टीम एबीएन, पटना। पटना नगर निगम द्वारा शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता जागृति अभियान के तहत लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने काली घाट पर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जहां उन्होंने लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता का अलख जगाया। जागरूकता कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार ममता मेहरोत्रा ने कहा कि स्वच्छता के लिए हम सब को समर्पित भाव से काम करना चाहिए।
शहर को स्वच्छ रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है, निगम अपना काम बेहतरीन तरीके से कर रहा है लेकिन साथ में हम नागरिकों का भी कर्तव्य है कि शहर को साफ सुथरा रखने में सहयोग करें और अपनी आदतें बदलें। इधर-उधर कचरा फैलाने से गंदगी बढ़ती है और फिर उस गंदगी पर नियंत्रण करना मुश्किल हो जाता है।
लोक गायिका नीतू नवगीत ने कहा कि सभी पटना वासी स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लें। सबकी सहभागिता से ही स्वच्छता में सुधार होगा और पूरा शहर चमकेगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पटना नगर निगम द्वारा अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिसमें एक कार्यक्रम संगीत संध्या का आयोजन भी है। निगम द्वारा हर घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने की व्यवस्था की गयी है। अलग-अलग मोहल्लों में जो कचरा पॉइंट था, उसकी पूरी सफाई करके सौंदर्यीकरण किया गया है।
बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और पटना नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने गीतों के माध्यम से स्वच्छता का अलख जगाया। उन्होंने कहा कि पटना शहर साफ हो और पटना को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सब का हाथ हो। उन्होंने कहा कि अकेला व्यक्ति थक जाता है लेकिन सब लोग मिलकर के गंदगी के खिलाफ जंग छेड़ दें, तो स्वच्छ पटना का सपना साकार हो जायेगा।
नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए लोकगायिका नीतू नवगीत ने सबसे बड़ा है गहना साफ रहना ओ भैया साफ रहना, उत्तम दवा है। सफाई बापू का कहना और घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ भारत बनेगा जैसे गीत गाये। बापू को सच्चा सिपाही बताते हुए उन्होंने सत्य की राह दिखाए दियो रे लाठी वाले बापू, अहिंसा का अलख जगाये दियो रे लाठी वाले बापू गीत गाया। गीत संगीत संध्या में युवाओं ने भी खुलकर भागीदारी निभाई और शहर को साफ सुथरा रखने का संकल्प लिया।
संगीत संध्या कार्यक्रम में लाडली पांडे राकेश कुमार और अभिनाश बंधु ने भी स्वच्छता के गीत गाए। कार्यक्रम में हारमोनियम पर राकेश कुमार, बैंजो पर सुभाष प्रसाद, पैड पर सुधीर कुमार, ढोलक पर रिशु कुमार ने लोक गायिका नीतू नवगीत के साथ संगत किया। मौके पर अनूप कुमार, सतीश जी, सोनल सिंह, किरण कुमारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, पटना। विभिन्न शहरों की रैंकिंग के लिए किए जा रहे स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पटना नगर निगम द्वारा गंगा नदी के गांधी घाट पर सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के मिशन निदेशक विनय झा तथा पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष कुमार पाराशर में दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष कुमार पाराशर ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों के सक्रिय सहयोग से ही पटना शहर को पूरी तरह से साफ सुथरा बनाया जा सकता है और जब शहर साफ सुथरा होगा तो इसकी रैंकिंग में सुधार होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने के लिए युवाओं के साथ-साथ बड़े बुजुर्गों को भी आगे आना चाहिए।
पटना नगर निगम ने स्वच्छता जागरूकता के लिए अनेक अभियान चलाएं हैं। निगम द्वारा हर घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग मोहल्लों में जो कचरा पॉइंट था, उसकी पूरी सफाई करके सौंदर्यीकरण किया गया है। बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका और पटना नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने गीतों के माध्यम से स्वच्छता का अलख जगाया।
उन्होंने कहा कि पटना शहर साफ हो और पटना को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सब का हाथ हो। उन्होंने कहा कि अकेला व्यक्ति थक जाता है लेकिन सब लोग मिलकर के गंदगी के खिलाफ जंग छेड़ दें, तो स्वच्छ पटना का सपना साकार हो जाएगा। नगर वासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए लोक गायिका नीतू नवगीत ने सबसे बड़ा है गहना साफ रहना ओ भैया साफ रहना, उत्तम दवा है सफाई बापू का कहना और घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ भारत बनेगा जैसे गीत गाए।
बापू को सच्चा सिपाही बताते हुए उन्होंने सत्य की राह दिखाए दियो रे लाठी वाले बापू, अहिंसा का अलख जगाए दियो रे लाठी वाले बापू गीत भी गाया। गीत संगीत संध्या में युवाओं ने भी खुलकर भागीदारी निभाई और शहर को साफ सुथरा रखने का संकल्प लिया।
टीम एबीएन, पटना। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में ग्रामोद्योग विमर्श श्रृंखला के तहत महेश भवन स्थित बापू सभाकक्ष में बावन बूटी कला और ग्रामोद्योग विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि पद्मश्री कपिल देव प्रसाद ने बावन बूटी कला की बारीकियों, इतिहास और उद्योग के रुपए के विकास की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बावन बूटी कला की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इस कला में हर डिजाइन पर 52 बूटियों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसी डिजाइनिंग चादर, तौलिया, गमछा, साड़ी और दूसरे किसी भी वस्त्र पर की जा सकती है। कपिल देव प्रसाद ने कहा कि बावन बूटी अति प्राचीन हस्तकला है और इसे बौद्ध परंपरा में भी स्थान मिला हुआ है।
महात्मा बुद्ध के जीवन से जुड़ी घटनाओं पर आधारित प्रतीक चिन्हों को बावन बूटी कला के माध्यम से प्रकट किया जाता है। कलाकार पीपल का पत्ता, कमल के फूल, बोधि वृक्ष, त्रिशूल, मछली, धम्मचक्र, फूलदान, शंख को कपड़े पर 52 बूटियों के माध्यम से प्रकट करते हैं। इस कला के माध्यम से वह भगवान बुद्ध को सम्मान देते हैं और उनकी महानता का बखान करते हैं।
बावन बूटी कलाकार कपिल देव प्रसाद ने कहा कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद इस कला के मुरीद थे। जब वह देश के राष्ट्रपति थे तो राष्ट्रपति भवन के पर्दे बिहार के बसवन बीघा से जाते थे जिन पर बावन बूटी कलाकृतियां उकृत होती थी। उन्होंने कहा कि इस कला में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं और लाखों लोग रोजगार पा सकते हैं। सरकार सहित सभी लोगों को बावन बूटी कला को प्रोत्साहित करना चाहिए और अपने अपने घर में और सभी सरकारी कार्यालयों में बावन बूटी के परदे और चादरों का इस्तेमाल करना चाहिए। बावन बूटी कला के कलाकारों को बाजार मिलेगा तो उनकी कला और निखरेगी।
पद्मश्री कपिल देव प्रसाद ने कहा कि बावन बूटी कला वाली चादरें जर्मनी आस्ट्रेलिया ब्रिटेन और अमेरिका में भी निर्यात की जाती हैं। राज्य के कलाकारों को थोड़ी और सहायता मिले तो इसे हम अनेक दूसरे देशों में भी निर्यात कर सकते हैं। इससे पहले बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से पद्मश्री कपिल देव प्रसाद का स्वागत अभय सिंह ने किया। ग्रामोद्योग विमर्श में प्रदीप कुमार, रमेश चौधरी, राजीव कुमार शर्मा, आलोक कुमार, पूनम शुक्ला, तलत फात्मा, सुभाष कुमार एवं विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
बावन बूटी कला के प्रसिद्ध कलाकार कपिल देव प्रसाद को बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने सम्मानित किया। विकास भवन में जब कपिल देव प्रसाद है मिलने आए तो उद्योग मंत्री ने उन्हें गले लगाया और उन्हें बिहार का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि बावन बूटी कला के लिए कपिल देव प्रसाद को पद्मश्री मिलने से पूरा राज्य गौरवान्वित हुआ है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि कपिल देव प्रसाद पिछले 5 दशकों से बावन बूटी कला की साधना कर रहे हैं। उनकी जीवन यात्रा प्रेरक है। उनसे प्रेरणा लेते हुए बिहार के युवा स्वरोजगार के मार्ग पर आगे बढ़ें। अपने कारोबार का मालिक खुद बनें और दूसरों को भी रोजगार दें। उद्योग विभाग की ओर से बड़ी औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ कुटीर एवं ग्रामीण उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। हर गांव में रोजगार के अवसर सृजित हों, हर जिला किसी न किसी उत्पाद को ग्लोबल बाजार तक पहुंचाने में सफल हो, यही उनकी कोशिश है।
टीम एबीएन, पटना। पटना नगर निगम की स्वच्छता सर्वेक्षण की जागरूकता टीम द्वारा लॉ कॉलेज घाट पर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें लोगों को बताया गया कि शहर और नदी दोनों को साफ सुथरा रखना आवश्यक है। हम गंगा नदी को मां समझकर पूजते हैं। पूजा जरूरी है। साथ में स्वच्छता भी जरूरी है।
कार्यक्रम में पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू ने कहा कि पटना नगर को साफ सुथरा रखने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी मुस्तैदी से लगा है। इस कार्य में हमें शहरवासियों का भी सहयोग चाहिए। हर घर से कचरा के उठाव की व्यवस्था की गई है। सभी लोग सूखा कचरा और गीला कचरा अलग अलग करके नगर निगम की गाड़ी को दें तो उससे शहर को साफ रखने में काफी सुविधा मिलेगी। उपमेयर रेशमी चंद्रवंशी ने भी लोगों से स्वच्छता में सहयोग करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने की अपील की।
लोक गायिका और पटना नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता पर बल देने के साथ-साथ स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में भी भाग लें ताकि पटना की स्वच्छता रैंकिंग बेहतर हो सके। स्वच्छता सर्वेक्षण में पटना वासियों को भाग लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता के पास ही देवत्व का वास है। जिस तरह स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है उसी तरह स्वच्छ शहर में स्वच्छ नागरिक रहते हैं।
घर साफ हो और शहर गंदा तो शहर के सारे नागरिक गंदे ही कहे जायेंगे। लोक गायिका और पटना नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण की ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने गीतों के माध्यम से स्वच्छता का अलख जगाया। उन्होंने कहा कि हमें सूखा और गीला कचरा को अलग-अलग घर पर ही कर लेना चाहिए और फिर सुबह जो स्वच्छता वाहन घर घर के पास से गुजरता है उसे सौंप देना चाहिए।
लोक गायिका नीतू नवगीत ने सबसे बड़ा है गहना साफ रहना ओ भैया साफ रहना, उत्तम दवा है सफाई बापू का कहना और घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ भारत बनेगा जैसे गीत गाये। नीतू नवगीत ने कहा कि शहर का हर बाशिंदा स्वच्छता का सिपाही है। कहीं से भी यदि कोई एक कड़ी टूट गई तो समझ है स्वच्छता का राज समाप्त हो गया। पटना नगर निगम द्वारा आयोजित इस गीत गीत संगीत संध्या में युवाओं ने भी खुलकर भागीदारी निभाई और शहर को साफ सुथरा रखने का संकल्प लिया।
नीतू नवगीत ने पटना बा हमार, चलीं भईया इनका चमकावे गीत के माध्यम से भी सबको स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम में राकेश कुमार ने हरमोनियम पर, सुधीर कुमार ने पैड पर, बैंजो पर अशोक कुमार और ढोलक पर रिशु कुमार ने लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत के साथ संगत किया। नीतू नवगीत ने गंगा मां से जुड़े लोकगीतों के प्रस्तुति के माध्यम से गंगा नदी को भी साफ सुथरा रखने की अपील की। कार्यक्रम में अविनाश बंधु ने भी कई भक्ति गीत प्रस्तुत किये।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। विशाखापट्टनम के डायमंड जुबली स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में तीन से पांच फरवरी तक होने वाले 39वीं नेशनल जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बिहार के ओर से बेगूसराय के पांच खिलाड़ी शामिल होंगे। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बेगूसराय के सभी खिलाड़ी मंगलवार को रवाना हो गये।
बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्थित कल्याण केंद्र में आयोजित शुभकामना समारोह के बाद सभी खिलाड़ी को रवाना किया गया है। जिला ताइक्वांडो संघ सचिव सह प्रशिक्षक नंदु कुमार ने बताया की बिहार की ओर से बेगूसराय के तीन बालक एवं दो बालिका खिलाड़ी कोच नीरज कुमार के नेतृत्व में भाग ले रहे हैं। जिसमें जूनियर बालिका वर्ग में अंडर-42 किलो में अवंतिका कुमारी एवं अंडर-44 किलो में श्रृष्टि कुमारी तथा बालक वर्ग में अंडर-48 किलो में आलोक कुमार, अंडर-68 किलो में हेमंत कुमार एवं ओवर-78 किलो मो. गुलफाम आलम बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उपरोक्त खिलाडियों में तीन खिलाडी कल्याण केंद्र ताइक्वांडो क्लब एवं दो खिलाडी बरौनी ताइक्वांडो क्लब के हैं। इन खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। रिफाइनरी टाउनशिप स्थित कल्याण केन्द्र में आयोजित शुभकामना समारोह में जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष रजनीश रंजन ने कहा कि आत्मविश्वास, सफलता की कुंजी है। आप आत्मविश्वास व ऊंचे मनोबल के साथ मुकाबले में जायें सफलता आपकी निश्चित है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल खेल पर ही ध्यान देना है, जिला ताइक्वांडो संघ उन्हें उपकरण के साथ-साथ तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराती रहेगी।
कल्याण केन्द्र सचिव भोगेन्द्र कुमार कमल ने कहा कि जिस तरह यहां के खिलाड़ी पूर्व में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा चुके हैं, उसी तरह इस बार भी प्रदर्शन कर बेगूसराय और को गौरवान्वित करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन कल्याण केंद्र के उपाध्यक्ष वागीश आनंद एवं धन्यवाद ज्ञापन अनिल कुमार तांती ने किया। बीटीएमयू के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, उपाध्यक्ष महेश राव, जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री खेल शिक्षक रणधीर कुमार, जिला कोच मणिकांत सहित अन्य खेलप्रेमियों ने भी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है।
टीम एबीएन, पूर्णिया/ पटना। बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में खादी मेला लगाया जाने वाला है। मेला 27 जनवरी को प्रारंभ होगा और 5 फरवरी तक चलेगा। पूर्णिया के जिलाधिकारी से मेला के उद्घाटन हेतु अनुरोध किया गया है। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री श्री समीर कुमार महासेठ समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे।
उद्योग विभाग के विशेष सचिव सह बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए यह मेला लगाया गया है जिसमें एक सौ से अधिक स्टॉल होंगे। लगभग 50 स्टॉल पर खादी के कपड़े मिलेंगे जबकि दूसरे स्थानों पर हस्तशिल्प, हैंडलूम और दूसरे ग्रामोद्योग की सामग्रियां बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग से प्रदेश में लाखों लोगों को रोजगार मिला हुआ है। ग्रामीण उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर इस मेला का आयोजन किया जा रहा है।
टीम एबीएन, पटना। बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्रामोद्योग विमर्श श्रृंखला के तहत बिहार में खाजा उद्योग: परंपरा और भविष्य विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें मॉरीशस के अंतरराष्ट्रीय सागर महोत्सव में पुरस्कार पाने वाले काली साह खाजा के प्रोपराइटर संजीव गुप्ता ने कहा कि सिलाव के खाजा की प्रसिद्धि प्राचीन काल से है। यह खाजा भगवान बुद्ध ने भी खाया था और नालंदा विश्वविद्यालय के आचार्यों को भी यह खाजा पसंद था।
संजीव गुप्ता ने संगोष्ठी में बताया कि वर्ष 2018 में सिलाव के खाजा को ज्योग्राफिकल इंडिकेशन टैग मिला। मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत ख्वाजा को अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में प्रस्तुत किए जाने वाले भारत की 12 पारंपरिक मिठाइयों में से एक रखा गया है। उन्होंने कहा कि सिलाव के पारंपरिक खाजा की 52 परतें होती हैं। मॉरीशस में आयोजित सागर महोत्सव में सिलाव के कारीगरों द्वारा बनाए गए 52 परत वाली खाजे के ऊपर से जब सिक्का डाला गया तो सिक्का इस पार से उस पार हो गया और खाजा ज्यों का त्यों रहा। इसके लिए खाजा को मिठाइयों के सरताज के रूप में सम्मान मिला। संजय गुप्ता ने बताया कि प्राचीन काल में राजा-महाराजा से लेकर फकीर तक खाजा के दीवाना हुआ करते थे। अब नेता-अभिनेता और चर्चित खिलाड़ी खाजा के दीवाना हैं।
उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, पंकज त्रिपाठी, अनुराधा पौडवाल, मैथिली ठाकुर, शत्रुघ्न सिन्हा, अनूप जलोटा, देवानंद, तृप्ति शाक्या, देवी, गोविंदा जैसे नामी कलाकार सिलाव के खाजा की तारीफ कर चुके हैं। राजनीतिक हस्तियों में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, रामनाथ कोविंद, वर्तमान सीएम नीतीश कुमार, पूर्व सीएम लालू प्रसाद सहित दर्जनों नेताओं ने सिलाव के खाजा की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ग्राम उद्योग के रूप में खाजा उद्योग का लगातार विस्तार हो रहा है।
सिलाव में आज से 50 साल पहले 5 से 6 दुकानें हुआ करती थी लेकिन अब वहां 200 से अधिक दुकानें हैं और करीब 3000 लोगों को खाजा उद्योग में रोजगार मिला हुआ है। सिलाव का खाजा पटना और रांची के बाजारों में तो छाया हुआ ही है, ऑनलाइन माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, दुबई और लंदन में भी भेजा जा रहा है।
इससे पहले बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार ने संजीव गुप्ता का स्वागत किया। अभय सिंह ने उन्हें अंग वस्त्र और पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया। कार्यक्रम में सत्तूज स्टार्टअप के सचिन कुमार, देसी मंत्रा की फाउंडर दिशा नारायण, आस्था आयल प्रोडक्ट के राजीव कुमार गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, पटना। उद्योग विभाग द्वारा मौर्यलोक स्थित स्टार्टअप सेंटर बी हब में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में स्टार्टअप उद्यमियों को संबोधित करते हुए बिहार के विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में स्टार्टअप इकोसिस्टम बेहतर बनाने के लिए उद्योग विभाग काम कर रहा है। बिहार में भी वर्ल्ड क्लास स्टार्टअप तैयार होने की पूरी संभावना है। स्टार्टअप इकाइयों को उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ाने और सतत प्रयत्नशील रहने के लिए कठिन मेहनत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि काम के प्रति पूर्ण समर्पण, लगन और काम को अंजाम तक ले जाने की भावना ही स्टार्टअप को सफल बनाएगी। विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह ने कहा कि डिग्री प्राप्त कर लेना आसान है। लेकिन सपनों को जीने के लिए दिन-रात को एक कर देना होता है।
स्टार्टअप उद्यमियों को न सिर्फ अपने सपने साकार करने हैं बल्कि अपने निवेशकों के सपनों को भी साकार करना है। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन करके विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौण्डरीक, सिडबी की महाप्रबंधक अनुभा प्रकाश, उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित और चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान पटना के निदेशक डॉ राणा सिंह ने किया। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस की बधाई देते हुए उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि स्टार्टअप के लिए पैशन, कमिटमेंट और अनलिमिटेड एनर्जी की आवश्यकता है। इनकी बदौलत ही स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
स्टार्टअप उद्यमी सही प्लानिंग और स्ट्रेटजी के साथ काम करते हुए अपनी कंपनी को अंतर्राष्ट्रीय मंच तक ले जाएं जिससे बिहार का नाम रोशन हो। कार्यक्रम में सिडबी की महाप्रबंधक अनुभा प्रकाश ने कहा कि स्टार्टअप की सफलता के लिए बेहतरीन को सिस्टम का होना आवश्यक है। बी-हब एक ऐसा ही मंच है जहां बिहार के सभी स्टार्टअप एक साथ मिल बैठकर के एक दूसरे की मदद कर सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के तहत सिर्फ सीडफंड प्राप्त करना मकसद नहीं होना चाहिए बल्कि एंजल इन्वेस्टर्स के माध्यम से बड़ा निवेश हेतु प्रयत्नशील रहना चाहिए। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक डॉ राणा सिंह ने किया। उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापन किया। स्टार्टअप दिवस पर स्टार्टअप कंपनी देहात के को-फाउंडर शशांक, ग्राम श्री किसान की आस्था सिंह, हस्तसंस्कृति प्राइवेट लिमिटेड की ममता और एग्रिक्स एग्रोटेक के डॉ निलय पाण्डेय ने भी अपने विचार साझा किये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse