देश

View All
Published / 2022-10-04 11:15:27
500 एक्सप्रेस गाड़ियों की स्पीड बढ़ने से सफर हुआ आसान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रेल से यात्रा के दौरान जो लोग ट्रेन की लेटलतीफी से परेशान हैं उन्हें भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेल मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि नये टाइम टेबल में करीब 500 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की स्पीड को बढ़ा दिया गया है और अब ये ट्रेनें 10 से 70 मिनट पहले अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी। इसके अलावा 130 ट्रेनों (65 जोड़े) को सुपरफास्ट कैटेगरी में परिवर्तित करके गति दी गई है। अब सभी ट्रेनों की औसत गति में लगभग 5% की वृद्धि हुई है जिससे अधिक ट्रेनों के संचालन के लिए लगभग 5% अतिरिक्त पथ उपलब्ध हो गए हैं। वर्ष 2022-23 के दौरान मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए भारतीय रेलवे का समय पालन लगभग 84% है जो 2019-20 के दौरान 75% समय पालन से लगभग 9% अधिक है। भारतीय रेलवे लगभग 3,240 मेल/ एक्सप्रेस ट्रेनें चलाता है जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस, गतिमान एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, युवा एक्सप्रेस, उदय एक्सप्रेस शामिल हैं, साथ ही जनशताब्दी एक्सप्रेस और अन्य प्रकार की ट्रेनें भी हैं। इसके अलावा लगभग 3,000 यात्री ट्रेनें और 5,660 उपनगरीय ट्रेनें भी भारतीय रेलवे नेटवर्क पर संचालित होती हैं। इन ट्रेनों के जरिए रोजाना लगभग 2.23 करोड़ यात्री सफर करते हैं। अतिरिक्त भीड़ को कम करने और यात्रियों की मांग को पूरा करने के लिए 2021-22 के दौरान 65,000 से अधिक विशेष ट्रेन यात्राएं संचालित की गईं। वहन क्षमता बढ़ाने के लिए लगभग 566 कोचों को स्थायी रूप से संवर्धित किया गया था। सफर के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधा के लिए आईसीएफ डिजाइन रेक के साथ चलने वाली मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का रूपांतरण किया जा रहा है। भारतीय रेलवे ने 2021-2022 की अवधि के लिए आईसीएफ के 187 रेक को एलएचबी में परिवर्तित किया है। ट्रेनों के समय पर पहुंचने और रवाना होने के लिए इनकी समय पाबंदी में सुधार के लिए टाइम टेबल में जरूरी परिवर्तन किये गये हैं। कोविड महामारी के दौरान ठोस प्रयासों के कारण मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन में लगभग 9% का सुधार हुआ।

Published / 2022-10-04 11:06:11
मां वैष्णो के दरबार पहुंच गृह मंत्री अमित शाह ने की पवित्र गुफा की पूजा-अर्चना

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को दुर्गा महानवमी के शुभ अवसर पर जम्मू के कटरा शहर में माता श्री वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। शाह के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा तथा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। अमित शाह ने वैष्णो देवी के भवन पर पवित्र गुफा पर पूजा-अर्चना की और मां की आरती उतारी। बता दें कि शाह जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे। गृह मंत्री का अपनी यात्रा के दौरान गुर्जर, बकरवाल और पहाड़ी समुदायों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मिलने की योजना है। शाह का दो रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वह जम्मू के राजौरी जिले में एक रैली को मंगलवार को और उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में आयोजित अन्य रैली को बुधवार को संबोधित करेंगे। जपा ने इन दोनों इलाकों में रहने वाले पहाड़ी समुदाय की लंबे समय से लंबित मांग के तहत उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का वादा किया है। पहाड़ियों को अनुसूचित जनजाति श्रेणी में शामिल करने के प्रस्ताव पर गुर्जरों और बकरवालों ने नाराजगी जतायी है।

Published / 2022-10-04 10:59:17
सिंगापुर से फ़ोनपे का कामकाज पूरी तरह भारत में शिफ्ट, अगले साल तक आईपीओ की तैयारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की दिग्गज ऑनलाइन पेमेंट्स और फाइनेंशियल कंपनी फोनपे ने सिंगापुर से पूरी तरह अपना सारा कामकाज भारत में शिफ्ट कर लिया है। ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल तक कंपनी अपना आईपीओ ला सकती है। फ्लिपकार्ट ग्रुप की कंपनी पिछले एक साल से अपना कारोबार सिंगापुर से भारत शिफ्ट करने में जुटी थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। सिंगापुर से भारत डोमेसाइल शिफ्ट करने के काम तीन फेस में किया गया है। फस्ट फेस में पिछले साल फोनपे ने फोनपे सिंगापुर के पूरे कारोबार और सब्सिडियरीज को सीधे फोनपे प्राइवेट लिमिटेड (इंडिया) को दे दिया गया था। इसमें इंश्योरेंस ब्रोकिंग और वेल्थ ब्रोकिंग सर्विसेज भी शामिल हैं। सैकेंड फेस में फोनपे के बोर्ड ने हाल ही में नया ईएसओपी (एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान) तैयार करने और तीन हजार से अधिक फोनपे के ग्रुप एंप्लॉयीज के मौजूदा ईएसओपी के नए पर शिफ्ट करने को मंजूरी दी थी। थर्ड और आखिरी फेस में ओवरसीज डायरेक्ट इंवेस्टमेंट रूल्स के तहत फोनपे ने हाल ही में खरीदी गई इंडसओएस ऐपस्टोर को भी सिंगापुर से भारत शिफ्ट कर दिया है। इसके साथ ही फोनपे ग्रुप की कंपनियों और कारोबार से जुड़े सभी अधिकार फोनपे प्राइवेट लिमिटेड (इंडिया) में निहित हो जाएंगे। यूपीआई सेक्टर की दिग्गज कंपनी जल्द ही अपने आईपीओ को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि 2023 तक कंपनी प्रेफिट कमाने लगेगी और तभी आईपीओ को लॉन्च किया जायेगा। फोनपे यूपीआई सेक्टर की बड़ी कंपनी है। मासिक ऑनलाइन पेमेंट्स के हिसाब से देखे तो फोनपे की हिस्सेदारी करीब 47 फीसदी की है। फोनपे ने स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कंपनी अपने फाइनैंशियल सर्विसेज पोर्टफोलियो और यूपीआई बेडस्ड पेमेंट ऑपरेशन के विस्तार के लिए आईपीओ लाना चाहती है। कंपनी द्वारा अपने कोर बिजनेस के मुनाफे में आने के बाद आईपीओ को लॉन्च करेगी। फ़ोनपे 8 से 10 बिलियन डॉलर वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है।

Published / 2022-10-04 10:52:12
बेंगलुरु : चाइनीज ठग गैंग का भंडाफोड़, ईडी ने छापा मार जब्त किये 5 करोड़

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रवर्तन निदेशायल ने बेंगलुरु में ठगी करने वाले 12 कंपनियों का भंडाफोड़ किया है। ईडी ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इन सभी कंपनियों में छापेमारी कर 5 करोड़ से अधिक रुपये भी जब्त किये हैं। खास बात यह है कि इन कंपनियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने के लिए कीपशेयर नाम से एक ऐप भी बना रखा था। ईडी का कहना है कि ये कंपनियां वाट्सअप और टेलीग्राम के माध्य से युवाओं के पास मैसेज भेजती थीं। ईडी की मानें तो इस मामले में चीन और ताइवान के छह नागरिकों के साथ- साथ कुल 92 लोगों को आरोपी बनाया गया है। ईडी ने कहा कि चीनी नागरिकों ने एक ऐप के माध्यम से नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं के साथ धोखा किया है। इसके माध्यम से करोड़ों रुपए कमाये, जिसे चीन स्थित क्रिप्टो एक्सचेंजों में ट्रांसफर कर दिया। ईडी ने खुलासा किया है कि चीनी नागरिकों द्वारा संचालित इन फर्मों में स्थानीय लोगों को एचआर, मैनेजर, डायरेक्टर्स और टेलीकॉलर्स के रूप में काम पर रखा गया था। उन्होंने एक ऐप कीपशेयर लॉन्च किया, जो एक अन्य निवेश ऐप से जुड़ा था। यह प्लेस्टोर पर उपलब्ध था। ईडी के मुताबिक, नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं को रजिस्ट्रेशन के लिए एक राशि जमा करनी पड़ती थी। उन्हें कथित निवेश के लिए और पैसा जमा करने के लिए भी कहा गया। पीड़ित युवाओं को हस्तियों के वीडियो पसंद करने और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करने का काम सौंपा गया था। उन्हें प्रति वीडियो 20 रुपए का भुगतान किया जाता था। खास बात है कि यह राशि उनके ऐप वॉलेट में जमा कर दी गई थी। ईडी ने कहा कि यह तब तक जारी रहा जब तक प्लेस्टोर से ऐप को हटा नहीं दिया गया। ईडी ने कहा कि आरोपियों ने एकत्र किये गये धन को क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर दिया और उन्हें चीन स्थित क्रिप्टो एक्सचेंजों में स्थानांतरित कर दिया। ईडी ने कहा कि सभी लेनदेन फोन और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से चीनी व्यक्तियों के नियंत्रण में थे। 92 आरोपियों में से छह चीन और ताइवान के नागरिक हैं।

Published / 2022-10-04 10:37:07
टाटानगर से पटना का सफर सात घण्टे में पूरा करेगा तेजस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटानगर स्टेशन से सेमी हाई स्पीड की तेजस एक्सप्रेस चलेगी। आईआरसीटीसी अभी मुंबई, दिल्ली एवं अन्य मार्गों पर तेजस ट्रेन चला रही है, जिसे लोग स्पीड के कारण पसंद कर रहे हैं, यात्रा में समय कम लगने के साथ विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन तेजस ट्रेन के लिए भीड़ वाला मार्ग खोजने में जुटा है, ताकि साढ़े सात सौ से ज्यादा क्षमता वाली ट्रेन खाली न जाए। जानकार बताते हैं कि टाटानगर से पटना समेत अन्य किसी एक मार्ग पर तेजस दौड़ेगी। 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली तेजस ट्रेन से लोग सात से आठ घंटे में पटना पहुंच सकेंगे, जबकि अन्य ट्रेनों में टाटा से पटना जाने में 11 घंटे से ज्यादा समय लगता है। चक्रधरपुर के डीआरएम ने जल्द ही मंडल से वंदे भारत ट्रेन चलने की जानकारी दी हैं। इससे टाटानगर और हावड़ा मुंबई रेलमार्ग सेमी हाई स्पीड ट्रेन मार्ग में शामिल हो जायेगा। तेजस ट्रेन देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जो पूरी तरह से वातानुकुलित है। इसमें यात्रियों के मनोरंजन के लिए एलइडी लगी हैं। ऑटोमेटिक दरवाजे हैं। सभी कोच में ऑटोमेटिक फायर अलार्म और डिटेक्शन सिस्टम लगे हैं। कोच में ऐसी व्यवस्था है कि आग लगने पर खुद ऑटोमेटिक ब्रेक लग जाएगा। कोच में बायो-वैक्यूम टॉयलेट हैं।

Published / 2022-10-04 10:00:44
मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी क्रिटिकल है, सीसीयू से फिर आईसीयू में शिफ्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का लेटेस्ट हेल्थ अपडेट जारी हो गया है। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ने बताया है कि मुलायम सिंह की हालत अभी भी क्रिटिकल है और उनका इंटेसिव केयर यूनिट में इलाज चल रहा है। इससे पहले वह क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती थे। डॉक्टरों की टीम पूरी तरह से मुलायम सिंह के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। मुलायम को तबीयत बिगड़ने के बाद दो अक्टूबर को मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 82 साल के मुलायम सिंह यादव काफी दिनों से बीमार चल रहे हैं, लेकिन दो दिन पहले ज्यादा तबियत खराब होने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। मुलायम का 22 अगस्त से अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुलायम के बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव और अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव रविवार को अस्पताल पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता भी उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल परिसर पहुंचे, लेकिन पार्टी ने उन्हें अस्पताल नहीं आने की सलाह दी है। मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता का इसी साल जुलाई में निधन हो गया था। साधना गुप्ता के फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। साधना मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी का साल 2003 में निधन हो गया था। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।

Published / 2022-10-04 06:54:15
जम्मू-कश्मीर : आतंकी संगठन टीआरएफ ने की डीजी जेल हेमंत लोहिया की गला रेतकर हत्या

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक हेमंत लोहिया की यहां उनके निवास पर हत्या कर दी गई और पुलिस को उनके नौकर पर शक है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) मुकेश सिंह ने बताया कि नौकर फरार है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आतंकी संगठन टीआरएफ ने एचके लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी ली है। श्री सिंह ने बताया कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी लोहिया (52) शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास पर मृत मिले और जिनका गला रेता गया था। लोहिया को अगस्त में पुलिस महानिदेशक बनाया गया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा कि अपराध स्थल के प्रथम परीक्षण से पता चलता है कि यह हत्या का संदिग्ध मामला है। उन्होंने कहा, अधिकारी का नौकर फरार है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। सिंह ने कहा कि फॉरेंसिंक एवं अपराध जांच दल मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। वरिष्ठ अधिकार मौके पर हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस परिवार अपने वरिष्ठ अधिकारी की मौत पर दुख प्रकट करता है। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे हैं। उनके यहां रहने के दौरान ही इतनी बड़ी वारदात हुई है। इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Published / 2022-10-03 06:34:15
पीएम मोदी को मिले उपहारों की नीलामी : काशी विश्वनाथ मंदिर के मॉडल की सबसे ज्यादा बोली

एबीएन सोशल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार में मिले वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के एक मॉडल के लिए कुल 282 बोलियां लगाई गईं। इस मंदिर के मॉडल को लकड़ी से बनाया गया है। पिछले साल उत्तर प्रदेश में जब काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन हो रहा था, उसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को इसकी रेप्लिका उपहार में दी थी। इन दिनों पीएम को उपहार में दिये गये उपहारों सहित कुल 1200 से ज्यादा कीमती चीज़ों और स्मृति चिह्नों की ऑनलाइन नीलामी चल रही है। बताया जा रहा है कि नीलामी में सबसे ज्यादा 282 बोलियां काशी विश्वनाथ धाम के मॉडल के लिए लगी हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर की रेप्लिका के लिए शुरुआती बोली 16,200 रुपये की लगी थी। हालांकि अब तक इसकी सबसे ऊंची बोली 49.61 लाख रुपये की रही है। वहीं, ब्राजील में डिफलिम्पिक्स (2022) में 65 सदस्यीय भारतीय टीम द्वारा ऑटोग्राफ की गई एक टी-शर्ट ऐसी दूसरी चीज रही, जिसकी सबसे ज्यादा बोलियां लगीं। इस टी-शर्ट के लिए 222 बोलियां लगाई गईं और सबसे ज्यादा कीमत 47.69 लाख रुपये रही। थॉमस कप के गोल्ड मेडलिस्ट के श्रीकांत द्वारा ऑटोग्राफ की गई एक बैडमिंटन रैकेट को 212 बोलियां मिलीं, जिसकी सबसे ज्यादा कीमत 48.2 लाख रुपये रही। इन दोनों चीज़ों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये है। खेल से जुड़ी चीजों की भी लगीं ज्यादा बोलियां : स्पोर्ट्स से जुड़ी चीजों की भी बंपर बोलियां लगीं। 25 खेल से संबंधित चीजों की शुरुआती कीमत 5 लाख रुपये रही। हालांकि इनके लिए 10 लाख रुपये से लेकर 47 लाख रुपये के बीच तक बोलियां लगाई गईं। कॉमन वेल्थ गेम्स 2022 में पुरुष और महिला मुक्केबाजी टीम द्वारा साइन किए हुए रेड बॉक्सिंग ग्लव्स की एक जोड़ी के लिए 181 बोलियां लगीं। इसकी सबसे ज्यादा बोली 44.13 लाख रुपये रही। इसके अलावा, पंजाब के स्वर्ण मंदिर के लिए 100 बोलियां लगीं। इसकी अधिकतम बोली 19.70 लाख रुपये रही। पीएम मोदी के उपहारों की नीलामी 2 अक्टूबर शाम 5 बजे तक होनी थी। हालांकि इसे 10 दिनों की अवधि के लिए और बढ़ा दिया गया है।

Page 182 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse