एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम चंपारण/ पटना। हरनाटांड़-बगहा मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह पिपराडीह मोड़ के समीप बस व बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गयी। इसमें बाइक चालक बेटे और सवार मां की मौके पर मौत हो गयी। दोनों इलाज कराने जा रहे थे। उनकी पहचान योगापट्टी थाना के बलुआ प्रयगवा गांव निवासी आसिफ मियां के पुत्र 18 वर्षीय पुत्र सरफुल्लाह और 45 वर्षीय पत्नी हसीना खातून के रूप में हुई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार में स्कूलों की समय सारिणी में एक बार फिर बदलाव किया गया है। पटना के जिलाधिकारी ने दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए यहां के सभी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधि को दोपहर 11:30 तक करने का आदेश दिया है। पटना के डीएम ने आदेश दिया है कि मौसम में बदलाव हुआ है। लिहाजा स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधि को लेकर टाइम टेबल में बदलाव किया जाता है। अब सभी शैक्षणिक गतिविधियां दोपहर 11:30 तक होगी। उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में भीषण गर्मी और लू चल रही थी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित था। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने 18 अप्रैल को आदेश जारी कर 10:45 बजे तक ही कक्षा लेने का आदेश दिया था लेकिन अब मौसम में फिर बदलाव हुआ है। इसके बाद स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से एक बार फिर दहल उठी बिहार की धरती एबीएन न्यूज नेटवर्क, कटिहार/ पटना। बिहार के कटिहार में सत्तारुढ जदयू के नेता कैलाश महतो की अज्ञात बदमाशों ने बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने कैलाश महतो के ऊपर आधा दर्जन से अधिक फायर किये। इसमें तीन गोलियां उन्हें लगी हैं। यह वारदात गुरुवार की शाम बरारी थाना क्षेत्र के पोखरटोला की है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कटिहार पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बदमाशों की पहचान और धरपकड़ की कवायद तेज कर दी है। कटिहार के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस को आरोपियों के बारे में कुछ अहम सुराग मिला है। पुलिस उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त जेडीयू नेता कैलाश महतो अपने दोस्त के घर आये थे और मुलाकात के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह बरारी थाना क्षेत्र में पोखर टोला पहुंचे, मुंह बांध कर आये बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उनपर फायर झोंक दिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना/बांका। बिहार के बांका जिले में मंगलवार रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गयी। जबकि इस घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायल सभी को भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार ईंगलिश मोड़ मुख्य सड़क पर स्थित सोनडीहा मोड़ के समीप ट्रैक्टर और ऑटो की भिड़ंत में ये हादसा हुआ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना । बिहार के पटना और प्रमंडल मुख्यालय के बाद अन्य जिलों के लोग भी अब एफएम सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इसके लिए बेगूसराय के साथ ही कटिहार, जमुई, बांका, लखीसराय, बक्सर, शेखपुरा, नवादा एवं सिकंदरा में एफएम ट्रांसमीटर लगा दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सभी एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद लोगों को सुबह से छह बजे से रात 11 बजे तक एफएम की सेवा मिलेगी। पहले चरण में अभी सभी जगह के उपभोक्ता विविध भारती पर गानों के साथ-साथ समाचार भी सुनेंगे। इसके बाद स्थानीय भाषा में भी उनके लिए सेवा शुरू की जाने की तैयारी है।
बेगूसराय में प्रसार भारती के बंद हो चुके दूरदर्शन केंद्र में इसकी शुरूआत की जा रही है। रिले कक्ष में एफएम प्रसारण के लिए एक सौ वाट का सर्वर रूम बनाया गया है। जिसके तहत शहर के चारों दिशाओं में दस किलोमीटर के रेडियस में एफएम का ट्रायल प्रसारण एक दिसम्बर से ही चल रहा है। अभी सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लोग इसकी सुविधा ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद बेगूसराय वासियों को सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक 100.1 मेगा हर्टज पर एफएम की सेवा मिलेगी। अभी सिर्फ विविध भारती की सेवा मिलेगी। जिसके तहत गाना के बीच-बीच में प्रति घंटा समाचार प्रसारित किये जायेंगे। उसके बाद जल्द ही दरभंगा रेडियो स्टेशन से कनेक्ट कर यहां क्षेत्रीय भाषा मैथिली में भी एफएम सेवा का प्रसारण किया जायेगा।
प्रसारण के लिए अभी एक सौ वाट का सर्वर रूम बनाया गया है। इससे दस से 13 किलोमीटर तक के लोगों को सुविधा मिल रही है। लोगों के डिमांड के आधार पर इसका पावर बढ़ाया जाएगा तो पूरे जिले के लोगों को एफएम सेवा मिल सकेगी। ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों पर सात-आठ सौ का किट लगाकर इस मनोरंजक सेवा का लाभ लिया जा सकेगा, इसके अलावा मोबाइल पर भी सुन सकेंगे।
प्रसारण केंद्र बेगूसराय के टेक्नीशियन-सह-इंचार्ज नीरज कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर 2021 को बेगूसराय दूरदर्शन केंद्र बंद कर दिया गया था, लेकिन अब फिर से इसका पुनरुद्धार हो गया है। एक दिसम्बर 2022 से एफएम प्रसारण सेवा का ट्रायल शुरू किया गया। ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा, दक्षिण में मटिहानी बांध तक, उत्तर में वीरपुर तक, पश्चिम में गौड़ा तक बेगूसराय के एफएम का प्रसारण सुना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व की सरकारों में बंद हो चुके सरकारी प्रतिष्ठानों को समाप्त ही कर दिया जाता था। लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेन्द्र मोदी बंद प्रतिष्ठानों को पुनर्जीवित कर रहे हैं। जिसमें मोदी सरकार प्रसार भारती को भी पुनर्जीवित कर रही है।
रंग-बिरंगे चैनल आने के कारण लोग ब्लैक एंड वाइट दूरदर्शन को भूल गये तो मोबाइल ने रेडियो की उपयोगिता खत्म कर दी। अब नई तकनीक से जुड़ने के कारण लोग टीवी पर दूरदर्शन से जुड़ चुके हैं। दूरदर्शन रिले केंद्रों से एफएम की सेवा दी जा रही है। जो डिजिटल होते भारत की एक बड़ी पहल साबित होगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। ईद-उल-फितर के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान पहुंच कर इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी से मुलाकात कर उनसे मोसाफा किया और ईद की मुबारकबाद पेश की।
इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी ने मौके पर मुख्यमंत्री को भी ईद की मुबारकबाद दी तथा बिहार की सुख, समृद्धि, प्रगति, उन्नति एवं विकास की कामना की।
इससे पूर्व इदैन कमिटी के सदर महमूद आलम ने नीतीश कुमार को गुलदस्ता भेंटकर एवं साफा पेश कर उनकी इज्जत अफजाई की। मुख्यमंत्री ने तमाम नमाजियों सहित मुस्लिम भाई-बहनों एवं बिहारवासियों तथा देशवासियों को ईद की मुबारकबाद एवं बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लोगों से गले मिलकर, हाथ मिलाकर भी ईद की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद के अवसर पर मैं सभी को मुबारकबाद देता हूं। वर्ष 2006 से ही ईद के मौके पर हम यहां आते रहे हैं। पिछले दो वर्ष 2020 और 2021 में कोरोना के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था।
ईद के मौके पर यहां आकर मुझे खुशी होती है। यहां अच्छा माहौल है। रमजान के इस पवित्र महीने में लोग एक माह तक रोजा रखते हैं। इस दौरान हम अनेक जगहों पर जाते हैं। सभी लोग प्रेम के साथ इस पर्व को मनाते हैं।
सीएम ने कहा कि आपस में प्रेम और भाईचारा का भाव बना रहना चाहिए। सभी लोग प्रेम एवं भाईचारा के साथ ईद मनायें। समाज के हर तबके के उत्थान के लिए हम काम करते हैं। चाहे किसी भी धर्म के माननेवाले हों, सबका सम्मान करते हैं, सबकी इज्जत करते हैं। आपस में प्रेम और भाईचारा का भाव बना रहे, इसके लिए जो संभव हो प्रयास करते हैं। ईद के अवसर पर हमारी सभी को शुभकामनाएं हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क। बिहार में साल 2016 से शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन इसके बावजूद खुलेआम शराब की बिक्री होती है। जिस कारण कई लोगों की जान चली जाती हैं। मोतिहारी में जहरीली शराब कांड में अब तक 40 लोगों की मौत हो गयी है। अब इस मामले में बिहार सरकार की मुश्किलें बढ़ने वाली है। पुलिस महानिदेशक को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के तरफ से नोटिस जारी कर दिया गया है। जिसमें बिहार सरकार से कई सवाल किये गये हैं। राज्य सरकार से रिपोर्ट भी मांगी गयी है।
नोटिस किया गया जारी : नोटिस जारी कर कहा गया है कि मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले में आयोग ने संज्ञान लिया है। कई अस्पतालों से अब भी मौत की खबरें आ रही हैं। बता दें कि लगातार हो रहे जहरीली शराब से मौतों पर चिंता जताते हुए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है।
लगातार बढ़ रही है मौतों की संख्या : मानवाधिकार आयोग ने एक रिपोर्ट तैयार कर कहा है कि राज्य में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद भी यहां शराब मिलती है। सरकार अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने में सफल नहीं हो पा रही है। जिसका खामियाजा लोगों को भुक्तना पड़ रहा है। मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से लगातार मौतों की संख्या बढ़ते जा रही है। हालांकि ये पहली बार नहीं है हर दो तीन महीने में ऐसी खबरें आती रहती हैं, जिसमें कई लोगों की मौत हो गयी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मोतिहारी/पटना। एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने 6 थाना में नये थानेदार की पोस्टिंग की है। बेहतर कार्यक्षमता के आधार पर इनकी नियुक्ति की गयी है। देर रात जारी सूचना में बताया गया कि जिले के 5 थाना हरसिद्धि, सुगौली, तुरकौलिया, रघुनाथपुर व पहाड़पुर में निलंबन के कारण पद रिक्त थे। वहीं जितना थानेदार का समयावधि पूर्ण हो गया था।
जारी सूचना के अनुसार हरसिद्धि के नये थानेदार विक्रांत सिंह, सुगौली के नये थानेदार धनंजय शर्मा, पहाडपुर के नये थानेदार अम्बेश कुमार, रघुनाथपुर ओपी के थानेदार बने संदीप कुमार 02, तुरकौलिया के अनिल कुमार व जितना थाना के नये थानेदार अमित कुमार को बनाया गया हैं।
उल्लेखनीय है कि जहरीली शराब से लगातार हो रही मौत को लेकर दो दिन पूर्व मोतिहारी एसपी ने हरसिद्धि, सुगौली, रघुनाथपुर ओपी, पहाडपुर व तुरकौलिया थानेदार को निलंबित कर दिया गया था।
जिसको लेकर थानेदार की रिक्त पद पर कार्यक्षमता को देखते हुए पोस्टिंग किया गया है।नवनियुक्त थानेदार के समक्ष अपराध के साथ शराबबंदी पर अंकुश लगाना एक बड़ी चुनौती होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse