एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 2,678 नये मामले सामने आने से देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,46,23,997 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 26,583 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह आठ बजे साझा किये गये आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 से 10 और लोगों के दम तोड़ने से मृतक संख्या बढ़कर 5,28,857 हो गई है। इन 10 मामलों में वे तीन लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन: मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से ठीक होने वालों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.76 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 74 मामलों का इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में दैनिक संक्रमण दर 1.13 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 1.07 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,40,68,557 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से देशभर में कोविडरोधी टीके की अब तक 219.21 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गये थे। बीते 24 घंटों में संक्रमण से जिन सात लोगों की मौत हुई है, उनमें कर्नाटक के तीन और गोवा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं पश्चिम बंगाल के एक-एक मरीज शामिल हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में मानव बलि देने के आरोप में गिरफ्तार भगावल सिंह के फेसबुक पोस्ट से खुलासा हुआ है कि उसका झुकाव छोटी कविताओं की तरफ था, जो जापानी कविताओं से मेल खाती हैं। इस जापानी कविता में कुल मिलाकर 17 अक्षर होते हैं और ये तीन लाइन में लिखी जाती हैं। पहली लाइन में पांच अक्षर, दूसरी लाइन में सात अक्षर और तीसरी लाइन में पांच अक्षर लिखे जाते हैं। अपनी पत्नी लैला और इस घटना के मास्टरमाइंड शफी के साथ गिरफ्तार होने से कुछ दिनों पहले 6 अक्टूबर को भगावल सिंह ने एक जापानी कविता फेसबुक पर पोस्ट की थी। भगावल ने इससे पहले भी कई ऐसी कविताएं पोस्ट की थीं। सिंह फेसबुक पर काफी एक्टिव रहता था। फेसबुक के जरिए वो शफी उर्फ रशीद के संपर्क में आया था। अपनी प्रोफाइल बायो में भागवल ने बताया है कि वह कोझनचेरी का रहने वाला है। एलंथूर के एक सरकारी स्कूल से उसने स्कूलिंग की और सेंट थॉमस कॉलेज में पढ़ाई की। उसकी फेसबुक प्रोफाइल में परिवार के दो सदस्यों की बेटे के रूप में पहचान की गई है। उसने अपने फेसबुक बायो में लिखा वैकल्पिक दवाओं और मर्म चिकित्सा के क्षेत्र में सेल्फ-एम्प्लॉयड हूं। हम दुर्घटना से पैदा होने वाली परेशानियों, अलग-अलग तरह की गठिया, पैरालैक्टिक, बोन सेटिंग का इलाज करते हैं। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि भगवल सिंह सीपीएम का एक स्थानीय कार्यकर्ता था। हालांकि पार्टी ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज कर दिया और कहा कि भगवल सिंह और उसकी पत्नी का सीपीएम से कोई जुड़ाव नहीं था, ना ही उनका पार्टी या उससे जुड़े संगठनों में कोई पद था। दरअसल, केरल के पथनमथिट्टा जिले में कथित तौर पर मानव बलि देने के इरादे से दो महिलाओं की हत्या कर दी गयी। महिलाओं की हत्या का आरोप भगावल सिंह, उसकी पत्नी लैला और मोहम्मद शफी पर लगा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि हासिल करने के लिए महिलाओं की बलि दी थी। इस मामले का मास्टरमाइंड शफी एक हिस्ट्री शीटर है। भगावल और उसकी पत्नी लैला को पैसों से जुड़ी परेशानियों का डर था। शफी ने दंपति के इसी डर का फायदा उठाया। शफी ने दंपति को समझाया कि मानव बलि देने से उनकी पैसों की समस्या दूर हो जायेगी। दंपति ने उसकी बातों में आकर ठीक वैसा ही किया और उत्पीड़न के बाद दोनों महिलाओं की बलि दे दी। पुलिस ने बताया कि शफी के खिलाफ चोरी, बलात्कार समेत कई अपराधों के मामले दर्ज हैं। उसने 75 साल की एक महिला के साथ बलात्कार किया था और उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने बताया कि मानव बलि के मामले में भी पीड़िताओं के गुप्तांगों पर जख्म दिये गये। केरल पुलिस की रिमांड रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पीड़िताओं का उत्पीड़न किया गया और उनमें से एक के स्तनों को काटकर अलग कर दिया गया। आरोपियों ने दूसरी पीड़िता के शव के 56 टुकड़े कर दिये। पीड़िताओं की हत्या करने से पहले आरोपियों ने उन्हें खाट से बांध दिया और उनके गुप्तांगों पर चाकू से वार कर कई गहरे जख्म दिये। बताया जा रहा है कि मास्टरमाइंड मोहम्मद शफी ने श्रीदेवी नाम की महिला बनकर फेसबुक पर भगावल से दोस्ती की। हालांकि बाद में उसने अकाउंट्स में कुछ बदलाव किए और खुद को एक पूजा और अनुष्ठान करने वाला दिखाया और दावा किया कि वो शादीशुदा जोड़ों की परेशानियां कम करता है और उन्हें समृद्धि की ओर ले जाता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत में 5जी टेक्नोलॉजी पूरी तरह से स्वदेशी है। इसे हमें कहीं और आयात नहीं किया है। ये पूरा का पूरा भारत का प्रोडक्ट है। वाशिंगटन में जॉन्स हॉपकिन्स स्कूल ऑफ एडवांस्ड इंटरनेशनल स्टडीज में छात्रों को संबोधित करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, अभी तक पूरी कहानी जनता तक नहीं पहुंची है। हमने अपने देश में जो 5जी लॉन्च किया है, वह पूरी तरह से स्वदेशी है और स्टैंडअलोन है। इसके कुछ महत्वपूर्ण हिस्से कोरिया जैसे देशों से आ सकते हैं लेकिन इसके अलावा निश्चित रूप से किसी और कुछ भी नहीं लिया जायेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत अन्य देशों के साथ भी 5जी तकनीक साझा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जो भी देश 5जी टेक्नोलॉजी चाहता है, हम उसके साथ इसे शेयर करते के लिए पूरा तरह से तैयार हैं। ये हमारी खुद की पूरी स्वदेशी तकनीक है। फिलहाल सिर्फ सीमित शहरों में 5जी लॉन्च करने वाली प्राइवेट कंपनियों का हवाला देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश के अधिकांश लोग 2024 तक 5जी टेक्नोलॉजी का लाभ मिलने लगेगा। 5जी पर हमें भारत की उपलब्धि पर बेहद गर्व है और आगे होने वाला भी है।
एबीएन सेंटल डेस्क। कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो-दो सब वैरिएंट ने चीन में फिर से संक्रमण फैला दिया है। यहां पांच से ज्यादा राज्यों में संक्रमण के मामलों में अचानक से उछाल आया है जिसे वैज्ञानिक नये सब वैरिएंट का असर मान रहे हैं, लेकिन भारत की स्थिति फिलहाल इससे कुछ अलग है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले साल से देश में संक्रमित मिल रहे मरीजों में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हो रही है। अब तक देश में ओमिक्रॉन के नौ सब वैरिएंट की पहचान हो चुकी है जिनका प्रसार सबसे अधिक है लेकिन इनमें वे दो सब वैरिएंट शामिल नहीं है जो चीन में मिले हैं। जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए गठित इन्साकॉग नेटवर्क के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि देश में अभी तक ओमिक्रॉन के बीए.1, बीए.2, बीए.3, बीए.4, बीए.5, बीए.2.9, बीए.2.12.1, बीए.2.3.8 और बीए.2.73 नामक सब वैरिएंट मिले हैं जो चीन में मिले BF.7 और BA.5.1.7 के समान नहीं हैं। चीन में मिले दोनों सब वैरिएंट अत्यधिक संक्रामक हैं और तेजी से फैल रहे हैं। इनमें से BF.7 नामक सब वैरिएंट की प्रसार क्षमता सबसे अधिक होने की सूचना है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तक देश में नये सब वैरिएंट की पहचान नहीं हुई है, लेकिन सरकारों को तत्काल अलर्ट जारी करना चाहिए और विदेश यात्रा को लेकर निगरानी बढ़ानी चाहिए। अगर पुराने अनुभव के आधार पर बात करें तो यह जरूरी नहीं है कि चीन में फैलने वाले सब वैरिएंट दूसरे देशों में नहीं मिल सकते। दरअसल, देश में कोरोना वायरस की निगरानी के लिए सरकार ने साल 2020 में इन्साकॉग नेटवर्क गठित किया था जिसके अधीन देश भर की प्रयोगशालाओं में जीनोम सीक्वेंसिंग की जाती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी है। पीएम मोदी इसके अलावा यहां विकास की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना राष्ट्र को समर्पित करेंगे और साथ ही जिले में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला भी रखेंगे। पीएम मोदी चंबा में एक सार्वजनिक समारोह में दो पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी ने ऊना के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखायी। पिछले महीने मोदी ने गुजरात में तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की थी। यह ट्रेन गांधीनगर से मुंबई के बीच चलती है। नयी वंदे भारत ट्रेन पहले की तुलना में एक उन्नत संस्करण है, जो बहुत हल्की है और कम अवधि में उच्च गति तक पहुंचने में सक्षम है। यह महज 52 सेकेंड में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। ये ट्रेन पंजाब में कीरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब, ज्वाला देवी एवं माता चिंतपूर्णी जैसे तीर्थों को जोड़ेगी। इससे महज पांच घंटे में उना से दिल्ली तक का सफर पूरा किया जा सकेगा। वन्दे भारत के शुरू होने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के निवासियों को भी काफी फायदा होगा। वन्दे भारत एक्स्प्रेस सप्ताह में 6 दिन सुबह 5.30 बजे दिल्ली से रवाना होगी और 10.34 बजे उना पहुंचेगी। इसके आगे 11.05 बजे अंब-अंदौरा पहुंचेगी। बुधवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसी ट्रेन से नई दिल्ली आयेंगे। चंडीगढ़ में इसी ट्रेन में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी सवार होंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। संयुक्त राष्ट्र विश्व भू-स्थानिक अंतर्राष्ट्रीय कांग्रेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के शीर्ष स्टार्टअप हब में से एक है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट ने हमें ये सिखाया है कि सभी को साथ लेकर चलने के लिए दुनिया को एकजुट होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम अंत्योदय के विजन पर काम कर रहे हैं, जिसका अर्थ मिशन मोड में अंतिम छोर पर अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि एक संकट के दौरान एक दूसरे की मदद करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा एक संस्थागत दृष्टिकोण की आवश्यकता है। संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक संगठन हर क्षेत्र में संसाधनों को अंतिम छोर तक ले जाने में नेतृत्व कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना ने हमें सिखाया कि सभी को साथ लेकर चलने के लिए दुनिया को एकजुट होना चाहिए। विकासशील दुनिया में अरबों लोगों को निदान, दवाएं, चिकित्सा उपकरण, टीके और बहुत कुछ की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि विकास के क्षेत्र में कोई भी गांव छूटना नहीं चाहिए। यह एक ऐसा विषय है जिसे बीते कुछ सालों में भारत द्वारा उठाये गये कदमों के रूप में देखा जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक महान नवीन भावना वाला एक युवा राष्ट्र है। भारत दुनिया के शीर्ष स्टार्टअप हब में से एक है। 2021 के बाद से, हमने यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की संख्या लगभग दोगुनी कर दी है। भारत की विकास यात्रा के दो स्तंभ महत्पूर्ण है जोकि तकनीक और प्रतिभा हैं। तकनीक परिवर्तन का आधार है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम-स्वामित्व योजना इस बात का उदाहरण है कि कैसे डिजिटलीकरण से लोगों को फायदा होता है। हम गांवों में संपत्तियों का नक्शा बनाने के लिए ड्रोन का उपयोग कर रहे हैं, और इसका उपयोग कर ग्रामीणों को उनके संपत्ति कार्ड मिल रहे हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलकाता के कुदघाट इलाके में एस्के मूवीज के स्टूडियो में भीषण आग लग गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। इस घटना में कितना नुकसान हुआ है अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल और भी जानकारी की प्रतीक्षा है।
टीम एबीएन, रांची। महेंद्र सिंह धोनी ने पौधा आधारित प्रोटीन स्टार्टअप शाका हैरी में निवेश किया है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पौधा आधारित चिकन बनाने वाली स्टार्टअप कंपनी ने बताया कि उसे बेटर बाइट वेंचर, ब्लू होराइजन और पैंथेरा पीक वेंचर्स के नेतृत्व में शुरुआती पूंजी के दौर में 20 लाख डॉलर का निवेश मिला है। कंपनी में धोनी के अलावा जाने-माने खानसामा मनु चंद्रा जैसे अन्य निवेशक भी शामिल हैं। धोनी ने साझेदारी के बारे में बात करते हुए संवाददाताओं से कहा कि उन्हें चिकन बहुत पसंद है लेकिन अब वह संतुलित आहार पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, शाका हैरी के उत्पाद एक विस्तृत श्रृंखला के साथ आते है और पारंपरिक मांस व्यंजनों की तुलना में एक स्वस्थ अनुभव प्रदान करते हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse