देश

View All
Published / 2022-03-15 09:57:30
नैतिकता का स्तर इतना नीचे गिर सकता है, ये नहीं सोचा था : सुप्रीम कोर्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सुप्रीम कोर्ट ने कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों को मिलने वाली 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि पाने के लिए झूठे दावों पर सोमवार चिंता जतायी और कहा कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है और उसे लगता था कि नैतिकता का स्तर इतना नीचे नहीं गिर सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह मामले की जांच महालेखाकार कार्यालय को सौंप सकता है। जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस बीवी नागरत्न की पीठ ने कहा, हमने कभी उम्मीद नहीं की थी और कभी सोचा नहीं था कि इसका भी दुरुपयोग किया जा सकता है। यह शुचिता का काम है और हमने सोचा था कि हमारी नैतिकता इतनी नीचे नहीं गिरी है कि इसमें कुछ झूठे दावे भी होंगे। हमने यह कभी सोचा नहीं था। पीठ ने मुआवजा देने के लिए दिए जा रहे कोविड-19 से मौत के फर्जी प्रमाणपत्रों पर पिछले सप्ताह चिंता जतायी थी और कहा था कि वह इस मुद्दे की जांच का आदेश दे सकता है। पीठ ने कहा था कि अगर ऐसे फर्जी दावों में अधिकारी शामिल है तो यह बहुत गंभीर बात है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया था कि वे राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (एसएलएसए) के सदस्य सचिव के साथ समन्वय करने के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त करें ताकि कोविड​​-19 पीड़ितों के परिवार के सदस्यों को मुआवजे का भुगतान किया जा सके। सोमवार को सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ से कहा कि दो तरह के सुझाव आए है कि उच्चतम न्यायालय कुछ अंतिम सीमा तय करने पर विचार कर सकता है ताकि जो भी आवेदन करना चाहता है, वह निश्चित समयसीमा में आवेदन कर सकता है। पीठ ने मेहता से कहा कि सुनवाई की पिछली तारीख पर उसने प्राधिकारियों से इस संबंध में उचित आवेदन देने को कहा था। मेहता ने कहा कि वह मंगलवार को आवेदन देंगे और न्यायालय बुधवार को सुनवाई कर सकती है। पीठ ने मेहता से कहा कि प्राधिकारी को आवेदन में फर्जी दावों के मुद्दे पर भी कुछ कहने की आवश्यकता है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने कहा, इसे शामिल किया जाएगा। इसके बाद सुप्रीमकोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 21 मार्च तय कर दी। उच्चतम न्यायालय गौरव बंसल और अन्य लोगों द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। याचिका में कोविड​​-19 पीड़ितों के परिवार के सदस्यों को अनुग्रह सहायता राशि देने का अनुरोध किया गया है।

Published / 2022-03-14 18:13:08
जालंधर : मशहूर कबड्डी खिलाड़ी को मारी गोली, मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पंजाब के जालंधर में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया को कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घायल अवस्था में लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कबड्डी के संचालक बलविंदर सिंह चट्ठा ने बताया कि गांव मल्लियां कलां में कबड्डी प्रतियोगिता चल रही थी। इस बीच, संदीप अपने कुछ साथियों को छोड़ने बाहर गया, जहां कुछ हथियारबंद हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में संदीप की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Published / 2022-03-14 17:55:02
रिकॉर्ड : टीटी ने एक दिन में वसूला 1.70 करोड़ का जुर्माना

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम-मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के एक मुख्य टिकट निरीक्षक ने चालू वित्त वर्ष में बिना टिकट यात्रा करने वाले रेल यात्रियों से कुल 1.70 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने सोमवार को यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 16 टिकट निरीक्षकों ने व्यक्तिगत रुप से बिना टिकट यात्रियों से एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया। उन्होंने कहा कि मुख्य टिकट निरीक्षक आशीष यादव ने इस साल एक अप्रैल 2021 से नौ मार्च तक 20,600 यात्रियों से 1.70 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला। यह व्यक्तिगत क्षमता के लिहाज से सबसे अधिक संग्रह हो सकता है। रंजन ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में यादव सहित 42 सदस्यों वाले उड़न दस्ते ने विभिन्न ट्रेन में बिना टिकट यात्रियों से 71 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है। पश्चिम मध्य रेलवे जोन का मुख्यालय जबलपुर में है। इसमें तीन रेल मंडल जबलपुर, भोपाल और कोटा रेल मंडल शामिल हैं।

Published / 2022-03-14 07:33:14
संसद का बजट सत्र : आमजन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होने से पहले सोमवार को उम्मीद जताई कि सत्र के दौरान सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक सहयोग से सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर स्वस्थ और परिणाममूलक संवाद होगा। बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी से 11 फरवरी तक चला था और दूसरा चरण 14 मार्च (सोमवार) से 8 अप्रैल तक चलेगा। बिरला ने ट्वीट किया, संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से प्रारंभ हो रहा है। आशा है कि माननीय सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक सहयोग से सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर स्वस्थ और परिणाममूलक संवाद होगा। सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को बढ़ती बेरोजगारी, कर्मचारी भविष्य निधि पर ब्याज दर में कटौती और युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों की निकासी समेत कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश कर सकता है। सत्र के इस चरण में वर्ष 2022-23 के केंद्रीय बजट प्रस्तावों के लिए संसद की मंजूरी प्राप्त की जाएगी। इसके अलावा केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए बजट पेश करना सरकार के एजेंडा में शीर्ष पर होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जम्मू-कश्मीर के लिए सोमवार को बजट पेश करेंगी। सरकार ने संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (संशोधन) विधेयक को भी लोकसभा में विचार किए जाने और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया है। बजट सत्र के पहले चरण में 29 जनवरी से 11 फरवरी तक दो अलग-अलग पालियों में लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही संचालित की गई थी। बहरहाल, इस बार कोविड-19 संबंधी हालात में काफी सुधार आने के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे से साथ-साथ चलेगी। कांग्रेस सदन में उठाएगी महंगाई, बेरोजगारी, कामगारों का मुद्दा : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को अपने आवास पर कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति की बैठक की अध्यक्षता की और बजट सत्र के दौरान समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के समन्वय के साथ काम करने का फैसला किया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद कहा, हमने सोमवार से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की। हम सत्र के दौरान जनहित से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ समन्वय में काम करेंगे। यू्क्रेन से भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी, महंगाई, बेरोजगारी, कामगारों का मुद्दा, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का मुद्दा आदि उन मुद्दों में शामिल हैं, जिन्हें इस सत्र में उठाया जाएगा।

Published / 2022-03-13 15:59:44
संसद में सरकार को घेरने को लेकर सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेसियों ने बनाई रणनीति

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की सोमवार से हो रही कार्यवाही के दौरान किसानों, बेरोजगारी और यूक्रेन से लौटे छात्रों के साथ ही कई अन्य मुद्दे उठाएगी और इस पर सरकार से जवाब मांगेगी। कांग्रेस संसदीय दल की रविवार को यहां पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई वरिष्ठ नेताओं को बैठक में इन मुद्दों को संसद में उठाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि इसमें संसद के सोमवार से शुरू हो रहे सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी संसद सत्र के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य-MSP, यूक्रेन से लौटे छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों के साथ ही यूक्रेन में जारी संघर्ष के मामले को संसद के दोनों सदनों में उठाएगी। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में खड़गे के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, सर्वश्री राहुल गांधी, एके एंटनी, आनंद शर्मा, जयराम रमेश, के सुरेश, मनीष तिवारी और श्रीमती अंबिका सोनी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।

Published / 2022-03-13 15:53:09
पीएम मोदी से मिले योगी आदित्यनाथ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद राष्ट्रीय राजधानी के अपने पहले दौरे में रविवार को प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 5 वर्षों में उन्होंने जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। पीएम ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आने वाले वर्षों में वे राज्य को विकास की और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। पीएम मोदी ने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इससे पहले उन्होंने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात की। इसके बाद, आदित्यनाथ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने की संभावना है।

Published / 2022-03-13 10:20:42
कोलकाता : चमड़ा कारखाने में लगी भीषण आग 12 घंटे बाद भी नहीं बुझी, दो दमकलकर्मी घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तंगरा इलाके में शनिवार को एक गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। कोलकाता पुलिस ने आग लगने की घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम लगभग साढ़े छह बजे मेहर अली लेन में एक चमड़ा बनाने के कारखाने में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में इलाके को खाली करा लिया है। आग इतनी भीषण है कि 12 घंटे बीत जाने के बाद भी इसपर काबू नहीं पाया जा सका है। इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग के दो कर्मियों को चोटें आईं हैं। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए अब तक कुल 15 दमकल गाड़ियां भेजी गई हैं। वहीं, दमकल विभाग के साथ स्थानीय लोग भी आग बुझाने में लगे हुए हैं। लोग अपने घरों से बाल्टी में पानी ला-लाकर आग बुझाने में लगे हुए हैं।

Published / 2022-03-13 10:01:37
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया करेंगी पांच राज्यों में मिली हार की समीक्षा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस धीरे-धीरे अपनी जमीनी धार खो रही है। इस पर मंथन के लिए कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी रविवार को सुबह 10.30 बजे एक अहम बैठक करेंगी। मीटिंग 10 जनपथ पर बुलाई गई है। इसमें पार्टी के संसदीय रणनीति समूह से जुड़े लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस किस प्रकार से तैयारी करेगी, इस पर भी चर्चा हो सकती है। इस बैठक में हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन, हार के कारणों और पार्टी की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की जा सकती है। सभी पांच राज्यों के विधासभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। इतना ही नहीं, पंजाब की सत्ता भी हाथ से चली गई। इसके बाद पार्टी नेतृत्व पर लगातार सवाल खड़े होने लगे हैं। बता दें कि साल 2017 में 10 साल बाद कांग्रेस के हाथ सत्ता आई थी, जिसे इस बार पार्टी ने गंवा दी। कल हुई थी G-23 समूह के नेताओं की बैठक : बता दें कि पांच राज्यों में मिली करारी हार से कांग्रेस का भविष्य अधर में लटका हुआ नजर आ रहा है। इस हार के बाद पार्टी के G-23 समूह के कई नेताओं ने शुक्रवार को बैठक की। इस बैठक में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई इस बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी शामिल हुए थे। इन नेताओं की ओर से फिलहाल सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं आया कि बैठक में क्या चर्चा हुई।

Page 256 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse