एबीएन सेंट्रल डेस्क। रिलायंस जियो बहुत जल्द बाजार में सस्ता 5जी फोन लांच करने वाली है। कंपनी ने गूगल के साथ मिलकर सस्ता 5जी स्मार्टफोन उतारने का ऐलान किया है। फोन की शुरुआती कीमत 8000 रुपये से 12000 रुपये के बीच रह सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि जियो स्मार्टफोन अगस्त 2023 तक बाजार में आ सकता है। सबसे सस्ता 5जी फोन : जियो ने इससे पहले एक कार्यक्रम में दावा किया था कि कंपनी भारत में सबसे सस्ते 5जी फोन लॉन्च करेगी। कंपनी का दावा था कि इसकी शुरुआती कीमत 5 हजार रुपये के आस पास रहेगी। बाद में इसके कीमत में और भी कमी की जा सकती है। हालांकि अभी जियो 5 जी फोन के वास्तविक कीमत के लिए इंतजार करना पड़ेगा। कम दाम में बेहतरीन फीचर : जियो अपने 5जी फोन में कई नए फीचर लाने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी शुरुआत में 4GB RAM और 32GB के इंटरनल स्टोरेज के साथ फोन लॉन्च करेगी। इसके साथ ही फोन में 1,600 x 720 pixel रिजॉल्यूशन के साथ IPS LCD डिस्प्ले मिल सकता है। फोन में octa-core Qualcomm Snapdragon 480 5G का प्रोसेसर मिलेगा जबकि फोटोग्राफी के लिए 13MP और 2 MP का डुअल रियर कैमरा मिल सकता है। सेल्फी के लिए फोन में 5MP का फ्रंट कैमरा भी दिया जाएगा। फोन में 5000mAh की बैटरी रहेगी जो 18W के चार्जर को सपोर्ट करेगा। गुगल के साथ समझौता : जियो सस्ते 5जी फोन के लिए गूगल के साथ मिलकर काम कर रही है। आकाश अंबानी के जियो चेयरमैन पद पर जाने के बाद ही गूगल और जियो के बीच कई अरब डॉलर का समझौता हुआ था। इस समझौते के अनुसार गूगल 5जी फोन के निर्माण और 5 जी के विस्तार में जियो की मदद करेगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के शोपियां और बारामूला जिलों में शुक्रवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा दक्षिण कश्मीर के शोपियां के चित्रगाम इलाके और उत्तरी कश्मीर के बारामूला के येदिपुरा इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू करने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश को तीसरी स्वदेश निर्मित हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आज मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल के बीच नए और उन्नत संस्करण वाले ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे राज्यमंत्री दर्शना जरदोष भी उपस्थित रहेंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 1,128 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। बता दें कि पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर चली थी। वहीं, दूसरी ट्रेन नई दिल्ली से श्री वैष्णो देवी माता, कटरा रूट पर चलाई गई थी। तीसरी वंदे भारत ट्रेन पहले की वंदे भारत ट्रेनों से अलग होगी। इस नई ट्रेन में यात्री सुविधाओं को देखते हुए कई तरह के परिवर्तन किये गये हैं। नई ट्रेन में कोविड को लेकर भी खास इंतजाम किये गये हैं। कवच तकनीक से लैस है वंदे भारत ट्रेन : गुजरात में चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन में पहली बार कवच तकनीक को लॉन्च किया जा रहा है। इस तकनीक की मदद से दो ट्रेनों की आमने-सामने से होने वाली टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। इस तकनीक को देश में ही विकसित किया गया है जिसके कारण इसकी लागत काफी कम है। केन्द्र सरकार द्वारा 2022 के बजट में 2,000 किलोमीटर तक के रेल नेटवर्क को कवच के तहत लाने की योजना के बारे में एलान किया गया था। खास है वंदे भारत ट्रेन : स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड के नाम से प्रसिद्ध यह ट्रेन 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति मात्र 52 सेकंड में प्राप्त कर लेती है। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधाओं के लिए स्लाइडिंग फुटस्टेप्स के साथ-साथ टच फ्री स्लाइडिंग डोर के साथ स्वचालित प्लग दरवाजे भी लगे हुए हैं। एसी की मॉनिटरिंग के लिए कोच कंट्रोल मैनेजमेंट सिस्टम, और कंट्रोल सेन्टर व मेन्टेनेन्स स्टाफ के साथ कम्युनिकेशन एवं फीडबैक के लिए जीएसएम/जीपीआरएस जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय और सामान्य यात्रियों के लिए टच-फ्री एमिनिटीस वाले बायो वैक्यूम टॉयलेट्स की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार, दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए सीटों में ब्रेल लिपि के साथ सीट संख्या उकेरी गई है ताकि ऐसे यात्री अपनी सीटों तक आसानी से पहुंच सकें। इतना ही नहीं, आधुनिक तकनीक की बात करें तो इस ट्रेन में बेहतर ट्रेन नियंत्रण प्रबंधन के लिए लेवल-II सेफ्टी इंटीग्रेशन सर्टिफिकेशन, कोच के बाहर रियर व्यू कैमरों सहित चार प्लेटफार्म साइड कैमरे, सभी कोचों में एस्पिरेशन आधारित फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम और इलेक्ट्रिकल क्यूबिकल्स और शौचालयों में एरोसोल आधारित फायर डिटेक्शन एंड सप्रेस सिस्टम जैसे बेहतर अग्निशमन सुरक्षा उपाय किए गए हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस ने भारत में यात्रा के एक नए युग की शुरुआत की है। मात्र 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह ट्रेन समान सुविधा वाली आयातित ट्रेन से लगभग आधी लागत में बनकर तैयार हो जाती है। प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए, ट्रेन की प्रमुख प्रणालियों को भारत में डिजाइन और निर्मित किया गया है। नई वंदे भारत ट्रेनों में हवा से आने वाले कीटाणु, बैक्टीरिया और अन्य वायरस को दूर रखने के लिए कैटेलिटिक अल्ट्रावॉयलेट एयर प्यूरिफिकेशन सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम नए डिजाइन में वायु शुद्धिकरण के लिए रूफ माउंटेड पैकेज यूनिट (आरएमपीयू) के तौर पर मिलेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन सीएसआईओ, चंडीगढ़ की सिफारिश पर इस सिस्टम को आरएमपीयू के दोनों सिरों में स्थापित किया गया है। जिससे ताजी हवा और वापस आ रही हवा के माध्यम से आने वाले कीटाणुओं, बैक्टीरिया, वायरस युक्त हवा को फिल्टर और साफ किया जा सके। जिससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को स्वस्थ माहौल में यात्रा कर सकें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचे। यहां उन्होंने पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने दौरे की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। 2019 में भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा का यह पहला ओडिशा दौरा है। जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नड्डा यहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद वह कटक की यात्रा करेंगे। वह पार्टी के दिवंगत नेता बिष्णु सेठी को श्रद्धांजलि देंगे और आज सुबह करीब 10 बजे तिहिदी कालीपड़िया में उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। सेठी का 61 साल की उम्र में 19 सितंबर को भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया था। इसके बाद नड्डा कटक में स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय पुनर्वास प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान में एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। बता दें, नड्डा देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं और पार्टी की राज्य इकाइयों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके अलावा वह 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नड्डा राज्य के अपने दौरे के दौरान करीब 30,000 कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राज्य के दौरे से पहले भाजपा प्रभारी सुनील बंसल ने भुवनेश्वर में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की थीं और कार्य सौंपे थे। उन्होंने 13 और 15 सितंबर को प्रशिक्षण शिविर में भी हिस्सा लिया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में 36वें राष्ट्रीय खेल का शुभारंभ किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये माहौल शब्दों से परे है। ये देश का सबसे बड़ा खेल उत्सव है। ये अद्भुत है, अभूतपूर्व है। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम से ‘जुड़ेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि ये आगाज है आने वाले भविष्य का। मोदी ने कहा कि नवरात्रि का पावन अवसर भी चल रहा है। गुजरात में मां दुर्गा की उपासना से लेकर गरबा तक यहां की अपनी अलग पहचान है। खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने कहा कि खेल के साथ गरबा का आनंद जरूर लीजिये, गुजरत के लोग आपकी मेहमान नवाजी में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ऐतिहासिक फैसलों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिसमें धारा 370 से लेकर तीन तलाक आदि शामिल है। लेकिन, कभी आपने गौर किया है कि मोदी सरकार की ओर से सितंबर महीने में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। जैसे आज यानी 29 सितंबर को ही सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी। इसके अलावा भी कई फैसले मोदी सरकार ने सितंबर के महीने में किये हैं। 2022 के सितंबर महीने में ही दो ऐतिहासिक फैसले लिये गये हैं और पहले भी कई बार सितंबर महीना ऐतिहासिक रहा है। ऐसे में आज हम आपको बताते हैं कि पीएम मोदी की सरकार ने सितंबर में कौन कौन से ऐतिहासिक फैसले लिए हैं… राजपथ का नाम बदला : हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 6 सिंतबर को राजपथ का नाम कर्तव्यपथ करने का फैसला किया था। सरकार ने ऐलान किया है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के स्टेच्यू से राष्ट्रपति भवन तक की सड़क कर्तव्य पथ कहलायेगी। इसके बाद 8 सितंबर 2022 को पीएम मोदी ने इंडिया गेट के सामने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन किया और राजपथ को कर्तव्यपथ के रुप में पहचान दी। सर्जिकल स्ट्राइक : अगर मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसलों की लिस्ट बनाई जाये तो इसमें सर्जिकल स्ट्राइक भी शामिल होता है। ये सर्जिकल स्ट्राइक भी 2016 में 29 सितंबर को की गई थी। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान में घुसकर उसे मुंहतोड़ जवाब दिया। मोदी सरकार के इस फैसले को जनता ने सराहा और वैश्विक स्तर पर भारत की आतंकविरोधी छवि मजबूत हुई। तीन तलाक : सर्जिकल स्ट्राइक के बाद साल 2018 में सितंबर के महीने में एक और ऐतिहासिक फैसला लिया गया। दरअसल, 19 सितंबर 2018 को केंद्र के इस फैसले के कारण मुस्लिम महिलाओं को तीन बार तलाक कहकर उनसे सम्बंध को खत्म करने की प्रथा को गैर-कानूनी करार दे दिया गया। यह 19 सिंतबर से लागू हो गया। इस फैसले में महिला को इस तरह तलाक देने वालों के लिए 3 साल की सजा का प्रावधान तय किया गया। पीएफआई पर बैन : बुधवार को यानी 28 सितंबर 2022 को ही मोदी सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई), उसके सहयोगियों को गैरकानूनी घोषित कर दिया। केंद्र ने इन सभी पर 5 साल का बैन लगाया। इस फैसले को मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसलों में शामिल किया जा रहा है। बता दें कि केंद्र सरकार लगातार पीएफआई पर कार्रवाई कर रही थी और इस पर बैन लगा दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : 27 सितंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की बात संयुक्त राष्ट्र में कही थी। इसके बाद 21 जून 2015 में संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों द्वारा मान्यता मिल गई थी और उसके बाद से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा। ऐसे में कहा जा सकता है कि पीएम मोदी सरकार ने सितंबर में कई ऐतिहासिक फैसले किये हैं। हालांकि, अब यह कहना मुश्किल है कि यह कोई खास प्लानिंग के तहत किया गया है या फिर ये सिर्फ संयोग है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से गुजरात का दो दिवसीय दौरा करेंगे, जहां वह विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और राज्य में पहली बार आयोजित हो रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय खेलों उद्घाटन से पहले अहमदाबाद के लोगों ने दिलचस्प ड्रोन शो का लुत्फ उठाया। इसकी कुछ तस्वीरें पीएम मोदी ने भी ट्वीट की है। वहीं, कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। साल 2015 के बाद पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन देश में हो रहा है और इस बार मेजबानी गुजरात कर रहा है। गुजरात, मोदी का गृह राज्य है और इस साल के अंत तक वहां विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में करीब तीन दशक से शासन कर रही भाजपा सत्ता में कायम रहने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री सूरत में डायमंड रिसर्च एंड मर्केंटाइल (ड्रीम) सिटी के मुख्य प्रवेश द्वार और इसके पहले चरण के कार्यों का उद्घाटन करने के साथ-साथ 3,400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके बाद यहां लिंबायत क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राज्य सरकार की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद भावनगर जायेंगे और करीब 6,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जिसमें भावनगर में दुनिया का पहला सीएनजी (संपीड़ित प्राकृतिक गैस) टर्मिनल तथा एक ब्राउनफील्ड बंदरगाह शामिल है। विज्ञप्ति के अनुसार, भावनगर शहर के जवाहर चौक इलाके में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री का वहां दो किलोमीटर लंबा रोड शो करने का भी कार्यक्रम है। उनका अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में गुजरात सरकार के नवरात्रि उत्सव में भाग लेने का भी कार्यक्रम है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में एक बार फिर से कोरोना मामलों में मामूली बढ़ौतरी देखने को मिली। बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 4,272 नए मामले सामने आये हैं, जबकि 27 लोगों की मौत हुई। इससे पहले बुधवार को देश में कोरोना संक्रमण के 3,615 नए मामले दर्ज किए गए थे। जबकि 22 लोगों की मौतें हुई। कल के मुकाबले आज नए संक्रमित मरीजों की दैनिक संख्या में 657 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक, 4,474 लोग कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब रहे। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या घटकर 40 हजार 750 रह गई है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 229 की कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 45 लाख 83 हजार 550 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर कुल 4 करोड़ 40 लाख 13 हजार 999 पहुंच गई है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 28 हजार 611 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब तक वैक्सीनेशन का आंकड़ा 218 करोड़ 17 लाख 94 हजार 748 हो गया पहुंच गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में 21 लाख 63 हजार 248 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगायी गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse