एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार को पर्यटकों की एक कार के नदी में बह जाने से नौ लोगों की मौत हो गयी जबकि एक घायल हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार आज तड़के सुबह पंजाब से आये पर्यटकों की कार कार्बेट पार्क से सटे ढेला बरसाती नाले में बह गयी। पानी का बहाव अधिक होने के चलते कार काफी दूर तक बह गयी, जिससे कार में सवार नौ लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को रामनगर अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में 4 पटियाला के हैं जबकि 2 रामनगर के हैं तथा बाकी की अभी पहचान नहीं हो पायी है। सूचना मिलते ही रामनगर और ढेला चैकीक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। लालू यादव का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। आज उनकी कई जांच रिपोर्ट आनी है। तेजस्वी ने बताया कि उनकी सेहत में सुधार होता दिख रहा है। 3 जुलाई को अपने घर में सीढ़ी पर चढ़ने के दौरान वो गिर गए थे, जिसके बाद से ही उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। सीढ़ी से गिर जाने के बाद से लालू यादव की सेहत बिगड़ गई। उन्हें पटना से दिल्ली एम्स ले जाया गया। जहां लालू यादव की तबीयत में सुधार हो रहा है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर समर्थकों और शुभचिंतकों को ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लालू जी की सेहत में सुधार है। उनकी सेहत उत्तरोत्तर बेहतरी के लिए है। सभी से अनुरोध है कि भ्रामक खबरों चिंतित ना हों। बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव को बुधवार की रात एयर एंबुलेंस से पटना से दिल्ली लाया गया और दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बुधवार की रात एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि, एम्स में भर्ती राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत में सुधार हो रहा है। कहा जा रहा है कि लालू को जांच के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है। दिल्ली एम्स में डॉक्टरों द्वारा लालू यादव की तमाम जांच की गई है। आज जांच रिपोर्ट आने के बाद ही डॉक्टर आगे के इलाज के लिए कोई फैसला लेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू आज ओडिशा आएंगी। यहां वह नवीन पटनायक से समर्थन मांगेंगी। वहीं ओडिशा सरकार ने द्रौपदी मुर्मू के यहां पहुंचने पर राजकीय अतिथि के तौर पर व्यवहार करने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय किए जाएंगे, राज्य के मयूरभंज जिले की आदिवासी निवासी द्रोपदी मुर्मू को एक एस्कॉर्ट पायलट और एक निजी सुरक्षा अधिकारी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अधिकारी ने कहा कि उनके स्वागत, आवास, बोर्डिंग और परिवहन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। राष्ट्रपति उम्मीदवार मुर्मू की मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ आमने-सामने की बैठक होने की संभावना है। नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ बीजद ने पहले ही ओडिशा की बेटी के लिए समर्थन का वादा किया था। सत्तारूढ़ बीजद नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का अनुरोध करने के लिए आदिवासी नेता और विधायक सीएस रजीन एक्का सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों से भी मुलाकात की थी। हालांकि, एक्का ने स्पष्ट किया था कि कांग्रेस की विचारधारा भाजपा से अलग है। इस बीच, बीजद के निष्कासित सदस्य और गोपालपुर विधायक प्रदीप पाणिग्रही ने गुरुवार को द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की। मुर्मू ओडिशा की बेटी हैं और मुझे उनके लिए पूरा समर्थन है। उद्धव ठाकरे पर मुर्मू के समर्थन का दबाव : शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर भाजपा की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का दबाव बढ़ने लगा है। सांसद राहुल शेवाले के बाद अब पालघर के सांसद राजेंद्र गावित ने भी उद्धव को पत्र लिखकर मुर्मू को समर्थन देने की अपील की है। पत्र में कहा, राजनीतिक विरोध दरकिनार कर देश में पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया है, उसका समर्थन करें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बृहस्पतिवार को डॉ गुरप्रीत कौर के साथ शादी कर ली। शादी का कार्यक्रम सीएम आवास पर रखा गया था। मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। इस बीच राघव चड्ढा ने शादी से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ तस्वीर शेयर की। मान (48) ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पेहोवा की रहने वाली डॉ गुरप्रीत कौर से विवाह किया है। मान की यह दूसरी शादी है। वह अपनी पहली पत्नी से 2015 में अलग हो गए थे। पहली शादी से मान के दो बच्चे सीरत कौर (21) और दिलशान (17) हैं। मुख्यमंत्री के आवास पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूपी चुनाव में वाराणसी की आठों सीटों पर जीत के साथ उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सत्ता वापसी का रिटर्न गिफ्ट पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को काशी को देंगे। पीएम मोदी गुरुवार को अपने करीब साढ़े चार घंटे के काशी दौरे के दौरान 553.76 करोड़ की तीस योजनाओं का लोकार्पण और 1220.58 करोड़ की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वाराणसी पहुंचकर दोपहर दो बजे सबसे पहले एलटी कॉलेज में अत्याधुनिक केंद्रीयकृत मिडडे मील रसोई का शुभारंभ कर वहां मौजूद करीब बीस बच्चों से संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:45 बजे पर इंटरनेशनल कन्वेशन सेंटर रुद्राक्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन करेंगे। अंत में शाम करीब चार बजे प्रधानमंत्री डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा पहुंचेंगे, जहां पर करोड़ों की योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की सौगात के साथ खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में वाराणसी की सभी आठ सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की और प्रदेश में एक बार फिर योगी सरकार की वापसी हुई। विधानसभा चुनाव में जीत और 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए भी उनका यह दौरा ख़ास है, जहां आज काशीवासियों को 1774.34 करोड़ की सैगात देंगे। शिलान्यास होने वाली 13 परियोजनाएं 1220 .58 लागत (करोड़ में): 1 - लहरतारा से बीएलडब्ल्यू, बीएचयू होते हुए विजया सिनेमा तक छह लेन सड़क का निर्माण- 241.80 करोड़। 2– कचहरी से संदहा तक फोरलेन सड़क का निर्माण-241.89 करोड़। 3 – पांडेयपुर फ्लाईओवर से भक्ति नगर कॉलोनी होते हुए रिंग रोड तक-218.66 करोड़। 4 – 68 गांवों में जल मिशन योजना के तहत विकास कार्य-212.41 करोड़। 5 -सर्किट हाउस में निचले तल पर नये ब्लॉक का निर्माण-3.74 करोड़। 6- वाराणसी-भदोही मार्ग का चौड़ीकरण-21.89 करोड़। 7 -ग्रामीण इलाकों में पांच नई रोड और चार सीसी रोड का निर्माण-8.29 करोड़। 8- बाबतपुर रेलवे स्टेशन के पास आरओबी का निर्माण-32.77 करोड़। लोकार्पण प्रस्तावित परियोजनाएं : – लगभग 553.54 लागत (करोड़ में) - 1- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में वैदिक विज्ञान केंद्र फेज-II का निर्माण कार्य-9.34। 2 -थाना सिंधौरा में अनावासीय भवन का निर्माण कार्य-6.38। 3- पिंडरा वाराणसी में अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य-3.3। 4 -लहरतारा शिवपुर मार्ग पर वरुणा नदी पर सेतु का निर्माण कार्य-34.65। 5- बाबतपुर-कपसेठी-भदोही मार्ग पर उत्तर रेलवे के सम्पार संख्या 21ए/2टी पर चार लेन रेलवे उपरगामी सेतु का निर्माण कार्य -38.11। 6 -डॉ भीम राव अम्बेडकर क्रीडा संकुल, बड़ा लालपुर, में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य-7। 7 -डॉ भीम राव अम्बेडकर क्रीडा संकुल, बड़ा लालपुर में सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य-1.26। 8- राजकीय वृद्ध एवं अशक्त महिला गृह दुर्गाकुण्ड वाराणसी में थीम पार्क का निर्माण कार्य-4.96। 9- वाराणसी शहर में ओटीएस से आरटीएस में अतिरिक्त सीवरेज फ्लो के डायवर्जन हेतु सीवर लाइन का निर्माण कार्य-10.62। 10 -वाराणसी शहर के सिस वरुणा पेयजल आपूर्ति योजना में क्षतिग्रस्त राइजिंग मेन को बदलना एव लीकेज मरम्मत का कार्य -4.22। 11- वाराणसी नगर के मुकीमगंज एवं मछोदरी क्षेत्र के अंतर्गत ट्रेंचलेस विधि से सीवर लाइन बिछाने एवं तत्संबंधित कार्य -2.82। 12 -जायका सहायतित गंगा एक्शन प्लान फेज-।। वाराणसी के पैकेज-4 के अन्तर्गत पुरानी ट्रंक सीवर लाइन (शाही नाला) का जीर्णोद्धार कार्य-85.87। 13-ट्रांस वरुणा क्षेत्र में 25782 सीवर हाउस कनेक्शन कार्य।-107.09। 14 -राजकीय बालिका गृह रामनगर का निर्माण कार्य-6.5। 15 -वाराणसी शहर में 33/11 केवीजीआईएस विद्युत उपकेन्द्र नगवॉ का निर्माण कार्य-20.65। 16- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य-6.26। 17- वाराणसी शहर के कामेश्वर महादेव वार्ड का पुनर्विकास कार्य-17.09। 18- लहरतारा से चौकाघाट फ्लाईओवर का नीचे वेंडिंग जोन और अवस्थापना सुविधाओं का विकास कार्य -10। 19-वाराणसी शहर में गंगा नदी में डीजल/पेट्रोल चालित 500 नावों का सीएनजी नावों में परिवर्तन किये जाने का कार्य-29.7। 20- वाराणसी के मिर्जामुराद, चोलापुर, जंसा एवं कपसेठी थानों में हॉस्टल/बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण कार्य-3.47। 21-वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में 8 सम्पर्क मार्गो का चौड़ीकरण व नव निर्माण कार्य-9.29। 22 -फूलपुर सिन्धौरा सम्पर्क मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य-7.39। 23 - पिण्डरा कठिरांव अन्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य-17.1। 24 - तहसील पिण्डरा के ग्राम महगांव (कटेहरा) में आईटीआई निर्माण का कार्य-14 .16। 25- धरसौना सिन्धौरा वाया चांददपुर मवैया मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य-9.2 6। 26-प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत 7 सड़कों का निर्माण कार्य-11.89। 27-अक्षय पात्र फाउण्डेशन के मिड डे मील किचेन का निर्माण कार्य-13.91। 28-दशाश्वमेध घाट क्षेत्र पुनर्विकास परियोजना का निर्माण कार्य-28.69। 29- प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक अफोर्डेबल हाउसिंग इन-पार्टनरशिप के अन्तर्गत ग्राम हरहुआ, दासेपुर, वाराणसी में 608 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कार्य-27.32। 30- वाराणसी जनपद के ग्राम तॉतेपुर में ग्रामीण पेयजल योजना कार्य -5.46। 9 -वर्ल्ड बैंक की ओर से सारनाथ का पर्यटन विकास-72.66 करोड़। 10 अष्टविनायक, द्वादश ज्योतिर्लिंग, अष्टभैरव व नवगौरी जाने वाले मार्गों का पावन पथ के तौर पर विकास कार्य-12.52 करोड़। 11 -पंचक्रोशी परिक्रमा यात्रा पर पड़ने वाले पांचों पड़ाव स्थल का पर्यटन विकास कार्य-39.32 करोड़। 12 -हबीबपुरा, चेतगंज, पियरी कला और पान दरीबा के वार्डों का पुनर्विकास-27.31 करोड़। 13 -संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण-87.36 करोड़।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। संसद के 18 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के दौरान सरकार करीब एक दर्जन नये विधेयकों को पेश कर सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने भाषा को बताया कि संसद में अभी भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, बाल विवाह रोकथाम संशोधन विधेयक, राष्ट्रीय डोपिंग रोधी विधेयक और जैव विविधता संशोधन विधेयक जैसे महत्वपूर्ण विधेयक लंबित हैं। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान करीब एक दर्जन नये विधेयक पेश किये जा सकते हैं। संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को संसद के आगामी मानसून सत्र के लिए विधायी एवं सरकारी कामकाज से जुड़े विषयों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की। संसदीय कार्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि बैठक में विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने मंत्रालयों द्वारा प्रस्तावित कामकाज पर आवश्यक जानकारी दी। गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा। इसमें कुल 26 दिनों की अवधि में 18 बैठकें होंगी। संसद का यह सत्र खास रहने वाला है क्योंकि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है। दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को होगा। उपराष्ट्रपति पद के लिए यदि निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ तो उसी दिन मतों की गणना भी होगी। विपक्ष अग्निपथ योजना, बेरोजगारी व मंहगाई, जांच एजेंसियों के कथित दुरूपयोग जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की हालत में कुछ सुधार हुआ है। हालांकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी है। चर्चा है कि आज ही उन्हें दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है। फिलहाल, उनका इलाज पटना के पारस हॉस्पिटल में चल रहा है। उन्हें अस्पताल के ऑब्जरवेशन इंटेंसिव यूनिट केयर में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद वो दर्द से परेशान हैं। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सांसद सुशील कुमार मोदी और सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने उनके सेहत को लेकर चिंता जताई है, साथ ही उनके जल्द ठीक होने की कमाना की है। दरअसल, बीते रविवार की शाम लालू यादव राबड़ी आवास में सीढ़ियों से फिसल कर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें कंकड़बाग के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था और वहां से वो इलाज के बाद डिस्चार्ज हो गए थे। बाद में उन्हें तकलीफ बढ़ने के कारण रविवार देर रात ही पारस में एडमिट कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पहले से ही कई तरह की बीमारियों से घिरे लालू की हालत अभी स्थिर और नियंत्रण में बताई जा रही है। डॉक्टर्स की टीम उनके हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी में चल रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन समीक्षा करेंगे। गरीबों को रियायती दर पर फ्लैट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट के तहत 1008 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। रांची के धुर्वा इलाके में इन फ्लैटों का निर्माण हो रहा है। इससे पहले पीएम मोदी ने इस प्रोजेक्ट की ऑनलाइन समीक्षा 3 जुलाई 2021 को की थी। उस समय एक वर्ष के अंदर निर्माण कार्य पूरा कर लेने का दावा किया गया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाइट हाउस प्रोजेक्ट की ऑनलाइन समीक्षा करने वाले हैं। इसे लेकर रांची नगर निगम के अधिकारी रेस हैं। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रोजेक्ट के तहत काम की रफ्तार काफी धीमी है, जो चिंता बढ़ाती है। निगम के अधिकारियों ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इन फ्लैटों के लिए 19 जुलाई को लॉटरी आयोजित होगी। लाभुकों की सूची को निगम के वेबसाइट पर लोड कर दिया गया है। बता दें कि राजधान के धुर्वा स्थित आनी मौजा में लाइट प्रोजेक्ट के तहत फ्लैटों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत 1008 हाईटेक फ्लैट बन रहे हैं। इन फ्लैटों की कीमत 13 लाख 29 हजार है, जिसमें से 6लाख 79 हजार लाभुकों को देने होंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse