देश

View All
Published / 2022-09-29 05:44:11
दावा : 5जी के लिए भारत में उपभोक्ता 45% अधिक भुगतान को तैयार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में 10 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास 5जी सेवा के लिए तैयार स्मार्टफोन हैं जो 2023 में 5जी नेटवर्क का उपयोग करना चाहते हैं। इनमें से कई लोग 5जी के लिए 45 प्रतिशत अधिक भुगतान करने के लिए भी तैयार हैं। एक सर्वे से बुधवार को यह जानकारी मिली। देश में 5जी सेवा की उपलब्धता के लिए उलटी गिनती शुरू हो चुकी है जिसके लिहाज से यह सर्वे महत्व रखता है। चीन के बाद दुनिया का सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार भारत का है। सर्वे में कहा गया कि भरोसा कायम करने का काम 5जी नेटवर्क का प्रदर्शन ही करेगा। इसके अलावा जो लोग 5जी सेवा का उपयोग करने की योजना बना रहे हैं उनमें से 36 प्रतिशत सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदाता की सेवाएं लेना चाहते हैं। वहीं 5जी सक्षम स्मार्टफोन वाले करीब 60 फीसदी लोग नई नवोन्मेषी एप्लिकेशंस की उम्मीद लगाये हैं। 5जी का वादा नाम की रिपोर्ट में कहा गया, ये उपयोगकर्ता ऐसे प्लान के लिए 45 प्रतिशत अधिक भुगतान करने को तैयार हैं जो उन्हें नवीन अनुभव देता हो और उनकी उम्मीदों के अनुरूप हो। यह रिपोर्ट इस वर्ष की दूसरी तिमाही में एरिक्सन कंज्यूमरलैब ने तैयार की और इसमें शहरी भारत के 30 करोड़ स्मार्टफोन धारकों की राय जानी गई। इसमें कहा गया कि ऐसी उम्मीद है कि 5जी की शुरुआत उपभोक्ताओं के साथ होगी फिर यह सेवा उद्यमों के स्तर तक पहुंचेगी क्योंकि 5जी को लेकर भारतीय उपभोक्ता पूरी तरह से तैयार हैं। इसमें कहा गया कि शहरी भारत में 5जी सेवा का लुत्फ उठाने का इरादा ब्रिटेन और अमेरिकी उपभोक्ताओं की तुलना में दोगुना ज्यादा है, जहां 5जी सेवा शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, बीते दो साल में भारत में 5जी हैंडसेट रखने वाले स्मार्टफोन धारकों की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। अध्ययन में पता चला कि 10 करोड़ से अधिक उपभोक्ता जिनके पास 5जी सेवा के लिए तैयार स्मार्टफोन है वे 2023 में 5जी सेवा लेना चाहते हैं। एरिक्सन कंज्यूमर लैब के प्रमुख जसमीत सेठी ने कहा कि 5जी सेवा भारत के सेवाप्रदाताओं को उपभोक्ता बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत करने का मौका देगी, जिसमें ध्यान 5जी की गुणवत्ता और उपलब्धता पर होगा।

Published / 2022-09-28 18:30:09
सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की जीवनी प्रकाशित करेगा पेंगुइन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की सबसे प्रतिष्ठित गायिका और भारत रत्न से सम्मानित स्वर्गीय लता मंगेशकर के 93वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने लता: ए लाइफ इन म्यूजिक शीर्षक से उनकी जीवनी को प्रकाशित करने की घोषणा की है। स्वर कोकिला लता जी की जीवनी मूल रूप से हिंदी में लेखक-कवि यतींद्र मिश्रा ने लिखा है। इसे लेखक, अनुवादक और पुरस्कार विजेता इरा पांडे द्वारा अनुवादित किया गया है। कला के प्रति समर्पित और भारत की सबसे पसंदीदा गायक की जीवनी का विवरण करते हुए, पेंगुइन प्रकाशन की इस पुस्तक का विमोचन 2023 की शुरुआत में किया जायेगा। लेखक यतींद्र मिश्रा ने कहा, लता दीदी एक वैश्विक और ख्याति प्राप्त कलाकार थीं। हिंदी में प्यार और सम्मान प्राप्त पुस्तक को अंग्रेजी के पाठकों के लिए प्रकाशित करना वास्तव में एक सम्मान का विषय है। अंग्रेजी संस्करण की अनुवादक इरा पांडे ने कहा, लताजी की आवाज की पवित्रता को लोगों के सामने लाते हुए यतींद्र मिश्रा की पुस्तक का अनुवाद करने के लिए मुझे चुनना उनकी विनम्रता और संगीत के प्रति मेरा समर्पण है तथा मेरे लिए यह एक चुनौती व खुशी दोनों ही है। इस पुस्तक को मूल रूप से हिंदी में लिखा गया है और हिंदी संस्करण लता: सुर-गाथा को 64वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन के लिए मामी पुरस्कार (2016-17) भी प्राप्त हो चुका है। इस पुस्तक को समर्थन देने वाले उत्कृष्ट लेखकों और सार्वजनिक हस्तियों में गुलजार, शुभा मुद्गल, कविता कृष्णमूर्ति और अन्य लोग भी शामिल हैं।

Published / 2022-09-28 18:20:52
लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान होंने देश के अगले सीडीएस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को नया प्रमुख रक्षा अध्यक्ष यानी सीडीएस नियुक्त किया है। लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान देश के दूसरे सीडीएस होंगे। उनकी नियुक्ति पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के स्थान पर की गई है। जनरल रावत की दिसंबर 2021 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद से ही यह पद खाली पड़ा था। लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान सैन्य मामलों के विभाग के सचिव का कार्य भी देखेंगे और उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने के दिन से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने सेना में करीब 40 वर्ष के कैरियर के दौरान विभिन्न कमान, स्टाफ और महत्वपूर्ण नियुक्तियों पर कार्य किया है। उन्हें विशेष रूप से जम्मू कश्मीर तथा पूर्वोत्तर में आतंकवाद तथा उग्रवाद रोधी अभियानों का अच्छा खासा अनुभव है। 18 मई 1961 को जन्मे लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को 1981 में सेना की 11 गोरखा राइफल में कमीशन मिला था। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खड़कवासला और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के छात्र रहे लेफ्टिनेंट जनरल चौहान को वर्ष 2019 में पूर्वी कमान का प्रमुख नियुक्त किया गया था। मई 2021 में सेवानिवृत्त होने तक उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। लेफ्टिनेंट जनरल चौहान को उल्लेखनीय एवं विशिष्ट सेवा के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

Published / 2022-09-28 08:34:24
कोर्ट से मिली इजाजत, अब सिंगापुर जा सकेंगे लालू

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आईआरसीटीसी घोटाला मामले में आरोपी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाने की इजाजत मिल गई है। दरअसल, लालू यादव ने कोर्ट में याचिका दायर कर इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाने की इजाजत मांगी थी, जिस पर आज यानी बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक सिंगापुर जाने इजाजत दी है। दरअसल, राजद सुप्रीमो लालू यादव किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। लालू परिवार ने डॉक्टरों से उनकी किडनी प्रत्यारोपण के लिए सलाह के बाद यह फैसला लिया है। दरअसल, लालू प्रसाद यादव कई बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी किडनी और फेफड़े में गंभीर संक्रमण हैं। साथ ही उन्हें मधुमेह और रक्तचाप भी है। उनकी दोनों किडनी 75 प्रतिशत से ज्यादा डैमेज हो चुकी है। दरअसल, बीते दिनों सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद यादव को उनका पासपोर्ट लौटाने के आदेश दिये थे। लालू प्रसाद ने पासपोर्ट वापस करने का अनुरोध करते हुए 13 सितंबर को अदालत में अर्जी दाखिल की थी। लालू की अर्जी पर सुनवाई के दौरान उनके अधिवक्ता ने अदालत से कहा था कि सिंगापुर के चिकित्सक ने 24 सितंबर को लालू यादव को वहां जांच की तारीख दी है, लिहाजा उससे पहले उन्हें सिंगापुर पहुंचना होगा। अतः उन्होंने मांग की कि यथाशीघ्र लालू यादव का पासपोर्ट वापस किया जाये। साथ ही अधिवक्ता ने यह भी अनुरोध किया कि सिंगापुर जाने के दिन से कम से कम दो महीने तक के लिए पासपोर्ट जारी किया जाये। चारा घोटाला में दोषी करार दिये जाने के बाद लालू यादव का पासपोर्ट सीबीआई कोर्ट ने जमा करा लिया था। सीबीआई कोर्ट ने पासपोर्ट जमा कराने के साथ ही लालू यादव के देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। लालू यादव की ओर से पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने का हवाला देते हुए नवीनीकरण के लिए पासपोर्ट रिलीज करने की मांग की गयी थी।

Published / 2022-09-28 06:02:02
मैंने चार दशक में सबसे बड़ा बदलाव भारत-अमेरिका संबंधों में देखा : जयशंकर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत-अमेरिका संबंधों को पिछले कुछ दशकों में आकार देने में अहम भूमिका निभाने वाले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि वह इस द्विपक्षीय संबंध को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों देशों के संबंधों के संदर्भ में किए गए एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं संबंधों को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। उन्होंने कहा कि एक राजदूत के तौर पर अपने चार दशक के कार्यकाल में मैंने सबसे बड़ा बदलाव भारत-अमेरिका संबंधों में देखा है। जयशंकर ने कहा कि आपका सवाल है कि मैं संबंधों को भविष्य में कहां देखता हूं... सच कहूं तो मैं आज अमेरिका को भारत जैसे देशों के साथ काफी सक्रिय रूप से काम करता देख रहा हूं, जो वास्तव में पारंपरिक गठबंधनों से परे सोच रहा है, जो संभावित या वास्तविक भागीदारों के साथ-साथ सामान्य आधार खोजने में बहुत प्रभावी रहा है। उन्होंने कहा कि इसका एक बेहतरीन उदाहरण क्वाड (चतुर्भुज सुरक्षा संवाद) है, जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान और भारत शामिल है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि करीब दो दशक पहले (15 साल पहले) हमने क्वाड का गठन करने की कोशिश की थी। तब यह मुमकिन नहीं हो पाया था, लेकिन अब यह काफी अच्छे से काम कर रहा है और पिछले दो साल में इसने काफी प्रगति की है। जयशंकर ने कहा कि उनका मानना है कि आज अमेरिका के साथ संबंध न केवल अधिक अवसर मुहैया कराते हैं बल्कि यह अपने आप में काफी महत्वपूर्ण हैं। इस समय भारत और उन्हें लगता है अमेरिका भी साथ काम करने से होने वाले लाभों को हासिल करना चाहेगा, चाहे वह अर्थव्यवस्था हो, चाहे वह तकनीकी क्षेत्र हो, चाहे सुरक्षा...। वहीं, ब्लिंकन ने कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में अमेरिका और भारत के पास इस सदी के भविष्य को आकार देने के लिए किसी भी अन्य देशों की तुलना में अधिक क्षमता व अवसर हैं।

Published / 2022-09-28 05:35:03
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले मात्र 3615 नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना मामलों में गिरावट जारी है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,615 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 4,972 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रलाय ने बताया, अब देश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा घटकर 40,979 पहुंच गया है। वहीं दैनिक संक्रमण दर 1.12 प्रतिशत दर्ज की गई है।

Published / 2022-09-28 04:30:20
आज से होगी आरबीआई की बैठक, महंगाई फिर बड़ा मुद्दा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश-दुनिया में बढ़ती महंगाई और महामारी के बाद उबरती अर्थव्यवस्था को गति देने पर मंथन करने के लिए आज बुधवार से तीन दिन तक रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) बैठक चलेगी। गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई में छह सदस्यीय इस बैठक के नतीजे 30 सितंबर को आयेंगे। दरअसल, महंगाई अभी भारत ही नहीं अमेरिका-यूरोप सहित पूरी दुनिया के लिए सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है और रिजर्व बैंक की इस बैठक में भी सभी फैसले इसी के इर्द-गिर्द लिए जा सकते हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अगस्त में खुदरा महंगाई दर 7 फीसदी पहुंच गई थी, जबकि सितंबर में इसके और ऊपर जाने का अनुमान है। ऐसे में ज्यादातर एक्सपर्ट ब्याज दरों में फिर बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं। आरबीआई ने मई में 0.40 फीसदी, जून में 0.50 फीसदी और अगस्त में 0.50 फीसदी रेपो रेट बढ़ाया था। आपको पता होगा कि रिजर्व बैंक पिछली तीन बैठकों में लगातार रेपो रेट में वृद्धि कर चुका है, जबकि आज से शुरू हुई चौथी बैठक में भी ब्याज दरें बढ़ाने की पूरी गुंजाइश दिख रही है। मई से अब तक रेपो रेट में 1.40 फीसदी की वृद्धि की जा चुकी और प्रभावी ब्याज दर 5.40 फीसदी पहुंच गई है। चूंकि, महंगाई लगातार आठ महीने से रिजर्व बैंक के तय दायरे (2 से 6 फीसदी) से बाहर है, लिहाजा इस बार भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने का पूरा चांस है। जैसा कि अनुमान है अगर रिजर्व बैंक रेपो रेट में एक बार फिर 50 आधार अंक की वृद्धि करता है तो प्रभावी ब्याज दर 5.90 फीसदी पहुंच जाएगी, जो तीन साल में सबसे ज्यादा होगी। हालांकि, रेपो रेट बढ़ाने का सीधा असर कर्ज की बढ़ती मांग और विकास दर पर भी होगा। ऐसे में रिजर्व बैंक इस पर फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं पर मंथन करेगा। विश्व बैंक, आईएमएफ सहित तमाम रेटिंग एजेंसियों ने भारत के विकास दर अनुमान में कटौती कर दी है। रिजर्व बैंक नहीं चाहेगा कि उसके किसी फैसले का असर तेजी से सुधार की ओर बढ़ती अर्थव्यवस्था पर दिखे।

Published / 2022-09-27 17:38:47
रिलायंस रिटेल का वन स्टॉप फैशन स्टोर रिलायंस सेंट्रो, शॉपिंग को मिलेंगे 300 से अधिक ब्रांड्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत की सबसे बड़ी रिटेल चेन रिलायंस रिटेल ने फैशन एंड लाइफस्टाइल डिपार्टमेंटल स्टोर रिलायंस सेंट्रो लॉन्च किया है। पहला रिलायंस सेंट्रो स्टोर दिल्ली के वसंत कुंज में खुला है। रिलायंस सेंट्रो का उद्देश्य भारत में ग्राहकों के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करते हुए देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक फैशन को पहुंचाना है। रिलायंस सेंट्रो स्टोर में कंज्यूमर कपड़े, फुटवियर, कॉस्मेटिक, लॉन्जरे, स्पोर्ट्सवियर से लेकर लगेज तक खरीद सकेंगे। इसके अलावा ग्राहकों को देश-विदेश के 300 से अधिक ब्रांड्स में से चुनने का विकल्प मिलेगा। रिलायंस सेंट्रो में देश के मिड और प्रीमियम सेंगमेंट कस्टमर्स की फैशन जरूरतों का ध्यान रखा गया है। रिलायंस सेंट्रो दिल्ली के फैशन के दीवानों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सदाबहार हाई क्वालिटी फैशन ऑफर करेगा। यहां हर उम्र के लोगों की फैशन संबंधी जरूरतें पूरी होंगी। रिलायंस सेंट्रो में आप हर त्योहार, शादी-विवाह या अन्य किसी भी समारोह के लिए शॉपिंग कर सकेंगे। यहां आपकी पहुंच आज की फैशन जरूरतों के अनुसार मॉर्डन व अच्छी क्वालिटी के फैशन तक होगी। आप अलग-अलग ब्रांड्स और स्टाइल में से अपनी पसंद के मुताहिक शॉपिंग कर सकेंगे। यहां बच्चे, महिलाएं व पुरुष उत्पादों की बड़ी श्रृंखला के साथ शॉपिंग का आनंद ले सकेंगे। इस क्षेत्र में यह अपनी तरह का पहला स्टोर है जो 75,000 वर्ग फुट में फैला है। ओपनिंग के मौके पर इस स्टोर पर खरीदारों को कई ऑफर भी मिल रहे हैं। स्टोर उद्घाटन के मौके पर 3999 रुपये की शॉपिंग पर 1500 रुपये और 4999 रुपये या उससे अधिक खरीदारी पर 2000 रुपये की छूट ऑफर कर रहा है।

Page 185 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse