देश

View All
Published / 2022-12-22 15:10:53
सिलीगुड़ी : नाबालिग के अपहरण का आरोपी युवक गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नाबालिग का अपहरण करने के आरोप में भक्तिनगर थाना की पुलिस ने एक युवक को बुधवार देर रात गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम बसंत पांडे है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वार्ड नंबर 40 में रहने वाली एक 13 वर्षीय नाबालिग का बुधवार को अपहरण हो गया था। जिसकी शिकायत नाबालिग के परिजन ने थाने में दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अपहरण हुई नाबालिग को छोटा फाफरी इलाके से बरामद कर लिया गया। वहीं, बसंत पांडे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Published / 2022-12-22 11:19:31
देश में कोरोना : 24 घंटे मिले 185 मामले, एक की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 185 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,76,515 पर पहुंच गयी है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,402 रह गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में संक्रमण से एक और मरीज की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,30,681 हो गयी है।

कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,402 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में छह मामलों की कमी दर्ज की गयी है। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,41,42,432 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.03 खुराक दी जा चुकी है। 
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गयी थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गयी थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।

Published / 2022-12-22 11:11:19
रायपुर : हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी 24 को पहुंचेगी छत्तीसगढ़

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हॉकी वर्ल्ड ट्रॉफी 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेगी। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ट्रॉफी का अनावरण करेंगे। हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को हॉकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा देश के विभिन्न 16 राज्यों में भ्रमण कराया जा रहा है। अंतिम पड़ाव में यह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच रही है।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा में 13 से 29 जनवरी 2023 तक एफआईएच ओडिशा मेन्स वर्ल्ड कप आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता भुवनेश्वर और राउरकेला में संपन्न होगी।

हॉकी वर्ल्ड ट्रॉफी रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में इस ट्रॉफी के स्वागत के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री निवास में सुबह 10.30 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल हॉकी वर्ल्ड ट्रॉफी का अनवारण भी करेंगे।

छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह पहला मौका है, जब हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी रायपुर आ रही है। इसके पूर्व 23 दिसंबर 2022 को फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा स्टेडियम बेंगलुरू (कर्नाटक) में एक भव्य समारोह में ट्रॉफी को छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी को सौंपा जायेगा।

अंसारी बेंगलुरू से यह ट्राफी लेकर सुबह 9 बजे फ्लाइट से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुचेंगे, जहां बाजे-गाजे के साथ ट्रॉफी का स्वागत किया जायेगा। सभी खिलाड़ी तथा खेल संघ के पदाधिकारी वहां से ट्रॉफी को लेकर सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुचेंगे। कार्यक्रम के बाद ट्रॉफी को रैली के रूप में शहर के नेताजी सुभाष स्टेडियम ले जाया जायेगा। वहां से शहर के एक बड़े मॉल और तेलीबांधा मरीन ड्राइव में आम जनता के लिके प्रदर्शन के लिए ले जाया जायेगा। इसके बाद यह ट्रॉफी विश्व कप आयोजन स्थल भुवनेश्वर के लिये रवाना होगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन तथा छत्तीसगढ़ हॉकी ने सभी खिलाड़ी और खेलप्रेमी जनता से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।

Published / 2022-12-22 09:41:14
गृहमंत्री ने कांग्रेस सांसद के पेगासस का जिक्र करने पर जतायी आपत्ति

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के सदन में चर्चा के दौरान खुफिया सॉफ्टवेयर पेगासस का जिक्र करने पर कड़ी आपत्ति जतायी। उन्होंने कहा कि सदन में गंभीरता से बहस के लिए आधारहीन बातें नहीं करनी चाहिए और स्वच्छंद आरोप नहीं लगाने चाहिए।

लोकसभा में नियम 193 के तहत नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विषय पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इसके नियंत्रण के लिए सीमा सुरक्षा को कैसे मजबूत किया जा रहा है? इसी दौरान उन्होंने कहा कि सरकार पेगासस के माध्यम से पत्रकार और नेताओं की जासूसी कर रही है, लेकिन ड्रग माफिया पर नियंत्रण के लिए कितना प्रयास कर रही है? यह बताये।

गृहमंत्री ने उनकी बात पर आपत्ति जताई और कहा कि सदन में गंभीरता से बहस होनी चाहिए। स्वच्छंद आरोप नहीं लगाने चाहिए। हर सदस्य को केवल वही बातें रखनी चाहिए जो सदन की गरिमा के अनुरूप हो। आगे उन्होंने कहा कि चर्चा से उनकी यह बात हटायी जानी चाहिए। मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सदस्यों को तथ्यों और प्रमाणों के साथ बात रखनी चाहिए, इससे उनकी स्वयं की मान्यता बढ़ती है।

Published / 2022-12-22 09:12:51
कोरोना की समीक्षा को केन्द्र और राज्य सरकारें सतर्क

  • दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकारों ने गुरुवार को बुलाई महत्वपूर्ण बैठक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन सहित कई देशों में एक फिर कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र केंद्र व राज्य सरकारें अलर्ट हो गई हैं। कोरोना की स्थिति की समीक्षा और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली में बैठक की। कोरोना की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और दिल्ली सरकार भी चौकन्नी हो गयी हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को बैठक बुलायी है। चीन में कोरोना से बिगड़ते हालात को देखते हुए बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अहम बैठक की।

बैठक में देश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री मंडाविया ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने विशेषज्ञों के साथ बैठक की। अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। सभी को सतर्क रहने और निगरानी तेज करने के निर्देश दिये गये हैं। इस बैठक में मंत्री मंडाविया के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ भारती पवार और स्वास्थ्य विभाग के वरिषठ अधिकारी मौजूद रहे। इसी बीच लखनऊ से जानकारी मिली है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन में एक बैठक करेंगे। इसमें कोरोना की मौजूदा स्थिति और नए वेरिएंट से निपटने के उपायों पर चर्चा की जायेगी। 

बैठक में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान काम कर रही नौ अधिकारियों की टीम मौजूद रहेगी।
कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक आपात बैठक गुरुवार को बुलायी है। इस बैठक में कोरोना से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। 

उल्लेखनीय है कि कोरोना के ओमिक्रॉन बीए.7 वैरिएंट के देश में संदिग्ध चार मामले सामने आये हैं। इनमें से गुजरात में तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें वडोदरा में दो और अहमदबाद में एक संदिग्ध मरीज मिला है। एक संदिग्ध एक मामला मिला है।

Published / 2022-12-22 08:49:37
मणिपुर : स्कूल बस पलटने से 15 छात्रों की मौत, कई गंभीर

  • हादसे पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने जताया दुख
  • घटनास्थल पर एसडीआरएफ और मेडिकल टीम पहुंची

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मणिपुर के नोनी जिले में टूर पर जा रही एक स्कूल बस पलट गई। हादसे में कम से कम 15 छात्रों की मौत हो गई। कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। बस में 36 छात्र और टीचर्स भी मौजूद थे।

स्टडी टूर पर जाते वक्त बस ओल्ड कछार रोड पर फिसल गई। मृतकों में 5 छात्राएं हैं। घटना सुबह 11.30 बजे की है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में दो बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने का दावा किया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस थम्बलनू हायर सेकेंडरी स्कूल, यारिपोक की थीं। ये खौपूम की ओर टूर पर जा रही थी। 22 छात्रों को इम्फाल के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर एसडीआरएफ और मेडिकल टीम को भेजा गया है।

Published / 2022-12-22 08:43:55
भारत पहुंचा चीन में कहर ढाने वाले कोरोना वैरिएंट, जानें कहां

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात के वडोदरा में कोरोना के बीएफ.7 वेरिएंट का मामला सामने आया है। अब तक गुजरात से दो मामले सामने आये हैं जबकि ओडिशा से एक मामला सामने आया है। अमेरिका की 61 वर्षीय महिला में बीएफ.7 वेरिएंट पाया गया। कोरोना का वेरिएंट मिलने के बाद महिला घर में ही आइसोलेट थी। फाइजर का टीका लगवाने के बावजूद महिला बीएफ.7 वेरिएंट से संक्रमित हुई। यह महिला 11 नवंबर को अमेरिका से वडोदरा आयी थी। महिला के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए गांधीनगर भेजे गये थे।

कोरोना के कई वेरिएंट्स अब तक आ चुके हैं। ओमीक्रोन इनमें सबसे प्रमुख रहा है। ओमीक्रोन के भी कई सबवेरिएंट्स आये हैं। इसी का एक सबवेरिएंट है बीएफ.7 जिसे बीए.5.2.1.7 के रूप में जाना जाता है। यह ओमीक्रोन वेरिएंट बीए.5 का एक सबवेरिएंट हैं। चीन में कोरोना के मामलों के फिर से बढ़ने के पीछे यही वेरिएंट बताया जा रहा है। चीन के अलावा भी यह वेरिएंट अमेरिका, यूके और बेल्जियम, जर्मनी, सहित दुनिया भर के कई अन्य देशों में पाया गया है।

तेजी से फैलता है बीएफ.7

बीएफ.7 अन्य वेरिएंट्स की तुलना में तेजी से फैलता है और ज्यादा लोगों को संक्रमित कर सकता है हालांकि यह ज्यादा खरतनाक नहीं है, लेकिन चिंता की बात यह है कि यह कोरोना वायरस के टीके लगवा चुके लोगों को भी अपनी चपेट में ले सकता है।

बीएफ.7 के लक्षण : बीएफ.7 के लक्षण ओमीक्रोन के पिछले सभी वेरिएंट्स की तरह हैं। इसके लक्षण हैं :

  • बुखार
  • खांसी
  • गले में खराश
  • नाक बहना
  • थकान
  • उल्टी और दस्त जैसे 
  • गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल लक्षण

Published / 2022-12-22 08:37:22
साल 2023 भारतीय इक्विटी के लिए रहेगा सपाट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोटक सिक्योरिटीज ने अगले साल के लिए निफ्टी का आधारभूत लक्ष्य 18,717 तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कई तरह के वैश्विक अवरोधों और बढ़ा हुआ मूल्यांकन अगले साल बढ़त को सीमित कर सकता है।

कोटक सिक्योरिटीज के कार्यकारी उपाध्यक्ष और शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा कि अल्पावधि में बाजार महंगे हो गए हैं और इस स्तर पर अहम रिटर्न की उम्मीद लगाना मुश्किल है। गिरावट सीमित रह सकती है लेकिन बढ़त की भी सीमा है। हम सपाट वर्ष की उम्मीद कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि निवेशकों के लिए सिर्फ इक्विटी से कमाई करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अन्य परिसंपत्ति वर्गों में निवेश करना होगा। लेकिन गिरावट में खरीदारी के मौके होंगे और निवेशकों को 12 महीने से ज्यादा ​के निवेश नजरिये को ध्यान में रखते हुए खरीदारी करनी चाहिए।

ब्रोकरेज ने कहा कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की निकासी को देखें तो भारतीय इक्विटी बाजारों ने खासी सुदृढ़ता का प्रदर्शन किया है। कोटक सिक्योरिटीज ने कहा कि कोविड, वैश्विक आपूर्ति शृंखला में अवरोध के कारण उच्च महंगाई, रूस-यूक्रेन युद्ध‍ के कारण भूराजनैतिक तनाव और ब्याज दरों में तीव्र बढ़ोतरी के रूप में भारतीय इक्विटी ने पिछले दो वर्षों में लगातार चार झटकों का सामना किया है।

अन्य अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले भारतीय अर्थव्यवस्था इन झटकों को अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से झेलने में सक्षम रही। और यह काम रियल एस्टेट, वाहन व बैंकिंग समेत कई क्षेत्रों में साइक्लिकल तेजी की अगुआई में हुई। विनिर्माण को लेकर चीन के विनिर्माण के सकारात्मक प्रभाव, उत्पादन से जुड़ाव वाला प्रोत्साहन कार्यक्रम और पूंजीगत खर्च में सुधार ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था की सुदृढ़ता में योगदान किया है।

कोटक सिक्योरिटीज के सीईओ जयदीप हंसराज ने कहा कि अगर निवेश निकासी पर नजर डालें तो यह साल आश्चर्यजनक रूप से अच्छा रहा है। 3 लाख करोड़ रुपये वाली अर्थव्यवस्था को देखते हुए मुझे उम्मीद है कि भविष्य में भारत उभरने वाला बाजार नहीं रहेगा बल्कि यह विकसित अर्थव्यवस्था के चरण में होगा। मुझे इसकी पूरी उम्मीद है। हालांकि ब्रोकरेज ने कहा कि वैश्विक कारकों और मौद्रिक सख्ती का बहुत ज्यादा असर नहीं रहने के कारण गिरावट का जोखिम बढ़ रहा है।

ब्रोकरेज ने कहा कि हम वित्त वर्ष 23 व वित्त वर्ष 24 के लिए जीडीपी में वास्तविक बढ़ोतरी का अनुमान 6.8 फीसदी व 6 फीसदी जता रहे हैं और इसके साथ गिरावट का भी जोखिम है। भारी-भरकम देसी निवेश से भारतीय इक्विटी को विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली के बीच खुद को खड़ा रखने में मदद मिली।

एसआईपी के जरिये भारतीय बाजारों में निवेश मई के बाद से बढ़कर 12,000 करोड़ रुपये के पार निकल गया है। वित्त वर्ष 7 महीने के पिछले सात महीने का औसत 12,300 करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 22 में औसत मासिक निवेश करीब 10,000 करोड़ रुपये रहा था। ब्रोकरेज ने कहा कि एसआईपी के जरिए इक्विटी बाजारों में टुकड़ों मे किया जाने वाला निवेश अनिश्चितता के दौर से निपटने का समाधान है।

एसआईपी के जरिये मजबूत निवेश भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेशकों के भरोसे के बारे में बताता है। हालांकि ब्रोकरेज ने सावधि जमाओं की ब्याज दरों में इजाफे के बीच देसी निवेश की निरंतरता पर चिंता जताई है। चौहान ने कहा कि इस साल निवेशकों के पास शेयर बाजारों में निवेश के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है। लेकिन अगले साल एफडी की बढ़ती ब्याज दरें कुछ निवेश आकर्षित कर सकता है। ­

Page 153 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse