बिहार

View All
Published / 2022-12-05 22:18:39
बदलता भारत... सेल्फी के लिए चरखा बना पहली पसंद

  • गांधी मैदान के खादी मॉल का चरखा बना सेल्फी प्वाइंट

टीम एबीएन, पटना। गांधी मैदान में स्थित खादी मॉल का चरखा मॉल आने वाले लोगों का पसंदीदा सेल्फी प्वाइंट बन गया है। पहले चरखे के साथ तस्वीर खींचाने की व्यवस्था नहीं थी। ग्राउंड फ्लोर के सेटअप में बदलाव लाकर सेल्फी विद चरखा की व्यवस्था की गयी है। 
मॉल में आने वाले अनेक लोगों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत पारंपरिक चरखे के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाई और सोशल मीडिया पर उसे पोस्ट किया। बच्चों और युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों ने भी सेल्फी प्वाइंट पर चरखा चलाते हुए अपनी तस्वीरें खिंचाई। खादी मॉल में एक साथ कई धागों की कताई करने वाला आधुनिक चरखा भी रखा हुआ है जो सेल्फी प्वाइंट के रूप में पहले से ही मशहूर है।
 

बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार ने बताया कि खादी को युवाओं से जोड़ने के लिए अनेक नये कार्यक्रम चलाए जायेंगे। बुधवार को खादी मॉल में खादी क्विज का आयोजन किया जायेगा। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जायेगा।

Published / 2022-12-05 17:43:36
लालू का किडनी ट्रांसप्लांट सफल, होश आने पर हाथ हिला कर किया अभिवादन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट आॅपरेशन सफलतापूर्वक हो गया है। आईसीयू में होश आने के बाद लालू ने हाथ हिला कर सभी का अभिवादन किया, जिसका वीडियो बेटी मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।  
 

मीसा भारती ने वीडियो जारी करते हुए लिखा, हमारे लिए बहुत सुकून देने वाला क्षण था जब पापा से कउव में थोड़ी देर के लिए मिलने की इजाजत मिली। पापा ने हाथ हिलाकर आप सब की शुभकामनाओं को वीडियो के माध्यम से स्वीकार किया और आभार व्यक्त किया। यह पापा की जिंदादिली और आप सब की दुआएं ही हैं कि इतने बड़े आॅपरेशन के बाद भी तेजी से स्वास्थ्य लाभ पा रहे हैं। उन्हें यह पूरी तरह से ज्ञात है कि आप सब उनके स्वास्थ्य के लिए कामना कर रहे हैं, और यही आज उनके लिए सबसे बड़ी दवा के रूप में काम कर रही है। सभी का आभार।  
 

बता दें कि इससे पहले लालू प्रसाद के पुत्र और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को बताया कि उनके पिता का सिंगापुर में गुर्दा प्रतिरोपण का आॅपरेशन सफल रहा। तेजस्वी ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि पिता जी का किडनी ट्रांसप्लांट आॅपरेशन सफलतापूर्वक होने के बाद उन्हें आॅपरेशन थियेटर से आईसीयू स्थानांतरित किया गया। तेजस्वी ने कहा कि गुर्दा दान करने वाली बहन रोहिणी आचार्य और (पार्टी के) राष्ट्रीय अध्यक्ष जी दोनों स्वस्थ हैं। आपकी प्रार्थनाओं और दुआओं के लिए साधुवाद। बता दें कि लालू की बड़ी बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने पिता को गुर्दा दिया है।

Published / 2022-12-04 18:12:56
बढ़ता बिहार... जीविका से जुड़ी महिलाएं बन रहीं मालकिन

  • मुख्य सचिव ने किया 10 इकाइयों का उद्घाटन
  • मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के 10 लाभुकों का बैग क्लस्टर हुआ चालू
  • एक साथ काम करेंगी जीविका की 264 दीदियां

 

टीम एबीएन, मुजफ्फरपुर/पटना। बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने बेला इंडस्ट्रियल एरिया में मुजफ्फरपुर बैग कलस्टर के प्रथम फेज का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुजफ्फरपुर मेगा बैग कलस्टर के तहत प्रथम फेज में 10 महिला उद्यमियों की यूनिटों का प्रारंभ किया गया जिसमें एक साथ 264 लोग काम कर सकते हैं। 

मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत जीविका की 39 सदस्यों का चयन मुजफ्फरपुर बैग कलस्टर में  इकाई स्थापित करने के लिए किया गया है। उन्हीं में से 10 महिला उद्यमियों के व्यवसाय का प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि प्रदेश उन्नति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मुजफ्फरपुर बैग कलस्टर विकास का एक नया मॉडल है। इस मॉडल से जीविका की दीदियों को मजबूती मिलेगी। इस प्रकार की पहल के लिए उद्योग विभाग बधाई का पात्र है। स्वास्थ्य विभाग ने भी जीविका की दीदियों को मजबूती प्रदान करने के लिए उन के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में दीदी की रसोई प्रारंभ कराया है। उन्होंने कहा कि वह अन्य विभागों को भी कहेंगे कि जीविका के माध्यम से कुछ कार्यक्रमों का संचालन करें।

उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि मुजफ्फरपुर में आज एक नया इतिहास रचा जा रहा है। विभाग द्वारा बैग कलस्टर के लिए 40 लाभुकों का चयन जीविका के माध्यम से किया गया था जिसमें 39 उद्यमियों को सहायता दी गई है। प्रत्येक उद्यमी दीदी द्वारा 24 सिलाई मशीनों की एक यूनिट का संचालन किया जायेगा। प्रथम चरण में 225 जीविका दीदियों को 21 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस योजना के तहत उद्योग विभाग के सहयोग से प्रत्येक समूह का समझौता निजी कंपनी के साथ कराया गया है। निजी कंपनी कच्ची सामग्री उपलब्ध करायेगी और तैयार सामग्री खरीद ली जायेगी।

प्रत्येक इकाई को हर महीने ₹1 लाख से अधिक की बचत होने की संभावना है। इन इकाइयों में काम करने के लिए आने वाले जीविका दीदियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए 25 जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत यातायात व्यवस्था चलाने हेतु सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कलस्टर में काम करने वाली महिलाओं के बच्चों के लिए जल्द ही बाल घर भी बनाया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बाला मुरूगन डी ने कहा कि राज्य में जीविका का पहला समूह और पहला कार्यालय खोलने का श्रेय उद्योग विभाग के वर्तमान प्रधान सचिव संदीप पौण्डरीक को ही जाता है। 

जीविका की दीदियां इस योजना के तहत लाभान्वित होकर काफी ऊर्जावान महसूस कर रही हैं और उद्योग के क्षेत्र में सफल होने के लिए संकल्पित हैं। उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित ने कहा कि बिहार में एक साथ दो स्थानों पर बैग कलस्टर चालू हुआ। फतुहा में 225 मशीनों वाली इकाइयों का प्रारंभ हुआ तो मुजफ्फरपुर में 264 मशीनों के साथ 10 इकाइयों की शुरुआत हुई। यह शुरुआत आगे चलकर बड़ा वटवृक्ष बनेगा। 

मुजफ्फरपुर बैग क्लस्टर अपनी तरह का देश में सबसे बड़ा बैग क्लस्टर बनने की राह पर है। कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी प्रणव कुमार, उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार, तकनीकी विकास के निदेशक संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी जयंतकांत , हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, मुजफ्फरपुर के डीडीसी आशुतोष कुमार द्विवेदी सहित अनेक अधिकारी, जीविका समूह की सैकड़ों दीदियां और बियाडा के अधिकारी उपस्थित रहे।

Published / 2022-12-04 07:52:50
पटना खादी मॉल पहुंचे राज्यसभा के उपसभापति

  • खादी वस्त्र ही नहीं विचार भी है : हरिवंश

टीम एबीएन, पटना/ रांची। पूरी दुनिया में मार्केटिंग के तरीके बदल रहे हैं। प्रोडक्ट को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। खादी सिर्फ वक्त नहीं है बल्कि एक विचार है। इस विचार को भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना जरूरी है। पटना के खादी मॉल में पधारे राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने पत्रकारों को कहा कि वरिष्ठ मैनेजमेंट गुरु सीके प्रह्लाद ने मार्केटिंग और प्रोडक्ट की विश्वसनीयता के संबंध में जिन सिद्धांतों का प्रतिपादन किया, उसे खादी मॉल द्वारा अपनाया गया है। इससे अधिक से अधिक लोग खादी से जुड़ेंगे। 

उन्होंने कहा कि खादी और छोटे उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ताकत मिलती है। ग्रामीण उद्यमियों को राजधानी में बड़ा बाजार उपलब्ध कराने के लिए बिहार सरकार ने खादी मॉल बनाया है जो अपने आप में विशिष्ट है। खादी मॉल के तीनों तल पर भ्रमण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरिवंश ने कहा कि बिहार की हस्तकला और हैंडलूम सारी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। भागलपुर का सिल्क मशहूर है तो मधुबनी और दरभंगा का खादी। 

बिहार में हजारों ऐसे व्यंजन हैं, जिसे ग्रामीण महिलाएं तैयार करती हैं। आधुनिक औद्योगिक जगत में जिसे फूड प्रोसेसिंग कहा जाता है, ग्रामीण महिलाएं वह कार्य सदियों से करती आ रही हैं। अदौरी, बड़ी पापड़ और अचार ऐसे ही फूड प्रोडक्ट हैं जिसे हमारी दादी और नानी उन महीनों में तैयार करती थी जब उसके कच्चे माल मिला करते थे और फिर उसका सालों उपयोग होता था। इससे पहले बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का जूट का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। 

हरिवंश ने खादी मॉल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। मौके पर बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के रमेश चौधरी, अभय सिंह, रिजवान अहमद, राजीव कुमार शर्मा, अजमत अब्बास आदि मौजूद रहे।

Published / 2022-12-02 19:55:12
आज की युवा पीढ़ी अपने आप को खादी से जोड़ें : समीर कुमार महासेठ

  • पटना के खादी मॉल में मिल रहा 50% का महाछूट 
  • उद्योग मंत्री ने मॉल में जाकर तो मैथिली ठाकुर में आॅनलाइन माध्यम से की खरीदारी

टीम एबीएन, पटना। बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी मॉल में खादी और खादी वस्त्रों पर 50% की छूट दिए जाने की योजना 1 दिसंबर से प्रारंभ की गई जो 31 दिसंबर तक चलेगी। राज्य के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ  खादी मॉल की छूट योजना का लाभ उठाने वाले पहले ग्राहक बने। उन्होंने खादी मॉल से अपने लिए जैकेट और टोपी खरीदी। बिहार खादी हस्तशिल्प और हैंडलूम की ब्रांड एंबेसडर मैथिली ठाकुर ने छूट योजना के तहत मोबाइल शॉपिंग करते हुए खादी मॉल से तीन साड़ियों और अपने पिताजी के लिए कुर्ता के कपड़े की खरीदारी की। खादी मॉल पहुंचने पर उद्योग मंत्री ने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उसके बाद खादी मॉल के पोर्टल पर छूट योजना का शुभारंभ किया।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खादी मॉल में 50% की छूट योजना से खादी पसंद करने वाले लोगों को काफी लाभ होगा। सभी लोगों तक खादी को पहुंचाना और युवा वर्ग को खादी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महात्मा गांधी और डॉ राजेंद्र प्रसाद ने स्वदेशी पर बल दिया था। खादी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत है और इसमें स्वाधीनता संग्राम के मूल्य निहित हैं। आजादी की लड़ाई के दौरान देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद भी खादी के धागे की कताई करने मधुबनी गए थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी खुद चरखा चलाया करते थे। उन्होंने कहा कि खादी स्वाभिमान का वस्त्र है। यह आरामदायक और फैशनेबल भी है इसलिए युवाओं को भी खादी के वस्त्र पहनने चाहिए।


उन्होंने कहा कि युवा युवाओं को बिहार खादी, हैंडलूम और हस्तशिल्प के उत्पादों से जोड़ने के उद्देश्य से मैथिली ठाकुर को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है जो बिना किसी शुल्क के बिहार खादी हैंडलूम और हस्तशिल्प का प्रचार-प्रसार करने के लिए राजी हुई हैं। उन्होंने अपील किया कि हम प्रतिदिन कम से कम एक वस्त्र खादी का धारण करें और सप्ताह में 1 दिन पूरी तरह से खादी के वस्त्र अपनाएं। मौके पर बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार, खादी मॉल के इंचार्ज रमेश चौधरी, प्रदीप कुमार, अभय सिंह, कुंज बिहारी मिश्रा, राजीव कुमार शर्मा, सैयद अजमत अब्बास रिजवी आदि मौजूद रहे।

Published / 2022-12-01 22:41:31
सीएम नीतीश के समक्ष राज्य खेल प्राधिकरण के कार्य और बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति प्रस्तुत

टीम एबीएन, पटना/ रांची। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कार्यों एवं बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति का प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के उद्देश्यों, अब तक किये गये कार्यों, प्रतिमा पहचान प्रशिक्षण कार्यक्रम, खिलाड़ियों को तत्काल सम्मान एवं नकद पुरस्कार आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। 
उन्होंने बताया कि बिहार खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। बेटों के साथ-साथ यहां की बेटियां राष्ट्रीय स्तर के खेलों में और अच्छा प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार जीत रही हैं और राज्य सरकार के द्वारा दी जा रही सुविधाओं एवं सहयोग की सभी जगह सराहना कर रही हैं। बिहार स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बिहार के कई पूर्व खिलाड़ी यहां आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित और प्रेरित करना चाह रहे हैं। 

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इसकी पृष्ठभूमि, प्रारूप प्रभाव एवं आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी। वहीं समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए कई कदम उठाये गये हैं। खिलाड़ियों को तत्काल सम्मान एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकारी सेवाओं में उनकी नियुक्ति की जा रही है। 
खिलाड़ियों को बेहतर खान-पान के साथ-साथ प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्हें हर प्रकार की सुविधायें उपलब्ध करवाते रहें। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। बचे हुए स्टेडियमों का निर्माण जल्द पूर्ण करायें। स्टेडियमों की साफ-सफाई और मेंटेनेंस की बेहतर व्यवस्था रखें। वहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेलों का आयोजन करवाते रहें। स्कूलों में बच्चे-बच्चियों की पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की भी बेहतर व्यवस्था रखें। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण के प्रोत्साहन के लिए भी कई कदम उठाये गये हैं। 
राजगीर में फिल्म सिटी का निर्माण करवाया जा रहा है। नवादा में शेखोदेवरा को विकसित किया गया है। फिल्म साइट के लिए पहाड़ों एवं अन्य प्राकृतिक जगह विकसित किये गये हैं। यहां कई दर्शनीय स्थल भी हैं। यहां फिल्म निर्माताओं के लिए प्रक्रिया को और सरल बनाएं तथा बेहतर सुविधा उपलब्ध करवायें ताकि फिल्म निर्माण करने में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। राज्य में फिल्म निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोक कलाकारों को भी मौका मिलेगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Published / 2022-12-01 22:04:25
युवा पीढ़ी खुद को खादी से जोड़ें : समीर कुमार महासेठ

  • पटना के खादी मॉल में महाछूट
  • उद्योग मंत्री ने मॉल में जाकर तो मैथिली ठाकुर में आॅनलाइन माध्यम से की खरीदारी

टीम एबीएन, पटना/ रांची। बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी मॉल में खादी और खादी वस्त्रों पर 50% की छूट दिए जाने की योजना 1 दिसंबर से प्रारंभ की गई जो 31 दिसंबर तक चलेगी। राज्य के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ  खादी मॉल की छूट योजना का लाभ उठाने वाले पहले ग्राहक बने। उन्होंने खादी मॉल से अपने लिए जैकेट और टोपी खरीदी।

बिहार खादी हस्तशिल्प और हैंडलूम की ब्रांड एंबेसडर मैथिली ठाकुर ने छूट योजना के तहत मोबाइल शॉपिंग करते हुए खादी मॉल से तीन साड़ियों और अपने पिताजी के लिए कुर्ता के कपड़े की खरीदारी की। खादी मॉल पहुंचने पर उद्योग मंत्री ने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उसके बाद खादी मॉल के पोर्टल पर छूट योजना का शुभारंभ किया। 
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खादी मॉल में 50% की छूट योजना से खादी पसंद करने वाले लोगों को काफी लाभ होगा । सभी लोगों तक खादी को पहुंचाना और युवा वर्ग को खादी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। 

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महात्मा गांधी और डॉ राजेंद्र प्रसाद ने स्वदेशी पर बल दिया था। खादी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत है और इसमें स्वाधीनता संग्राम के मूल्य निहित हैं। आजादी की लड़ाई के दौरान देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद भी खादी के धागे की कताई करने मधुबनी गये थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी खुद चरखा चलाया करते थे। उन्होंने कहा कि खादी स्वाभिमान का वस्त्र है। यह आरामदायक और फैशनेबल भी है इसलिए युवाओं को भी खादी के वस्त्र पहनने चाहिए। 
उन्होंने कहा कि युवा युवाओं को बिहार खादी, हैंडलूम और हस्तशिल्प के उत्पादों से जोड़ने के उद्देश्य से मैथिली ठाकुर को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है जो बिना किसी शुल्क के बिहार खादी हैंडलूम और हस्तशिल्प का प्रचार-प्रसार करने के लिए राजी हुई हैं। उन्होंने अपील की है कि हम प्रतिदिन कम से कम एक वस्त्र खादी का धारण करें और सप्ताह में 1 दिन पूरी तरह से खादी के वस्त्र अपनायें। मौके पर बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार, खादी मॉल के इंचार्ज रमेश चौधरी, प्रदीप कुमार, अभय सिंह, कुंज बिहारी मिश्रा, राजीव कुमार शर्मा, सैयद अजमत अब्बास रिजवी आदि मौजूद रहे।

Published / 2022-11-30 23:15:00
बिहार : 18 और 28 दिसंबर को होंगे नगर निकाय चुनाव के मतदान

टीम एबीएन, पटना/ रांची। बिहार में होने वाले नगर निकाय चुनाव की तारीख का एलान हो गया है। बिहार निर्वाचन आयोग ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी की है। 18 दिसंबर को पहले चरण में मतदान होना है। इसकी 20 दिसंबर को मतगणना की जायेगी। वहीं, दूसरे चरण के लिए वोटिंग 28 दिसंबर को होगी, जिसकी 30 दिसंबर को काउंटिंग की जाएगी। इससे पहले अति पिछड़ा आयोग द्वारा डेडिकेटेड कमीशन बनाने को लेकर चुनाव को स्थगित कर दिया गया था।
बता दें कि पहले चरण के चुनाव की तारीख 10 दिसंबर रखी गई थी। वहीं दूसरे चरण के चुनाव की तारीख 20 दिसंबर रखी गई थी। इस पर पटना हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी। अति पिछड़ा आयोग के कमेटी बनाने को लेकर विवाद छिड़ा था। कोर्ट के आदेशों के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार ने अक्टूबर में ही कमेटी का गठन कर लिया था। इसके बाद इस दिशा में काम होना शुरू हो गया था। कुछ दिन पहले ही कमेटी का कहना था कि जल्द ही रिपोर्ट सौंप दी जायेगी, जिससे कि निकाय चुनाव का रास्ता साफ हो जायेगा। आज बुधवार को निकाय चुनाव की तारीख का एलान हो गया है।

इससे पहले क्या हुआ था
बिहार निकाय चुनाव में अति पिछड़ा के आरक्षण पर पटना हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी, जिसके बाद निकाय चुनाव को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद बिहार सरकार ने हाई कोर्ट का रुख किया और अदालत के आदेश के बाद अक्टूबर में नीतीश सरकार ने पिछड़ा आयोग के लिए कमीशन का गठन किया था। बिहार सरकार की ओर से यह कहा गया था कि आयोग जब रिपोर्ट सौंपेगी तभी बिहार सरकार निकाय चुनाव करायेगी।

नामांकन और चुनाव चिह्न पहले की तरह रहेंगे
बिहार सभी नगर निकायों में चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया अक्टूबर में ही पूरी हो गई थी। वोटिंग स्थगित होने के कारण अब नए सिरे से चुनाव की तारीख घोषित हो चुकी है। निकायों में नामांकन की प्रक्रिया पहले की तरह हो होगी, जिन प्रत्याशियों ने पूर्व में नामांकन किया था उनका बरकरार रहेगा। निर्वाचन आयोग ने अधिकतर प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी बांट दिये थे। उनके आधार पर ही इलेक्शन कराया जायेगा।

Page 41 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse