देश

View All
Published / 2022-07-27 16:39:27
1.64 लाख करोड़ के पैकेज से होगा बीएसएनएल का पुनरूद्धार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नयी दिल्ली 27 जुलाई (वार्ता) सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार सेवायें प्रदान करने वाली कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को चौथी पीढ़ी की 4 जी सेवायें शुरू करने के लिए स्पेक्ट्रम आवंटन के साथ ही इसके 5 जी सेवा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से बुधवार को चार वर्ष के लिए 1.64 लाख करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह मंजूरी दी गयी। सरकार ने दूरसंचार क्षेत्र को रणनीतिक क्षेत्र मानते हुये और टेलीकॉम बाजार में संतुलन बनाये रखने के लिए बीएसएनएल की मौजूदगी के महत्व को रेखांकित करते हुये इस पैकेज को मंजूरी दी है। उसने कहा है कि बीएसएनएल ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीकॉम सेवाओं की पहुंच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके साथ ही स्वेदशी प्रौद्योगिकी और आपदा राहत में भी कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके साथ ही सरकार बीएसएनएल को इस पैकेज के बल पर वित्त वर्ष 2026-27 तक लाभ की स्थिति में पहुंचाना चाहती है।

Published / 2022-07-27 06:41:53
"मेरा घर मिनी बैंक" की तरह था पार्थ चटर्जी का घर, हर 10 दिन में आते थे मंत्रीजी...

एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले मामले में गिरफ्तार किए गए ममता सरकार के मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी ने ईडी की पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे किए। पूछताछ के दौरान अर्पिता मुखर्जी ने बताया कि पार्थ चटर्जी ने मेरे घर को "मिनी बैंक" के रूप में इस्तेमाल किया। पार्थ चटर्जी उनके घर हर 10 दिन में आते थे और सारे पैसे पैक करके एक ही कमरे में रखे जाते थे। इस रूम में पार्थ चटर्जी और उनके लोग ही अंदर आते थे। बिना पार्थ चटर्जी की इजाजत के इस कमरे में कोई नहीं जा सकता था। उन्होंने कहा कि पार्थ ने कभी नहीं बताया कि उनके पास कितना पैसा है। अर्पिता और मंत्री पार्थ की दोस्ती : बता दें कि अर्पिता और मंत्री पार्थ की 2016 में दोस्ती हुई थी लेकिन गलत गतिविधियां 2 साल पहले से शुरू हुईं थी। ये पैसा SSC एग्जाम के अलावा ट्रांसफर, कॉलेजों को मान्यता दिलवाने जैसे कामों से आता था। पैसा हमेशा पार्थ के लोग लेकर आते थे खुद पार्थ कभी पैसा लेकर नहीं आए। वहीं ईडी को पार्थ के घर से 2012 टीईटी एग्जाम के भी दस्तावेज मिले हैं इसके अलावा डायरी बरामद हुई है। दरअसल, मुखर्जी के घर से दो डायरियां बरामद हुई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये डायरियां कथित घोटाले की कुंजी हैं जिससे कई राज का खुलासा हो सकता है। सूत्रों के अनुसार डायरी में राजनेताओं, फिल्म निर्देशकों और निर्माताओं सहित कई हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों का नाम, नंबर और रकम दर्ज है। कौन है अर्पिता मुखर्जी : अर्पिता 2008 से 2014 के बीच बंगाली और उड़िया फिल्मों में काम कर चुकी है। इस दौरान कम से कम 6 ओडिया फिल्मों में अभिनय भी किया था। इसके अलावा अर्पिता ने उड़िया फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया है।

Published / 2022-07-27 06:37:47
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 18313 नये संक्रमित, 57 की मौत

एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। कोरोना वायरस के संक्रमण में एक बार फिर से बढ़त दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान देश भर में 18313 नए मरीज़ मिले हैं, जबकि इस दौरान 57 लोगों की मौत हो गई। कल के मुकाबले आज करीब साढ़े तीन हजार ज्यादा केस आए हैं। मंगलवार को 14,830 नए मरीज़ सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक देश भर में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,45,026 पर पहुंच गई है, जबकि पॉजिटिविटी रेट 4.31 है। दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 781 नए मामले सामने आए और दो रोगियों की मौत हुई जबकि संक्रमण दर 6.40 प्रतिशत रही। नए मामले सामने आने के बाद दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,49,736 हो गई जबकि मृतकों की तादाद 26,305 तक पहुंच गई है। आंकड़ों के अनुसार एक दिन पहले 12,209 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई। उपचाराधीन रोगियों की संख्या 2,862 है। ओडिशा में लगातार बढ़ रहे केस : ओडिशा में मंगलवार को कोविड-19 के 662 नये मरीज मिलने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,07,911 हो गयी। नए संक्रमितों में 104 बच्चे भी शामिल हैं। बीते 24 घंटे में दो मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद बढ़कर 9,135 हो गयी। इससे पहले, राज्य में सोमवार को 739 नए मामले सामने आए थे जबकि एक मरीज की मौत हुई थी। लद्दाख में बढ़ रहे मामले : लद्दाख में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 31 नए मामले सामने आने के बाद वहां अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 28,800 पर पहुंच गई। अधिकारियों के अनुसार लद्दाख में कोविड-19 के कारण अब तक 228 मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें लेह के 168 और करगिल के 60 मरीज शामिल हैं। सिक्किम का हाल : सिक्किम में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 134 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41,390 हो गई। इस दौरान संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई और मृतकों की संख्या 468 बनी हुई है। सिक्किम में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1125 है। राज्य में अब तक 39,023 लोग संक्रमण को मात दे चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 72 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65,409 हो गयी।

Published / 2022-07-26 08:18:30
पार्थ चटर्जी की हालत स्थिर, अस्पताल में रहने की जरूरत नहीं...देर रात AIIMS से डिस्चार्ज

एबीएन सेंट्रल डेस्क। शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 10 दिनों की हिरासत में भेजे गए पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी सोमवार रात भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से डिस्चार्ज होने के बाद कोलकाता पहुंचे। AIIMS भुवनेश्वर के डॉक्टरों ने कहा कि वह गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, लेकिन उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं है। ED ने अस्पताल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए चटर्जी को 10 दिनों के लिए हिरासत में देने का अनुरोध किया था। मंत्री की जमानत याचिका खारिज करते हुए बैंकशाल कोर्ट में ईडी की विशेष अदालत के न्यायाधीश जीबोन कुमार साधू ने मंत्री तथा उनकी करीबी माने जाने वाली अर्पिता मुखर्जी को तीन अगस्त तक के लिए जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। अदालत ने रात करीब 11 बजे अपने आदेश में कहा कि 22 जुलाई को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को तीन अगस्त को फिर से अदालत में पेश किया जाए। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चटर्जी (69) को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने 24 जुलाई को ED को चटर्जी को एयर एम्बुलेंस से एम्स भुवनेश्वर में ले जाने का निर्देश दिया था। अस्पताल के कार्यकारी निदेशक आशुतोष विश्वास ने कहा, हमने चटर्जी के रक्त, किडनी, थॉयराइड और हृदय संबंधी जांच की है। उन्हें कुछ गंभीर बीमारियां हैं, लेकिन तत्काल अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं है। विश्वास ने कहा कि हाईकोर्ट को चटर्जी के स्वास्थ्य की स्थिति से जुड़ी रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने कहा, वह जिन लक्षणों के साथ अस्पताल आए थे, वे बहुत गंभीर प्रकृति के नहीं हैं। सीने में इतना दर्द नहीं था। टीएमसी नेता लंबे समय से दवाएं ले रहे हैं और एम्स ने उनके लक्षणों को ध्यान में रखते हुए उसमें कुछ बदलाव करने की सलाह दी है। बता दें कि राज्य प्रायोजित और सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षक भर्ती घोटाले के वक्त चटर्जी के पास शिक्षा विभाग का प्रभार था। बाद में उनसे यह विभाग ले लिया गया। अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से अनियमितताओं की जांच करने को कहा था। ईडी, घोटाले में धन शोधन पहलू की जांच कर रही है। केंद्रीय एजेंसी स्कूल भर्ती घोटाले में कथित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

Published / 2022-07-26 08:08:05
गुजरात : जहरीली शराब पीने से 19 की मौत, 20 अस्पताल में, सभी एक ही गांव के...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात में बोटाद जिले के रोजिद गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक 19 लोगों की मौत हो गई है जबकि 20 अन्य बीमार पड़ गए जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार रात बताया कि कुछ मरीजों की हालत गंभीर है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) और अहमदाबाद अपराध शाखा भी जांच में शामिल हो गई हैं। गुजरात के पुलिस महानिदेशक (DGP) आशीष भाटिया ने बताया कि जहरीली शराब पीने से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। कम से कम 20 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है, ज्यादातर लोग भावनगर में सर तख्तसिंहजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनमें से कुछ की हालत नाजुक है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

Published / 2022-07-26 07:27:18
शहीदों के नाम रहा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पहला ट्वीट, कारगिल विजय दिवस पर दी श्रद्धांजलि

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कारगिल दिवस पर शहीदों को नमन किया है। खास बात है कि देश का सर्वोच्च पद संभालने के बाद मुर्मू की तरफ से यह पहला ट्वीट किया गया है। उन्होंने लिखा है कि पूरा देश शहीदों और उनके परिवार का हमेशा ऋणी रहेगा। साल 1999 में आज ही के दिन पाकिस्तान ने भारतीय वीर सैनिकों के सामने घुटने टेक दिए थे। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, कारगिल विजय दिवस हमारे सशस्त्र बलों की असाधारण वीरता, पराक्रम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को मैं नमन करती हूं। सभी देशवासी, उनके और उनके परिवारजनों के प्रति सदैव ऋणी रहेंगे। जय हिन्द! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शहीदों को याद किया। उन्होंने ट्वीट किया, कारगिल विजय दिवस मां भारती की आन-बान और शान का प्रतीक है। इस अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में पराक्रम की पराकाष्ठा करने वाले देश के सभी साहसी सपूतों को मेरा शत-शत नमन। जय हिंद! वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, कारगिल विजय दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। आज का दिन गौरवान्वित होने के साथ ही हमारे जवानों की वीरता का स्मरण कर उसका सम्मान करने का भी दिन है। अपनी बहादुरी से कारगिल से दुश्मनों को खदेड़कर पुन: तिरंगा लहराने वाले जवानों को हृदय से नमन करता हूं।

Published / 2022-07-26 07:20:44
प्रयागराज : वज्रपात से 3 बच्चों समेत 9 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। संगमनगरी प्रयागराज और गाजीपुर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में धान की रोपाई करने वाले महिला, पुरुष आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अपनी जान गवां चुके हैं। वहीं, 4 लोग झुलसने की वजह से अस्पताल पहुंचे। जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रयागराज में मानसून देर से पहुंचा, लेकिन 3 दिनों से बारिश का शुरू हुआ सिलसिला जारी है। रविवार की रात जहां तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। वहीं, सोमवार को हुई बारिश ने ग्रामीण इलाके में कहर ढा दिया। आसमान से गिरी आफत वाली बिजली से मेजा, मांडा, कोरांव, उतरांव और बारा इलाके में 4 महिला और 1 पुरुष की मौत हो गई। मांडा थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में धान की रोपाई करने के दौरान सन्नो नाम की महिला पर बिजली गिरने से जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका पति झुलस गया। इसी तरह से कोरांव थाना क्षेत्र के सिकरो गांव में सोनू नाम के युवक की धान रोपने के दौरान वज्रपात का शिकार होने से मौत हो गई। जबकि बारा थाना क्षेत्र के पिपराव मुजरा इलाके में 4 लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। जिसमें खुशबू नाम की महिला की मौत हो गई। बाकी 3 झुलसे हुए लोगों को इलाज के अस्पताल भेजा गया। वहीं मेजा थाना क्षेत्र में सिंघपुर कला गांव में घर के बाहर निकली महिला प्रतिभा आकाशीय बिजली गिरने की वजह से बेसुध हो गई। आनन-फानन में परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी तरह से उतरांव थाना क्षेत्र के इनायत पट्टी गांव में वज्रपात का शिकार होने से गीता देवी की मौत हो गई। वज्रपात से जान गंवाने वालों के घर पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची और परिजनों को ढांढस बंधवाया। इसके साथ ही सरकार की तरफ से उन्हें मुआवजा देने का भी भरोसा दिया गया। तेज बारिश की वजह से शहरी इलाके में लोग जलभराव होने से काफी परेशान हैं। बारिश होने के घंटों बाद सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों को काफी मुसीबत उठान पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी कोतवाली, मुट्ठीगंज, रामबाग, जर्जटाउन के साथ ही सिविल लाइंस के लोग उठा रहे हैं।

Published / 2022-07-25 11:54:24
राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई, मांदर की थाप पर जनजातीय भाषा विभाग ने मनाया जश्न

एबीएन सेंट्रल डेस्क। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने के साथ ही राजधानी रांची में जश्न का माहौल है। खास कर रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय भाषा विभाग के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी काफी खुश हैं। उन्होंने कॉलेज परिसर में मांदर और नगाड़ों की थाप पर विभाग के लोगों ने जश्न मनाया। झारखंड में बतौर राज्यपाल रहते हुए द्रौपदी मुर्मू ने रांची विश्वविद्यालय के लिए बहुत कुछ किया है। खासकर इस विश्वविद्यालय के जनजातीय भाषा विभाग नया रूप उन्होंने ही दिया है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ-साथ उन्हीं की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण एक छत के नीचे आज 9 जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं की पढ़ाई हो रही है। उनके राष्ट्रपति बनने के बाद इस विभाग के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी काफी खुश हैं। इसको लेकर सोमवार को कॉलेज परिसर में विभाग से जुड़े तमाम लोगों ने खुशी के मौके पर जश्न मनाया। मांदर, ढोल और नगाड़ों की थाप पर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी बधाई दी गई है। मौके पर शिक्षकों ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना खासकर जनजातीय भाषा विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यहां के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी काफी प्रसन्न हैं। उन्हें उम्मीद जगी है कि राष्ट्रपति बनने के बाद भी द्रौपदी मुर्मू उतना ही रांची और इस विभाग के लिए समर्पित रहेंगी, जितना राज्यपाल रहते हुए उन्होंने विभाग के लिए अपना समर्पण दिखाया था। बता दें कि राज्यपाल रहते हुए जब उनका काफिला जनजातीय भाषा विभाग के पास से गुजर रहा था तो उन्होंने अपनी गाड़ी रूकवाकर इस विभाग की जर्जर हालत देखकर इसके कायाकल्प करने की ठानी। इसके बाद तत्काल इसको अमलीजामा पहनाते हुए कुलपति समेत तमाम अधिकारियों के साथ विभाग का कायाकल्प करने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

Page 216 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse