टीम एबीएन, पटना। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पापा बन गये हैं और पोता-पोती होने की खुशी सबसे ज्यादा बाबा और आजी को होता है। लिहाजा लालू यादव और राबड़ी देवी की खुशी देखते ही बन रही थी।
लालू यादव ने अपनी पोती को हाथ में लेकर और राबड़ी देवी के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की। लालू यादव ने लिखा- नवरात्रि के पवित्र अवसर पर माता रानी के असीम आशीर्वाद तथा रहमतों, नेकियों और बरकतों के मुकद्दस माह-ए-रमजान एवं चैती छठ महापर्व के पावन दिन लक्ष्मी रत्न पौत्री के जन्म पर प्रेषित आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।
टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के घर नयी पीढ़ी का आगमन हो गया है। लालू के बेटे और बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पिता बन गए हैं। 27 मार्च की सुबह दिल्ली में तेजस्वी की पत्नी रेचल उर्फ राजश्री ने बेटी को जन्म दिया। इसकी जानकारी तेजस्वी यादव ने खुद ट्विटर पर दी है।
साथ ही उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें उन्होंने अपनी बेटी को गोद में लिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने कहा कि ईश्वर ने आनंदित होकर पुत्री रत्न के रूप में उपहार भेजा है। इसके साथ ही उनकी बहन रोहणी आचार्य ने भी ट्वीट कर लिखा है कि आज किलकारी गूंजी है मेरे घर-आंगन में खुशियों का ऐसा तोहफा दिया है ईश्वर ने। तेजस्वी के साथ ही परिवार के बाकी सदस्यों ने भी बेटी के आगमन पर खुशी जाहिर की।
टीम एबीएन, जहानाबाद। अंपायर की भूमिका में श्रीकांत शर्मा और शशि कुमार रहें साथ ही ऑनलाइन स्कोरर के रूप में आयुष और ऑफलाइन स्कोरर की भूमिका में शुभम कुमार मौजूद रहे। सुबह टॉस जीतकर रंजन इलेवन के कप्तान रिशव रंजन ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, पहले बल्लेबाजी करते हुए रंजन इलेवन ने 35 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 262 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
रंजन इलेवन के तरफ से कप्तान रिशव रंजन ने बेहतरीन बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए नाबाद 97 रन बनाया , रिशव रंजन ने 63 गेंदों में 13 चौके और 3 छक्के के मदद से 97 रन बनाया, रंजन इलेवन के तरफ से दिशांत मिश्रा ने 49, जितिन यादव ने 38 और सोनू यादव ने 20 रनो का योगदान दिया।
263 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑल स्टार की पूरी टीम 31.5 ओवरों में 224 रन बना के ऑलआउट हो गयी और मैच 38 रनों से हार गयी। ऑल स्टार की तरफ से गौतम भागवत ने 49, रुद्र कुमार ने 47, हिमांशु शर्मा 43 और कुमार श्रेय ने 35 रनों का योगदान दिया।
रंजन इलेवन के तरफ से पंकज कुमार और आयुष नंदन ने 3,3 और शुभम ने 2 विकेट हासिल किया। रिशव रंजन को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जिला क्रिकेट संघ के सचिव श्री कंचन कुमार ने मैन ऑफ द मैच दिया।
टीम एबीएन, पटना। पटना के सुप्रसिद्ध स्कूल सर जीडी पाटलिपुत्र हाई स्कूल 1980 बैच के पूर्ववर्ती छात्रों का मिलन समारोह ए भी एन ग्रैंड, रांची में आगामी 7 अप्रैल (शुक्रवार) को आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने यह बताया की वैसे तो पटना में 2015 से ही पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन होता रहा है लेकिन पहली बार झारखंड के विभिन्न शहरों में रह रहे सहपाठियों के लिए यह आयोजन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पटना से बाहर रहने वाले सहपाठी किसी न किसी कारणवश पटना में आयोजित मिलन समारोह में शामिल नहीं हो पाते थे। इस बार झारखंड में रहने वाले सहपाठियों के लिए एक नई शुरूआत की गई है।
इसलिए उनके पास सुनहरा मौका है इसमें शामिल होने का और वे अतिउत्साहित हैं कि उन्हें अपने सहपाठियों व उनके परिवार से मिलने का मौका प्राप्त होगा।
टीम एबीएन, सहरसा/ पटना। बिहार के सहरसा में एक सात साल के बच्चे को होमवर्क नहीं करने पर स्कूल संचालक ने इतनी पीटा कि उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद से आरोपी फरार है। हालांकि, जिस अस्पताल में बच्चे की मौत हुई, उसके डॉक्टर का कहना है कि बच्चे के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। हो सकता है हार्ट अटैक से मौत हुई हो। मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पायेगी। मामला जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाने के हुसैनचक इलाके का है।
हुसैनचक में बौधि पब्लिक स्कूल में नर्सरी से आठवीं क्लास तक अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई होती है। इसके अंदर हॉस्टल भी है। इसी स्कूल के 7 साल के बच्चे आदित्य की मौत हुई है। आदित्य बोधि पब्लिक स्कूल में एलकेजी का छात्र था। स्कूल के हॉस्टल में रह रहे आदित्य के दोस्त शिवम ने बताया कि बुधवार को होमवर्क नहीं करने पर स्कूल संचालक ने डंडे से आदित्य को खूब पीटा था। शिवम ने बताया कि आदित्य शाम को खाना खाने के बाद सोने चला गया था।
सुबह जब मैं उसे ब्रश करने के लिए उठाने गया तो उसका शरीर अकड़ गया था। हम उसे गोद में उठाकर स्कूल संचालक के पास ले गए तो स्कूल संचालक ने कहा कि लगता है मर गया। चलो, इसे अस्पताल में छोड़ देते हैं। इसके बाद स्कूल संचालक ने बच्चे के पिता को फोन कर कहा कि आपका बच्चा बेहोश हो गया है। अस्पताल ले जा रहे हैं। आकर देख लीजिये।
पिता के सहरसा के आशा नर्सिंग होम में पहुंचने से पहले ही डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था। बच्चे की मौत के बाद से स्कूल संचालक सुजीत कुमार फरार है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आशा नर्सिंग होम में मौजूद डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि मेरे नर्सिंग होम आने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। मेरे क्लिनिक पर मृत अवस्था में बच्चे को लाया गया था।
मौत के कारण पर उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगा कि किस कारण से बच्चे की मौत हुई है। वैसे बच्चे के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। हो सकता है हार्ट अटैक से भी मौत हुई हो। शिवम के अनुसार, मास्टर साहब हमेशा कुछ न कुछ होमवर्क याद करने के लिए दे देते थे। याद नहीं करने पर अक्सर आदित्य की पिटाई होती थी। हम लोग भी डरे सहमे रहते थे। कुछ बोलने पर हम लोगों की भी पिटाई होती है।
आदित्य के साथ हॉस्टल में रह रहे छठीं के छात्र सोनू कुमार ने बताया कि मास्टर साहब ने कुछ याद करने के लिए दिया था। आदित्य होमवर्क याद नहीं कर पाया तो संचालक ने उसे बहुत मारा। सोनू के अनुसार लगातार दो दिनों तक आदित्य की बेरहमी से पिटाई की जाती रही। रात में वह सो गया, लेकिन सुबह मरा हुआ पाया गया। आदित्य के पिता प्रकाश यादव ने बताया कि वो होली पर घर आया था।
14 मार्च को उसके मामा ने हॉस्टल पहुंचाया था। हॉस्टल जाने के बाद आदित्य से ठीक से बातचीत भी नहीं हुई थी। गुरुवार को अचानक स्कूल के संचालक ने फोन किया कि बच्चा बेहोश हो गया है। मैं इसे लेकर अस्पताल जा रहा हूं। हम लोग जब प्राइवेट क्लिनिक पहुंचे तो मेरा बेटा मरा हुआ था और सुजीत फरार था। उसके बाद हमने सदर थाना को सूचना दी। तब पुलिस आयी और बच्चे को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। मामले को लेकर एएसआई ब्रजेश चौहान ने बताया कि पिता प्रकाश कुमार ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, मोतिहारी/पटना। बिहार सरकार के कला संस्कृति विभाग व उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से मोतिहारी नगर भवन में पांच दिवसीय लोक कला व नाट्य समारोह का आगाज किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने करते हुए मौके पर कहा कि कलाकार अपने क्षेत्रीय सीमाओं से बाहर निकल कर अपनी उत्कृष्ट कलाओं से लोगों को साझी संस्कृति व विरासत से रू-ब-रू कराते हैं। विविधताओं से भरे अपने देश की पहचान सामूहिक एकता है।
उल्लेखनीय है कि 24 मार्च से अगामी 28 मार्च तक कई राज्यो के कलाकार प्रतिदिन सायं 6 बजे से नगर भवन के मंच पर अपने कला का प्रदर्शन करेंगे। पांच दिवसीय लोक नाट्य समारोह के इस आयोजन में बिहार, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के कलाकार कार्यक्रम की प्रस्तुति करेंगे।
कार्यक्रम की रुपरेखा उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के निदेशक प्रो सुरेश शर्मा ने की हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अजय गुप्ता, कार्यक्रम अधिशासी, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र तथा मनोज कुमार, कार्यक्रम समन्वयक की भूमिका निर्वहन कर रहे हैं। जिसमे जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता पवन कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता गौरव कुमार एवं जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी गुप्तेश्वर कुमार सहयोग प्रदान कर रहे हैं। मंच का संचालन अभय अनंत करेंगे।
बताते चलें कि कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों के दल महंत लाल द्वारा निर्देशित लोक नाटक महाराजा भरथरी की नौटंकी शैली में मंचन किया गया।
टीम एबीएन, पटना। बिहार विद्युत नियामक आयोग (बीईआरसी) ने गुरुवार को वित्तवर्ष 2023-24 के लिए राज्य में बिजली दरों में 24.10 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी आधार शुल्क में वृद्धि की है। नया टैरिफ 1 अप्रैल से प्रभावी होगा।
बिहार में दो डिस्कॉम निकाय हैं - उत्तर बिहार विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) और दक्षिण बिहार विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल)। उन्होंने बिजली दरों में 40 फीसदी बढ़ोतरी की सिफारिश की थी। हालांकि, बीईआरसी ने 24.10 प्रतिशत की वृद्धि की अनुमति दी।
बिहार के लोग पहले से ही राज्य में उच्च टैरिफ दर की शिकायत कर रहे हैं और नियामक संस्था के नए कदम से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में एक माह का फिक्स चार्ज 20 रुपये था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को 40 रुपये देना होगा।
पहली 50 इकाइयों के लिए ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए टैरिफ 6.10 रुपये से बढ़ाकर 8.66 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है। शहरी उपभोक्ताओं को जो 40 रुपये प्रति माह का भुगतान कर रहे थे, उन्हें अब 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक बिजली की खपत के लिए टैरिफ स्लैब 6.10 रुपये से बढ़ाकर 8.66 रुपये प्रति यूनिट और 100 यूनिट से अधिक पर 10.35 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा।
टीम एबीएन, पटना। बिहार दिवस समारोह के दूसरे दिन उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ गांधी मैदान आये। उद्योग मंत्री ने विभाग के पवेलियन में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना तथा बिहार स्टार्टअप के साथ सभी उद्यमियों की हौसला अफजाई की।
उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि बिहार अपनी स्थापना का 111वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार वंदन की भूमि है, बिहार अभिनंदन की भूमि है। बिहार का अतीत गौरवशाली है और भविष्य सुनहरा। बिहार भगवान महावीर, गौतम बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह की धरती है।
बिहार का सांप्रदायिक सौहार्द अप्रतिम है। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री श्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में बिहार विकास और समृद्धि की नई गाथा लिखने के लिए भी तत्पर है। जल-जीवन-हरियाली, हर घर नल का शुद्ध जल और बालिका पढ़ाओ जैसी योजनाओं में बिहार ने देश को दिशा दी है।
बिहार राज्य को औद्योगिक निवेश के लिए सबसे उपयुक्त जगह बताते हुए समीर कुमार महासेठ ने कहा कि बेहतरीन आधारभूत संरचना, समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजना और उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए बिहार सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं ने पूरे देश का ध्यान बिहार की ओर आकृष्ट किया है।
बिहार के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 1400 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत करीब 29000 युवाओं को 1450 करोड़ की राशि बिहार सरकार ने उपलब्ध करायी है।
बिहार सरकार की मदद से ये युवा उद्यमी एक दिन बड़े होते ही बनेंगे ऐसा हमारा विश्वास है। बिहार की प्रगति में युवा शक्ति का अहम योगदान रहेगा। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हम मार्गदर्शन से लेकर मार्केटिंग तक के मामले में उनकी सहायता कर रहे हैं।
बिहार की स्टार्टअप नीति के बारे में बताते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि स्टार्टर उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए बिहार स्टार्टअप नीति 2022 के तहत सीडफंड, मैचिंग लोन और कॉमन वर्किंग स्पेस जैसी सुविधाएं बिहार सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी हैं।
स्टार्टअप उद्यमियों के लिए पटना में दो स्थानों पर बनाया गया बी-हब कॉमन वर्किंग स्पेस सह मोटिवेशन सेंटर अपने आप में अद्वितीय है जहां पर स्टार्टअप इकाइयों को हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उद्योग मंत्री ने कई प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse