देश

View All
Published / 2022-04-21 10:29:00
यूपी में कोरोना केस बढ़ने पर सीएम य़ोगी ने कई जिलों में मास्क किया अनिवार्य

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को लखनऊ और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वायरस का यह स्वरूप सामान्य वायरल संक्रमण की तरह है, लेकिन इससे बचाव के लिए सतर्क रहना होगा। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि कोविड-19 के नए मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, ऐसे में एनसीआर के जनपदों और लखनऊ में सार्वजनिक स्थानों पर सभी के लिए मास्क लगाने की अनिवार्यता को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। प्रवक्ता के मुताबिक, योगी ने निर्देश दिए कि लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए जागरूक किया जाए। इस बाबत जन संचार प्रणाली का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जाए। प्रवक्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना होगा। उन्होंने स्कूलों में जरूरत के हिसाब से कोविड प्रोटोकॉल के बारे में जागरुकता फैलाने के निर्देश दिए। योगी ने बच्चों के टीकाकरण अभियान को गति देने की अहमियत बताते हुए कहा कि 12 से 14 साल के बच्चों को पहली खुराक के बाद अब पात्रता के अनुसार दूसरी खुराक भी दी जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में नए मामलों में इजाफा देखने को मिल सकता है, मगर वायरस का यह स्वरूप सामान्य वायरल संक्रमण की तरह ही है। योगी ने कहा कि कोविड-19 रोधी टीका लगवा चुके लोगों में संक्रमण का खतरा कम हो जाता है, ऐसे में उन्हें बताया जाए कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता और सावधानी बरतना जरूरी है।

Published / 2022-04-21 10:08:56
भारत-अमेरिका के रणनीतिक हितों का जुड़ाव बढ़ा है : राजनाथ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक हितों में साझेदारी बढ़ रही है और दोनों पक्ष एक लचीली और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चाहते हैं जो सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करे। सिंह ने कहा कि भारत-अमेरिका "2+2" संवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच सार्थक बातचीत ने दोनों पक्षों के बीच अधिक महत्वाकांक्षी और रणनीतिक जुड़ाव के लिए आधार तैयार किया है। इंडिया अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र की समान दृष्टि साझा करते हैं। उन्होंने कहा, रणनीतिक हितों पर हमारा जुड़ाव बढ़ रहा है क्योंकि दोनों देश लचीली, नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था चाहते हैं जो संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करे, लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखे और सभी के लिए शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे। रक्षा मंत्री ने भारत-अमेरिकी आर्थिक जुड़ाव को 21वीं सदी के परिभाषित व्यावसायिक संबंधों में से एक बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में द्विपक्षीय व्यापार में उछाल आया है, जो माल में 113 अरब डॉलर को पार कर गया है। उन्होंने कहा, इस बढ़ते व्यापार के संदर्भ में, भारत-अमेरिका व्यापार नीति मंच में द्विपक्षीय व्यापार का विस्तार करने, बाजार पहुंच बाधाओं को दूर करने और व्यापार की सुगमता में सुधार के लिए चर्चा तेजी से महत्वपूर्ण हो गई है। सिंह ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंधों का "रक्षा स्तंभ" दिनों दिन मजबूत हो रहा। उन्होंने कहा कि यह मूलभूत द्विपक्षीय समझौतों, सैन्य जुड़ाव, रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने में सहयोग देने पर आधारित है और इस में अब सह-विकास और सह-उत्पादन पर नए सिरे से दिया जा रहा बल भी शामिल हुआ है। सिंह ने कहा, देर से ही सही, कुछ अमेरिकी कंपनियों ने भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी में अपनी स्थानीय उपस्थिति का विस्तार किया है और वे भारत में भारत और दुनिया के लिए उत्पादन कर रही हैं। हालांकि, हमारा मानना है कि यह सिर्फ एक शुरुआत है। भारत-अमेरिका "2+2" संवाद 11 अप्रैल को वाशिंगटन में हुआ था। रक्षा मंत्री सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ बातचीत की थी। बातचीत से पहले, उस दिन प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडन ने डिजिटल माध्यम से बैठक की थी, जिसके दौरान यूक्रेन संकट का मुद्दा प्रमुख रूप से सामने आया था।

Published / 2022-04-20 12:28:47
देश में कोरोना के बढ़ते केस ने फिर बढ़ायी चिंता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चेन्नई के गणितीय विज्ञान संस्थान के एक शोधकर्ता का अनुमान है कि कोविड-19 के लिए भारत में प्रभावी रीप्रोडक्शन नंबर (आर) जनवरी के बाद पहली बार बढ़कर एक से अधिक हो गया है। यह नंबर बताता है कि संक्रमण कितनी तेजी से फैल रहा है। सीताभ्र सिन्हा के अनुसार पिछले कुछ हफ्तों में लगातार बढ़ रही आर वैल्यू 12-18 अप्रैल के बीच के सप्ताह के लिए 1.07 थी। जबकि 5-11 अप्रैल के सप्ताह में यह 0.93 थी। सिन्हा ने कहा कि पिछली बार आर वैल्यू एक से ऊपर (1.28) 16-22 जनवरी के बीच के सप्ताह में थी। महामारी की शुरूआत से ही भारत के लिए आर वैल्यू पर नजर रखने वाले गणितज्ञ ने बताया, आर-वैल्यू में यह बढ़ोतरी सिर्फ दिल्ली की वजह से ही नहीं हो रही बल्कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कारण भी हुई है। एक से अधिक आर वैल्यू से पता चलता है कि उपचाराधीन मामलों की संख्या में वृद्धि हुई है। महामारी को नियंत्रित करने के लिए आर वैल्यू एक से नीचे होनी चाहिए। एक से कम आर वैल्यू से पता चलता है कि बीमारी फैलना बंद हो जाएगी क्योंकि ज्यादा लोग संक्रमित नहीं हो रहे। इस वर्ष आर वैल्यू 1-10 जनवरी के बीच उच्चतम थी, जो 2.98 तक पहुंच गयी, जब भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप की वजह से तीसरी लहर शुरू हुई थी। श्री सिन्हा ने कहा कि लगभग सभी प्रमुख शहरों मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई में आर वैल्यू एक से अधिक है। वास्तव में, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आर वैल्यू दो से ऊपर है। कोलकाता के लिए डेटा उपलब्ध नहीं है। अनुमानित आर वैल्यू 18 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में दिल्ली के लिए 2.12, उत्तर प्रदेश के लिए 2.12, कर्नाटक के लिए 1.04, हरियाणा के लिए 1.70, मुंबई के लिए 1.13, चेन्नई के लिए 1.18 और बेंगलुरु के लिए 1.04 है। प्रमुख राज्यों में, केरल और महाराष्ट्र में क्रमश: 0.72 और 0.88 आर वैल्यू हैं, जो एक से कम है। सिन्हा ने कहा, कर्नाटक में भी वर्तमान में आर वैल्यू एक से अधिक है, जो शायद बेंगलुरु में बढ़ते मामलों के कारण हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 2,067 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,47,594 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 12,340 पर पहुंच गई। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 480 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.49 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.38 प्रतिशत है। दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के मामलों में करीब 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी लेकिन संक्रमण दर 4.42 प्रतिशत दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को 632 नए मामले आए थे, वहीं सोमवार को 501 लोगों के संक्रमित होने की सूचना मिली थी।

Published / 2022-04-20 01:31:59
दिल्ली : कोरोना के 600 से ज्यादा नए मामले मिलने से हड़कंप

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना वायरस से संबंधित ड्यूटी कर रहे हेल्थवर्कर्स के लिए इंश्योरेंस को मंगलवार से 180 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि अब तक 1905 दावों का भी निपटारा किया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि कोविड के मरीजों की देखभाल के लिए जिन हेल्थवर्कर्स को तैनात किया गया है, उनके आश्रितों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए इस पॉलिसी को विस्तार देने का फैसला लिया गया है। मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज की 30 मार्च 2020 को शुरुआत होने से लेकर अब तक 1905 ऐसे हेल्थवर्कर के दावों का निपटारा किया जा चुका है, जिनकी कोविड ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। PMGKP का उद्देश्य 22.12 लाख हेल्थवर्कर्स को 50 लाख रुपये का दुर्घटना कवच प्रदान करना था। इनमें ऐसे कम्यूनिटी हेल्थवर्कर और प्राइवेट हेल्थवर्कर शामिल हैं, जो कोविड के मरीजों के कॉन्टैक्ट में बने हुए हों और जिन्हें कोरोना से संक्रमित होने का खतरा है। दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। संक्रमण के नए मामले आज 600 के पार पहुंच गए हैं। हालांकि संक्रमण दर में कमी दर्ज की गई है।

Published / 2022-04-20 01:25:26
दुनिया में हेल्थ एंड वेलनेस का साक्षी बन रहा भारत, ग्लोबल सेंटर के लिए बने 5 लक्ष्य : पीएम

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन के पारंपरिक चिकित्सा वैश्विक केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज हम सभी पूरी दुनिया में हेल्थ एंड वेलनेस के लिए एक बहुत बड़े आयोजन के साक्षी बन रहे हैं। मैं WHO के डायरेक्टर जनरल डॉ टेडरोस का विशेष रूप से आभारी हूं। अभी उन्होंने भारत की प्रशंसा में जो शब्द कहे, मैं प्रत्येक भारतीय की तरफ से उनका धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि WHO ने ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर के रूप में भारत के साथ एक नई पार्टनरशिप की है। ये ट्रेडिशनल मेडिसिन के क्षेत्र में भारत के कंट्रीब्यूशन और भारत के पोटेंशियल दोनों का सम्मान है। भारत इस पार्टनरशिप को पूरी मानवता की सेवा के लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी के रूप में ले रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उस कालखंड में ये जो शिलान्यास हुआ है, वो शिलान्यास आने वाले 25 साल के लिए विश्व भर में ट्रेडिशनल मेडिसिन के युग का आरंभ कर रहा है। पांच दशक से भी ज्यादा समय पहले,जामनगर में विश्व की पहली आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी। यहां एक बेहतरीन आयुर्वेद संस्थान Institute of Teaching Research in Ayurveda है। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन का ये ग्लोबल सेंटर वेलनेस के क्षेत्र में जामनगर को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई देगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं रही है। बल्कि ये लाइफ की एक holistic science है। ग्लोबल सेंटर के लिए PM मोदी ने रखे 5 लक्ष्य : प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं इस ग्लोबल सेंटर के लिए पांच लक्ष्य भी रखना चाहता हूं। 1. पहला लक्ष्य- टेक्नोलॉली का उपयोग करते हुए, ट्रेडिशनल विद्याओं के संकलन का है, उनका डेटाबेस बनाने का है। 2. दूसरा लक्ष्य- GCTM को पारंपरिक औषधियों की टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन के लिए इंटरनेशनल स्टैंडर्ड भी बनाने चाहिए। 3. तीसरा लक्ष्य– GCTM एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनना चाहिए जहां विश्व की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के एक्सपर्ट्स एक साथ आएं, एक साथ जुटें, अपने अनुभव साझा करें। 4. चौथा लक्ष्य– रिसर्च में निवेश से जुड़ा होना चाहिए। GCTM को ट्रेडिशिनल मेडिसीन के क्षेत्र में रिसर्च के लिए फंडिंग को मोबिलाइज करना चाहिए।

Published / 2022-04-18 17:39:26
3.4 तीव्रता के भूकंप से जम्मू-कश्मीर में डोली धरती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को भूकंप आया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी और कहा कि भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र किश्तवाड़ में था।अधिकारियों ने कहा कि इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

Published / 2022-04-18 17:37:07
एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन समय से पहले ही बंद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। श्रीनगर में कम बारिश और अधिक तापमान के चलते एशिया के सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन को बंद कर दिया गया है, जहां इस वसंत ऋतु में 3.60 लाख आगंतुकों की आमद हुई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। गार्डन के प्रभारी इनाम रहमान सोफी ने बताया कि प्रसिद्ध डल झील के सामने स्थित उद्यान फूलों के मुरझाने के बाद सोमवार से आम जनता के लिए बंद कर दिया गया। लगभग 26 दिन पहले खिले ट्यूलिप के फूलों के मुरझा जाने के कारण गार्डन को बंद कर दिया गया है। सोफी ने कहा, हमने फूलों को मुरझाने से बचाने की पूरी कोशिश की, हमारे कर्मचारियों ने बहुत मेहनत की और वे रात में भी पानी छिड़कते थे। लेकिन, कम बारिश और असामान्य रूप से अधिक तापमान के कारण फूल थोड़ा जल्दी मुरझाने लगे। अधिकारी ने कहा कि ट्यूलिप के फूलों का औसत जीवनकाल तीन से चार सप्ताह का होता है, लेकिन भारी बारिश या बहुत अधिक गर्मी उन्हें नष्ट कर सकती है। इस साल गार्डन में 68 किस्मों के फूल दिखाई दिये, जिनमें छह नई किस्म के ट्यूलिप शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि लगभग एक महीने पहले जब यह खुला, तब से गार्डन में 3.60 लाख पर्यटकों की आमद हुई। इनमें 1.61 लाख घरेलू पर्यटक जबकि 159 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पिछले साल गार्डन में 2.25 लाख लोग आए थे।

Published / 2022-04-18 06:03:58
भारत में कोरोना : एक ही दिन में डबल संक्रमितों की संख्या, 214 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,183 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,30,44,280 हो गई, जबकि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,542 रह गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह 8 बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, 214 और संक्रमितों की मौत से महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,21,965 पर पहुंच गई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है, जबकि संक्रमण मुक्त होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 16 मामलों की गिरावट आई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में दैनिक संक्रमण दर 0.83 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.32 प्रतिशत दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,25,10,773 हो गई है, जबकि संक्रमण से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि भारत में अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 186.54 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

Page 242 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse