देश

View All
Published / 2022-01-10 10:23:34
श्रम मंत्रालय ने जारी किए दूसरी तिमाही के रोजगार आंकड़े, दो लाख लोगों को नौकरियां मिलीं

एबीएन डेस्क। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर 2021 के दौरान दो लाख लोगों को नौकरियां मिली हैं। केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने अपने तिमाही सर्वे की रिपोर्ट में यह दावा किया है। श्रम मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी तिमाही रोजगार सर्वेक्षण के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2021 तिमाही में नौ चुनिंदा क्षेत्रों द्वारा उत्पन्न कुल रोजगार 3.10 करोड़ था, जो अप्रैल-जून की तिमाही की तुलना में दो लाख ज्यादा है। केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि अप्रैल-जून तिमाही में नौ चुनिंदा सेक्टरों में कुल रोजगार की संख्या 3.08 करोड़ थी। यह जुलाई से सितंबर की तिमाही में दो लाख बढ़कर 3.10 करोड़ हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बढ़ोतरी साबित करती है कि अप्रैल 2021 में दूसरी कोरोना लहर के दौरान लगाई गई पाबंदियां हटाए जाने के बाद आर्थिक गतिविधियों में सुधार आया है। ये नौ क्षेत्र हैं-मैन्यूफेक्चरिंग, निर्माण, व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रेस्टॉरेंट, आईटी-बीपीओ और वित्तीय सेवाएं। इनमें गैर कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकांश संस्थान शामिल हैं। यह इस श्रृंखला की दूसरी रिपोर्ट है। पहली रिपोर्ट अप्रैल-जून 2021 तिमाही के लिए थी। इसमें 10 या अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठान शामिल हैं। रिपोर्ट जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि इन अध्ययनों से सरकार को मदद मिलेगी। यादव ने उम्मीद जताई कि भारत कोरोना की तीसरी लहर से भी जल्द उबर जाएगा।

Published / 2022-01-10 08:34:20
तमिलनाडु : लॉकडाउन से पहले एक दिन में बिकी 210 करोड़ की शराब

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना का कहर एक बार फिर से देश में जारी हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना के नए मामलों की संख्या एक लाख के पार पहुंच रही हैं। जिसे देखते हुए की राज्य सरकारें अलर्ट मोड पर है। सबसे ज्यादा बिगड़े हालात राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र के हैं। इस बीच जहां दिल्ली सरकार ने वीकेंड लाॅकडाउन लगा दिया है वहीं अब इसी कड़ी में तमिलनाडु सरकार ने भी पिछले सप्ताह कुछ नई पाबंदियों का ऐलान किया। इनमें नाईट कर्फ्यू और रविवार को लॉकडाउन शामिल है। इस फैसले का ऐलान होने के बाद यहां को लोगों में कोरोना को लेकर नहीं ब्लकि शराब को लेकर ज्यादा टेंशन है। दरअसल, शनिवार को लोगों ने शराब खरीदने का रिकॉर्ड बना दिया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के लोगों ने अकेले शनिवार को 210 करोड़ रुपए की शराब की खरीदारी कर डाली। बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण पिछले सप्ताह गुरुवार को पाबंदियों का ऐलान किया था। राज्य सरकार ने रात के 10 बजे से सुबह के 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू लगाया है. इसके अलावा हर रविवार को कंप्लीट लॉकडाउन का भी ऐलान किया गया है। इतना ही नहीं राज्य में 9वीं तक के स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। राज्य में शराब की बिक्री करने वाले सरकारी विभाग तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन के अनुसार, रविवार के लॉकडाउन से ऐन पहले शनिवार को करीब 210 करोड़ रुपए की शराब की बिक्री हुई। रविवार को दुकानें बंद रहने के चलते इस बार लोगों ने शनिवार को ही स्टॉक जमा कर लिया।

Published / 2022-01-10 05:59:39
कोरोना : 24 घंटे में आये करीब 1.80 लाख मामले, 146 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। इस जानलेवा वायरस का प्रसार महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे अधिक से हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार दिल्ली में पिछले सप्ताह के मुकाबले नौ गुना मामले बढ़ गए हैं। पिछले सप्ताह राजधानी में कुल 10 हजार मामले थे जो इस सप्ताह बढ़कर 95 हजार हो गए वहीं महाराष्ट्र में पिछले सप्ताह 41 हजार केस थे जो कि इस सप्ताह में 2.2 लाख हो गए। यूपी की बात करें तो पिछले सप्ताह 1,600 मामले थे जो कि अब बढ़कर 25 हजार हो गए। इसके अलावा आज पीएम मोदी के एलान के अनुसार देश के स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर और गंभीर रूप से बीमार वरिष्ठ नागरिकों को सोमवार यानी आज से एहतियाती खुराक लगनी शुरू हो गई है। सरकार ने सभी राज्यों में इसकी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार रात से ही कोविन वेबसाइट पर अपॉइंटमेंट मिलना भी शुरू हो गया था। देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4,033 हुई देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4,033 हो गई है। 1216 मामले के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर है। वहीं 529 मरीज के साथ राजस्थान दूसरे स्थान पर है। ओमिक्रोन के 4,033 मरीजों में से 1,552 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं। देश में कोरोना का कोहराम भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के एक लाख 79 हजार 723 नए मामले सामने आए हैं और 146 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 46,569 लोग स्वस्थ भी हो गए। देशभर में कुल मामले 3,57,07,727, सक्रिय मामले 7,23,619, कुल रिकवरी 3,45,00,172, कुल मौतें 4,83,936 और कुल वैक्सीनेशन 1,51,94,05,95 हैं। बिहार में विदेश से आए 32 लोगों की जांच में 25 में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। खतरे को देखते हुए राज्य में जांच की रफ्तार बढ़ा दी गई है।

Published / 2022-01-10 04:56:34
सुप्रीम कोर्ट के 7 जज और 250 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित, 800 डॉक्टर भी आए कोविड की चपेट में

एबीएन डेस्क। देश में जहां कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा वहीं दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट में भी कोरोना बम फूटा है। देश की सर्वोच्च अदालत में रजिस्ट्री स्टाफ के 250 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, इन संक्रमितों में 7 जज भी शामिल हैं। वहीं, इसके अलावा दिल्ली में 700 से 800 डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए है। बता दें कि देश के सभी राज्यों में दिल्ली में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अभी तक 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, इनमें दिल्ली पुलिस के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर, एडिशनल कमिश्रर चिन्मय बिस्वाल जैसे बड़े अफसर भी शामिल हैं। कोरोना के नए केस की बात करें तो राजधानी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22,751 केस सामने आए हैं। इतना ही नहीं इस दौरान 17 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। हालांकि, इस दौरान 10179 लोग ठीक हुए हैं। एक्टिव केस बढ़कर 60733 हो गए हैं. अब तक राजधानी में 14,63,837 लोग ठीक हो चुके हैं. दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 23.53% पहुंच गया है।

Published / 2022-01-09 18:13:10
जेल में थैलियां बनाकर कमाए 500 रुपये संजय दत्त के लिए बने 500 करोड़

एबीएन सेंट्रल डेस्क। संजय दत्त की जिंदगी उथल-पुथल भरी रही। 1980 के दशक में मादक पदार्थों की लत के कारण वह सुर्खियों में रहे और उसके बाद 1993 मुंबई बम धमाकों के मामले में उनपर विशेष टाडा केस चला। सुनवाई 30 जून 1995 को शुरू हुई थी। जिस मामले में करीब 12 साल बाद 18 मई 2007 को इस मामले की सुनवाई खत्म हुई थी। इस केस में संजय दत्त टाडा के आरोपों से तो बरी हो गए, पर उन्हें आर्म्स एक्ट के तहत 6 साल की सजा सुनाई गई थी। संजय दत्त का अच्छा-खासा वक्त जेल में बीता। उन्होंने करीब पांच साल जेल में सजा काटी और अच्छे बर्ताव के कारण उन्हें तय सजा से आठ महीने पहले ही जेल से रिहा कर दिया गया था। जेल में उन्होंने आम कैदी की तरह समय बिताया। उन्होंने जेल में थैलियां बनाई। अपने एक पुराने इंटरव्यू में संजय दत्त ने बताया था कि कैसे उन्होंने जेल में श्रम के जरिए 500 रुपये कमाये थे। संजय दत्त का कहना था कि उन्होंने पुराने अखबारों से पेपर बैग बनाकर जेल के अंदर पैसे कमाये थे। उनका कहना था, हम वहां अखबारों से पेपर बैग बनाते थे। मुझे प्रति बोरी 20 पैसे मिलते थे। संजय दत्त का कहना था कि वह जेल में रोजाना 50 से 100 बैग बनाते थे। संजय दत्त ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने जेल में रहने के दौरान करीब 400 से 500 रुपये कमाये थे। अभिनेता ने कहा था कि वह सारे पैसे उन्होंने अपनी पत्नी मान्यता को दिये थे। संजय दत्त ने कहा कि जब वह साल 2016 में जेल से बाहर आये तो उन्होंने यह पैसे मान्यता को दिये थे। उन्होंने यह भी कहा था कि मेरे लिये उन 500 रुपये की कीमत 5000 करोड़ रुपये के बराबर है। संजय दत्त ने 2013 से लेकर 2016 तक पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में सजा काटी थी।

Published / 2022-01-09 14:55:44
अपनी 20% फ्लाइट रद्द करेगी इंडिगो एयरलाइंस, नहीं लेगी चेंज फीस

एबीएन डेस्क। कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन का असर हवाई यातायात क्षेत्र पर पड़ना शुरू हो गया है। इंडिगो ने रविवार को कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर करीब 20 प्रतिशत उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है। एयरलाइन ने इसके साथ ही यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए 31 मार्च तक बदलाव शुल्क समाप्त करने की घोषणा की है। बदलाव शुल्क यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने पर देना होता है। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से एयरलाइन के यात्री बड़ी संख्या में अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर एयरलाइन ने सभी 31 जनवरी तक सभी मौजूदा और नई बुकिंग पर बदलाव शुल्क को समाप्त करने का फैसला किया है। 31 मार्च तक की यात्रा के लिए बदलाव शुल्क नहीं लिया जाएगा। किफायती सेवाएं देने वाली एयरलाइन ने कहा कि मांग घटने की वजह से वह कुछ उड़ानों को सेवाओं से हटाएगी। इंडिगो ने कहा, हमारा अनुमान है कि करीब 20 प्रतिशत उड़ानों को रद्द किया जाएगा। एयरलाइन ने कहा कि जहां तक संभव हो, उड़ानों को रवानगी से कम से कम 72 घंटे पहले रद्द किया जाएगा और यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान में यात्रा का मौका दिया जाए। इसके अलावा यात्री हमारी वेबसाइट के खंड प्लान बी का इस्तेमाल कर अपनी यात्रा में बदलाव कर सकेंगे।

Published / 2022-01-09 14:45:11
कोरोना संक्रमण को लेकर न तो डरिए और न ही घबराइए, सब नियंत्रण में हैं : डॉ. अरोड़ा

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना संक्रमण पर उच्चस्तरीय बैठक और तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं। इससे ठीक पहले कोविड टास्क फोर्स से जुड़े डॉ. नरेंद्र कुमार अरोड़ा ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 1.75 लाख नए संक्रमित जरूर आए हैं, लेकिन किसी को घबराने, डरने, दहशत में आने की जरूरत नहीं है। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि इस बार ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, आईसीयू और अस्पताल के बिस्तरों की कोई कमी नहीं पड़ेगी। कोरोना की संक्रमण दर भले ही तेज है, लेकिन इसकी गंभीरता और घातकता पहले दोनों साल के मुकाबले बहुत कम रहने का अनुमान है। क्या करोना के जाल में फंस गया है भारत? डॉ. अरोड़ा ने कहा कि ऐसे सवाल बेमानी हैं। पिछले साल तक देश की 80 फीसदी आबादी किसी न किसी रूप में डेल्टा वैरिएंट की चपेट में आ चुकी है। 80-85 फीसदी बच्चे इससे संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। 86,08,12,039 लोगों को टीके की पहली और 63,19,98,826 लोगों को दूसरी खुराक लग चुकी है। 2,29,49280 बच्चों (15-18 साल) को टीका लग चुका है। कहने का आशय है कि बड़े पैमाने पर लोगों में संक्रमण प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो चुकी है। इसलिए कोरोना का संक्रमण न तो बहुत घातक होगा, न गंभीर। जानलेवा मामलों की संख्या डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले बहुत ही कम रहेगी। डॉ. अरोड़ा का कहना है कि जिसे टीका की दोनों डोज लग चुकी है, वह संक्रमित तो हो रहे हैं, लेकिन आसानी से ठीक हो जा रहे हैं। इसलिए बहुत घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार और शीर्ष स्तर पर हर रोज हो रही है निगरानी, समीक्षा : डॉ. अरोड़ा ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल से ही इसकी निगरानी और समीक्षा लगातार जारी है। इस समय भी हर रोज संक्रमण पर निगरानी की प्रक्रिया काफी तेज है। शीर्षस्थ नेतृत्व के स्तर पर भी काफी संवेदनशीलता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि 981 ट्रेन का परिचालन रद्द कर दिया गया ताकि संक्रमण की रफ्तार को कम किया जा सके। दिल्ली में शुक्रवार रात दस बजे से वीकेंड कर्फ्यू को लागू करने से इसकी संक्रमण दर को 30 प्रतिशत तक कम किया जा सकेगा। यहां हमारी रणनीति है कि एक साथ पूरा देश इस संक्रमण की चपेट में न आ जाए। लोग संक्रमित होते रहें और ठीक होते रहें। इसका संक्रमण सर्दी जुकाम जैसा बन जाए। इसके साथ-साथ जीन सीक्वेसिंग बड़े पैमाने पर की जा रही है। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि दो साल में कोरोना ने स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विशेषज्ञों को बहुत कुछ सिखाया है। हम यथाशीघ्र आपातकालीन योजना पर काम करने के बेहतर तरीके अपनाने का अनुभव पा सके हैं। इन अनुभवों को पूरी तरह अपनाया जा रहा है। जनता भी हुई जागरुक, अब सब अस्पताल नहीं आते : डॉ. अरोड़ा ने कहा कि जनता ने भी काफी कुछ सीखा। पिछले साल 1.75 लाख संक्रमण का मामला आने तक अस्पतालों में बिस्तर भर गए थे। इस साल अभी 85 फीसदी अस्पताल के बिस्तर, गहन चिकित्सा कक्ष सब खाली हैं। अब लोग सीधे अस्पताल की तरफ नहीं भाग रहे हैं। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि केवल चार लक्षण वालों को अस्पताल की तरफ आना चाहिए। 1. जिनका बुखार काफी तेज हो, न उतर रहा हो। 2. आक्सीजन का लेवेल 90 के नीचे आ रहा हो। 3. बात करते समय खांसी लगातार आ रही हो और बात न कर पा रहे हों। 4. सांस लेने में तकलीफ हो। उपरोक्त चार लक्षणों को छोड़कर किसी को अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं है। घर पर ही बेहतर इलाज संभव है। लोगों को चाहिए वह मास्क पहनें, भीड़भाड़ से बचें, बार-बार हाथ धोएं, सावधानी बरतें। कोविड प्रोटोकॉल का पालन ही उसके संक्रमण से सबसे बड़ा बचाव है।

Published / 2022-01-09 14:19:35
प्रकाश पर्व पर मोदी का ऐलान-हर साल 26 दिसंबर को साहिबजादों की याद में मनाया जाएगा वीर बाल दिवस

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रविवार को कहा कि उनका जीवन और संदेश लाखों लोगों को ताकत देता है। साथ ही उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब हर साल 26 दिसंबर को चारों साहिबजादों की याद में वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि यह साहिबजादों के साहस और न्याय स्थापना की उनकी कोशिश को उचित श्रद्धांजलि है। गुरु गोबिंद सिंह के चारों पुत्रों की मुगलों ने हत्या कर दी थी। मोदी ने ट्वीट किया, वीर बाल दिवस उसी दिन मनाया जाएगा, जब साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी ने दीवार में जिंदा चिनवा दिए जाने के बाद शहीदी प्राप्त की थी। इन दो महान हस्तियों ने धर्म के महान सिद्धांतों से विचलित होने के बजाए मौत को चुना। प्रधानमंत्री ने कहा, माता गुजरी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चार साहिबजादों की बहादुरी और आदर्शों ने लाखों लोगों को ताकत दी। उन्होंने कभी अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया। उन्होंने समावेशी और सौहार्दपूर्ण विश्व की कल्पना की। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें हमेशा इस बात की खुशी रहेगी कि उनकी सरकार को गुरु गोबिंद सिंह का 350वां प्रकाश उत्सव मनाने का अवसर मिला। उन्होंने 2017 में मनाए गए गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर अपने पटना दौरे की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर साझा कीं, जिनमें वह पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकते दिखाई दे रहे हैं। मोदी ने ट्वीट किया, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं। उनका जीवन और संदेश लाखों लोगों को ताकत देता है। मुझे हमेशा इस बात की खुशी रहेगी कि हमारी सरकार को उनका 350वां प्रकाश उत्सव मनाने का अवसर मिला। मैं उस समय पटना के अपने दौरे की कुछ झलकियां साझा कर रहा हूं।

Page 286 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse