एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में कोरोना मामलों में लगातार उताव-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,139 नये मामले सामने आने से देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,46,18,533 हो गयी। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 27,374 से घटकर 26,292 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 13 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,835 पर पहुंच गयी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में 25 अक्तूबर को कोलकाता समेत भारत के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक सूर्यग्रहण दिखेगा। खगोलशास्त्री देबी प्रसाद दुआरी ने यह जानकारी दी। इस खगोलीय घटना को देश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में बेहतर ढंग से देखा जा सकेगा, लेकिन पूर्वोत्तर भारत में यह सूर्यग्रहण नहीं दिखेगा क्योंकि इस क्षेत्र में यह खगोलीय घटना सूर्यास्त के बाद घटित होगी। भारत के अलावा यूरोप, उत्तरी अफ्रीका, मध्य एशिया और एशिया के अन्य क्षेत्रों में इसे देखा जा सकेगा। दुआरी के मुताबिक नई दिल्ली में ग्रहण की शुरुआत शाम 4 बजकर 29 मिनट पर होगी और यह शाम 6 बजकर 9 मिनट पर खत्म होगा। दक्षिण और मध्य भारत में सूर्य ग्रहण शाम 4 बजकर 49 मिनट से शाम 5 बजकर 42 मिनट तक रहेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दीवाली के दौरान हमले की आशंका को देखते हुए कोलकाता में हाई अलर्ट जारी करते हुए पुलिस ने सभी थानों को विशेष निर्देश दिए हैं। हरियाणा पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने चेतावनी दी है कि दीवाली पर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) आतंकी हमले कर सकता है। हरियाणा पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने चेतावनी दी है कि ट्विटर अकाउंट से ऐसी जानकारी मिली है इसलिए दीवाली के दौरान सुरक्षा के सभी उपाय करने चाहिए। कोलकाता पुलिस ने खुफिया विभाग को खास तौर पर अलर्ट कर दिया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक दीवाली के मौके पर देशभर में तोड़फोड़ की आशंका है। कोलकाता समेत सभी प्रमुख शहरों को विशेष रूप से चेतावनी दी गई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में कोविड-19 के 1,957 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के कुल मामले 4,46,16,394 हो गये, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 27,374 रह गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किये गये अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, आठ और मरीजों के जान गंवाने से मृतक संख्या बढ़कर 5,28,822 हो गयी। इसमें केरल द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की सूची में शामिल किये गये तीन मामले भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.75 प्रतिशत हो गयी है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गयी थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन को उनके 80वें जन्मदिन पर मुबराकबाद दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। दरअसल, बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन आज 80 साल के हो चुके हैं। आज उनका उनका जन्मदिन है। इस अवसर पर हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है। महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर ट्विट कर बधाई दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा कि अमिताभ बच्चन जी को 80वें जन्मदिन की बहुत बहुत बधाई। वह भारत की सबसे उल्लेखनीय फिल्मी हस्तियों में से एक हैं, जिन्होंने पीढ़ियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध और मनोरंजन किया है। वे लंबा और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 82 साल के मुलायम सिंह यादव की तबीयत काफी खराब चल रही थी और वो पिछले कई दिनों से यहां भर्ती थे। आज उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में होगा। उनके अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सहित केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के सीएम श्रद्धांजलि अर्पित करने आयेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जायेगी। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव सैफई में होगा। इस दौरान यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी सैफई पहुंचेंगे। इसके अलावा कई राज्य से सीएम के वहां पहुंचने की उम्मीद है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हेमंत सोरेन, ओम बिड़ला, केसीआर कमलनाथ समेत केंद्रीय मंत्री भी श्रद्धांजलि देने आयेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ड्रोनी नाम का क्वाडकॉप्टर कंज्यूमर कैमरा ड्रोन लॉन्च किया है। उन्नत सुविधाओं के साथ भारत में निर्मित ड्रोन कैमरा गरुड़ एयरोस्पेस द्वारा निर्मित है। महेंद्र सिंह धोनी इसके ब्रांड एंबेसडर हैं। बता दें कि गरुड़ एयरोस्पेस ने कृषि कीटनाशक छिड़काव, औद्योगिक पाइपलाइन निरीक्षण, सौर पैनल सफाई, मानचित्रण, सर्वेक्षण, सार्वजनिक घोषणाओं और वितरण सेवाओं के लिए ड्रोन समाधान पेश करके बाजार में अपनी एक जगह पहचान बनाई है। कंपनी ने अपना नया ड्रोन द्रोणी लॉन्च किया है। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में एक नये किसान ड्रोन का भी शुभारंभ हुआ, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र, विशेष रूप से अनुप्रयोगों के छिड़काव में है। बैटरी से चलने वाला यह ड्रोन 30 एकड़ भूमि पर प्रतिदिन कृषि कीटनाशक छिड़काव करने में सक्षम है। ड्रोन कंपनी की ओर से सोमवार को जारी एक स्टेटमेंट में धोनी ने कहा है कि गरुड़ एयरोस्पेस का हिस्सा बनकर मैं खुश हूं और उनके द्वारा बनाये जाने वाले अद्वितीय ड्रोन समाधानों के साथ उनकी विकास की कहानी को देखने के लिए काफी उत्सुक हूं। इसके साथ ही गरुड़ एयरोस्पेस एक सेलिब्रिटी ब्रांड एंबेसडर में शामिल होने वाला पहला ड्रोन स्टार्ट-अप कंपनी बन गया है। हालांकि इस डील के बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। धोनी ने इसमें कितना निवेश किया है, इसके बारे में खुलासा नहीं हो पाया है। बता दें कि भारत में ड्रोन का कारोबार तेजी से फैल रहा है। राजधानी में दिल्ली में पिछले दिनों एक ड्रोन महोत्सव का भी आयोजन किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस महोत्सव का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने घर-घर तक ड्रोन को पहुंचाने का रोडमैप बताया था, खासकर ड्रोन किसानों के लिए कैसे मददगार बनने वाला है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में रविवार को एक फुटबॉल मैच के दौरान बिजली गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और 21 अन्य झुलस गये। यह घटना राज्य की राजधानी से लगभग 350 किमी दूर जिले के नुआगांव ब्लॉक के बनेइलाटा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच के दौरान हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में से एक फुटबॉल खिलाड़ी था जबकि घायलों में अधिकांश दर्शक शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि मैदान में जब बिजली गिरी तब आसमान में बादल छाये हुए थे लेकिन इलाके में बारिश नहीं हो रही थी। खिलाड़ी कवर लेने के लिए दौड़ रहे थे इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी। इससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। कई अन्य खिलाड़ियों और दर्शकों सहित 21 लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि हातिबाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक डॉक्टर ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में से 17 को राउरकेला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जबकि शेष चार का हातिबाड़ी सीएचसी में इलाज चल रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse