एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पारस अस्पताल से उनकी तस्वीरें और एक भावुक मैसेज पोस्ट किया है। रोहिणी ने अस्पताल में भर्ती लालू की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है कि उनके पापा उनके हीरो हैं। रोहिणी ने लिखा- "My Hero, My backboe Papa" बता दें कि आज राष्ट्रीय जनता दल का 26 वां स्थापना दिवस भी है लेकिन लालू यादव के बीमार होने के कारण कोई जश्न नहीं मनाया जा रहा है। सिर्फ सदस्यता अभियान ही चलाया जाएगा। रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लालू की तस्वीरें शेयर करते हुए आगे लिखा है- हर बाधाओं से जिसने पाई है मुक्ति करोड़ों लोगों की दुआएं है जिनकी शक्ति। रोहिणी ने कल भी एक ट्वीट में लिखा था- दुआ करे उनके लिए गरीबों की आवाज बुलंद किए थे जिनके लिए।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अंडमान और निकोबार द्वीप के पोर्टब्लेयर में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। आज सुबह करीब 8.05 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 रही। इसकी पुष्टि नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने की है। भूकंप की गहराई 30km थी। जानें क्यों आता है भूकंप : धरती मुख्य तौर पर चार परतों से बनी होती हैं। इनर कोर, आउटर कोर, मैनटल और क्रस्ट। क्रस्ट और ऊपरी मैन्टल कोर को लिथोस्फेयर कहते हैं। ये 50 किलोमीटर की मोटी परत कई वर्गों में बंटी हुई है जिसे टैकटोनिक प्लेट्स कहते हैं। ये टैकटोनिक प्लेट्स अपनी जगह पर कंपन करती रहती हैं और जब इस प्लेट में बहुत ज्यादा कंपन हो जाती हैं, तो भूकंप महसूस होता है। जानिए भूकंप के केंद्र और तीव्रता का क्या मतलब है : भूकंप का केंद्र वह स्थान होता है जिसके ठीक नीचे प्लेटों में हलचल से धरती हिलने लगती है। इस स्थान पर या इसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप का असर ज्यादा होता है। अगर रिक्टर स्केल पर 7 या इससे अधिक की तीव्रता वाला भूकंप है तो आसपास के 40 किमी के दायरे में झटका तेज होता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के लोगों के जीवन को बदलने में डिजिटल प्रौद्योगिकी की भूमिका की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत ने विभिन्न सेवाएं मुहैया कराने के लिए ऑनलाइन जाकर सभी लाइन (कतारों) को समाप्त कर दिया है। मोदी ने यहां डिजिटल इंडिया सप्ताह 2022 के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय के साथ अगर भारत नई प्रौद्योगिकी को नहीं अपनाएगा, तो यह पिछड़ा रहेगा। हम कितनी लाइन में खड़े होते थे : उन्होंने कहा कि देश ने तीसरी औद्योगिक क्रांति के दौरान इसका अनुभव किया। उन्होंने कहा, आठ से 10 साल पहले, हमें हर चीज के लिए लाइन (कतारों) में खड़ा होना पड़ता था। हमें जन्म प्रमाणपत्र के लिए, बिल भरने के लिए, राशन के लिए, प्रवेश के लिए, परीक्षा परिणाम के लिए, प्रमाणपत्रों के लिए तथा बैंक में लाइन में खड़ा होना पड़ता था। हम कितनी लाइन में खड़े होते थे? भारत ने ऑनलाइन जाकर सभी लाइन को खत्म कर दिया है। मोदी ने कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम डिजिटल इंडिया ने गरीबों को भ्रष्टाचार से राहत दी है और वह सभी क्षेत्रों में बिचौलियों को खत्म करने के लिए काम कर रही है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और इस दौरान वह 1800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्धाटन करेंगे। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचों को दुरुस्त करने और जीवन को सुगम बनाने से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री अपराह्न दो बजे एलटी कॉलेज, वाराणसी में अक्षय-पात्र मध्याह्न भोजन रसोईघर का उद्घाटन करेंगे। इसकी क्षमता एक लाख विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मोदी दो बजकर 45 मिनट पर इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर- रुद्राक्ष- का दौरा करेंगे, जहां वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन करेंगे। बयान में कहा गया है कि उसके बाद शाम चार बजे प्रधानमंत्री सिगरा स्थित डॉ सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम जाएंगे, जहां वह 1800 करोड़ रुपये से अधिक की बहुपरियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ की आधारशिला भी रखेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16 हजार से ज्यादा नए केस मिले और 24 लोगों की मौत हो गई। दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 4.85 फीसदी हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह अपडेट आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में 16,135 नए कोरोना केस दर्ज किए गए। इस दौरान 13,958 लोग स्वस्थ हुए। देश में सक्रिय केस अब बढ़कर 1,13,864 हो गए। बीते 24 घंटे में इनमें 2153 की बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को मिले नए केस : रविवार की तुलना में मामूली ज्यादा हैं। रविवार को 16,103 नए केस मिले थे, जबकि आज 16,135 नए संक्रमित मिले। इससे पहले शनिवार को 17,092 और शुक्रवार को 17,070 मामले सामने आए थे। देश में कोरोना एक नजर में : • 16,135 नए संक्रमित मिले सोमवार को। • 4,35,18,564 कुल संक्रमितों की संख्या। • 1,13,864 मौजूदा सक्रिय केस, 24 घंटे में बढ़ोतरी 2153। • 5,25,223 कुल मृतक संख्या, 24 घंटे में मौतें 24। • 0.26 फीसदी है कुल संक्रमितों में से सक्रिय केस। • 98.54 फीसदी है कोरोना रिकवरी रेट। • 3,32,978 सैंपल की जांच की गई रविवार को। • 86,39,99,907 कुल सैंपलों की जांच अब तक।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां प्राइवेट बस खाई में गिर गई, जिसमे स्कूली बच्चों समेत 10 लोगों की जान चली गई है। यह हादसा कुल्लू के सैंज घाटी के पास हुआ, जहां आज सुबह यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। जहां पर यह हादसा हुआ है वह काफी सूनसान इलाका है, यहां से जिला मुख्यालय तकरीबन 60 किलोमीटर दूर है जिसके चलते राहत बचाव पहुंचने में समय लगा। रिपोर्ट के अनुसार बस में 45 यात्री सवार थे, जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं। कुल्लू के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर आशुतोष गर्गर ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है, कुल्लू से टीम को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गयाहै, लोगों को हर संभव मदद दिए जाने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से ट्वीट करके कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बस हादसा दिल दुखाने वाला है। इस त्रासदी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं उम्मीद करता हूं कि घायल जल्द ठीक होंगे। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, कुल्लू की सैंज घाटी में एक निजी बस के हादसे का दुखद समाचार मिला। पूरा प्रशासन मौके पर है, घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। ईश्वर इस घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। ईश्वर से कामना करता हूं कम से कम लोग हताहत हुए हों।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलकाता में हावड़ा ब्रिज के निकट रिवरफ्रंट सौंदर्यीकरण एवं वाणिज्यिक विकास परियोजना के लिए संभावित बोलीदाताओं की ओर से मिले सुझावों का कोलकाता पोर्ट आकलन कर रहा है। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि इस पहल के लिए अभिरुचि मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है और कोलकाता पोर्ट जिसे अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट (एसएमपी पोर्ट) के नाम से जाना जाता है, उसके लिए राजस्व का एक और स्रोत खुल सकता है। एसएमपी पोर्ट के चेयरमैन विनित कुमार ने कहा, प्रस्तावित हुगली रिवरफ्रंट विकास परियोजना के लिए संभावित बोलीदाताओं की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अभिरुचि पत्र के अनुसार प्रस्तावित विकास 30 वर्ष के लिए भूमि पट्टे के जरिए या फिर सार्वजनिक-निजी भागीदारी के जरिए होगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला और कहा कि देश वंशवादी राजनीति और वंशवादी राजनीतिक दलों से पूरी तरह ऊब चुका है और ऐसी पार्टियों के लिए अब टिक पाना मुश्किल है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आजकल कई राजनीतिक दल अपने अस्तित्व को बचाने में लगे हुए हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनपर न तो हास्य करना चाहिए और न व्यंग्य करना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें सीखना है कि हम कोई ऐसा काम न करें, जो उन्होंने किया। विविधता की शक्ति के साथ हम अपने संगठन के संकल्प को देश में विस्तारित करें।प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रमुख हिस्सों के बारे में पत्रकारों को अवगत कराते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय है, वहीं आज देश के कई विपक्षी दल वंशवाद से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। प्रसाद के मुताबिक मोदी ने कहा, परिवारवाद से देश पूरी तरह ऊब चुका है। देश परिवारवादी पार्टियों से भी ऊब चुका है। ऐसे दलों के लिए अब टिक पाना मुश्किल है। मोदी ने युवा पीढ़ी को आगे लाने का आह्वान करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अधिक से अधिक युवाओं से संपर्क करें और उन्हें पार्टी से जोड़ें। भाजपा के लोकतांत्रिक चरित्र को लेकर उसकी आलोचना करने वाले दलों पर भी प्रधानमंत्री ने निशाना साधा और कहा, हमारी पार्टी पर जो सवाल उठाते हैं, उनका अपना क्या हाल है। उनके संगठनात्मक ढांचे में कितना लोकतंत्र है? प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से "स्नेह यात्रा" निकालने और समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने को भी कहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse