टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया गया है। द्रौपदी मुर्मू जनसंपर्क करने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में आज वो बिहार में थीं। विशेष विमान से सुबह दस बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचने का समय था लेकिन करीब एक घंटे की देरी से वो पटना पहुंचीं थीं। इसके बाद वो सीधे हार्डिंग रोड गईं, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जाकर माल्यार्पण किया। उसके बाद मौर्या होटल में एनडीए नेताओं के साथ मुलाकात की। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद थे। द्रौपदी मुर्मू दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। बदली हुई परिस्थितियों में नीतीश कुमार की भी राजनीतिक महत्वाकांक्षा जागृत हुई दिखाई पड़ी है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद को लेकर नीतीश कुमार भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर दावेदारी पेश करवा चुके हैं। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में चुने हुए प्रतिनिधि ही वोट डाल सकते हैं। विधान परिषद के सदस्यों को वोट डालने का अधिकार नहीं होता है। आबादी के हिसाब से जनप्रतिनिधियों के वोटों की कीमत तय होती है। राज्यसभा लोकसभा और विधानसभा का कुल 81687 मत बिहार के पास है।
टीम एबीएन, पटना। राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने घर में सीढ़ी पर चढ़ने के दौरान गिर गये। इस घटना में लालू प्रसाद यादव को गंभीर चोटें आई है और उनके कंधे की हड्डी भी टूट गई है। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका एमआरआई कराया गया, जिसमें दाहिने कंधे और कमर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। बता दें कि लालू यादव पहले से ही किडनी समेत अन्य दूसरी बीमारी से ग्रसित हैं। हाल ही में लालू यादव जेल से जमानत पर रिहा होकर दिल्ली से पटना पहुंचे थे। लालू यादव किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर भी जाने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने कोर्ट से मंजूरी भी मिल गई है। हालांकि घायल हो जाने के बाद लालू यादव के समर्थक काफी चिंतित हैं।
टीम एबीएन, पटना। बिहार में अलग-अलग शहरों में आंधी-तूफान के बीच बिजली गिरने शनिवार को 10 लोगों की मौत हो गई। सारन जिले में 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि सिवान, हाजीपुर, बांका और गोपालगंज में 1-1 लोगों की मौत हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई है। बिहार में 24 से 1 जुलाई के बीज 26 लोगों की बिजली गिरने से मौत हुई है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कई जगह पर भारी बारिश हुई है। बरौनी में 93.2 मिलिमीटर, मोहनिया में 86.6 मिलिमीटर, बीरुपर में 68.8 मिलिमीटर, घोषी में 65.4 मिलिमीटर हरनौत में 59.2 मिलीमीटर, बारिश पिछले 24 घंटों में हई है। मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी करके कहा गया है कि प्रदेश में बारिश जारी रहेगी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए हवाकी रफ्तार 8-10 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकता है। बांग्लादेश में चक्रवाती तूफान बन रहा है, जो कि दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। जिसके परिणामस्वरूप दक्षिण के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जबकि पूर्वी जिलों में भी बारिश हो सकती है। 4 जुलाई को कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि राज्य में इस महीने सामान्य से कम वर्षा हुई है।
टीम एबीएन, पटना। जमुई पुलिस ने छापेमारी कर एक ऐसे गिरोह का उद्भेदन किया है जो दूसरे राज्य से बाइक चोरी कर बेचने का काम करता था। जिले के सोनो थाना इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करते हुए चोरी की 18 बाइक को बरामद किया गया है। इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है, जबकि 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोनो पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश से यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जानकारी दी है कि यह गिरोह दूसरी जगह से बाइक की चोरी कर उसे लाकर सोनो इलाके में बेचता था। दरअसल, बीते गुरुवार को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनो थाना इलाके के सलैया गांव के रहने वाले एक शख्स धर्मेंद्र साव ने अपने घर चोरी की तीन बाइक बेचने के लिए रखी है। सूचना मिलने के बाद एसपी ने टीम को गठित किया और फिर छापेमारी के लिए निर्देश दिया। सोनो थाना पुलिस के साथ टीम ने छापेमारी करते हुए धर्मेंद्र साव के साथ उसके सहयोगी प्रवीण कुमार को घर से गिरफ्तार करते हुए चोरी की तीन बाइक बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ कर पुलिस ने आगे कार्रवाई जारी रखी और फिर सलैया गांव से चोरी की 10 बाइक बरामद की। छापेमारी जारी रखते हुए लहथरा गांव से भी पुलिस ने चोरी की दो बाइक, तेतरिया गांव से दो और गधवारा गांव से एक बाइक के बाद बड़कीटांड़ गांव के मो जाबिर के घर से चोरी की तीन बाइक के साथ कुल 18 बाइक बरामद कर ली। सभी 18 बाइक झारखंड और बिहार के अलग-अलग जगहों से इस गिरोह के द्वारा चोरी की गई थी। पुलिस ने इस छापेमारी अभियान के दौरान अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के मुख्य सरगना धर्मेंद्र साव के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गिरोह का उद्भेदन करते हुए जमुई एसपी शौर्य सुमन ने बताया कि यह लोग दूसरे राज्यों के साथ-साथ बिहार के जिलों में बाइक चोरी कर सोनो इलाके में ही बेचा करते थे। सूचना के आधार पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
टीम एबीएन, पटना। पिछले साल की तरह इस साल भी वैशाली जिले पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है जिसको लेकर गंडक नदी के किनारे रहनेवाले लोगो के रातों की नींद उड़ गई है। एक ओर जहां लोगों में बाढ़ के खतरे को लेकर बेचैनी है, तो वहीं जल संसाधन विभाग से लेकर जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पूर्व तैयारी पूरी कर लिए जाने का दावा किया जा रहा है। नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र पोखरा, भैरवा और भरतपुर में लगातार हो रही बारिश का असर वैशाली में भी देखने को मिल रहा है। आलम यह है कि वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो दिन पहले छोड़े गए ढाई लाख कयूसेक से अधिक पानी के पहुंचने को लेकर जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने कटावरोधी कार्य तेज कर दिया है तो वहीं गंडक नदी के बहाव को फैलाने के लिए शोल कटिंग का काम भी युद्धस्तर पर किया जा रहा ताकि नदी की चौड़ाई बढ़े जिससे बांध पर दवाब कम बन सके। लालगंज प्रखंड के बलहा बसंता घाट पर सीएम के औचक निरीक्षण के बाद तिरहुत तटबंध पर विशेष निगरानी बरती जा रही है और जल संसाधन विभाग के साथ-साथ प्रशासन की टीम भी 24 घण्टे तैनात है। हालांकि, स्थानीय लोग कराए जा रहे काम को नाकाफी बता रहे हैं और चिंतित है कि अगर समय से पहले काम सही नहीं हुआ तो बड़ी तबाही मच सकती है। ग्रामीण सुबोध कुमार ने बताया कि पिछले साल भी इस घाट पर काम कराया गया था। लेकिन, पानी बढ़ने के साथ ही सारा काम धराशाई हो गया जिसके बाद यहां के लोग आक्रोशित हो गए थे जिसके कारण एक महीने तक यहां पुलिस की तैनाती की गई थी। सोल कटिंग का काम शुरू : वहीं बाढ़ नियंत्रण और जल नि:ससरन विभाग के सहायक अभियंता संतोष कुमार प्रभाकर ने बताया कि नदी की धार यहां तेज रहती है और यहां नदी की चौड़ाई भी कम है। लिहाजा नाव के सहारे पोकलेन मशीन नदी की दूसरी तरह ले जाकर सोल कटिंग का काम शुरू किया गया है। ताकि नदी के बहाव को फैलाया जा सके जिससे कि बांध पर दबाव कम हो।
टीम एबीएन, पटना। बिहार विधानसभा में एक बार फिर से राजद सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। क्योंकि एआईएमआईएम के 4 विधायक आरजेडी में शामिल हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान को छोड़ सभी चारों विधायक औपचारिक तौर पर राजद में शामिल हो गए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ चारों विधायकों की मुलाकात के बाद ये फैसला हुआ। एआईएमआईएम के चार विधायकों के शामिल होने के बाद राजद के कुल 80 विधायक हो गए हैं। बता दें कि 2020 के बिहार विधानसभा में एआईएमआईएम के पांच विधायकों ने जीत हासिल की थी। इसमें से चार विधायकों शाहनवाज, इजहार एसपी, अंजार नाइयनी, सैयद रुकूंदीन ने राजद का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही राजद बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। इससे पहले वीआईपी के 3 विधायकों के शामिल होने के बाद भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी। बता दें कि पिछले दिनों जातीय जनगणना को लेकर सर्वदलीय बैठक से पहले तेजस्वी यादव ने तमाम विपक्षी पार्टियों को एक साथ एक मंच पर भुलाकर एकजुटता दिखाने की कोशिश की थी। लेकिन, उसमें सबसे चौंकाने वाली तस्वीर थी एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल इमान का आरजेडी कार्यालय में हुए बैठक में शामिल होना। यह पहला मौका था जब ओवैसी की पार्टी के विधायक आरजेडी के साथ एक मंच पर एक मुद्दे पर साथ दिखे थे।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार से राज्य में इथेनॉल उत्पादन पर कोई सीमा निर्धारित नहीं करने का अनुरोध किया। नीतीश कुमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में गांधी सेतु के पूर्वी लेन के उद्घाटन कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार से बिहार में इथेनॉल उत्पादन पर कोई सीमा निर्धारित नहीं करने और राज्य को जितना हो सके उत्पादन करने की अनुमति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एक बार सीमा से छूट मिलने के बाद बिहार न केवल ईंधन के मामले में आत्मनिर्भर होगा बल्कि देश की इथेनॉल की जरूरत को भी पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने इथेनॉल उत्पादन की अनुमति देने वाले राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गडकरी को बिहार में परिवर्तन लाने के उद्देश्य से उनके सभी प्रयासों में सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने वर्ष 2007 में केंद्र को इथेनॉल बनाने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे तत्कालीन सरकार ने ठुकरा दिया था। उस समय राज्य सरकार को इथेनॉल उत्पादन से संबंधित 21000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रस्ताव मिला था। सीएम ने कहा कि अब वर्तमान सरकार ने राज्य के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी को आश्वासन दिया कि बिहार इतनी मात्रा में इथेनॉल का उत्पादन करेगा कि देश में इथेनॉल आधारित ऊर्जा की कोई कमी नहीं होगी।
टीम एबीएन, पटना। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को बिहार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने भारत के सबसे लंबे स्टील ब्रिज महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी फ्लैन्क का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ राज्य के सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार बदल रहा है और इसे लेकर उन्हें बड़ी खुशी है। नितिन गडकरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार 2024 से पहले बिहार में अमेरिका की तरह रोड नेटवर्क होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को इस सेतु से काफी फायदा होगा। अब उत्तर बिहार से राजधानी पटना का सफर आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु बिहार की जीवनरेखा है, जो उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ता है। इस सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना से महात्मा गांधी सेतु को पार करने का 2 से 3 घंटे का समय घटकर 5 से 10 मिनट का हो गया है। इस मौके पर नितिन गडकरी ने राज्य में 15 रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं जो कहता हूं, डंके की चोट पर करता हूं। बता दें कि 5,750 मीटर लंबे महात्मा गांधी सेतु का उद्घाटन 1982 में तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने देश के सबसे लंबे नदी पुल के रूप में किया था। इस लेन का निर्माण 18 माह में पूरा किया गया है। इसमें कुल 66,360 मिट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है। उन्होने इस मौके पर संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि बिहार से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं को जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रालय बौद्ध, जैन और राम जानकी-अयोध्या सर्किट जैसी कुछ परियोजनाओं की डीपीआर को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। इस दौरान गडकरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राज्य में एक्सप्रेसवे के साथ औद्योगिक क्लस्टर और स्मार्ट सिटी स्थापित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से समय और ईंधन की बचत होगी। उद्योग और पर्यटन बढ़ेगा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और बिहार में खुशहाली और तरक्की की नई राह खुलेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse