बिहार

View All
Published / 2023-09-30 12:05:56
पूर्णिया : डूबने से तीन बच्चों की मौत, शोक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पूर्णिया। जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के चंदरही चांदनी चौक के बगल के धार में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। मृतक युवक अनमोल कुमार चंदरही गांव के संतोष मेहता का पुत्र था। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अनमोल दिन के 1 बजे के करीब घर से धार पर गया था।

लगभग एक डेढ़ घंटे बाद जब युवक घर वापस नहीं लौटा तो उसकी खोज की गयी तो लोगों ने बताया कि वह धार पर गया है। उसके बाद मछुआरों व तैराक के सहयोग से उसके शव को निकाला गया। वहीं जिले के अमौर थानाक्षेत्र के पल्सा गांव के समीप स्टेट हाइवे 99 पर बने कलवर्ट में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। 

मृतक बच्चों की पहचान रंगरैया लालटोली पंचायत के वार्ड नंबर 3 पलसा गांव निवासी नूरेजा खातून (10 ) पिता मो आलीम व मो नवाजिश ( 8) पिता अब्दुल रहमान के रूप में की गयी। खेलने के दौरान पैर फिसलने से दो बच्चे कल्वर्ट में गिर गये। 

ग्रामीणों को सूचना मिलते ही ग्रामीण ने काफी खोजबीन कर दोनों बच्चे को गहरे पानी से निकाला और रेफरल अस्पताल अमौर लेकर पहुंचे। रेफरल अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

Published / 2023-09-30 12:03:20
बिहार : राज्य के अधिकतर हिस्से में अच्छी बारिश के आसार

बारिश को लेकर अलर्ट जारी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार में एक से चार अक्तूबर के बीच माॅनसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। इस दौरान राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्से में अच्छी बारिश के आसार बन गये हैं।

दक्षिण बिहार में अधिकतर स्थानों पर भारी से भारी बारिश की आशंका है। इन मौसमी दशाओं को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर ठनका को लेकर आइएमडी ने विशेष चेतावनी जारी की है।

Published / 2023-09-27 22:14:11
29 सितंबर से लगेगा खादी मेला

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा भभुआ के जगजीवन स्टेडियम में राज्य स्तरीय खादी मेला सह उद्यमी बाजार 29 सितंबर 2023 से लगाया जायेगा जिसमें पूरे राज्य की 100 से अधिक खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाएं भाग लेंगी। खादी मेला 8 अक्टूबर तक चलेगा। 

बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार ने संबंध में बताया कि खादी मेला में गोपालगंज, सिवान, मधुबनी, भागलपुर, गया, बांका सहित राज्य के सभी जिलों की खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थानों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। 

उद्यमी बाजार में कैमूर जिला के मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभार्थियों को भी अपने द्वारा तैयार माल को प्रदर्शित एवं बिक्री करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र,कैमूर द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के सभी लाभुकों को सूचित कर दिया गया है। 

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अलावा दूसरी योजनाओं के लाभुकों को भी खादी मेला सह उद्यमी बाजार में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। भभुआ में लगाया जा रहा है मेला इस महीने में खास है कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती इसी मेला अवधि में पड़ रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को राष्ट्रीय खादी दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

Published / 2023-09-24 18:23:52
खादी संस्थाओं को दिये जायेंगे न्यू मॉडल के 900 चरखे : समीर महासेठ

फुलवरिया में होगी सूत कताई, गांधीवादी मॉडल पर चलेंगे चरखे  

कुशग्राम खादी के 25 बुनकरों को  चरखा वितरण, उद्योग मंत्री ने कहा- ग्रामोद्योग से बदलेगी तस्वीर 

टीम एबीएन, गोपालगंज। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ गोपालगंज जिले के फुलवरिया प्रखंड  के स्वरोजगारी भवन में चरखा वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर प्रशिक्षित बुनकर महिलाओं से मिलकर प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। 

उन्होंने कुशग्राम खादी संस्था से जुड़े 25 बुनकरों को नये न्यू मॉडल के चरखे प्रदान किये। उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार की जनता के प्रति सोच को धरातल पर उतारने का काम हमारे विभाग की ओर से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 8000 नये लाभुकों के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। 

इस योजना से सरकार जनता के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने का काम कर रही है। ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। यह सभी बुनकर एक माह के प्रशिक्षण अवधि को पूर्ण कर चुके हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन बुनकरों को सूत कताई तथा उससे बनने वाले वस्त्रों आदि के बारे में जानकारी दी गई। 

कार्यक्रम में उपस्थित बुनकर तथा अन्य स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यदि बिहार का कायाकल्प करना है तो खादी को प्रयोग में लाइये। उन्होंने कहा कि आपकी खरीदी हुई खादी से ग्रामीण महिलाओं के घर-परिवार का भरण पोषण होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। 

उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने संबोधन के दौरान कहा कि प्रत्येक पंचायत में छोटे-छोटे यूनिट बनाकर खादी को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। ताकि ग्रामीण स्तर पर महिलाएं तथा अन्य श्रमिक इससे जुड़कर रोजगार का लाभ उठा सके।

खादी से बने हुए वस्त्र पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा की खादी वस्त्र गुणवत्तापूर्ण तथा रोगनाशक हैं। इसके पहनने से स्क्रीन से संबंधित बीमारियों का भय नहीं रहता है तथा समाज में स्वदेशी पहनने की एक अलग पहचान बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उद्योग के क्षेत्र में खादी को एक अलग पहचान दिलाना हमारा लक्ष्य है। 

बिहार के लिए जो भी होगा उद्योग के क्षेत्र में हम करते रहेंगे। एक दिन खादी पहन कर देखिये, रोज पहनने की आदत बन जाएगी। उद्योग के क्षेत्र में खादी एक क्रांति का काम कर रही है। महात्मा गांधी के सपने को साकार करती खादी अपने आप में एक अलग पहचान बनाये हुए है।  

आयोजन स्थल पर कुशग्राम खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष रामसागर यादव, सदस्य नागेद्र यादव, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मोहम्मद सरफराज तथा स्थानीय मुखिया अल्ताफ हुसैन आदि ने उद्योग मंत्री को खादी से बने अंग वस्त्र से सम्मानित किया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता कुशग्राम खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष रामसागर यादव ने की, जबकि मंच संचालन राकेश यादव ने किया।

Published / 2023-09-24 18:19:56
खादी की लोकप्रियता के लिए करायी बिहार खादी आनलाइन क्विज प्रतियोगिता

बिहार खादी क्विज 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने युवाओं के बीच खादी को लोकप्रिय बनाने के लिए बिहार खादी आनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जिसके तहत दिनांक 22.9.2023 से 30.9.2023 तक बिहार खादी के सभी सोशल मीडिया पोर्टल पर प्रतिदिन खादी एवं ग्रामोद्योग के संबंध में एक सवाल पूछा जायेगा। 

सभी सवालों के जवाब कमेंट बॉक्स में दर्ज करना है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बिहार खादी को लाइक और फॉलो करना है। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि सबसे अधिक सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से पुरस्कृत किया जायेगा।

साथ ही बिहार राज्य खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट की ब्रांड एंबेसडर सुश्री मैथिली ठाकुर से मिलने तथा उनके द्वारा हस्ताक्षरित गिफ्ट पाने का अवसर भी मिलेगा।

Published / 2023-09-16 20:15:16
वरिष्ठ लोकगायक भरत सिंह भारती को मिला अमृत पुरस्कार

उपराष्ट्रपति के कर कमलों से विज्ञान भवन में मिला पुरस्कार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार के सुप्रसिद्ध लोक गायक, संगीतकार, गीतकार और संगीत गुरु भरत सिंह भारती को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार से सम्मानित किया। लोक गायन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए भरत सिंह भारती को यह सम्मान दिया गया है। 

सम्मान प्राप्ति के बाद सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए भरत सिंह भारती ने कहा कि उनका यह सम्मान बिहार की लोक गायन परंपरा और भोजपुरी भाषा का सम्मान है। बिहार की कला और संस्कृति में जीवंतता है और यह लोगों को जोड़ने का काम करती है। 

मधुबनी पेंटिंग से लेकर भोजपुरी गायन तक सभी लोक कलाएं बिहार की संस्कृति को समृद्ध करती हैं। अपने 70 साल से लंबी अवधि के संगीत कैरियर में भरत सिंह भारती ने 1000 से अधिक गीत गाये और लिखे हैं। उन्होंने सैकड़ो भोजपुरी गीतों को संगीतबद्ध भी किया है। उनके गीतों के दो संग्रह नयका बिहान और सप्त सरोवर प्रकाशित हो चुके हैं। 

उनको संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार मिलने पर प्रसिद्ध लोक गायक भरत शर्मा व्यास, लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत, लोक गायिका किरण कुमारी, वरिष्ठ लोक गायक मनोरंजन ओझा, श्वेत प्रीति, विष्णु प्रभाकर, गोरख प्रसाद मस्ताना, मृदुला वर्मा, रूबी शर्मा सिंगर, सोनाली चक्रवर्ती, धर्मद्वाज भारती आदि ने वरीय कलाकार भरत सिंह भारती को बधाई दी है।

Published / 2023-09-11 12:03:54
पत्नी संग राजद सुप्रीमो लालू ने की बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना

  • लालू यादव और राबड़ी देवी ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार सरकार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आज देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंची, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में ले जाया गया। 

दोनों ने पूरे विधि विधान से बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना की, उसके बाद बाबा पर दुग्धाभिषेक भी किया। 

बैद्यनाथ धाम में पूजा अर्चना करने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी सह पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ बासुकीनाथ के लिए प्रस्थान कर गये।

Published / 2023-09-10 20:13:37
बिहार : 81 हजार किसानों से होगी 81.59 करोड़ की रिकवरी

प्रधानमंत्री किसान योजना 

  • बिहार में 81000 से ज्यादा अयोग्य किसानों से वापस लिये जायेंगे 81.59 करोड़ रुपये 
  • किसान सम्मान निधि योजना के तहत एक दिसंबर, 2018 से सभी भूमि धारक किसान परिवारों को 6000 रुपये प्रति वर्ष तीन समान किश्तों में आर्थिक सहायता के रूप में दिये जाते हैं 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार सरकार ने सरकारी बैंकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत धनराशि प्राप्त करने वाले लगभग 81000 अपात्र किसानों से पैसा वापस लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है। 

उन्हें केंद्र सरकार ने आयकर चुकाने या अन्य कारणों से अयोग्य पाया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक केंद्रीय योजना है जो भारत सरकार से 100 प्रतिशत वित्त पोषित है। एक दिसंबर, 2018 से इस योजना के तहत सभी भूमि धारक किसान परिवारों को 6000 रुपये प्रति वर्ष तीन समान किश्तों में आर्थिक सहायता के रुप में दिये जाते हैं। 

राज्य सरकारें उन किसान परिवारों की पहचान करती हैं जो योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार सहायता के लिए पात्र हैं और धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। बिहार सरकार के निदेशक (कृषि) आलोक रंजन घोष ने बताया, जांच के बाद केंद्र सरकार ने बिहार में कुल 81595 किसानों (वर्ष 2020 से) को अयोग्य लाभार्थियों के रूप में पहचान की। 

राज्य कृषि विभाग ने सभी संबंधित बैंकों से अयोग्य किसानों से धनराशि वापस लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। राज्य के 81595 किसानों से लगभग 81.59 करोड़ रुपये वापस लिए जाने हैं। निदेशक ने कहा, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की हालिया बैठक में बैंकों के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अयोग्य किसानों से राशि वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। 

बैंकों को यह भी सलाह दी गई है कि यदि आवश्यक हो तो अयोग्य किसानों को नये सिरे से अनुस्मारक भेजें। इसके अलावा बैंकों को अयोग्य किसानों के खाते से लेन-देन पर रोक लगाने को भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ बैंकों ने अब तक अयोग्य लाभार्थी किसानों से 10.31 करोड़ रुपये वापस ले लिये हैं। 

उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक और दक्षिण बिहार ग्रामीण ने भी अयोग्य लाभार्थी किसानों से कुछ राशि वापस ले ली है। उन्होंने कहा, इस योजना के जिन लाभार्थियों को सरकार ने आयकर का भुगतान करने या अन्य कारणों से अयोग्य पाया है, उन्हें अब तक प्राप्त राशि सरकार को वापस करनी होगी। 

घोष ने बताया कि केंद्र सरकार ने देश के छोटे और सीमांत किसानों को न्यूनतम आय सहायता देने के लिए यह योजना शुरू की थी, लेकिन योजना के तहत हजारों अपात्र किसानों को भी राशि बांट दी गयी । 

इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक फसल चक्र के दौरान उचित फसल रख-रखाव और उचित पैदावार सुनिश्चित करने के लिए छोटे और सीमांत किसानों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करना है। यह उन्हें ऐसे खर्चों को पूरा करने के लिए साहूकारों के चंगुल में फंसने से भी बचाता है और कृषि गतिविधियों में उनकी निरंतरता सुनिश्चित करता है।

Page 20 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse