एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 16,906 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 4,36,69,850 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई। सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 महामारी से 45 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,25,519 पर पहुंच गई। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,32,457 हो गई है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.30 प्रतिशत है जबकि कोविड से पीड़ित होने के बाद ठीक होने वाले मरीजों की दर राष्ट्रीय स्तर पर 98.49 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,414 की वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण की दैनिक दर 3.68 प्रतिशत है और साप्ताहिक दर 4.26 प्रतिशत है। महामारी से पीड़ित होकर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,30,11,874 हो गई है जबकि इससे मरने वालों की दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोविड रोधी टीके की 199.12 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। पिछले एक दिन में कोविड से होने वाली 45 मौत में से 17 केरल, 13 महाराष्ट्र, पांच पश्चिम बंगाल, दो-दो गुजरात तथा बिहार में हुईं जबकि छत्तीसगढ़, दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से एक-एक मरीज की मौत हुई। देश में महामारी से अब तक 5,25,519 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से महाराष्ट्र से 1,47,991, केरल से 70,170, कर्नाटक से 40,125, तमिलनाडु से 38,028, दिल्ली से 26,285, उत्तर प्रदेश से 23,548 और पश्चिम बंगाल से 21,251 मरीजों की मौत हो चुकी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना का खतरा एक बार फिर से देश में लौटने लगा है। मणिपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी स्कूलों को 24 जुलाई तक के लिए बंद कर दिया गया है। मणिपुर सरकार की ओर से इस बाबत एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जिसमे कहा गया है कि कोरोना के बढ़ते मामलों और टेस्ट पॉजिटिविटी दर का औसत 15 फीसदी से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते सभी प्राइवेट, सरकारी स्कूलों को प्रदेश में 24 जुलाई तक के लिए बंद किया जाता है। बता दें कि मणिपुर में मंगलवार को कोरोना के 59 नए मामले सामने आए थे। वहीं सोमवार को मणिपुर में कोरोना के 47 नए मामले सामने आए ते। प्रदेश में स्वास्थ विभाग की ओर से कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 15 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के अभी तक कुल 66135 मामले सामने आ चुके हैं जिसमे से 57264 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी तक प्रदेश में 2120 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, वहीं प्रदेश में कोरोना पॉजिटिविटी दर 15.6 फीसदी है। वहीं देश की बात करें तो देश में अभी भी कोरोना के 131043 मामले हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली एम्स में भर्ती राद प्रमुख लालू यादव को गीता पाठ करने व सुनने से रोकने का मामला सामने आया है। उनके पुत्र तेजप्रताप यादव ने इस पर कड़ी नाराजगी प्रकट की है। तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया पिताजी को अस्पताल में श्रीमद भगवत गीता का पाठ करने एवं सुनने से रोक दिया गया, जबकि पिताजी को गीता पाठ पढ़ना एवं सुनना काफी पसंद है। गीता पाठ से रोकने वाले वाले उस अज्ञानी को ये नहीं पता कि इस महापाप की कीमत उसे इसी जन्म में चुकानी होगी...। तेज प्रताप यादव ने इससे पहले अपने पिता को लेकर भावुक ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था, पिताजी आप जल्द स्वस्थ होकर घर आ जाइये, आप हैं तो सब है, प्रभु मैं आपकी शरण में हूं तब तक रहूंगा जब तक पापा घर नही आ जाते। मुझे बस पापा चाहिए और कुछ भी नहीं ना राजनीति और न कुछ और बस मेरे पापा और सिर्फ पापा। तबीयत में तेजी से सुधार, आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट : दिल्ली एम्स में भर्ती बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। उनकी बड़ी बेटी मीसा भारती ने सोमवार बताया था कि उनके पिता की तबीयत में पहले से काफी सुधार है। हालांकि, किडनी में समस्या अभी भी बनी हुई है। उनका क्रिएटिनिन बढ़ा हुआ है। लेकिन अब स्थिति पहले से स्थिर है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। लालू यादव को अब ICU से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रांची के रातू रोड ऐलीवेटेड कॉरीडोर का शिलान्यास करेंगे, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में काफी खुशी देखी जा रही है। ऐसे में करीब चार दशक से बहुत प्रतीक्षित ऐलिवेटेड कॉरीडोर के शिलान्यास के पूर्व संध्या पर रातू रोड के पिस्का मोड़ एवं मेट्रो गली चौक पर भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोगों द्वारा आतिशबाजी एवं दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया गया। मौके पर सांसद सांसद सेठ ने कहा कि यह रातू रोड के लोगों के लिए प्रधानमंत्री की तरफ से एक बड़ा उपहार है। 4 दशकों की यह पुरानी मांग अब जाकर पूरी होने वाली है। कॉरीडोर के निर्माण से रातू रोड ही नहीं बल्कि कई राज्यों से आने वाली गाड़ियां जो जाम में तीन चार घंटे फंसे रहते थे, उन्हें भी मुक्ति मिलेगी और रातू रोड सहित आसपास के कई गांव के लोगों को अब जाम में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सांसद सेठ ने कहा कि यह मेरे राजनीति जीवन का सबसे बड़ा दिन होगा है। इसके लिए मैंने कई बार संघर्ष किया। सांसद बनने के बाद इसको लेकर मैंने कई बार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर रातू रोड की समस्याओं से अवगत कराया। मेरा प्रयास सफल हुआ इसके लिए मैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का पूरे रांची वासियों की ओर से आभार प्रकट करता हूं। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से इस कॉरीडोर का शिलान्यास होने जा रहा है। पीएम देवघर एयरपोर्ट भी करेंगे उद्घाटन : बता दें, पीएम मोदी आज देवघर एयरपोर्ट का भी उद्घाटन करने वाले हैं। देवघर एयरपोर्ट झारखंड का दूसरा एयरपोर्ट होगा, जहां से देश के अलग-अलग शहरों के लिए विमान उड़ान भरेंगे। पीएम मोदी देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के लोगों को देवघर एम्स समेत अन्य योजनाओं की सौगात देंगे। अपने देवघर दौरे के दौरान पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जुलाई को झारखंड की जनता को सबसे बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। पीएम देवघर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और एम्स उद्घाटन कर सौगात देंगे। इसके साथ ही वह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा- अर्चना करेंगे। देवघर दौरे के दौरान पीएम मोदी झारखंड को कई सौगातें भी देने वाले हैं। इसी के तहत मंगलवार को पीएम मोदी टाटा-रांची को जोड़नेवाली एनएच 33 के बीच बनी 44.2 किमी सड़क का उद्घाटन करेंगे। इस सड़क का निर्माण टाटा स्टील के बाय प्रोडक्ट टाटा एग्रेटो यानी स्लैग से किया गया है। सबसे खास बात यह है कि पूरे देश में पहली ऐसी सड़क होगी जिसका निर्माण स्टील स्लैग से किया गया है। इस इको फ्रेंडली सड़क का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को देवघर से ऑनलाइन करेंगे। यह देश की पहली ऐसी सड़क है, जो स्लैग से बनी है। ऐसा कर टाटा स्टील ने सड़क निर्माण में बेंचमार्क स्थापित किया है। रांची-टाटा रूट पर लोगों का आवागमन बेहद आसान हो जाएगा। 44.2 किमी के हिस्से का निर्माण जमशेदपुर एनएचएआइ, कॉन्ट्रैक्टर आयरन टाएंगल लिमिटेड और केके बिल्डर संयुक्त रूप से कर रहे हैं। सहरबेरा-जमशेदपुर-महुलिया तक के निर्माण में एक मिलियन टन से अधिक स्लैग आधारित एग्रिगेट्स का उपयोग किया गया है। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से अनुमति के बाद एनएचएआइ और सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआइ) द्वारा प्रोसेस्ड एलडी स्लैग एग्रीगेट्स का उपयोग 2019 में स्थापित किया गया था। रांची में बनेगा 10.02 किमी डबल डेकर लंबा फ्लाईओवर रांची बाइपास निर्माण और जमशेदपुर में 10.02 किलोमीटर डबल डेकर फ्लाईओवर भी बनाया जाना है। मंत्रालय द्वारा इसके निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। तमाम कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं हैं। बता दें, झारखंड-बंगाल-ओडिशा की लाइफलाइन वाले इस एनएच-33 रांची-बहरागोड़ा फोरलेन रोड का काम 10-12 साल से विभिन्न कारणों से लंबित पड़ा है। एक एजेंसी ने इसके काम की शुरुआत की थी पर यह प्रोजेक्ट पूरा नहीं कर सकी। रांची- बहरागोड़ा NH 33 पर पूरा नहीं हो पाया काम : हालांकि रांची- बहरागोड़ा एनएच 33 फोर लेन चार हिस्सों में से दो हिस्से रोड का निर्माण अलग-अलग कारणों से अब तक नहीं हो पाया है, इसमें रांची बाइपास का निर्माण और जमशेदपुर में 10.02 किमी डबल डेकर लंबा फ्लाइओवर का निर्माण किया जाना है। यद्यपि निर्माण की मंत्रालय से मंजूरी मिल गयी है। कागजी प्रक्रिया भी पूरी हो गयी है, लेकिन धरातल पर काम होना बाकी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 16,678 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,36,39,329 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,30,713 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 26 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,454 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,30,713 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,023 की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.50 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 5.99 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.18 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,29,83,162 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 198.88 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 26 मामले सामने आए, जिनमें से केरल में 18, पश्चिम बंगाल में चार, दिल्ली में दो और आंध्र प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूरा देश आज बकरीद का त्योहार मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को बकरीद की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट करके देशवासियों को बधाई देते हुए लिखा, ईद मुबारक, आप सभी को ईद उल अदहा की बधाई। यह त्योहार हमें मानव जाति की भलाई के लिए सामूहिक कल्याण और समृद्धि की भावना को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करे। बता दें कि 70 दिन के पवित्र दिनों के बाद बकरीद के त्योहार को दुनियाभर में मनाया जाता है। मुस्लिम धर्म में यह त्योहार काफी महत्व रखने वाला है, इसमे कुर्बानी को सर्वोच्च स्थान पर रखा गया है। वहीं देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को बकरीद की बधाई दी है। राष्ट्रपति ने बधाई देते हुए कहा, ईद-उज़-ज़ुहा के अवसर पर, सभी देशवासियों, विशेषकर हमारे मुस्लिम भाइयों-बहनों को मुबारकबाद। ईद-उज़-ज़ुहा का त्योहार बलिदान और मानव सेवा का प्रतीक है। आइए, इस अवसर पर मानव जाति की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने और देश की खुशहाली तथा समग्र विकास के लिए काम करने का संकल्प लें। राष्ट्रपति की ओर से राष्ट्रपति कार्यालय ने हिंदी और उर्दू दोनों ही भाषाओं में ट्वीट करके देशवासियों को बकरीद की बधाई दी है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अषाढ़ी एकादशी की भी देशवासियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, भगवान विट्ठल का आशीर्वाद हम पर बना रहे और हमारे समाज में खुशी की भावना बनी रहे। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम का एक क्लिप भी साझा की है, जिसमे वारकरी परंपरा और पंढरपुर की दिव्यता की बात की गई है। बता दें कि रेडियो पर हर महीने के आखिरी रविवार को आने वाले मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी देशवासियों से अलग-अलग मुद्दों पर बात करते हैं। इसी दौरान पीएम मोदी ने अपनी विट्ठल मंदिर के दर्शन के अनुभव को साझा किया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में फिर से कोरोना के आंकड़े डरा लगे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार (10 जुलाई) के आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में 18,257 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गए है, जो कल (शनिवार) की तुलना में थोड़े कम हैं। देश में बीते 24 घंटों में कोरोना से 42 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पिछले एक दिनों में कोरोना से रिकवर होने वालों की संख्या 14,553 है। शनिवार को भी कोरोना के 18,840 केस सामने आए थे और 43 लोगों की मौत हुई थी। भारत में एक्टिव केसों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। देश में फिलहाल एक्टिव केस 1 लाख 28 हजार 690 हैं। डेली पॉजिटिविटी रेट 4.22 फीसदी है। देश में कोरोना रिकवरी केसों की संख्या 4,29,68,533 है। वहीं कोरोना से कुल हुई मौतों का आंकड़ा 5 लाख 25 हजार 428 है। भारत में कोरोना महामारी के कारण पहली मौत मार्च 2020 में हुई थी। देश में कोरोना रिकवरी रेट 98.5 प्रतिशत है। 24 घंटे की अवधि में सक्रिय कोविड-19 केसलोएड में 3,662 मामलों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में कुल संक्रमण का 0.29 प्रतिशत शामिल है। देश के कोरोना केसों में सबसे अधिक योगदान केरल का है, जहां पिछले 24 घंटों में 3,186 नए केस सामने आए हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल में 2,968 नए मामले, महाराष्ट्र में 2,760 और तमिलनाडु में 2,671 नए मामले सामने आए हैं। शनिवार को इन राज्यों से सबसे अधिक केस सामने आए थे। केरल से 3,310 मामले, पश्चिम बंगाल से 2,950 मामले, महाराष्ट्र से 2,944 मामले, तमिलनाडु से 2,722 मामले और कर्नाटक में 1,037 मामले सामने आए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse