देश

View All
Published / 2022-06-12 17:17:34
दिल्ली में दिल दहला रहा कोरोना : सामने आए 700 से अधिक मामले, 24 घंटे में 3 की मौत

एबीएन सेंटल डेस्क। राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। दिल्ली में आज यानि रविवार को कोविड-19 के 735 नए मामले सामने आए हैं, जबकि तीन कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किये गए आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में संक्रमण दर 4.94% दर्ज की गई है। दिल्ली में बीते एक दिन पहले 16, 878 मूनों की कोविड-19 जांच की गई, जिसमें 735 मामले सामने आने के बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 19,12,798 हो गई है जबिक तीन मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 26, 221 पहुंच गई है। राजधानी दिल्ली में कोरोना के 2442 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों में यहां 537 लोग कोरोना से रिकवरी करने में सफल रहे हैं, इसी के साथ अब तक कुल 18,84,135 लोग ठीक हो चुके हैं। इससे पहले शनिवार को कोरोना के 795 मामले सामने आए थे जबकि संक्रमण दर 4.11 प्रतिशत दर्ज की गई थी। वहीं, शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 655 नए मामले सामने आए थे जबकि संक्रमण दर 3.11 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इस दौरान कोरोना से दो मरीजों ने दम तोड़ा था।

Published / 2022-06-12 17:12:12
भारतीय वायुसेना को जल्द मिलेंगे 114 नए फाइटर जेट्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय वायुसेना के बेड़े में बहुत जल्द 114 लड़ाकू विमान शामिल होने वाले हैं। इंडियन एयरफोर्स की ओर से यह जानकारी दी गई है। IAF की तरफ से बताया गया है कि इनमें से 96 फाइटर जेट्स तो भारत में ही निर्माति होंगे, जबकि 18 विमान विदेश से आयात किए जाएंगे। आपको बता दें कि यह खरीद आत्मनिर्भर भारत मिशन को एक पुश देगी। भारतीय वायु सेना की बाय ग्लोबल एंड मेक इन इंडिया योजना के तहत 114 मल्टीरोल फाइटर एयरक्राफ्ट को वायुसेना में शामिल किया जाएगा। इस डील के तहत भारतीय कंपनियों को एक विदेशी विक्रेता के साथ साझेदारी करने की अनुमति होगी। सरकारी सूत्रों ने एएनआई को बताया है कि, हाल ही में, भारतीय वायु सेना ने विदेशी विक्रेताओं के साथ बैठक की और उनसे मेक इन इंडिया परियोजना को अंजाम देने के तरीके के बारे में पूछा। सूत्रों ने बताया है कि योजना के मुताबिक शुरुआती 18 विमानों के आयात के बाद अगले 36 विमानों का निर्माण देश के भीतर किया जाएगा और भुगतान आंशिक रूप से विदेशी मुद्रा और भारतीय मुद्रा में किया जाएगा। सूत्रों ने कहा है कि अंतिम 60 विमान भारतीय साझेदार की मुख्य जिम्मेदारी होगी और सरकार केवल भारतीय मुद्रा में भुगतान करेगी। सूत्रों ने बताया है कि भारतीय मुद्रा में भुगतान से विक्रेताओं को परियोजना में 60 प्रतिशत से अधिक "मेक-इन-इंडिया" सामग्री हासिल करने में मदद मिलेगी। बोइंग, लॉकहीड मार्टिन, साब, मिग, इरकुत कॉर्पोरेशन और डसॉल्ट एविएशन सहित वैश्विक विमान निर्माताओं के निविदा में भाग लेने की उम्मीद है।

Published / 2022-06-12 13:14:05
छत्तीसगढ़ी फिल्म रोमियो राजा का म्यूजिक वीडियो जनम-जनम रिलीज, 24 को सिनेमाघरों में

टीम एबीएन, रायपुर (छत्तीसगढ़)। एवी सिने विस्टा व आर जे एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले निर्मित छत्तीसगढ़ी फ़िल्म रोमियो राजा का म्यूजिक वीडियो जनम जनम एवीएम गाना यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया। कुछ ही घंटों में गाना काफी दर्शकों ने देखा, जो दर्शकों को पसंद भी आ रहा हैं। इस गीत के गायक अनुराग शर्मा एवं चंपा निषाद हैं। वहीं वीडियो में देवेंद्र जांगड़े और प्रियंका परमार नजर आ रहे हैं। निर्माता अनिल प्रिया चौहान ने बताया कि फिल्म सिनेमाघरों में 24 जून को रिलीज की जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि दर्शकों को फिल्म जरूर पसंद आयेगी और सुपरहिट साबित होगी। यह फिल्म प्रेम कहानी पर आधारित हैं, जो पूर्ण रूप से पारिवारिक व मनोरंजक हैं। फ़िल्म की पूरी शूटिंग रायपुर छत्तीसगढ़ के विभिन्न लॉकेशन पर की गई हैं। जिसमें छत्तीसगढ़ के खूबसूरत व मनोरम स्थलों को फिल्माया गया हैं। इस फ़िल्म में छत्तीसगढ़ी पलायन को भी दर्शाया गया है, जो एक जनसमस्या हैं अर्थात फ़िल्म में मनोरंजन के साथ ही सामाजिक मुद्दा व संदेश भी हैं। इस फिल्म में छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत से देवेंद्र जांगड़े, प्रियंका परमार, अर्चना टंडन, अनिल शर्मा, क्रांति दीक्षित, कॉमेडियन बोचकु, सलीम अंसारी, किशोर मंडल, संतोष साहू, नीरज उईके, जयंती मनहर, लता राही व अन्य ने अभिनय किया हैं। फ़िल्म के गानों को कोरियोग्राफर निशान्त उपाध्याय, नंदु तांडी ने बहुत खूबसूरती से सजाया हैं। इस फ़िल्म के सिनेमेटोग्राफर लक्ष्मण यादव हैं। जिन्होंने निर्देशक देवेन्द्र जांगड़े की परिकल्पना को बहुत बारिकी से परदे में उतारा हैं। इस फ़िल्म के एडीटर सुजीत सिंह, राहुल सिंह हैं। फ़िल्म में बैकग्राउण्ड म्यूजिक जितेंद्रीयम देवांगन का हैं और ताम्बी अन्ना के कमाल का एक्शन डिजाईन किया हैं। जबकि, फिल्म के निर्माता अनिल प्रिया चौहान, निर्देशक देवेंद्र जांगड़े, एसोसिएट प्रोड्यूसर प्रिया चौहान, लेखक देवेंद्र जांगड़े, संगीतकार सूरज महानंद, गीतकार देवेन्द्र जांगड़े व गायक अनुराग शर्मा, पीआरओ युधिष्ठिर महतो हैं।

Published / 2022-06-12 12:52:17
कोरोना : सोनिया की तबीयत बिगड़ी, गंगा राम अस्पताल में भर्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दी। सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को कोरोना संबंधी समस्याओं के चलते गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और अस्पताल में उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में सोनिया गांधी को कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सामने आई थी। इसके ठीक बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और फिर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोनिया गांधी को एक नया समन जारी कर नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र से संबंधित धनशोधन मामले में 23 जून को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा। सोनिया को पहले 8 जून को पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण उन्होंने पेशी के लिए ED से नई तारीख मांगी थी। वहीं, सोनिया के बेटे एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी इस मामले में 13 जून को पूछताछ किए जाने की संभावना है। राहुल को पहले दो जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा पर होने के चलते नई तारीख मांगी थी। ED ने उन्हें 13 जून को तलब किया है। यह पूरा मामला पार्टी समर्थित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितता की जांच से जुड़ा है। नेशनल हेराल्ड एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) द्वारा प्रकाशित किया जाता है और उसका स्वामित्व यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के पास है। ईडी ने बताया था कि एजेंसी धन शोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत सोनिया और राहुल गांधी के बयान दर्ज करना चाहती है। अधिकारियों ने कहा था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और गांधी परिवार से पूछताछ ED की जांच का हिस्सा है ताकि यंग इंडियन और एजेएल के हिस्सेदारी पैटर्न, वित्तीय लेनदेन और प्रवर्तकों की भूमिका को समझा जा सके। यंग इंडियन के प्रवर्तकों और शेयरधारकों में सोनिया तथा राहुल सहित कांग्रेस के कुछ अन्य सदस्य शामिल हैं।

Published / 2022-06-12 04:29:34
छत्तीसगढ़ : 60 फीट के बोरवेल में फंसे राहुल पर सीसीटीवी की नजर, ओडिशा से आई टीम 24 घंटे से कर रही रेस्क्यू ऑपरेशन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सूखे बोरवेल में गिरे 11 वर्षीय बच्चे को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान पिछले लगभग 24 घंटे से जारी है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को बाहर निकालने के लिए बोरवेल से कुछ दूरी पर एक समांतर गड्ढा खोदा जा रहा है। बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और भारतीय सेना के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के मालखरौदा विकासखंड के पिहरिद गांव में शुक्रवार दोपहर बाद राहुल साहू घर के पिछले हिस्से में खेलते समय एक खुले, सूखे पड़े बोरवेल में गिर गया था। राहुल बोरवेल में 60 से 70 फुट नीचे फंसा हुआ है। जांजगीर चांपा के जिलाधीश जितेंद्र शुक्ला ने बताया, जिला और पुलिस प्रशासन को शुक्रवार दोपहर बाद राहुल के बोरवेल में गिरने की जानकारी मिली और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। शुक्ला ने बताया कि राहुल को बाहर निकालने में मदद के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को बुलाया गया है। वहीं, चिकित्सकों के दल ने राहुल के लिए बोरवेल के भीतर ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की। जिलाधीश ने बताया कि बोरवेल से कुछ दूरी पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से समांतर गड्ढा किया जा रहा है। इस गड्ढे से एक सुरंग बनाकर राहुल को बाहर निकालने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया, अभी तक लगभग 50 फुट का गड्ढा किया जा चुका है तथा इस कार्य में अभी पांच से छह घंटों का समय और लग सकता है। शुक्ला ने बताया कि राहुल की स्थिति का पता लगाने के लिए बोरवेल में रस्सी के सहारे एक कैमरा लगाया गया है। बीती रात लगभग 12 बजे तक राहुल ने हलचल की थी, इसके बाद उसने सुबह हलचल की है। वहां मौजूद चिकित्सकों के अनुसार राहुल की हालत ठीक है हालांकि, समय बीतने के साथ ही उसमें कुछ कमजोरी के लक्षण भी दिख रहे हैं। बोरवेल में रस्सी के सहारे राहुल के लिए केला और जूस पहुंचाया गया है और परिजन भी आवाज लगा रहे हैं, जिससे उसका मनोबल बना रहे। जिले के अन्य अधिकारियों ने बताया कि राहुल को बाहर निकालने के लिए चल रहे बचाव अभियान में सेना के विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि लड़के के पिता लाला राम साहू के मुताबिक उसने कुछ समय पहले घर के पिछले हिस्से में सब्जी की बाड़ी के लिए लगभग 80 फुट गहरे बोरवेल की खुदाई करवाई थी। जब बोरवेल में पानी नहीं निकला तब उसे बिना इस्तेमाल किए छोड़ दिया गया। शुक्रवार को बाड़ी में खेलने के दौरान राहुल इस सूखे, खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए सभी जिलाधीशों और पुलिस अधीक्षकों से खुले बोरवेल को बंद करवाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने कहा, मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी जिलाधीशों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वह यह सुनिश्चित करें कि कोई बोरवेल खुला न हो जिससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे बोरवेल को तुरंत बंद करें तथा नियमित रूप से जिलों में इसकी समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया, हम राहुल को बचाने के लिए रोबोट की भी मदद लेने का प्रयास कर रहे हैं। सूरत के रोबोट विशेषज्ञ से संपर्क करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बघेल ने कहा, साथ ही ऐसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए हम राज्य में ऐसे खुले बोरवेल को बंद करने का अभियान चलाएंगे। ग्रामीणों से भी सहयोग की उम्मीद रहेगी कि जहां भी वे खुला बोरबेल देखें हमें सूचित करें। इसके लिए हम एक अलग हेल्पलाइन जारी करेंगे। स्थानीय प्रशासन की ज़िम्मेदारी भी सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी सूचना मिलने पर फ़ौरन कार्रवाई करे। लेकिन इस सब में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है, मुझे विश्वास है कि हमेशा की तरह जनता का सहयोग मिलेगा। सूरत के महेश अहीर ने अपने इनोवेशन बोरवेल रेस्क्यू रोबेट की विशेषता को लेकर ट्वीट कर इस बचाव अभियान में मदद की पेशकश की थी। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, अभी मैंने राहुल के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की है। मैं उनकी मनोदशा को समझ सकता हूं। बच्चे का बोरवेल में गिरना दुखद है। हम सब उसे बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हमें विश्वास है कि ईश्वर हमारा साथ देंगे।

Published / 2022-06-10 06:17:21
कोरोना : 24 घंटे में फिर मिले 7000 के पार नए केस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में एक बार फिर से कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत में कोविड-19 के एक दिन में 7,584 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,32,05,106 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 36,267 पर पहुंच गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 24 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,24,747 हो गयी है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,769 की वृद्धि हुई है और यह संक्रमण के कुल मामलों का 0.08 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.70 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 2.26 प्रतिशत दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.50 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,26,44,092 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 194.76 करोड़ खुराकें दी गयी है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। महाराष्ट्र में बिगड़े कोरोना के हाल : महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,813 नये मामले दर्ज किये गये हैं और इस दौरान एक की मौत हुई है। स्वास्थ्य बुलेटिन में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। इन्हीं नये मामलों के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 79,01,628 तक पहुंच गई है और मृतकों का आंकड़ा 1,47,867 है। इस बीच, 1,047 मरीजों ने कोरोना को मात दी है और इसी के साथ अब तक महामारी से उबर चुके कुल मरीजों की संख्या 77,42,190 हो गई है। वहीं केरल में 2193, दिल्ली में 622, कर्नाटक में 471 और हरियाणा में 348 केस मिले थे। देश में मिले कुल केसों में से 85% इन्हीं 5 राज्यों में मिले हैं, जबकि अकेले महाराष्ट्र में 37.09% केस मिले हैं।

Published / 2022-06-10 06:13:45
हड़ताल पर जा रहे हैं सरकारी बैंकों के कर्मचारी, लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अपनी मांगों को लेकर देशभर के सरकारी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। 27 जून को बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान किया है। 9 बैंक यूनियनों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 27 जून को हड़ताल का ऐलान किया है। सरकार की ओप से उनकी मांगों पर की जा रही अनदेखी के बाद अब कर्मचारी यूनियंस ने हड़ताल का ऐलान किया है। 27 जून को बैंकों की हड़ताल UFBU की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सरकार को उन्होंने अपनी मांगों की लिस्ट भेज दी है, अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो बैंक कर्मचारी 27 जून को एक दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे और उस दिन कामकाज बंद रखेंगे। हालांकि आपको बता दें कि अगर 27 जून को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जाते हैं तो बैंक लगातार 3 दिन बंद रहेंगे।दरअसल 25 जून के महीने का चौथा शनिवार हैं, जिसके कारण देशभर के बैंकों में साप्ताहिक छुट्टी होगी। वहीं 26 जून को रविवार के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर 27 जून को बैंक कर्मचारली हड़ताल पर गए तो बैंक लगातार तीन दिनों के लिए बंद रहेंगे। बैंकों की हड़ताल के कारण जून के आखिरी हफ्ते में बैंक तीन दिन बंद रहेंगे।

Published / 2022-06-09 15:25:26
तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, एक नक्सली गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में तीन नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, वहीं एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के नारायणपुर जिले में तीन नक्सलियों- रमेश मोंहदा उर्फ गुड्डू (25), राजेश कुमार मोंहदा उर्फ राजू (26) और साधु पल्लो उर्फ महेश (25) ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि नक्सली रमेश जाटलुर एलओएस का सक्रिय सदस्य है, वहीं नक्सली राजेश और साधु नक्सलियों के लिए राशन, दवा एवं दैनिक उपभोक्ता सामग्री पहुंचाने का कार्य करते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल-विरोधी अभियान के तहत दबाव बढ़ाये जाने से नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने बीजापुर जिले के तोयनार थाना क्षेत्र में एक नक्सली रामलू दुर्गम (36) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चल रहे नक्सल-विरोधी अभियान के तहत बुधवार को तोयनार थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल के जवान जब जंगल में थे तब एक नक्सली वहां से भागने लगा। बाद में जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि जब नक्सली रामलू से पूछताछ की गई तब उसने बताया कि वह नेशनल पार्क एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ मिलकर उन्हें सामान मुहैया कराता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से 150 मीटर कपड़ा, चार माओवादी वर्दी, 10 जिलेटिन छड़, टिफिन बम और अन्य सामान बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Page 229 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse