एबीएन सेंट्रल डेस्क। वन्दे भारत एक्सप्रेस वर्तमान में भारत की सबसे तेज ट्रेन है और अभी इसे सिर्फ दो रूट पर चलाया जा रहा है। अब रेलवे इसके तीसरे ट्रेन को लाने वाली है जिसकी टेस्टिंग शुरू कर दी गयी है और इसके लिए नई वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चंडीगढ़ लाया गया है। इसकी टेस्टिंग 24 अगस्त से शुरू की जा सकती है और 110 किमी/घंटा की स्पीड पर टेस्ट किया जायेगा। वन्दे भारत एक्सप्रेस के इस ट्रेन को चंडीगढ़ नई मोरंडा-सानेवाल रेलवे सेक्शन में 100 किमी तक टेस्ट किया जायेगा। शुरुआत में इसे 15 किमी/घंटा की गति पर टेस्ट किया जायेगा और इसे 45 किमी/घंटा, 60 किमी/घंटा व 80 किमी/घंटा तक पहुंचाया जायेगा और अंततः इसे 110 किमी/घंटा की गति पर टेस्ट किया जायेगा। इसके बाद टेस्टिंग का दूसरा चरण 29 अगस्त को शुरू किया जायेगा। दूसरे चरण के ट्रायल को कोटा व नागदा रेलवे स्टेशन के बीच 225 किमी/घंटा के बीच किया जायेगा और इस दौरान इसकी अधिकतम गति 180 किमी/घंटा पर ट्रायल किया जायेगा। रेलवे के अनुसार, ट्रायल रन के पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट को रेलवे सेफ्टी कमिश्नर को भेजी जायेगी। वहां से अनुमति मिलने के बाद इसे नए रूट पर चलाया जायेगा। हालांकि अभी तक कौन से रूट पर चलाया जायेगा इसकी पुष्टि नहीं पायी है। सूत्रों के अनुसार इसे अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलाया जायेगा। इस टेस्टिंग प्रोसेस के दौरान 180 किमी/घंटा की स्पीड तक व कुल 15,000 किमी ट्रैक पर टेस्ट किया जायेगा और इसमें डायनामिक, स्टेटिक, लोड टेस्ट व ओसिलेशन ट्रायल किया जायेगा जो कि अलग-अलग स्थिति पर किया जायेगा इसका निर्माण इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, चेन्नई में किया जायेगा और इसमें ऑटोमेटिक दरवाजें, आरामदेह स्पेस, रिक्लाइनिंग चेयर, दिव्यांग यात्रियों के अनुसार टायलेट दिया गया है। आने वाले समय में आईसीएफ इस तरह की और भी ट्रेन का निर्माण किया जायेगा। अगले चार वर्षों में ऐसे 475 ट्रेनों का निर्माण किया जाएगा ताकि सभी राज्यों को कवर किया जा सके। आईसीएफ के अलावा वन्दे भारत ट्रेन का निर्माण रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला व मॉडर्न कोच फैक्ट्री, राय बरेली में किया जायेगा। आईसीएफ प्रति महीने 7 वन्दे भारत ट्रेन की क्षमता रखता है। आगामी वर्षों में इस ट्रेन में बेहतर वेंटीलेशन व एयर कंडीशनिंग कंट्रोल दिया जायेगा, यह पहले लाये गये ट्रेन में उपलब्ध नहीं था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारी-भरकम बकाये का भुगतान नहीं करने की वजह से 13 राज्यों में बिजली संकट पैदा हो सकता है। सार्वजनिक क्षेत्र की पावर सिस्टम ऑपरेशन कॉरपोरशन लिमिटेड (पोसोको) ने तीन बिजली बाजारों इंडियन एनर्जी एक्सचेंज, पावर एक्सचेंज ऑफ इंडिया और हिंदुस्तान पावर एक्सचेंज से 13 राज्यों की 27 विद्युत वितरण कंपनियों के बिजली कारोबार को प्रतिबंधित करने को कहा है। इन वितरण कंपनियों पर बिजली उत्पादक कंपनियों का भारी-भरकम बकाया है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड शामिल हैं। बिजली मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला पोसोको देश में बिजली व्यवस्था के एकीकृत परिचालन का प्रबंधन करता है। उसने तीनों बिजली बाजारों को लिखे पत्र में कहा, 13 राज्यों में 27 वितरण कंपनियों के लिए बिजली बाजार के सभी उत्पादों की खरीद-बिक्री डिलीवरी 19 अगस्त, 2022 से अगली सूचना तक पूरी तरह से प्रतिबंधित होगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने बृहस्पतिवार को यहां राज्य सचिवालय में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से करीब आधे घंटे तक मुलाकात की। सूत्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट्टर आलोचक कहे जाने वाले स्वामी की यात्रा को शिष्टाचार भेंट बताया है। उनकी मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक चाल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। स्वामी ने पिछले साल नवंबर में भी नई दिल्ली में बनर्जी से मुलाकात की थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 29 अगस्त, 2022 को रिलायंस इंडस्ट्रीज की 45वीं एजीएम की बैठक होगी। अभी से इस बैठक के एजेंडे को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार के एजीएम की बैठक में कई बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं जिसमें रिलायंस जियो के आईपीओ से लेकर रिलायंस रिटेल के आईपीओ की घोषणाएं शामिल हैं। इस एजीएम में 5जी मोबाइल सर्विस लॉन्च करने की तारीख पर से भी पर्दा उठ सकता है। 2019 की एजीएम बैठक में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अगले पांच वर्षों में रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग कराने की बात कही थी। जेएम फाइनैंशियल का मानना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के एजीएम में रिलायंस जियो, रिलायंस डिजिटल और ऑयल टू केमिकल यूनिट के आईपीओ के टाइमलाइन की घोषणा की जा सकती है। वहीं, ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए (CLSA) का मानना है कि रिलायंस जियो के आईपीओ को इस वर्ष लॉन्च किया जा सकता है जिसका मार्केट वैल्यू 100 बिलियन डॉलर ( 8 लाख करोड़ रुपये) रहने का अनुमान है। सीएलएसए के मुताबिक रिलायंस जियो का आईपीओ पूरे टेलिकॉम सेक्टर के वैल्यूएशन के लिहाज से एक बड़े उत्प्रेरक का काम करेगा। एजीएम में 5जी सेवा के लॉन्च का एलान हो सकता है : सरकार ने 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी में स्पेक्ट्रम हासिल करने वाली कंपनियों को स्पेक्ट्रम आवंटित कर दिया है और उन्हें 5जी सेवा लॉन्च करने की तैयारी करने को कहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुकेश अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के एजीएम में 5जी सेवा के लॉन्च का एलान कर सकते हैं। 5जी स्पेक्ट्रम हासिल करने के लिए रिलायंस जियो ने 88,078 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। हालांकि दोनों ही कंपनियों का आईपीओ आएगा तो शेयर बाजार के निवेशकों के लिए रिलायंस समूह की कंपनी में निवेश का सुनहरा मौका होगा। बता दें 2016 में टेलीकॉम कारोबार को लॉन्च करने वाली रिलायंस जियो महज पांच साल में भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया को पछाड़ते हुए देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि त्योहार सभी को मन, वचन और कर्म में सदाचार के मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित करे। एक संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन व शिक्षाएं भलाई व नैतिकता की सीख देते हैं। मुर्मू ने कहा, उन्होंने निष्काम कर्म की अवधारणा का प्रचार किया और लोगों को "धर्म" के मार्ग के माध्यम से परम सत्य की प्राप्ति के बारे में बताया। मेरी प्रार्थना है कि जन्माष्टमी का यह पर्व हमें अपने मन, वचन और कर्म में सदाचार के मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित करें। राष्ट्रपति भवन के एक संदेश के मुताबिक, राष्ट्रपति ने जन्माष्टमी के अवसर पर देश और विदेश में रहने वाले सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पंजाब के कृषि विभाग द्वारा फसलों के अवशेषों की संभाल के लिए किसानों को दी मशीनों में 150 करोड़ रुपए के घोटाला होने की संभावना जताई गई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जहां कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल द्वारा विजीलेंस जांच करवाने की बात कही गई है, वहीं इस मामले को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह भी राडार पर आ गए है। बताया जा रहा है कि विजीलैंस द्वारा कैप्टन से इस मामले संबंधित पूछताछ की जा सकती है। जिस समच यह घोटाला हुआ, उस समय कैप्टन पंजाब के मुख्यमंत्री थे और केंद्र द्वारा जो भी पैसा या सुविधा आती हैं, उसकी पूरी जिम्मेवारी मुख्यमंत्री की होती है। इसके अलावा उन किसानों से भी पूछताछ की जा सकती हैं, जिनकी तरफ से यह मशीनें खरीदी गई है। कृषि मंत्री ने बताया कि 16 अगस्त, 2022 तक विभाग की तरफ से मुहैया करवाई गई 83,986 मशीनों में से 79,295 मशीनों की फिजिकल वैरीफिकेशन की जा चुकी है, जोकि कुल 94.4 प्रतिशत है। इन वैरीफाई की गई मशीनों में से 11,275 मशीनें (13 प्रतिशत) सूचियों में दर्शाए गए लाभार्थियों के पास उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मूल तौर पर की गई जांच के दौरान यह घपला 150 करोड़ रुपए तक का लगता है, जिसकी बारीकी से जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विजीलैंस विभाग को लिखा गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के अग्रणी सीमेंट निर्माताओं में से एक डालमिया भारत लिमिटेड (DBL) देश के पूर्वी क्षेत्र के पांच राज्यों से देश के 75 सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान करते हुए, “भारतीय स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव" में पदार्पण किया है। "सैल्यूटिंग 75" थीम के तहत पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में एक साथ आयोजित सम्मान समारोहों में देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के अमूल्य योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। उनका यह योगदान कल भी और आज भी सभी भारतीयों को प्रेरित करता है। समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने से हुई। उसके बाद, एक सामाजिक सभा हुई, जिसमें विभिन्न स्थानों और रैंकों के तहत भारतीय सेना या सुरक्षा सेवाओं में अपनी सेवा प्रदान करने वाले 75 राष्ट्रीय नायकों को सम्मानित किया गया। डालमिया भारत टीम, उसके सहयोगियों और प्रमुख प्रभावशाली हस्तियों की मौजूदगी में उन्हें एक फलक, स्मृति चिह्न, शाल, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज और विशेष रूप से उनके लिए ही बनाई गई कलम भेंट की गई। कंपनी की "सैल्यूटिंग 75" पहल पर अपनी बात रखते हुए कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, हालांकि हमने भारत की आज़ादी के पर्व के दिन गर्व से जश्न मनाया और साथ ही हम अपने देश के नायकों की अदम्य भावना और अपनी मातृभूमि की सेवा करने की उनकी कर्तव्य भावना की सराहना करने का अवसर भी नहीं चूके। अपने देश के प्रति उनके धैर्य, वीरता और समर्पण की वजह से हमें अपनी स्वतंत्रता को बनाए रखने और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को कायम रखने में मदद मिली है। अपने जीवित दिग्गज योद्धाओं के योगदान को सम्मानित करने के अलावा, हमने अपने उन शहीद नायकों को भी सम्मानित किया जिन्होंने हमारे देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। सम्मानित करने के लिए चुने गए ये 75 दिग्गज सैनिक पूर्वी भारत के पांच राज्यों से संबंध रखते हैं। पश्चिम बंगाल केसिलीगुड़ी और कोलकाता से 20 दिग्गज सैनिकों को सम्मानित किया गया। ओडिशा के राजगंजपुर, भुवनेश्वर और भद्रक तटीय क्षेत्रों से 15 नायकों को सम्मानित किया गया। बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर, दाऊदनगर और औरंगाबाद शहरों से 25 दिग्गज सैनिकों को सम्मानित किया गया, जबकि यूपी के वाराणसी से 10 और झारखंड के बोकारो से5 बहादुरों को सम्मानित किया गया। भारत की आज़ादी के 75 साल पूरे होने पर इस सम्मान को केंद्र सरकार की आज़ादी का अमृत महोत्सव पहल के साथ जोड़ा गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना वायरस के संक्रमण में एक बार फिर से इज़ाफा देखने को मिला। पिछले 24 घंटे में कोविड के 12608 नए संक्रमित मरीज़ मिले हैं। जिसके बाद एक्टिव केस की संख्या अब 1,01,343 पर पहुंच गई है, जबकि डेली पॉजिटिविटी रेट 3.48% पर है। दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 1,652 नये मामले सामने आये जबकि आठ और मरीजों की मौत हो गई। वहीं संक्रमण दर करीब एक पखवाड़े बाद 10 प्रतिशत से नीचे आ गई। दिल्ली में बुधवार को संक्रमण दर कम होकर 9.92 फीसदी पर आ गई। दिल्ली में कोविड-19 के 1,652 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,88,391 हो गई जबकि मृतक संख्या बढ़कर 26,400 हो गई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse