देश

View All
Published / 2022-04-24 16:09:44
दिल्ली का दिल दहला रहा कोरोना, लगातार तीसरे दिन 1000 से ज्यादा केस, एक की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली में लगातार तीसरे दिन कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी का सिलसिला जारी है। राजधानी में आज एक हजार से ज्यादा कोरोना के मामले आए हैं, जबकि सक्रिय मरीज ढाई महीने में सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली में 1083 नए कोरोना केस आए हैं। आज कोरोना संक्रमण दर 4.48 फीसदी रही है। 24 घंटे के दौरान 1 मरीज की मौत हुई है। वहीं, 812 लोग कोरोना से उभर कर अपने घरों को लौट गए हैं। कोविड-19 के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 3975 पहुंची है। पूरे देश में आज 2,593 नए मामले सामने आए थे। देश के करीब 40 फीसदी मामले अकेले दिल्ली में रिपोर्ट हो रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 44 मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, देश में एक्टिव केस की संख्या 15,873 हो गई है। देश में अब तक 187.65 करोड़ वैक्सीन के डोज लगाई जा चुकी है।

Published / 2022-04-24 16:02:59
पहला लता दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड लेने के बाद बोले पीएम मोदी- ये पुरस्कार देशवासियों को समर्पित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पहला लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वह इसे सभी भारतीयों को समर्पित कर रहे हैं। मौके पर मोदी ने मशहूर गायिका को एक ऐसे कलाकार के रूप में याद किया, जो कि राष्ट्र-निर्माण का एक अभिन्न अंग रहीं। यह पुरस्कार स्वर कोकिला लता मंगेशकर की याद में शुरू किया गया है। मशहूर गायिका का इस साल छह फरवरी को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मोदी ने कहा, स्वर कोकिला होने के साथ ही लता दीदी मेरे लिए बड़ी बहन की तरह थीं। उन्होंने कई पीढ़ियों को प्रेम और करुणा की भाषा सिखायी। मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करता हूं कि उन्होंने मुझे बड़ी बहन की तरह प्यार दिया। कई दशक बाद आने वाला रक्षाबंधन का त्योहार उनके बिना होगा। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहे प्रधानमंत्री मोदी शाम करीब पांच बजे मुंबई स्थित कार्यक्रम स्थल षणमुखानंद हॉल पहुंचे। मोदी ने कहा कि वह इस पुरस्कार को देश के सभी नागरिकों को समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि संगीत मातृत्व और स्नेह का अहसास देता है। मोदी ने कहा, हम सभी भाग्यशाली हैं कि हमने लता दीदी में संगीत की यह शक्ति देखी। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लता मंगेशकर की आवाज ने 80 वर्षों से अधिक समय तक अपनी आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने कहा कि ग्रामोफोन, सीडी, डीवीडी, पेन ड्राइव और डिजिटल संगीत से लेकर ऐप के युग तक लता मंगेशकर ने अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरा। मोदी ने कहा, गीतों की दुनिया और इसकी यात्रा, लता दीदी की यात्रा के साथ चले, जिन्होंने कलाकारों की पांच पीढ़ियों को अपनी आवाज दी और भारत को गौरवान्वित किया। इस ग्रह पर उनकी यात्रा का अंत ऐसे समय में हुआ, जब हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, उन्होंने आजादी से पहले भी भारत को अपनी आवाज दी। देश की 75 वर्षों की यात्रा हमेशा उनके सुरों से बंधी रही। हमारा पूरा राष्ट्र देश के वास्ते दिये गए योगदान के लिए मंगेशकर परिवार का आभारी है। गायिकी के अलावा, उनके (लता मंगेशकर) भीतर राष्ट्र भक्ति का जज्बा रहा जिसके पीछे उनके पिता का हाथ था। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को पुरस्कार प्राप्त किया और इस दिन लता मंगेशकर के पिता दीनानाथ मंगेशकर की 80वीं पुण्यतिथि है। पुरस्कार प्रदान करने वाले मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान चेरिटेबल ट्रस्ट के मुताबिक, लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हर साल ऐसे व्यक्ति को दिया जाएगा, जिसने राष्ट्र, उसके लोगों और समाज के लिए अग्रणी, प्रभावशाली और अनुकरणीय योगदान दिया है।

Published / 2022-04-24 09:11:29
कश्मीर में पीएम के रैली स्थल से 12 किमी दूर मिली विस्फोटक सामग्री

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी सबसे पहले ग्रामसभा की बैठक में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री 38,082 करोड़ रुपए के औघोगिक विकास प्रस्तावों की आधारशिला रखेंगे। साथ ही पीएम मोदी दो हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास करेंगे, इसके साथ ही वे जम्मू-श्रीनगर टनल का भी लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम स्थल के पास मिली विस्फोटक सामग्री : पीएम मोदी के जम्मू कश्मीर के दौरे से पहले एक खेत में विस्फोटक सामग्री मिली है। यह एक्सप्लोसिव जिस स्थान पर मिला है, वह दोपहर में होने वाली रैली स्थल से महज 12 किलोमीटर दूर स्थित है। हालांकि पुलिस मामलों की जांच कर रही है। जम्मू के बिश्नाह के ललियाना गांव में संदिग्ध विस्फोट मिला है। बता दें कि पीएम मोदी का जम्मू-कश्मीर का यह दौरा, अगस्त 2019 में जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत मिले विशेष दर्जे को समाप्त करने और तत्कालीन राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के केंद्र सरकार के कदम के बाद केंद्र शासित प्रदेश का पहला दौरा है। अधिकारियों ने कहा कि जनसभा स्थल पर 30,000 से अधिक पंचायत सदस्यों सहित एक लाख से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री द्वारा जम्मू क्षेत्र में अपनी पहली जनसभा के दौरान 70,000 करोड़ रुपए के औद्योगिक निवेश शुरू करने और दो बिजली परियोजनाओं सहित कुछ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने 27 अक्तूबर 2019 को राजौरी में और 3 नवंबर, 2021 को जम्मू संभाग के नौशेरा सेक्टर में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

Published / 2022-04-24 06:29:25
दिल्ली दौरे पर आईं यूरोपीय आयोग की प्रमुख की चेतावनी, अगर रूस का इलाज नहीं किया गया, तो भारत...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पिछले एक से डेढ़ महीने में भारत में जितने वैश्विक नेता पहुंचे हैं, भारत के साथ जितने वैश्विक नेताओं की बैठक हुई है, शायद उतनी बैठकें एक साल में होती हैं। ये वैश्विक पटल पर ना सिर्फ भारत के बढ़ते प्रभाव को दिखाया है, बल्कि, यूक्रेन युद्ध के लिए भारत कितना महत्वपूर्ण है और भारत के बिना रूस को काउंटर करना कितना मुश्किल है, इससे यह भी जाहिर होता है। इस वक्त यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन दिल्ली के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने एक बार फिर से चेतावनी देने की कोशिश की हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने नई दिल्ली में कहा कि, अगर यूक्रेन युद्ध के लिए रूस को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया और अगर यूक्रेन युद्ध के लिए रूस को चुनौती नहीं दी गई, तो फिर इसका असर हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर होगा। उन्होंने कहा कि, रूस को नहीं रोकने पर एक ऐसी दुनिया बन सकती है, जो चाहे वो करेंगे को सही ठहराने की कोशिश की जा सकती है और इससे हिंद प्रशांत क्षेत्र भी अछूता नहीं रहेगा, जहां पहले से ही काफी तनाव है। फ्रांस की रहने वाली वॉन डेर लेयेन देर रात भारत पहुंची हैं और उनका भारत दौरा दो दिनों का है, जहां वो भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगी और फिर रायसीना डायलॉग की शुरूआत करेंगी। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि, वो भारत के साथ यूक्रेन संकट पर रूस की आक्रामकता को रोकने के लिए स्पष्ट चर्चा करेंगी। दिल्ली दौरे पर आने से पहले एक इंटरव्यू के दौरान उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) अन्य देशों को भी रूस और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यूक्रेन में जारी रक्तपात की क्षमता को बाधित करने के लिए प्रतिबंध लगाने के अपने प्रयासों में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है । उन्होंने कहा कि रूस की आक्रामकता ना सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर देशों के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की तरह इंडो पैसिफिक में भी संभावित जोखिम के बारे में पूछे जाने पर, जहां चीन काफी आक्रामक है और जिसका कई देशों के साथ सीमा-विवाद चल रहा है, वॉन डेर लेयेन ने कहा कि मेरा मानना है कि ये एक जोखिम है, अगर इस आक्रामकता को चुनौती नहीं दी जाती है, तो फिर हम सभी को एक ऐसी दुनिया का सामना करना पड़ सकता है, जहां जो मन करे, वो करेंगे सही साबित सकता है। यूरोपीय संघ कानून के शासन के लिए है, बंदूक के शासन के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि यह न केवल यूरोप में बल्कि इंडो-पैसिफिक में भी मान्य है, जहां हम बढ़ते तनाव को देख रहे हैं। अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति के साथ हमने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा और समृद्धि में यूरोपीय संघ की मजबूत हिस्सेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि हम अपने दोस्तों और भागीदारों के साथ काम करना चाहते हैं, विशेष रूप से भारत के साथ काम करना चाहते हैं।

Published / 2022-04-23 16:11:37
370 हटने के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर पहुंचेंगे पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क7 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को जम्मू कश्मीर जाएंगे और वहां राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर सांबा जिले की पल्ली ग्राम पंचायत से देश की सभी ग्राम सभाओं को संबोधित करने के साथ ही 20 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी जम्मू कश्मीर से अगस्त 2019 में संविधान का अनुच्छेद 370 एवं 35 ए निष्क्रिय होने के बाद पहली बार वहां की यात्रा पर जा रहे हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री 8.45 किलोमीटर लंबी बानिहाल काजीगुंड सड़क सुरंग का उद्घाटन करेंगे जिससे जम्मू एवं श्रीनगर के बीच दूरी 16 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा में करीब डेढ़ घंटे की बचत होगी। आने एवं जाने के लिए दो सुरंगों वाली इस सड़क पर साल के बारहों महीने यातायात खुला रहेगा। देश भर में जलाशयों के पुनरुद्धार की एक नयी योजना अमृत सरोवर का भी प्रधानमंत्री शुभारंभ करेंगे। इसके तहत देश के हर जिले में 75 जलाशयों का पुनरुद्धार एवं विकास किया जाएगा। इसे आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शुरू होने वाले कार्यक्रम शृंखला की एक कड़ी के रूप में शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री इसके अलावा दिल्ली से अमृतसर जम्मू कटरा एक्सप्रेस वे की आधारशिला रखेंगे। साढ़े सात हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना में चार एवं छह लेन की एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेस वे होगा जो केन्द्र शासित प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बलसुआ से बारास्ता गुढ़ा बेलदारान, हीरानगर, जाख, विजयपुर, कुंजवानी तक होगा और इससे जम्मू हवाई अड्डे से कनेक्टिविटी सुगम होगी। प्रधानमंत्री रातले और क्वार पनबिजली परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। 850 मेगावाट की रातले परियोजना चेनाब नदी पर किश्तवाड़ जिले में 5300 करोड़ रुपए की लागत से बन रही है। 540 मेगावाट की क्वार परियोजना भी चेनाब नदी पर किश्तवाड़ जिले में 4500 करोड़ रुपए से बनेगी। इन दोनों परियोजना के पूरे होने से क्षेत्र में बिजली की जरूरत पूरी हो जाएगी। जम्मू कश्मीर जनौषधि केन्द्रों का विस्तार करते हुए ऐसे 100 नये केन्द्र बनाये गये हैं, प्रधानमंत्री केन्द्र शासित प्रदेश के दूर दराज के इलाकों में स्थित इन केन्द्रों का लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी पल्ली गांव में 500 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। पल्ली देश की पहली पंचायत होगी जो कार्बन न्यूट्रल होगी। प्रधानमंत्री स्वामित्व कार्ड योजना के लाभार्थियों को कार्ड सौंपेंगे। वह राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतने वाली पंचायतों को आवंटित धनराशि हस्तांतरित करेंगे। श्री मोदी क्षेत्र में ग्रामीण विरासत को दिखाने वाली इनटेक फोटो गैलरी तथा नोकिया स्मार्टपुर का भी भ्रमण करेंगे। नोकिया स्मार्टपुर ग्रामीण उद्यमिता वाले मॉडल है ताकि आदर्श स्मार्ट गांव की परिकल्पना को प्रदर्शित किया जा सके।

Published / 2022-04-23 09:12:39
सावधान... दिल्ली में कोरोना के एक मरीज दो लोगों को कर रहे संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास द्वारा किए गए एक विश्लेषण के अनुसार दिल्ली का "आर-मूल्य" जो कोविड-19 के प्रसार का संकेत देता है, इस सप्ताह 2.1 दर्ज किया गया। इसका अर्थ है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस से संक्रमित प्रत्येक व्यक्ति दो अन्य लोगों को संक्रमित कर रहा है। "आर" यानी प्रजनन मूल्य इंगित करता है कि एक संक्रमित व्यक्ति अन्य कितने व्यक्तियों को संक्रमित कर सकता है। यदि यह एक से नीचे चला जाता है तो इसे महामारी की समाप्ति मान लिया जाता है। कम्प्यूटेशनल मॉडलिंग द्वारा प्रारंभिक विश्लेषण आईआईटी-मद्रास के गणित विभाग और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कम्प्यूटेशनल मैथमेटिक्स एंड डेटा साइंस द्वारा किया गया था, जिसकी अध्यक्षता प्रोफेसर नीलेश एस उपाध्याय और प्रोफेसर एस सुंदर ने की थी। इस सप्ताह दिल्ली का "आर-मूल्य" 2.1 दर्ज किया गया था। विश्लेषण में पाया गया कि वर्तमान में भारत का "आर-मूल्य" 1.3 है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह अनुमान लगाया जा सकता है कि यह दिल्ली में कोविड-19 की संभावित चौथी लहर की शुरुआत है। इस पर आईआईटी-मद्रास के गणित विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ झा ने कहा कि एक और लहर की शुरुआत की घोषणा करना जल्दबाजी होगी। हम अभी केवल यह कह सकते हैं कि प्रत्येक व्यक्ति दो अन्य लोगों को प्रभावित कर रहा है। लेकिन हमें लहर की शुरुआत की घोषणा करने के लिए थोड़ा इंतजार करने की आवश्यकता है। हम अभी लोगों की रोग प्रतिरक्षा की स्थिति के बारे में नहीं जानते हैं और ये भी नहीं जानते हैं कि जो लोग जनवरी में तीसरी लहर के दौरान प्रभावित हुए हैं, वे फिर से प्रभावित हो रहे हैं या नहीं। गौरतलब है कि दिल्ली में कोविड-19 के मामलों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। शहर में शुक्रवार को 4.64 प्रतिशत संक्रमण दर के साथ 1,042 नए कोविड मामले दर्ज किए। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया था कि अप्रैल के पहले पखवाड़े में दिल्ली से लिए गए अधिकांश नमूनों में ओमीक्रोन के उपप्रकार बीए.2.12 का पता चला है और यह शहर में कोविड-19 के मामलों में हालिया उछाल के पीछे का कारण हो सकता है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि नये उप-प्रकार बीए.2.12 (52 प्रतिशत नमूने) और बीए.2.10 (11 प्रतिशत नमूने) उच्च संचरण दिखा रहे हैं और हाल ही में दिल्ली से अनुक्रमित कुल नमूनों में से 60 प्रतिशत से अधिक में पाए गए हैं।

Published / 2022-04-23 03:47:20
शिक्षा और स्वास्थ्य मनुष्य की महत्वपूर्ण जरूरतें हैं : भागवत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि स्वास्थ्य मनुष्य के लिए भोजन, वस्त्र और आवास जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने यहां महाराष्ट्र आरोग्य मंडल के एक अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद कहा, स्वास्थ्य भोजन, वस्त्र, आवास और समाज में सम्मानजनक जीवन की इच्छा की तरह ही मनुष्य की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। शिक्षा और स्वास्थ्य दो चीजें हैं, जो जीवन की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक हैं और ये सभी को मिलनी चाहिए। उन्होंने किफायती और सुलभ तरीके से उत्कृष्ट समग्र उपचार प्रदान करने के लिए महाराष्ट्र आरोग्य मंडल की प्रशंसा की और कहा कि वर्तमान में समाज में इस तरह के काम की अत्यधिक आवश्यकता है।

Published / 2022-04-23 03:40:03
बत्ती गुल : गर्मी से बढ़ी मांग और कोयले की किल्लत ने बढ़ाया बिजली संकट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के कई राज्यों में मार्च मध्य से जारी ग्रीष्म लहर के कारण बढ़ी मांग और इसी बीच पैदा हुई कोयले की किल्लत से बिजली की कमी हो गई है। इस कारण सात राज्य घंटों बिजली कटौती करने पर मजबूर हो गए हैं। हर साल गर्मी के सीजन में देश में बिजली की मांग चरम पर होती है, लेकिन कोयले की कमी के कारण कई राज्यों में संकट गहरा गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गोवा व कर्नाटक में मध्य मार्च से ही गर्मी बढ़ गई थी। इस कारण इन राज्यों में बिजली की मांग एकदम बढ़ गई। ऐसे में इन राज्यों को उद्योगों व कृषि क्षेत्र के लिए बिजली आपूर्ति का कार्यक्रम नए सिरे से निर्धारित करना पड़ा। इन्हें कई घंटों कटौती भी करना पड़ रही है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में देश के कुछ राज्यों को गंभीर बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। बिजली की मांग 38 सालों की सर्वाधिक : देश में अप्रैल के पहले पखवाड़े में बिजली की मांग पिछले 38 सालों के उच्च स्तर पर पहुंच गई है। इसी बीच यूक्रेन संकट के कारण आयातित कोयले की आपूर्ति पर असर पड़ने लगा। यही कारण देश के ताप बिजली घरों में कोयला का स्टॉक तेजी से घटने लगा। 26 दिन का कोयला स्टॉक जरूरी : आमतौर पर कोयला संयंत्रों को पूर्ण क्षमता से चलाने के लिए 26 दिन का स्टॉक जरूरी है, लेकिन कोयले की प्रचूरता वाले राज्यों को छोड़कर अन्य राज्यों में भारी किल्लत हो गई। राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो यह 36 फीसदी रह गया। कोयला बहुत राज्यों में ओडिशा, झारखंड व छत्तीसगढ़ शामिल हैं। बंगाल में कोयले का स्टॉक सामान्य से 1 से 5 फीसदी, राजस्थान में 1 से 25 फीसदी, यूपी में 14 से 21 फीसदी व मप्र में 6 से 13 फीसदी रह गया। देश में राष्ट्रीय औसत स्टॉक भी पिछले सप्ताह सामान्य स्तर से दो फीसदी कम होकर 36 फीसदी रह गया। राज्य मांग रहे केंद्र से अतिरिक्त बिजली, हरियाणा करेगा कोयला आयात : देश में पीक अवर में बिजली की फिलहाल कुल मांग 1,88,576 मेगावाट की बताई जा रही है। इसमें 3,002 मेगावाट की ही कमी बताई जा रही है, लेकिन दूसरी ओर कई राज्य भारी कमी झेल रहे हैं। उन्हें कटौती पर मजबूर होना पड़ रहा है। यही कारण है कि राज्य केंद्र से अतिरिक्त बिजली मांग रहे हैं। मध्य प्रदेश व पंजाब भी केंद्र से ज्यादा बिजली मांग रहे हैं। वहीं, हरियाणा ने पहली बार अपने ताप बिजली घरों के लिए 10 सालों में पहली बार कोयले के आयात का फैसला किया है।

Page 240 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse