गया। अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में बुधवार की सुबह कोरोना संक्रमित 40 वर्षीया महिला की मौत हो गयी। इसका इलाज अस्पताल की एमसीएच बिल्डिंग में चल रहा था। अस्पताल के अधीक्षक डॉ प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र की रहने वाली यह महिला मंगलवार की शाम गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हुई थी। इस दौरान इसकी एंटीजन किट से कोरोना जांच की गई थी। इसमें इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद इसे इमरजेंसी से एमसीएच बिल्डिंग कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह 4 बजकर 10 मिनट में इसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महिला एमडीआर की मरीज थी। वह गंभीर हालत में यहां भर्ती हुई थी। इस मरीज का ऑक्सीजन लेवल भी कम था। बुधवार की शाम मृतक महिला की आरटी पीसीआर रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। महिला ने कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन नहीं ली थी। इस तरह इस बार कोरोना से यह पहली मौत है।
टीम एबीएन, गया। गया इंजीनियरिंग कॉलेज के 20 छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कॉलेज कैंपस के सिद्धार्थ होस्टल में कुछ छात्रों की तबियत खराब हो रही थी। उनमें फ्लू के लक्षण थे। जिसके बाद बुधवार को मेडिकल टीम कॉलेज पहुंची। 85 छात्रों की जांच की गई। जिसमें 20 छात्र संक्रमित मिले। जिसके बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। कॉलेज कैंपस की सारी गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। कॉलेज में पूर्व से निर्धारित सारी परीक्षाओं को फिलहाल रोक दिया गया है। ऑफलाइन क्लास को ऑनलाइन कर दिया गया है। कॉलेज आने वाले बसों को बंद कर दिया गया है। संक्रमित छात्रों को आइसोलेट किया गया है। होस्टल को खाली करा लिया गया है। सभी छात्रों को अपने घर जाने को कह दिया गया है। विज्ञान तकनीक मंत्रालय के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने प्रचार्य प्रेमचंद गुप्ता से बात की है। उनसे सभी जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। प्रचार्य ने पत्रकारों से बताया है कि कॉलेज में सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ऑनलाइन कक्षाओं को फिर से शुरू किया जा रहा है। सभी छात्रों से ऑनलाइन कक्षाओं के हिस्सा बनने की अपील की।
टीम एबीएन, गया। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर बिहार सरकार की ओर से जारी निर्देश के बाद दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के विद्यार्थियों की क्लास ऑनलाइन मोड में चलेगी। पीएचडी स्कॉलर की क्लास ऑफलाइन मोड में जारी रहेगी। सीयूएसबी के कुलसचिव कर्नल राजीव कुमार सिंह ने अधिसचूना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार यूजी और पीजी की थ्योरी क्लासेस ऑनलाइन मोड में चलेगी। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी भी सिर्फ ऑनलाइन मोड में पढ़ाई करेंगे। छात्रावास प्रशासन द्वारा जारी कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करना छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है। पीएचडी स्कॉलर लैब और अन्य प्रकार की प्रैक्टिकल वर्क जारी की जाने वाले समय के अनुसार ऑफलाइन मोड में होगी। सभी फैकल्टी मेंबर आयेंगे विवि सीयूएसबी के फैकल्टी मेम्बर की सौ फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है। फैकल्टी मेम्बर क्लास रूम अथवा चैम्बर से ही ऑनलाइन मोड में विद्यार्थियों को पढ़ायेंगे। डिपार्टमेंट के हेड सुनिश्चित करेंगे कि सभी क्लास (ऑनलाइन / ऑफलाइन मोड) समय के अनुसार चल रही है। लाइब्रेरी पहले की तरह ही संचालित होगी। सेक्शन ऑफिसर, उनके समकक्ष और उनसे उपर के अधिकारी की सौ फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी। जबकि सेक्शन ऑफिसर से नीचे के कर्मी की अल्टरनेट डे के हिसाब से पचास फीसदी उपस्थिति होगी। यह व्यवस्था 21 जनवरी तक जारी रहेगी। नि:शक्त और प्रेग्नेंट महिला कर्मी को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा प्रदान की गई है। सभी अनुभाग प्रमुखों/अधिकारियों को अपने विभाग/अनुभाग के अधिकारियों के ड्यूटी रोस्टर को हर वैकल्पिक दिन के आधार पर 21 जनवरी, तक तैयार कर रजिस्ट्रार के कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है। सीयूएसबी की सुरक्षा अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि सफाई और सैनिटाइजेशन का काम सही से हो।
टीम एबीएन, बोधगया। कोरोना महामारी ने एक बार फिर लोगों को खौफजदा कर दिया है। इसका असर अब मंदिरों पर भी पड़ने लगा है। महामारी की तीसरी लहर में सरकार के निर्देश के बाद से फिर भगवान और भक्त में दूरियां बढ़ गई है। गुरुवार से महाबोधि मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावे बोधगया स्थित विभिन्न विदेशी बौद्ध मंदिरों में भी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर फिलहाल 21 जनवरी तक रोक लगायी गई है। सरकार के एहतियातन आदेश को देख बोधगया में विदेशी बौद्ध मंदिरों में मेडिटेशन और चैटिंग करना बंद हो गया है। हालांकि महाबोधि मंदिर में हर दिन की तरह सुबह 5 और शाम 6 बजे भिक्षुओं द्वारा सुत्तपाठ किया जाता रहेगा। इसमें थेरावाद व महायान परंपरा के बौद्ध भिक्षु व लामा होंगे। बीटीसी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक भगवान बुद्ध को अर्पित की जाने वाली खीर भी हर दिन सुबह 10 बजे चढ़ाई जाएगी और सुरक्षाकर्मियों सहित अन्य कर्मचारियों की मंदिर में आवाजाही लगी रहेगी। यह तीसरी बार होगी तो कोरोना के कारण महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगाई है। कोरोना महामारी के पहले फेज में पहली बार महाबोधि मंदिर को 22 मार्च 2020 को बंद कर दिया गया था। करीब 78 दिनों बाद 10 जून को श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खोल गया। लेकिन फिर महामारी की रफ्तार बढ़ने के कारण 16 जुलाई से मंदिर बंद कर दिया गया था। जिसके बाद 21 सितंबर 2020 को मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोला गया था। महामारी के दूसरे लहर में एकबार फिर 202 दिन बाद 10 अप्रैल 2021 को महाबोधि मंदिर को बंद कर दिया गया। करीब 136 दिनों बाद 27 अगस्त 2021 को मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खुला था। लेकिन तीसरी लहर को देखते हुए साढ़े चार माह बाद फिर मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लग गई है।
एबीएन डेस्क। बिहार-झारखंड से गुजरने वाली सात ट्रेनों को 8 तक रद कर दिया गया है। राजधानी समेत 17 ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर- बछवारा दोहरीकरण के अंतर्गत शाहपुर पटोरी और सहदेई बुजुर्ग दोहरीकरण कार्य पूरा हो चुका है। इस रेलखंड पर परिचालन बहाली से पहले सिग्नल ट्रैक लिंकिंग, क्रासिंग प्वाइंट सहित सभी तकनीकी कार्यों को अंतिम रूप देने के लिए प्री-एनआई और एनआई कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसी को देख शाहपुर पटोरी-सहदेई बुजुर्ग रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में भारी बदलाव किया गया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बुधवार को बताया कि ये कार्य 7 जनवरी तक चलेंगे। इस दौरान उक्त अवधि में इस रेलखंड से गुजरने वाली मेल और एक्सप्रेस के साथ पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। बताते चलें कि 1) गाड़ी संख्या 13205 सहरसा- पाटलिपुत्र जनहित एक्सप्रेस का परिचालन 05 जनवरी से 07 जनवरी तक रदद रहेगा। 2) गाड़ी संख्या 13206 पाटलिपुत्र सहरसा जनहित एक्सप्रेस का परिचालन 06 जनवरी से 08 जनवरी तक रद्द रहेगा। 3) गाड़ी संख्या 03295 बरौनी-पाटलिपुत्र मेमू स्पेशल का परिचालन 06 जनवरी से 08 जनवरी तक रदद रहेगा। 4) गाड़ी संख्या 03367 कटिहार-सोनपुर मेमू स्पेशल का परिचालन 06 जनवरी से 08 जनवरी तक रदद रहेगा। 5) गाड़ी संख्या 03368 सोनपुर- कटिहार मेमू स्पेशल का परिचालन 05 जनवरी से 08 जनवरी तक रदद रहेगा। 6) गाड़ी संख्या 03291 पाटलिपुत्र-पटना मेमू स्पेशल का परिचालन 06 जनवरी से 08 जनवरी तक रद्द रहेगा। 7) गाड़ी संख्या 03380 पटना-बरौनी मेमू स्पेशल का परिचालन 05 जनवरी से 08 जनवरी तक रद्द रहेगा।
एबीए सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि चार जनवरी को पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण के 25.2 लाख मामले दर्ज किये गये। यह महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। चार जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह में सामने आए कुल मामलों के करीब 65 फीसदी अमेरिका, यूके, फ्रांस, इटली और स्पेन में मिले थे। अग्रवाल ने कहा कि पिछले आठ दिनों में भारत में कोरोना के मामलों में 6.3 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। 29 दिसंबर को केस पॉजिटिविटी 0.79 फीसदी थी, जो पांच जनवरी को 5.03 फीसदी हो गई। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, झारखंड और गुजरात चिंता के विषय बने हुए हैं। संयुक्त सचिव ने बताया कि देश के 28 जिलों में साप्ताहिक पॉजिटिविटी 10 फीसदी से अधिक है। मंत्रालय के अनुसार 15 से 18 वर्ष की आयु के 7.40 करोड़ बच्चो कोविड टीकाकरण के लिए पात्र हैं। लव अग्रवाल ने बताया कि पूरी दुनिया में अभी तक कोरोना वायरस के नए और संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन से 108 मौतों की पुष्टि हुई है।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। नए संक्रमितों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता ही जा रहा है। ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या भी लगभग दो हजार हो गई है। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि मामले एक सप्ताह मे ही छह गुना बढ़ गए। इधर, खतरे को देख राज्य सरकारों ने एहतियातन कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में जहां नए दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं वहीं महाराष्ट्र में भी आज नई गाइडलाइंस जारी की जा सकती हैं। बिहार में कोरोना का कहर शुरू हो गया है। प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद समेत नीतीश कैबिनेट के चार मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना मरीजों की संख्या में 56 फीसदी वृद्धि के साथ 58 हजार से अधिक (58,097) नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान जहां 534 लोगों की मौत भी हो गई है, वहीं 15,389 लोग स्वस्थ भी हुए। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। नए संक्रमितों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता ही जा रहा है। ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या भी लगभग दो हजार हो गई है। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि मामले एक सप्ताह मे ही छह गुना बढ़ गए। इधर खतरे को देखते हुए राज्य सरकारों ने एहतियातन कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में जहां नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं वहीं महाराष्ट्र में भी आज नई गाइडलाइंस जारी की जा सकती हैं।
एबीएन डेस्क। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसकी जानकारी खुद सीएम ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने बताया कि मैं कोरोना संक्रमित हो गया हूं। संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। जिसे देखते हुए घर में खुद को आइसोलेट कर लिया है। जो लोग पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया खुद को आइसोलेट करें। इसके साथ ही अपना परीक्षण करवाएं। दिल्ली आपदा प्रबंध प्राधिकरण की बैठक : कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली आपदा प्रबंध प्राधिकरण की आज बैठक होगी। इसमें कोरोना के मौजूदा हालात की समीक्षा के साथ इससे निपटने के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के मानकों पर इस वक्त दिल्ली रेड जोन में पहुंच गई है। नियमत: लॉकडाउन की स्थिति है। हालांकि, अभी ज्यादातर मामले गंभीर नहीं हैं। अस्पतालों में भी अभी बेड खाली हैं। इस सबके बारे में चर्चा करने और आगे पैदा होने वाले हालात का आकलन कर ग्रैप की सख्तियों को बढ़ाने या येलो अलर्ट जारी रखने पर फैसला होगा। एक बार फिर दिल्ली के अस्पताल हॉट स्पॉट बनने लगे हैं : कोरोना संक्रमण को लेकर एक बार फिर दिल्ली के अस्पताल हॉट स्पॉट बनने लगे हैं। बीते कुछ दिन में ही एक के बाद एक पांच बड़े अस्पतालों में कई डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार सफदरजंग अस्पताल में 23, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में 15, आरएमएल में 11, एम्स के ट्रामा सेंटर में छह और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के चार रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इन पांचों को मिलाकर दिल्ली में करीब 59 डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि इन अस्पतालों में करीब 80 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों की रिपोर्ट आना बाकी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse