैं, जिनमें से 374 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली में आत्महत्या का एक खौफनाक वाकया सामने आया है, जिसमें एक आईएएस अधिकारी के बेटे ने आत्महत्या कर ली। ये IAS अधिकारी जॉइन सेकेट्री लेवल के अधिकारी हैं और इस समय श्रम मंत्रालय में तैनात हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, राजधानी के कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज की बिल्डिंग की छठी मंजिल से कूदकर 15 साल के बच्चे ने मौत को गले लगा लिया। यह मामला शनिवार रात करीब 8.30 बजे का है। घटना के वक्त परिवार में मां और पिता मौजूद नही थे। केवल बच्चा घर में अकेले था। इसी दौरान उसने घर की बालकनी से छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण वो बुरी तरह लहूलुहान हो गया। आवाज सुनने के बाद पड़ोसी बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक बच्चा मानसिक रूप से परेशान था। उसका बीते सितंबर से ही इलाज चल रहा था। हालांकि घटना की तात्कालिक वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। दिल्ली में कुछ दिनों पहले ही आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। इसमें रोहिणी के मॉल के बार में काम करने वाली महिला ने छत से कूदकर जान दे दी थी। मृतका के परिवार ने बार के मालिक पर जबरन डांस के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। महिला नॉर्थ एक्स मॉल के बार में काम करती थी और उसने बार की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की बहन ने आरोप लगाया था कि बार मालिक उसकी बहन पर डांस करने के लिए दबाव बना रहा था, उसी विवाद के चलते महिला ने गुस्से में आकर बार की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। पुलिस केस दर्ज कर मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच कर रही है। पुलिस ने रेस्टोरेंट बार के मालिक और स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
एबीएन डेस्क। बीते कई दिनों से ज़िले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों एवं पुंछ राजौरी ज़िले को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर रुक-रुक हो रही बर्फबारी के बाद रोड को अगले तीन महीने तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया। मुग़ल रोड बीते कुछ दिनों से बर्फ़बारी के बाद यातायात हेतु बाधित थी, जबकि अब बर्फबारी के बाद मुगल रोड को तीन महीने तक बंद कर दिया गया। मुगल रोड पुंछ राजौरी ज़िले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है जहां से दोनो ज़िले के लोग कम समय में कश्मीर घाटी चले जाते हैं, जबकि अधिकतर लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ग्रहण करने के लिए कश्मीर जाते हैं। लोगों को अब लंबा मार्ग तय कर जम्मू से होकर कश्मीर घाटी जाना पड़ेगा। मुगल रोड बंद होने के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया, मुगल रोड पर काफ़ी बर्फबारी हुई है जिसके बाद कई जगह पर काफी फिसलन हो गई है और हादसों को रोकने के लिए रोड बंद दी गई है अब तीन महीने के बाद मुगल रोड से बर्फ हटाकर मुगल रोड को यातायात हेतु फिर से बहाल किया जाएगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse