देश

View All
Published / 2022-01-13 17:47:04
दिल्ली में कोरोना का कहर : 24 घंटे में 28,867 मिले संक्रमित, 31 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 28,867 नए मामले सामने आए जो महामारी की शुरुआत के बाद एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। वहीं, इस दौरान 31 मरीजों की मौत हुई है। पिछले चार दिनों में सात बच्चों की भी कोविड के कारण मौत हो गई, जिनमें से तीन बच्चे एक साल से भी कम आयु के थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में गरुवार को कोविड-19 के 31 मरीजों की मौत दर्ज की गई और इस अवधि में संक्रमण दर बढ़कर 29.21 प्रतिशत हो गई। दिल्ली में पिछले साल 20 अप्रैल को संक्रमण के 28,395 मामले दर्ज किए गए थे। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार की संक्रमण दर तीन मई के बाद से सर्वाधिक रही, जोकि तब 29.6 प्रतिशत रही थी। इसके मुताबिक, जनवरी के महीने में अब तक 164 मरीजों की इस घातक वायरस के कारण मौत हो चुकी है। इस बीच, पिछले चार दिनों में सात बच्चों की भी कोविड के कारण मौत हो गई, जिनमें से तीन बच्चे एक साल से भी कम आयु के थे। कोविड के कारण अपनी नौ महीने की बेटी को खोने वाले कुमार (बदला हुआ नाम) ने बताया कि हमें नहीं पता कि कैसे हमारी छोटी सी बच्ची संक्रमण की चपेट में आ गई। ना ही मैं और ना ही मेरी पत्नी संक्रमित हैं। वजीराबाद निवासी कुमार अपनी बेटी का चेकअप कराने संत परमानंद अस्पताल गए थे, जहां परीक्षण में सात जनवरी को बच्ची संक्रमित पाई गई। उसे अगले दिन लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नौ जनवरी को उसकी मौत हो गई।

Published / 2022-01-13 14:37:42
माघ मेला क्षेत्र : एक ही दिन में 379 संक्रिमत मिलने से हड़कंप

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूरे देश के साथ साथ संगम शहर प्रयागराज में भी कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बीते 24 घंटे में प्रयागराज में 379 संक्रमित मिले हैं। सक्रिय केसों की संख्या में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला रहा है और जिले में 1546 सक्रिय संक्रमित केसेस की संख्या हो गई है ।14 जनवरी 2022 से माघ मेले की शुरुआत हो रही है ऐसे में माघ मेला क्षेत्र से एक ही दिन में 38 संक्रमित मरीज सामने आए हैं। लगातार मेला क्षेत्र से संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। इसमें 24 पीएसी के जवान ,14 पुलिस के जवान शामिल है। आपको बता दें 14 जनवरी को मकर संक्रांति स्नान पर्व है और इसी स्नान पर्व के साथ माघ मेले की शुरूआत हो रही है। माघ मेला 14 जनवरी से 1 मार्च तक संगम की रेती पर करीब 47 दिनों तक चलेगा और पूरे माघ मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। प्रयागराज में दूसरी लहर के दौरान 300 से अधिक मरीज अप्रैल के महीने में मिले थे जिसके बाद कल यह आंकड़ा 379 तक पहुंच गया। इसमें हाईकोर्ट के एक जज, रेलवे हॉस्पिटल के निदेशक, डफरिन के डॉक्टर, हाईकोर्ट के असिस्टेंट रजिस्ट्रार, रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, ईसीसी और सीएमपी के असिस्टेंट प्रोफेसर, निजी स्कूल के शिक्षक व मेडिकल कॉलेज का छात्र संक्रमित हुआ है। आपको बता दे प्रयागराज में बीते चौबीस घंटों में स्वास्थ विभाग ने 9460 लोगों की जांच कराई थी। प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में 13 मरीज इलाजरत है जबकि तेज बहादुर सप्रू अस्पताल में 12 पीएसी के जवानों को भर्ती कराया गया है जबकि दो युवक पहले से ही भर्ती हैं। स्वास्थ विभाग का मानना है कि ऐसे संक्रमण बढ़ना बेहद खतरनाक है। देश दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले की शुरूआत से पहले ही जिस तरीके से कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला देखा जा रह मेला है उससे तो यही लग रहा है कि आने वाले दिनों में मेला क्षेत्र से कई और संक्रमित मरीज जरूर मिलेंगे। हालांकि मेला क्षेत्र में कोरोना गाइडलाइन का पालन का निर्देश अधिकारियों ने पहले से ही दे दिया है लेकिन अभी भी लोग लापरवाह बने हुए हैं ।प्रयागराज के मेला क्षेत्र में करीब 5000 जवान दूसरे जिले से आए हुए हैं जिनकी ड्यूटी माघ मेले में लगाई गई है।

Published / 2022-01-13 13:14:20
हम कोरोना की लड़ाई जरूर जीतेंगे, बस सभी सहयोग करें : प्रधानमंत्री

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक अहम बैठक की। पीएम मोदी के साथ मीटिंग में केंद्रीय गृहमत्री अमित शाह और लगभग सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। इस दौरान राज्यों में बढ़ते कोरोना के मामलों, टीकाकरण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर काबू पाने के लिए पाबंदियों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सौ साल की सबसे बड़ी महामारी से भारत की लड़ाई अब तीसरे साल में प्रवेश कर चुकी है। मेहनत हमारा एकमात्र पथ है और विजय एकमात्र विकल्प है। हम 130 करोड़ भारतीय अपने प्रयासों से कोरोना से जीतकर जरुर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन को लेकर पहले जो संशय की स्थिति थी, वो अब धीरे-धीरे साफ हो रही है। पहले जो वैरिएंट थे, उनकी अपेक्षा में कई गुना अधिक तेजी से ओमिक्रॉन वैरिएंट सामान्य जन को संक्रमित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वैरिएंट की तुलना में ओमिक्रोन तेजी से फैल रहा है,ये अधिक ट्रांसमिसिबल है। हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ स्थिति का आकलन कर रहे हैं। स्पष्ट है कि हमें सतर्क रहना है। उन्होंने टीकाकरण का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत लगभग 92 फीसदी वयस्क जनसंख्या को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दे चुका है। देश दूसरी डोज की कवरेज में भी 70 फीसदी के आसपास पहुंच चुका है। 10 दिन के अंदर ही भारत ने लगभग 3 करोड़ किशोरों का भी टीकाकरण कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज राज्यों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों को प्रीकॉशन डोज जितनी जल्द लगेगी उतना ही हमारे हेल्थ केयर सिस्टम का सामर्थ्य बढ़ेगा। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए हर घर दस्तक अभियान को हमें और तेज करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा राज्यों को आवंटित 23,000 करोड़ रुपये के पैकेज का अच्छी तरह से उपयोग किया गया है। कई राज्यों ने अपने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया है। केंद्र और राज्यों को इस बार भी इस पूर्व-खाली, सामूहिक और सक्रिय दृष्टिकोण का पालन करने की आवश्यकता है।

Published / 2022-01-13 07:44:19
13 घंटे चली 14वें दौर की सैन्य वार्ता, चीनी सैनिकों को पीछे हटा के दम लेगा भारत

एबीएन डेस्क। भारत और चीन के बीच बुधवार को 14वें दौर की सैन्य वार्ता हुई जो कि 13 घंटे तक चली। सूत्रों के मुताबिक इस वार्ता में पूर्वी लद्दाख में टकराव के शेष स्थानों यानि कि हॉट स्प्रिंग्स से सैनिकों को पीछे हटाने पर जोर दिया गया है। यह वार्ता बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई और रात 10.30 बजे खत्म हुई। इस मीटिंग में 14 कोर के नए प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व किया तो वहीं चीनी पक्ष का नेतृत्व दक्षिण शिंजियांग सैन्य जिले के चीफ मेजर जनरल यांग लिन ने किया। बता दें कि वार्ता ऐसे वक्त में हुई है, जब चीन की ओर से बार्डर पर पैंगोंग त्सो झील पर पुल बनाने की बात सामने आई है। दरअसल, हाल ही में सेटे लाइट तस्वीरों में देखा गया है कि चीन पैंगोंग झील के अपने कब्जे वाले क्षेत्र में पुल का निर्माण कर रहा है। इस बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा था कि इस पुल का निर्माण उस इलाके में हो रहा है, जो करीब 60 साल से चीन के अवैध कब्जे में हैं। भारत की पूरी नजर चीन की हरकतों पर हैं। मालूम हो कि हॉट स्प्रिन्ग चीन के साथ मौजूदा विवाद का वो अंतिम क्षेत्र है जिसपर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। भारत और चीन के बीच अब तक हुई वार्ता से पैंगोंग क्षेत्र और गोगरा हाइट्स के मुद्दों को सुलझाने में मदद तो मिली है लेकिन मामला अभी तक सुलझा नहीं है।

Published / 2022-01-13 03:39:06
कोरोना : 24 घंटे में देशभर में मिले 2 लाख से ज्यादा संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। तीसरी लहर में पहली बार देश में 24 घंटे के दौरान 2 लाख से ज्यादा केस मिले। रात 9 बजे तक कुल 226,026 कोविड केस और 355 मौतें दर्ज की गईं। इस दौरान 76,447 लोग ठीक भी हुए हैं। साथ ही आज सक्रिय मामलों की संख्या 1 लाख 49 हजार 224 बढ़ गई है। अब कुल 10 लाख 98 हजार 383 संक्रमित हो चुके हैं। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक 3 करोड़ 62 लाख 96 हजार 452 लोग कोविड की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3 करोड़ 46 लाख 98 हजार 503 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं। इस दौरान 4 लाख 85 हजार 012 मौतें भी हुईं। मालूम हो कि महाराष्ट्र में बुधवार को 46,723 नए मरीज मिले हैं। इस दौरान 32 मौतें भी दर्ज की गईं। यहां सक्रिय मामलों की संख्या में 24 घंटे के भीतर 18650 की बढ़ोतरी हुई। अब राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 240122 पर पहुंच गए हैं। जबकि मंगलवार को प्रदेश में 34,424 केस सामने आए थे। उधर, दिल्ली में बुधवार का दिन कोरोना संक्रमण के लिहाज से काफी डरावना रहा। बुधवार को यहां 27,561 नए मामले मिले, जो तीसरी लहर में 24 घंटे के दौरान डेली केसेज में दूसरी सबसे बड़ी वृद्धि है। राजधानी में 40 मौत भी दर्ज की गई हैं। अब यहां पिछले चार दिन के दौरान 97 लोगों की मौत हो चुकी है।

Published / 2022-01-13 02:54:24
कोरोना : बजट सत्र से ठीक पहले संसद में 718 कर्मचारी हुए संक्रमित

एबीएन डेस्क। संसद के बजट सत्र शुरू होने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं लेकिन इस बीच संसद भवन के सैकड़ों कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इसके चलते तय समय पर बजट सत्र को संपन्न कराना एक बड़ी चुनौती हो सकती है। संसद भवन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि तीसरी लहर के दौरान पिछले एक महीने में संसद भवन के 718 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से ज्यादातर पिछले दो सप्ताहों के दौरान संक्रमित हुए हैं। 10 जनवरी तक करीब 400 कर्मी कोरोना संक्रमित थे लेकिन बुधवार को यह आंकड़ा 700 पार कर गया है। पिछले तीन दिनों में ही करीब 43 फीसदी की वृद्धि इन आंकड़ों में हुई है। राज्यसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि संक्रमितों में से करीब 200 कर्मचारी राज्यसभा के हैं। बाकी लोकसभा एवं अन्य विभागों से जुड़े बताए जाते हैं। बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा ने अपने एक तिहाई कार्मिकों को घर से काम करने की अनुमति दी है। जबकि 50 फीसदी अधिकारियों को घर से काम करने की अनुमति है।

Published / 2022-01-12 16:35:43
टाटा यशवंतपुर एक्सप्रेस : दो घंटे की जांच में 10 यात्री मिले संक्रमित

एबीएन डेस्क। टाटानगर स्टेशन पर यशवंतपुर की ट्रेन से मंगलवार शाम करीब साढ़े चार सौ मजदूर उतरे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों व शिक्षकों की टीम ने सुरक्षा जवानों की मदद से यशवंतपुर की ट्रेन से उतरे एक-एक यात्री को कतार में लगाकर सैंपल जांची। करीब दो घंटे तक चली जांच में 10 पॉजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव यात्रियों में ज्यादातर कोल्हान के विभिन्न जिलों व पश्चिम बंगाल के निवासी है। इधर, सिर्फ एक ट्रेन से 10 पॉजिटिव मिलना स्टेशन ड्यूटी के स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं सुरक्षा जवानों में चर्चा का केंद्र बना है। सभी पॉजिटिव यात्रियों को स्टेशन से अस्पताल या क्वॉरेंटाइन सेंटर में भेजा गया है। सूचना के अनुसार अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली की ट्रेनों से भी ज्यादातर मजदूर श्रेणी के यात्रियों की ही रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। मजदूरों ने स्टेशन पर जांच कर्मियों को बताया कि संक्रमण फैलने के कारण अब अपने घर लौट रहे हैं।

Published / 2022-01-12 16:32:38
इसरो के नये चेयरमैन होंगे एस सोमनाथ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार ने बुधवार को वरिष्ठ रॉकेट वैज्ञानिक एस सोमनाथ को भारतीय अंतिरक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) का चेयरमैन नियुक्त कर दिया। सोमनाथ को भारत के सबसे ताकतवर स्पेस रॉकेट जीएसएलवी एमके-3 लॉन्चर के विकास कार्य का नेतृत्व करने वाले वैज्ञानिकों में गिना जाता है। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने पोलर सैटेलाइट लॉन्चिंग व्हीकल (पीएसएलवी) के विकास कार्यों में भी अहम भूमिका निभाई थी। केंद्र सरकार ने सोमनाथ को अंतरिक्ष विभाग का सचिव और अंतरिक्ष आयोग (स्पेस कमीशन) के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। इससे पहले वे 22 जनवरी 2018 से लेकर अब तक विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (वीएसएससी) के निदेशक का पद संभाल रहे थे। अब इसरो में वे के सिवन की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल इसी हफ्ते शुक्रवार को खत्म हो रहा है। केंद्र सरकार ने सोमनाथ को अंतरिक्ष विभाग का सचिव और अंतरिक्ष आयोग (स्पेस कमीशन) के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। इससे पहले वे 22 जनवरी 2018 से लेकर अब तक विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (वीएसएससी) के निदेशक का पद संभाल रहे थे। अब इसरो में वे के सिवन की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल इसी हफ्ते शुक्रवार को खत्म हो रहा है। गौरतलब है कि एस सोमनाथ उच्च-दाब वाले सेमी-क्रायोजेनिक इंजन के विकास कार्यों का भी हिस्सा रह चुके हैं। चंद्रयान-2 के लैंडर के इंजन को विकसित करने और जीसैट-9 में लगे इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम की उड़ान को सफल बनाना भी उनकी उपलब्धियों में शामिल रहा है। सोमनाथ लॉन्च व्हीकल के ढाचांगत प्रणालियों के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने सैटेलाइट लॉन्चिंग के लिए दुनियाभर में पसंद किए जाने वाले पीएसएलवी के इंटिग्रेशन डिजाइन को तैयार करने में अहम योगदान दिया है।

Page 284 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse