देश

View All
Published / 2022-04-04 17:34:12
यूपी : नकल माफियाओं से साठगांठ के आरोप में औरेया के डीएम सस्पेंड

एबीएन सेंट्रल डेस्क। योगी आदित्यनाथ सरकार का अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान सरकारी अफसरों पर लगातार कार्रवाई का सिलसिला जारी है। गाजियाबाद के एसएसपी पवन कुमार और सोनभद्र के डीएम टीके शिबू को भ्रष्टाचार और काम में लापरवाही के आरोपों में सस्पेंड करने के बाद अब औरेया के डीएम सुनील वर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। औरेया के गुलाब इंटर कॉलेज में नकल की शिकयत के बाद ये कार्रवाई की गई है। वर्मा पर नकल माफियाओं के साथ साठगांठ करने का आरोप है। इसके साथ ही आय से अधिक मामले में भी उनके खिलाफ जांच की जाएगी। जानकारी के अनुसार विजिलेंस इस मामले में जांच करेगी और सुनील वर्मा की संपत्तियों के साथ ही उनके बैंक खाते व लॉकर भी खंगाले जाएंगे। साथ ही उनके परिवार की संपत्ति और बैंक खातों की भी जांच की जा सकती है। पहले इन पर गिरी गाज : सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के शुरू होते ही सबसे पहले सोनभद्र के डीएम टीके शिबू को सस्पेंड किया। उनके खिलाफ खनन व निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के साथ ही चुनावों के दौरान ठीक से काम न करने की शिकायत थी। शिबू को सस्पेंड करने के बाद चंद्रविजय सिंह को सोनभद्र का डीएम नियुक्त किया गया है। शिबू पर लगे आरोपों की जांच वाराणसी मंडल के कमिश्नर दीपक अग्रवाल को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि टीके शिबू के खिलाफ लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। उनके खिलाफ जनप्रतिनिधियों द्वारा सोनभद्र में खनन, जिला खनिज न्यास समिति और अन्य निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायतें की गईं। वहीं गाजियाबाद में दिन दहाड़े पेट्रोल पंप कर्मचारियों से हथियारों के बल पर की गई 25 लाख की लूट को सरकार ने गंभीरता से लिया और गाजियाबाद के एसएसपी पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया गया। दरअसल गाजियाबाद में कुछ हथियारबंद बाइक सवारों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को उस समय लूट लिया था जब वे बैंक में कलेक्‍शन का पैसा जमा करवाने जा रहे थे। पवन कुमार पर लापरवाही का आरोप लगा था जिसके बाद सरकार ने ये कार्रवाई की।

Published / 2022-04-04 17:21:55
ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर संगीतकार रिकी केज को पीएम मोदी ने दी बधाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संगीतकार रिकी केज को डिवाइन टाइड्स के लिए सर्वश्रेष्ठ नई एल्बम कैटेगरी में ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर रिकी केज को बधाई दी। रिकी केज का ये दूसरा ग्रैमी पुरस्कार है। अमेरिका में जन्मे संगीतकार ने प्रतिष्ठित ब्रिटिश रॉक बैंड द पुलिस के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ पुरस्कार शेयर किया। कोपलैंड ने एल्बम में रिकी केज के साथ काम किया है। ग्रैमी पुरस्कार के 64वें समारोह का आयोजन रविवार रात लॉस वेगास में किया गया था। मंच पर पुरस्कार लेने पहुंचे रिकी केज ने दर्शकों का अभिवादन नमस्ते कहकर किया। रिकी केज ने इंस्टाग्राम पर पुरस्कार समारोह की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि एल्बम डिवाइन टाइड्स के लिए ग्रैमी पुरस्कार जीतकर काफी खुश हूं। मेरे साथ खड़े शख्स स्टीवर्ट कोपलैंड का आभारी हूं। आप सभी को प्यार... ये मेरा दूसरा और स्टीवर्ट का छठा ग्रैमी है। रिकी केज को इससे पहले 2015 में विंड ऑफ समसारा के लिए सर्वश्रेष्ठ न्यू एज एल्बम कैटेगरी में ग्रैमी पुरस्कार मिला था। न्यूयॉर्क में रहने वाली भारतीय-अमेरिकी गायिका फाल्गुनी शाह को भी ए कलरफुल वर्ल्ड के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल एल्बम श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फाल्गुनी शाह को फालू नाम से भी पहचाना जाता है। मुंबई में जन्मी गायक-गीतकार ने पुरस्कार के लिए ग्रैमी का आयोजन करने वाली रिकॉर्डिंग अकादमी का सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर शुक्रिया अदा किया। फाल्गुनी शाह ने पुरस्कार समारोह की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि आज के जादुई दिन को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। ग्रैमी प्रीमियर सेरेमनी में प्रस्तुति देना और फिर ए कलरफुल वर्ल्ड एल्बम के लिए काम करने वाले सभी बेहतरीन लोगों की ओर से पुरस्कार लेना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हम हमारे काम की इस तरह से सराहना करने के लिए रिकॉर्डिंग अकादमी के शुक्रगुजार हैं। बहुत-बहुत शुक्रिया...

Published / 2022-04-04 17:13:24
बीरभूम हिंसा पीड़ितों के 10 परिजनों को ममता सरकार ने दी सरकारी नौकरी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को 10 लोगों को ग्रुप डी की नौकरी दी है। उन्होंने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मैनें अपनी बात रखी है। बीरभूम हिंसा में पीड़ित 10 लोगों को आज सरकारी नौकरी दी गई है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता की हत्या के कुछ घंटे बाद जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बोगतुई गांव से आठ लोगों के जले हुए शव बरामद किए गए थे। 21 मार्च को हुई इस घटना ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के साथ पूरे देश में स्तब्ध कर दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट मे इस मामले की जांच में सीबीआई से कराने के निर्देश दिए थे। वहीं सीएम ममता बनर्जी ने घटना के दो दिन बाद प्रभावित गांव का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिवार और घायलों के परिवारों को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी। उन्होंने आगजनी में जले हुए मकानों की मरम्मत कराने का भी वादा किया था। सीबीआई ने इस मामले की जांच करते हुए सीबीआई ने गिरफ्तार किए गए नौ लोगों का मनोवैज्ञानिक से फोरेंसिक टेस्ट करा कर सच-झूठ का पता लगाने का फैसला किया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने कांग्रेस पार्षद की मौत की सीबीआई जांच कराने का दिया निर्देश कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को कांग्रेस पार्षद तपन कंडू की मौत की सीबीआई से जांच कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने ये आदेश तपन कंडू की पत्नी पूर्निमा कंडू की प्रार्थना के बाद दिया। न्यायमूर्ति राजशेखर महंता ने इस मामले में जांच एजेंसी को 45 दिन के अंदर जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। इससे साथ ही कोर्ट ने पश्चिम बंगाल पुलिस को इस मामले को सीबीआई को सौंपने का निर्देश भी दिया। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्षद तपन कंडू पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जिले की झालदा नगर पालिका क्षेत्र से पार्षद चुने गए थे। 13 मार्च को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस कर रही थी। वहीं, तपन कंडू की पत्नी ने कलकत्ता हाईकोर्ट में मामले की जांच सीबीआई से कराने को लेकर एक याचिका दाखिल की थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने ये आदेश दिया। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए ममता ने की केंद्र की खिंचाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईंधन की आसमान छूती कीमतों के लिए सोमवार को केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने मौजूदा आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने गैर-भाजपा राज्यों में भगवा पार्टी द्वारा किए गए अत्याचारों से ध्यान हटाने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि से निपटने के लिए केंद्र की कोई योजना नहीं है। इस संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों के खिलाफ सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करने के बजाय, केंद्र को चल रही आर्थिक समस्याओं को हल करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

Published / 2022-04-04 15:34:57
राजनीतिक उथल-पुथल : पड़ोसी देशों पर भारत की नजर, पीएम मोदी ने बनायी विदेश मंत्री के साथ रणनीति

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पड़ोसी देशों श्रीलंका और पाकिस्तान में हाल ही के घटनाक्रम पर भारत सरकार की भी नजर है। श्रीलंका और पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल और मौजूदा हालातों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश मंत्रालय की अहम बैठक बुलाई है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक कर दोनों देशों के मौजूदा हालत के बारे में जानकारी ली। बता दें कि श्रीलंका में इन दिनों आर्थिक संकट गहराया हुआ है। श्रीलंका में आपातकाल की घोषणा की गई है जिसका लोग विरोध कर रहे हैं। इसी बीच श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के गवर्नर अजित निवार्ड कैब्राल ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सात महीने से भी कम समय पहले यह पद संभालने वाले 67 वर्षीय कैब्राल ने एक ट्वीट कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान में इमरान खान की कुर्सी संकट में है।

Published / 2022-04-03 15:12:19
पुलवामा में पंजाब के दो लोगों को मारी गोली, दोनों गंभीर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के लिटर इलाके में रविवार को आतंकियों ने दो गैर कश्मीरियों को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें उचित उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने पठानकोट निवासी दो लोगों को शाम के समय गोली मारी जब वह लिटर इलाके में पहुंचे थे। दोनों में एक वाहन चालक और दूसरा उसका साथी है। बताया जाता है कि दोनों पोल्ट्री वाहन में सवार थे। घायलों को उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ बीएस तुल्लाह ने बताया कि घायलों में से एक सुरेंद्र के सीने के बायीं तरफ गोली लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। दूसरे की पहचान धीरज दत्ता के तौर पर हुई। उसके पैर में गोली लगी है और इलाज चल रहा है।

Published / 2022-04-03 15:00:23
12 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को लगेगा कोवोवैक्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय टीकाकरण तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) के कोविड-19 कार्यकारी समूह ने सीरम इंस्टीट्यूट के कोवोवैक्स को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में 12 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के वास्ते शामिल करने की सिफारिश की है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी। भारत के औषधि नियामक ने कोवोवैक्स को 28 दिसंबर को वयस्कों में आपात स्थितियों में सीमित उपयोग के लिए और 9 मार्च को 12-17 आयु वर्ग के लिए कुछ शर्तों के अधीन इस्तेमाल की मंजूरी दी थी। सूत्रों ने कहा कि कोविड-19 कार्यकारी समूह ने अब एनटीएजीआई की स्थायी तकनीकी उप-समिति से सिफारिश की है कि कोवोवैक्स को 12 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाए। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर कोवोवैक्स को टीकाकरण अभियान में शामिल करने का अनुरोध किया था। सूत्रों में से एक ने कहा, एनटीएजीआई के कोविड-19 कार्यकारी समूह की एक बैठक एक अप्रैल को हुई थी, जिस दौरान कोवोवैक्स के आंकड़े की समीक्षा की गई थी, जिसके बाद यह सिफारिश की गई थी कि टीके को राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है ताकि 12 साल की उम्र और उससे अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जा सके। श्री सिंह ने कहा था कि पुणे स्थित कंपनी एसएसआई 900 रुपये और जीएसटी के हिसाब से निजी अस्पतालों को कोवोवैक्स टीके की खुराक प्रदान करना चाहती है और केंद्र को भी टीकों की आपूर्ति करने के लिए निर्देशों का इंतजार कर रही है। भारत ने 16 मार्च से 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया था। बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स का उपयोग उन्हें टीका लगाने के लिए किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण को लिखे एक पत्र में, सिंह ने कहा कि निजी कंपनियां, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन, केंद्र सरकार के संगठन और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम अपने कर्मचारियों, परिवारों और बच्चों को टीका लगाने के लिए कोवोवैक्स के लिए अनुरोध कर रहे है। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि सिंह ने पत्र में लिखा है, हमारे सीईओ अदार सी पूनावाला के दूरदर्शी नेतृत्व में हमने एक और विश्व स्तरीय कोविड-19 टीके कोवोवैक्स को विकसित, निर्मित किया और 28 दिसंबर को 18 साल और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए अपने राष्ट्रीय नियामक प्राधिकरण से आपातकालीन उपयोग अनुमति प्राप्त की और 9 मार्च, 2022 को 12 से 17 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनुमति हासिल की।

Published / 2022-04-03 12:56:30
हिंदू और भारत भक्त बन कश्मीर लौटेंगे कश्मीरी पंडित : मोहन भागवत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि वे पहले भी कह चुके हैं कि कश्मीरी पंडितों के मुद्दे को जन जागरूकता के माध्यम से हल किया जाएगा और संविधान के अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करना होगा। बकौल भागवत 2011 के बाद गत 11 वर्षों में हमने सामूहिक प्रयास किए और इसी कारण अब जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू नहीं है। भागवत ने नवरेह महोत्सव में कश्मीरी पंडितों को संबोधित करते हुए कहा, हम (कश्मीरी पंडित) पिछले 3-4 दशकों से अपने ही देश में अपने घर से विस्थापित होने का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा, यह जरूरी है कि हम इस स्थिति में हार स्वीकार न करें और चुनौतियों का सामना करें। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, मैंने पहले भी कहा था कि कश्मीरी पंडितों की समस्या के समाधान के लिए जन जागरूकता और आर्टिकल 370 जैसी बाधाओं को हटाना जरूरी है। उन्होंने कश्मीरी पंडितों के पलायन पर कहा, हमने कश्मीर चरमपंथ के कारण छोड़ा, लेकिन अब जब हम वापस लौटेंगे तो हमारे पास सुरक्षा और आजीविका का आश्वासन होगा। उन्होंने कहा कि अब कश्मीरी पंडित हिंदू और भारत भक्त के रूप में वापस जाएंगे। बकौल भागवत, हम इस तरह से जिएंगे कि कोई हमें विस्थापित करने की हिम्मत न करे। आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत ने रविवार को उम्मीद जताई कि आतंकवाद की शुरुआत के बाद 1990 के दशक में अपने घरों से विस्थापित हुए कश्मीरी पंडित जल्द ही कश्मीर घाटी में अपने घर लौट आएंगे। भागवत ने नवरेह समारोह के आखिरी दिन वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कश्मीरी हिंदू समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, मुझे लगता है कि वह दिन बहुत करीब है जब कश्मीरी पंडित अपने घरों में वापस आएंगे और मैं चाहता हूं कि वह दिन जल्द आए।

Published / 2022-04-03 12:44:48
नासिक के पास LTT-Jaynagar Express के कई डिब्बे बेपटरी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र के नासिक में रविवार को एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। हादसा दोपहर करीब 3.10 बजे की है। मध्य रेलवे की तरफ से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई है।।रेलवे के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजकर 10 मिनट पर लाहवित और देवलाली (नासिक के पास) के बीच 11061 एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। दुर्घटनास्थल पर रेलवे कर्मचारी और मेडिकल वैन मौके पर पहुंच गए हैं। खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

Page 247 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse