देश

View All
Published / 2023-01-05 13:29:45
सबके सहयोग के बिना जल संरक्षण पर अकेली कुछ नहीं कर सकती सरकार : मोदी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संरक्षण के लिए दिये मंत्र

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जल संरक्षण के अभियानों में लोगों की भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि अकेले सरकार के प्रयासों से कुछ नहीं हो सकता। राज्यों के जल मंत्रियों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जल राज्यों के बीच सहयोग व समन्वय का विषय होना चाहिए और शहरीकरण की तेज गति को देखते हुए उन्हें पहले से ही इसके लिए योजना तैयार करनी चाहिए। उनकी इस टिप्पणी के कई मायने हैं, क्योंकि दशकों से कई राज्यों के बीच पानी के बंटवारे को लेकर विवाद है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मनरेगा के तहत, ज्यादा से ज्यादा काम पानी पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के अभियानों में जनता को, सामाजिक संगठनों को और सिविल सोसायटी को ज्यादा से ज्यादा शामिल करना होगा। मोदी ने कहा कि जब किसी अभियान से जनता जुड़ती है तो उसे उसकी गंभीरता का भी पता चलता है। गौरतलब है कि जल शक्ति मंत्रालय ने 5-6 जनवरी को भोपाल में जल से जुड़े विषय पर राज्यों के मंत्रियों के पहले अखिल भारतीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया है। जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार, राज्यों के मंत्रियों के इस पहले अखिल भारतीय वार्षिक सम्मेलन का विषय वॉटर विज़न@2047 है।

Published / 2023-01-05 10:52:39
वॉलमार्ट को अब करीब 80 अरब रुपये का कर चुकाना होगा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। वॉलमार्ट इंक और फोनपे के सभी शेयरधारकों को करीब 1 अरब डॉलर का कर चुकाना होगा। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने फोनपे के मुख्यालय का स्थानांतरण भारत में कर दिया है जिसके कारण यह कर चुकाना पड़ रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, फोनपे प्री-मनी वैल्यूएशन के आधार पर जनरल अटलांटिक, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और अन्य से 12 अरब डॉलर की धन राशि जुटा रही है, जिसके कारण भारी शुल्क लग रहा है।

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिनटेक फर्म का दिसंबर 2020 में अंतिम बार मूल्यांकन किया गया था, उस समय इसका मूल्यांकन 5.5 अरब डॉलर के करीब था।

टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट सहित कई निवेशक भारत में नई कीमत पर फोनपे के शेयरों को खरीद चुके हैं, जिसके कारण कंपनी को करीब 80 अरब रुपये की कर देनदारी बन रही है। फोनपे, वॉलमार्ट और टाइगर ग्लोबल ने रॉयटर्स द्वारा टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया है।

वॉलमार्ट ने पिछले महीने कहा था कि वह भारतीय ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी फ्लिपकार्ट के साथ फोनपे की साझेदारी को समाप्त करेगी। हालांकि कंपनी ने कहा कि वह इसके साथ ही दोनों कंपनियों में बहुलांश शेयरधारिता बरकरार रखेगी।

Published / 2023-01-05 10:31:23
वैक्सीन मैत्री से विभिन्न देशों से भारत की वैश्विक छवि हुई मजबूत़ : हरिवंश नारायण सिंह

  • राष्ट्रमंडल अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में शामिल हुए राज्यसभा के उपसभापति
  • सीएसपीओसी में राज्यसभा उपसभापति हरिवंश ने कोविडकाल में भारत के प्रयासों की दी जानकारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में चल रहे राष्ट्रमंडल अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन (सीएसपीओसी) में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कोविड के दौरान भारत की संसद के उठाये गये कदमों की विस्तृत जानकारी दी। दरअसल, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सीएसपीओसी में भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। 

सम्मेलन में उपसभापति ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान भारतीय संसद के उठाये गये कदमों का सिंहावलोकन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित टीकों की वैक्सीन मैत्री के रूप में दुनियाभर के विभिन्न देशों में आपूर्ति करने से भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भारत की संसद ने कोविड महामारी से निपटने के लिए नवीन प्रथाओं को भी अपनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संसद ने वैश्विक महामारी से निपटने के लिए अपनी नीतिगत पहल में सरकार का समर्थन किया। 

भारतीय संसद के दोनों सदन इस अवसर पर एक साथ खड़े रहे और उन्होंने शीर्ष विधायी निकाय द्वारा महामारी के दौरान अपने संवैधानिक कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरणों के माध्यम से संसद सदस्यों की भागीदारी और जनता से जुड़ाव में वृद्धि की है। इसके फलस्वरूप वे संसद की गतिविधियों को नागरिकों के करीब लाए हैं। 

सम्मेलन में हरिवंश ने कहा कि साइबर स्पेस इको-सिस्टम को सुरक्षित करने के लिए साइबर अपराध, साइबर आतंकवाद और ऐसी अन्य समस्याओं से निपटने के लिए सहयोग की आवश्यकता है। भारत के मूल दर्शन, वसुधैव कुटुम्बकम पर प्रकाश डालते हुए हरिवंश ने कहा कि भारत निश्चित रूप से स्थायी वैश्विक शांति और साझा समृद्धि के लिए आगे बढ़ने के लिए वैश्विक समाज के साथ चलेगा। इस सम्मेलन में उपसभापति के साथ लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारी भी भाग ले रहे हैं।

 इस सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रमंडल देशों में संसदों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों को एक मंच पर लाना है। इस तरह का पिछला सम्मेलन जनवरी 2020 में कनाडा में आयोजित हुआ था और अगला सम्मेलन 2024 में युगांडा में प्रस्तावित है।

Published / 2023-01-05 09:47:10
अमेरिका में कोहराम मचाने वाला ओमिक्रोन एक्सबीबी.1.5 का पहला केस भारत में भी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राजस्थान के जयपुर में कोरोना के ओमिक्रोन एक्सबीबी.1.5 का पहला केस मिला है। चिकित्सा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संक्रमित व्यक्ति सीकर का रहने वाला बताया जा रहा है और हाल ही में विदेश से लौटा था। बता दें कि युवक 19 दिसंबर को अमेरिका से जयपुर आया था और 22 दिसंबर को मरीज को तेज बुखार आया था जिसके बाद 23 दिसंबर को कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। 

वहीं इसके बाद सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग करायी गयी, जिसमें अमेरिकन वेरिएंट का पता चला। बता दें कि अमेरिका में इस नए वेरिएंट ने कोहराम मचा रखा है। इसकी वजह से ही यूएस में कोरोना केस में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहां फिलहाल कुल केसों में एक्सबीबी और एक्सबीबी.1.5 के करीब 44 फीसदी मामले मिले हैं। 

जानिए क्या है एक्सबीबी.1.5 वेरिएंट? 

  • कोविड का एक्सबीबी.1.5 वेरिएंट एक्सबीबी का सब-वेरिएंट है जो कि बीए.2.75 और बीए.2.10.1 से मिलकर बना है।
  • सिंगापुर, बांग्लादेश, यूरोप और उत्तरी अमेरिका में एक्सबीबी और एक्सबीबी.1 के कई मामले सामने आए है।  
  • ये नया वेरिएंट बीएफ.7 की तुलना में ज्यादा संक्रामक है।
  • बीएफ.7  वेरिएंट इतना खतरनाक है कि  चीन की स्वास्थ व्यवस्था चरमरा गई है।

Published / 2023-01-05 09:41:28
2023 में दो-तीन हस्तियों को भारत रत्न देने की तैयारी

  • अब तक 48 लोगों को मिल चुका है यह सम्मान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। इस साल मोदी सरकार दो से तीन हस्तियों को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित कर सकती है। साल 2019 में तीन हस्तियों प्रणब मुखर्जी, नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करने के बाद से मोदी सरकार ने भारत रत्न के लिए किसी के नाम की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस से पहले इस सर्वोच्च सम्मान के लिए राष्ट्रपति को सिफारिश भेजेंगे।

सूत्रों के मुताबिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए उनके परिवार को मनाने की कोशिश हो सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले नरसिंह राव सरकार के दौरान नेताजी को उनके परिवार के विरोध के कारण सर्वोच्च सम्मान नहीं दिया जा सका। साल 2014 में भी इस आशय की चर्चा चली थी। हालांकि परिवार के सदस्य नेताजी की मृत्यु से परदा हटाने की मांग करते रहे हैं।

करीब 68 साल पहले शुरू हुए इस सर्वोच्च सम्मान से अब तक 48 हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है। पहली बार साल 1954 में आजाद भारत के पहले गवर्नर जनरल चक्रवर्ती राज गोपालाचारी, वैज्ञानिक चंद्रशेखर वेंकटरमन और सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दिया गया था।

गौरतलब है कि मोदी सरकार के बीते करीब नौ साल के कार्यकाल में अब तक पांच हस्तियों को सर्वोच्च सम्मान दिया जा चुका है। दिवंगत मुखर्जी, हजारिका और देशमुख से पहले मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में साल 2015 में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय को यह सर्वोच्च सम्मान दिया गया था। इसके चार साल बाद बीते लोकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद तीन हस्तियों को सर्वोच्च सम्मान देने की घोषणा की गयी थी।

Published / 2023-01-04 21:49:46
नुक्कड़ सभा-चौपाल कर 2.25 करोड़ लोगों से भाजपा ने किया संपर्क : डॉ सुधांशु त्रिवेदी

  • 92 लाख से अधिक आरोप पत्र वितरित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को कहा कि राजस्थान की 128 विधानसभाओं में राज्य सरकार के खिलाफ जन आक्रोश महासभाएं भाजपा द्वारा हो चुकी है। जन आक्रोश यात्रा द्वारा 62 हजार 211 नुक्कड़ सभाएं एवं चौपालें आयोजित कर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से 2 करोड़ 25 लाख लोगों से संपर्क किया गया और 92 लाख से अधिक आरोप पत्र वितरित किये जा चुके हैं। साथ ही राज्य में 1 लाख 15 हजार किलोमीटर रथयात्राएं हुईं है। शेष विधानसभाओं में 10 जनवरी तक महासभाएं पूर्ण कर ली जायेंगी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकार सम्मेलन में त्रिवेदी ने यह जानकारी दी।

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है, सांप्रदायिकता, वैमनस्यता एवं धार्मिक उन्माद फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई नहीं करते। करौली, जोधपुर, भीलवाड़ा में हुए सांप्रदायिक उन्माद राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था की स्थिति को दशार्ता है। अतीत में राजस्थान की छवि शांति समृद्धि और राष्ट्रीय गौरव को प्रकट करने वाली थी और पर्यटकों के पंसद का राज्य माना जाता रहा है, लेकिन राजस्थान कांग्रेस के 4 वर्षों के शासन में अराजकता और खतरनाक कट्टरता में बहता हुआ राजस्थान बना दिया है। कानून व्यवस्था लचर होने से बच्चियां और महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। बलात्कार के मामलों को लेकर राजस्थान के वरिष्ठ मंत्री विधानसभा में कहते है कि मर्दों का प्रदेश है, कहां गयी मर्दानगी जब कन्हैयालाल की गर्दन उड़ायी गयी। मुख्यमंत्री भी कहते है कि महिलाओं की ओर से 56 फीसदी दर्ज कराये गये मामले झूंठे होते है, अशोक गहलोत इन मामलों में कितने बड़े सांख्यिकी और गणितीय विशेषज्ञ हो गये हैं, इतनी सटीकता के साथ प्रतिशत बता रहे है, यह बोलना सरकार की संवेदनहीनता का बहुत बड़ा उदाहरण है।

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में देशद्रोह कानून को खत्म करने की बात कांग्रेस ने कही, गहलोत सरकार ने अपने मंत्रियों और विधायकों पर ही देशद्रोह के मुकदमे दर्ज करवाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी के वादे किये, उसमें से एक भी वादा पूरा नही कर पाई, राजस्थान में पेपर लीक होना आम बात हो गई है, एक के बाद एक पेपर लीक के मामले सामने आ रहे है। कांग्रेस सरकार में क्राइसिस के कारण जनता के बीच क्रेडिबिलीटी खो चुकी है, अभी तक राजस्थान में हुए पेपर लीक मामलों में निश्चित रूप से कांग्रेस सरकार से जुड़े लोग शामिल है, इसी वजह से कांग्रेस सरकार सीबीआई जांच नहीं करवाती है।

महंगाई पर भाषण न देकर राहुल ने दिया हिंदू-हिंदुत्व पर कंफ्यूजन भाषण : डॉ त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपै्रल 2021 में महंगाई रैली में जयपुर की धरती से भाषण देते हुए कंन्फ्यूजन की शुरुआत की। महंगाई पर भाषण ना देकर हिंदू व हिंदुत्व पर कंफ्यूजन भाषण दिया। पहले तो हिंदु बनाम हिंदुत्व में कंफ्यूज रखते थे और अब महंगाई बनाम हिंदुत्व में रहते है। अर्थव्यवस्था में भी कंफ्यूज हो जाते है, भारत सबसे बड़ा मोबाइल एक्सपोर्टर होता जा रहा है। राहुल गांधी कहते है मैन्युफेक्चुरिंग नहीं हो रहीे है, जबकि 200 से अधिक मोबाइल मैन्युफेक्चुरिंग यूनिट काम कर रही है। देश आज विमान युद्धपोत बना रहा है, जबकि राहुल गांधी कहते है कि कुछ भी नहीं बन रहा है। राहुल गांधी में कंफ्यूजन की पराकाष्ठा है, कंफ्यूजन ऐसा है कि राजस्थान में भी खूब घमासान हुआ। राजस्थान की सरकार के जहाज को 2 पायलट चला रहे है, दोनों जहाज को अपने-अपने हिसाब से डायरेक्शन में ले जाना चाह रहे है, जहाज को चला कौन रहा है, दोनों एक दूसरे के ऊपर सुंदर पुष्प वर्षा कर रहे है। पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश मंत्री लक्ष्मीकांत भारद्वाज, अशोक सैनी, प्रदेश मीडिया सह संयोजक अशोक सिंह शेखावत मौजूद रहे।

Published / 2023-01-04 20:58:46
पन्ना : करंट लगने से बाघ और हाइना की मौत

  • शिकारियों ने बिछाया था तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पन्ना जिले में लगातार बाघों के शिकार की घटनाओं में बढोत्तरी हो रही है एक माह के अंदर फिर एक बाघ की करंट लगने से मौत हो गई है। इससे पहले विगत माह 6 दिसंबर 2022 को उत्तर वन मंडल क्षेत्र के विक्रमपुर बीट में फांसी के फंदे में फंस जाने से एक युवा बाघ की मौत हो गई थी। बुधवार को एक बाघ एवं एक हायना की मौत पन्ना टाइगर के अंतर्गत किशुनगढ़ रेंज के अंतर्गत हो गई। 

फील्ड डायरेक्टर पन्ना टाईगर रिजर्व द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार उक्त घटना पन्ना टाइगर रिजर्व के किशुनगढ़ रेंज अंतर्गत बसुधा बीट के कक्ष क्रमांक 521 की बताई जा रही है, बाघ की उम्र लगभग 2 वर्ष बताई गई है। बताया गया है कि जंगल में शिकारियों के द्वारा सुअर या अन्य जानवरों के शिकार के लिए विद्युत तार बिछाया गया था। बुधवार को जिसकी चपेट में बाघ और हायना के आने से दोनो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही फील्ड डारेक्टर बृजेंद्र झा एवं वन्य जीव विशेषज्ञ डॉक्टर संजीव गुप्ता मौके पर पहुंचे और बाघ एवं हायना के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार किया गया। करंट फैलाने वाले आरोपितों तक पहुंचने के लिए डॉग स्कॉयड टीम बुलाकर जांच की जा रही है। 

बाघों के कुनबे में बढ़ोत्तरी के साथ मौतों का सिलसिला चिंताजनक 
बाघा पुनर्स्थापना के बाद से लगातार बाघों की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्तमान में लगभग 70 से भी अधिक बाघ पन्ना टाईगर रिजर्व में हैं, लेकिन लगातार उनकी मौतों का सिलसिला जारी होने से चिंता का विषय बन गया है। दो वर्ष के अंदर लगभग चार बाघों की मौत हो चुकी है जिसमें दो बाघों की हाल ही में 6 दिसंबर एवं 4 जनवरी को हुई तथा इसके लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व युवा बाघ की मौत हुई थी और दो वर्ष के अंदर ही चित्रकूट के मंझगंवा जिला सतना में बाघ का शिकर कर गायब करने की कोशिश की गई थी और एक बाघ सिंहपुर जिला सतना मे मारा गया था। इस प्रकार से न पन्ना टाईगर रिजर्व में बाघ सुरक्षित हैं और जो बाघ पन्ना जिले से बाहर गया वह कभी लौटकर जिंदा वापस नहीं आया।

Published / 2023-01-04 18:37:32
सोनिया गांधी सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष (बोर्ड आॅफ मैनेजमेंट) डॉ अजय स्वरूप ने कहा कि संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी आज हमारे अस्पताल में भर्ती हुई हैं। उन्हें डॉ अरूप बसु और उनकी टीम की देखरेख में चेस्ट मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया है। 

डॉ स्वरूप ने कहा कि वायरल रेस्पिरेटरी इंफेक्शन की निगरानी और इलाज के लिए उसे भर्ती कराया गया है। इस बीच, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ट्वीट किया है कि यह जानकर दुख हुआ कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Page 147 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse