देश

View All
Published / 2025-08-29 12:41:03
उत्तराखंड : चमोली में बादल फटने से भारी नुकसान, सात की मौत

  • अलकनंदा-मंदाकिनी नदियां दिखाने लगी प्रकोप, चंबा में 7 की मौत, मोबाइल नेटवर्क ठप

एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। पहाड़ों की गोद में बसे गांव एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गए हैं। चमोली जिले के देवाल क्षेत्र के मोपाटा गांव में बादल फटने की घटना ने लोगों की सांसें रोक दी हैं। भारी मलबे और तेज बहाव ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है।

लोग लापता और घायल, गौशाला तबाह

इस हादसे में दो ग्रामीण -तारा सिंह और उनकी पत्नी- लापता हो गए हैं, जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। 

वहीं, एक गौशाला मलबे में पूरी तरह दब गई, जिसमें 15 से 20 मवेशियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन दुर्गम क्षेत्र और लगातार बारिश के कारण कार्यों में बाधाएं आ रही हैं।

सीएम ने दी जानकारी, राहत कार्यों का निर्देश

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर इस हादसे को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि चमोली के देवाल और रुद्रप्रयाग के बड़ेथ डुंगर क्षेत्र में बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं। कई परिवार प्रभावित हुए हैं और कुछ फंसे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन को तेज गति से राहत कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क में हैं।

रुद्रप्रयाग में नदियों का प्रकोप

अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ चुका है। खासकर संगम क्षेत्र में हालात बेहद चिंताजनक हैं। अलकनंदा नदी ने चेतावनी सीमा पार कर ली है, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है।

मोबाइल नेटवर्क बंद, गांवों से संपर्क टूटा
बारिश और भूस्खलन की वजह से मोबाइल टावर और बिजली लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित इलाकों में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है। कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट चुका है। हालात ऐसे हैं कि न पीने का पानी उपलब्ध है, न ही सही तरीके से सूचना आदान-प्रदान हो पा रहा है।

Published / 2025-08-28 22:12:44
रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी पर फोकस करने पीएम मोदी जापान रवाना

अमेरिकी टैरिफ विवाद के बीच जापान रवाना हुए पीएम मोदी, कहा- रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी पर होगा फोकस 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को जापान और चीन के पांच दिवसीय दौरे रवाना हो गये। पीएम मोदी के दौरे का मुख्य एजेंडा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करना है। अमेरिकी टैरिफ विवाद के बीच हो रही पीएम मोदी की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण समझी जा रही है। पीएम मोदी जापान के बाद चीन जाएंगे। जहां वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 

इस दौरान उनकी मुलाकात कई देशों के प्रमुख से होगी। जापान और चीन की अपनी यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि जापान की मेरी यात्रा के दौरान हमारा मुख्य ध्यान हमारे विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आकार देने पर होगा। यह साझेदारी पिछले ग्यारह वर्षों में निरंतर और महत्वपूर्ण प्रगति कर चुकी है। 

जापान की यात्रा के बाद मैं चीन जाऊंगा, जहां मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आमंत्रण पर तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शामिल होऊंगा। मैं शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग, राष्ट्रपति पुतिन और अन्य नेताओं से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। 

मुझे पूरा विश्वास है कि जापान और चीन की ये यात्राएं हमारे राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को और मजबूत करेंगी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा और सतत विकास को आगे बढ़ाने में सार्थक सहयोग स्थापित करेंगी। पीएम मोदी दो देशों के दौरे के पहले चरण में जापान पहुंचेंगे। 

यहां वह 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन शिरकत करेंगे। इस दौरे का उद्देश्य भारत-जापान संबंधों को मजबूत करना और वैश्विक शांति पर चर्चा करना है। जापानी पीएम शिगेरू इशिबा से मुलाकात के साथ ही वह उद्योगपतियों और राजनीतिक नेताओं से बातचीत करेंगे। 

उनके एजेंडे में व्यापार, निवेश, रक्षा, विज्ञान और तकनीक व संस्कृति शामिल हैं। जापान के बाद पीएम मोदी 30 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन में रहेंगे। इस दौरान वह शंघाई सहयोग परिषद (एससीओ) की 25वीं बैठक में हिस्सा लेंगे। 

सात साल में चीन की अपनी पहली यात्रा के दौरान पीएम दुनिया की कुछ बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ नजदीकी बढ़ाकर मेक इन इंडिया पहल के लिए समर्थन जुटाएंगे। जापान, चीन और रूस के समर्थन से भारत को अमेरिकी टैरिफ के असर को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Published / 2025-08-27 00:20:59
श्वेता शर्मा को सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति

श्वेता शर्मा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देवघर की शिक्षिका श्वेता शर्मा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चयनित हुई हैं। देशभर से 45 शिक्षकों का चयन किया गया है जिसमे झारखंड से एकमात्र शिक्षक का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। 

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में पांच सिंतबर को राष्ट्रपति 45 शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। श्वेता शर्मा वर्तमान में विवेकानंद मध्य विद्यालय, देवघर की शिक्षिका हैं। श्वेता शर्मा को पढ़ाई और बच्चों से बहुत लगाव है। 

श्वेता बताती हैं कि राष्ट्रीय स्तर के चयन के लिए ज्यूरी के समक्ष सात मिनट में अपनी बात रखनी थी। ज्यूरी ने उनसे कहा कि प्राइमरी टीचर खासकर पहली और दूसरी कक्षा के शिक्षक के प्रति धारणा अलग होती है। लेकिन आपने खुद को अपग्रेड और अपडेट किया। भारत सरकार के गाइड लाइन के मुताबिक बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाया। साथ ही दूसरे स्कूल के शिक्षकों को भी अपने अनुभव से अपडेट और अपग्रेड करने की कोशिश किया। 

श्वेता ने कहा कि उनके चयन का यही सबसे बड़ा आधार रहा है। वर्ष 2017 में जिला स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार, 2018 में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार और 2021 में राष्ट्रीय आईसीटी अवार्ड से श्वेता शर्मा सम्मानित हो चुकी हैं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर श्वेता शर्मा को बधाई देने वालों का ताँता लगा है। श्वेता शर्मा को पढ़ाई और बच्चों से बहुत लगाव है।

 वह बताती हैं कि राष्ट्रीय स्तर के चयन के लिए ज्यूरी के समक्ष सात मिनट में अपनी बात रखनी थी। भारत सरकार ने 2023 में जादुई पिटारा लांच किया। उसमें 52 आइटम थे। सभी राज्यों को कहा गया था कि वह अपने स्टेट के अनुसार पिटारा को तैयार करे। बस क्या था श्वेता ने अभिभावक, जन सहयोग और कुछ अपने वेतन की राशि खर्च कर पिटारा बनाया और उसका नाम दिया अबुआ जादुई पिटारा।

इसमें सोहराय, बैद्यनाथ पेंटिंग, कपड़ा का पुतला, झांझर, डफली जैसे पांच वाद्य यंत्र को रखा। अब इससे बच्चों को पढ़ाने लगी। ना सिर्फ अपने स्कूल के बच्चों को पढ़ाने लगी बल्कि स्टेट ट्रेनर होने के नाते राज्य के शिक्षकों को अपने पिटारा से अवगत कराने लगी। श्वेता बीएससी बीएड हैं। इग्नू से अंग्रेजी भाषा में एमए किया है। पिछले 21 वर्षों से सरकारी शिक्षिका के रूप में कार्यरत। 

वर्ष 2017 में जिला स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार, 2018 में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार और 2021 में राष्ट्रीय आईसीटी अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। राज्यस्तरीय सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी समूह एवं दीक्षा पोर्टल पर कंटेंट क्रिएटर और एनिमेटर हैं। अभी तक दीक्षा एप के लिए 50 से अधिक एवं डिजिस्कूल के लिए 75 से अधिक ई-कंटेंट का निर्माण कर चुकी हैं।

Published / 2025-08-25 20:17:14
दबाव जितना बढ़ेगा, झेलने की ताकत उतनी बढ़ेगी : मोदी

ट्रंप के टैरिफ पर पीएम मोदी ने दिया जवाब, कहा- दबाव कितना भी हो, झेलने की ताकत बढ़ाता जायेगा भारत 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पीएम नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में 5400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। यहां जनसभा में पीएम मोदी ने आपरेशन सिंदूर, ट्रंप के टैरिफ के साथ ही कांग्रेस पर हमला बोला। टैरिफ को लेकर पीएम मोदी कहा दुनिया में आज आर्थिक स्वार्थ की राजनीति हो रही है। सब कोई अपना फायदा करने में लगा है। हम सब कुछ देख रहे हैं।

सरकार लघु उद्यमियों, किसानों, पशु पालकों का अहित नहीं होने देगी। दबाव कितना ही क्यों न हो, हम झेलने की ताकत बढ़ाते जायेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में गणेश उत्सव को लेकर अद्भुत उत्साह है। गणपति बप्पा के आशीर्वाद से आज गुजरात के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन हुआ है। यह मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे देश की जनता को कई विकास परियोजनाएं समर्पित करने का अवसर मिला है।  

उन्होंने कहा कि मानसून में गुजरात में कई इलाकों में भारी बारिश हुई। देश में भी एक के बाद एक आपदाएं आ रही हैं। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रकृति का यह प्रकोप पूरे देश, विश्व के लिए चुनौती बना है। केंद्र सरकार राज्यों के साथ राहत, बचाव कार्य में जुटी है। 

पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात की धरती दो मोहन की धरती है एक सुदर्शन चक्र धारी द्वारिकाधीश और दूसरे चरखाधारी मोहन, हमारे महात्मा गांधी। भारत इन दोनों के दिखाए रास्ते पर चलकर सशक्त होता जा रहा है। श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि देश समाज की रक्षा कैसे करें। उन्होंने सुदर्शन चक्र को न्याय व सुरक्षा का कवच बनाया, जो दुश्मन को ढूंढ़कर उसे दंड देता है। यही भाव आज भारत के फैसलों में देश-दुनिया अनुभव कर रही है।  

पीएम मोदी ने कहा कि आज आतंकवादी और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं हैं। चाहे वे कहीं भी छिपे हैं। पहलगाम का हमले का बदला हमने कैसे लिया दुनिया ने देखा है। 22 मिनट में सब साफ कर दिया। आॅपरेशन सिंदूर हमारी सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्र धारी मोहन की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है। 

उन्होंने कहा कि चरखाधारी मोहन महात्मा गांधी ने भारत की समृद्धि का रास्ता स्वदेशी में बताया था। साबरमती आश्रम इसका साक्षी है। जिस पार्टी ने उनका नाम लेकर दशकों तक सत्ता सुख भोगा, उसने बापू की आत्मा को कुचल दिया। गांधी के नाम पर गाड़ी चलाने वालों ने एक बार भी न तो स्वच्छता को बढ़ावा दिया और न स्वदेशी को बढ़ाया।

Published / 2025-08-23 22:10:53
हमारे देश की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा विश्व : पीयूष गोयल

भारत कई देशों से मुक्त व्यापार समझौते की बातचीत में, पीयूष गोयल बोले- दुनिया हमारे देश की ओर देख रही 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत इस समय यूरोपीय संघ, अमेरिका, चिली और पेरू समेत कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीद से देख रही है और विकसित देश हमारे साथ व्यापार समझौते करने के इच्छुक हैं। 

पीयूष गोयल ने बताया कि वाणिज्य मंत्रालय दिन-रात इन समझौतों की बातचीत में जुटा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सुबह जैसे ही आॅस्ट्रेलिया और जापान के दफ्तर खुलते हैं, बातचीत शुरू हो जाती है। दोपहर में यूरोप से संवाद होता है और शाम होते ही अमेरिका के साथ चर्चा शुरू हो जाती है। इसके अलावा पेरू और चिली से भी लगातार संपर्क बना हुआ है। 

भारत और अमेरिका मार्च से द्विपक्षीय व्यापार समझौते  की बातचीत कर रहे हैं। अब तक पांच दौर की बातचीत हो चुकी है। हालांकि, अमेरिका ने भारत में होने वाली छठे दौर की बैठक को स्थगित कर दिया है। यह बातचीत खास इसलिए है क्योंकि अमेरिका ने भारतीय सामान पर 27 अगस्त से 50 प्रतिशत शुल्क लगाने का फैसला किया है। अभी तक 25 प्रतिशत शुल्क लागू है। इससे भारतीय निर्यातकों पर सीधा असर पड़ सकता है। 

यूरोपीय संघ (ईयू) और भारत के बीच भी मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा चल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह समझौता हो जाता है तो यूरोप के बड़े बाजारों में भारतीय सामान को और बेहतर पहुंच मिलेगी। इसी तरह, चिली और पेरू जैसे लैटिन अमेरिकी देशों के साथ व्यापार समझौते भारत के लिए नए अवसर खोल सकते हैं। 

गोयल दिल्ली में उद्यमी और व्यापारिक नेतृत्व शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान एक मजबूत और भरोसेमंद कारोबारी साझेदार के रूप में हो रही है। दुनिया के देश चाहते हैं कि भारत के साथ लंबे समय तक टिकाऊ व्यापार संबंध बनें। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से भारत के किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को वैश्विक बाजार में नई ताकत मिलेगी।

Published / 2025-08-23 20:38:52
आठ नवंबर से बौद्ध सर्किट में चलेगी बुद्धिस्ट स्पेशल ट्रेन

एबीएन सेंट्रल डेस्क (कुशीनगर)। भारतीय पर्यटन व खानपान निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने विदेशी सैलानियों को बौद्ध सर्किट में स्थित महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराने के लिए बुद्धिस्ट स्पेशल ट्रेन की बुकिंग खोल दी है। एक अक्तूबर से शुरू होकर 31 मार्च को समाप्त होने वाले पर्यटन सीजन के दौरान ट्रेन बौद्ध सर्किट के कुल छह फेरे लगायेगी। 

नवंबर माह में यह ट्रेन 8 व 22 तारीख को, दिसंबर में 20, जनवरी में 3, फरवरी में 21 व मार्च माह में भी 21 तारीख को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से 13 बजे प्रस्थान करेगी। लक्जरी सुविधाओं से युक्त इस ट्रेन के यात्री बौद्ध तीर्थस्थलों पर स्थित पुरावशेषों, स्तूप, धरोहर आदि का दर्शन कर सकेंगे। 

आठ दिनों की यात्रा का पहला पड़ाव बुद्ध के ज्ञान प्राप्त स्थल बोधगया, दूसरा पड़ाव प्राचीन शिक्षा के केंद्र नालंदा व राजगीर, तीसरा पड़ाव प्रथम उपदेश स्थल सारनाथ व प्राचीन नगरी वाराणसी, चौथा पड़ाव बुद्ध के जन्मस्थल लुंबनी,पांचवां महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर, छठा प्राचीन कौशल राज्य की राजधानी श्रावस्ती, सातवां अंतिम पड़ाव ताजमहल के लिए प्रसिद्ध आगरा होगा। आगरा से पर्यटक दिल्ली आकर पुन: अपने गंतव्य को प्रस्थान कर जायेंगे। 

बौद्ध स्थलों के दर्शन के दौरान पर्यटकों की भाषा संबंधी कठिनाइयों के लिए ट्रेन में आईआरसीटीसी के प्रशिक्षित गाइड तैनात रहेंगे। स्पेशल ट्रेन बौद्ध देशों के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। जापान, थाइलैंड, सिंगापुर, ताइवान आदि बौद्ध देशों के साथ यूरोपीय देशों के पर्यटक भी इस ट्रेन से बौद्ध सर्किट में घूमना काफी पसंद कर रहे हैं। 

बौद्ध सर्किट का पर्यटन सीजन एक अक्तूबर 25 से शुरू होकर 31 मार्च 26 को समाप्त होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में बौद्ध देशों के साथ साथ यूरोपीय देशों के सैलानी आयेंगे। क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी गोरखपुर रविंद्र कुमार ने बताया की पर्यटन विभाग बौद्ध स्पेशल ट्रेन के यात्रियों का स्वागत करने के साथ साथ सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है।

Published / 2025-08-21 21:46:49
संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की सड़क निर्माण शीघ्र कराने की मांग

टीम एबीएन, रांची। मेरे लोकसभा क्षेत्र रांची के ईचागढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे देवलटांड़ में जैन धर्मावलंबियों के भगवान आदिनाथ का अति प्राचीन मंदिर स्थित है। लगभग 3000 वर्ष पुराने इस मंदिर तक जाने के लिए सड़क नहीं थी। 

इसे लेकर मैंने केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से लगभग 3 वर्ष पूर्व यहां सड़क निर्माण का आग्रह किया था। मेरे आग्रह के आलोक में उन्होंने सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 2.1 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी थी। 

इसके लिए राशि भी झारखंड सरकार के संबंधित विभाग को भेज दी गई। दुर्भाग्यवश उपरोक्त सड़क का निर्माण आजतक नहीं हो पाया। आज भी श्रद्धालुओं को उपरोक्त पवित्र स्थल तक जाने में बहुत समस्या का सामना करना पड़ता है। 

पुन: नयी दिल्ली में मुलाकात कर मैंने मंत्री जी को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने इस मामले की जांच का निर्देश भी दिया है।

Published / 2025-08-20 18:12:56
पीएम ने जानकारी पटनायक के स्वास्थ्य का हाल

मोदी ने पटनायक के स्वास्थ्य की ली जानकारी, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री पटनायक का भुवनेश्वर के एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर अस्पताल में उपचार चल रहा है। 

बीजू जनता दल (बीजद) के सूत्रों ने बताया कि श्री मोदी ने आज श्री पटनायक से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने श्री पटनायक को कुछ समय आराम करने और उनसे मिलने के लिए जल्द ही दिल्ली आने का सुझाव भी दिया।

गौरतलब है कि बीजद अध्यक्ष को तबीयत बिगड़ने के बाद गत रविवार शाम को भुवनेश्वर के एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर अस्पताल में दाखिल कराया गया। अभी उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।

Page 25 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse