एबीएन न्यूज नेटवर्क, सासाराम। सोमवार को वाणिज्य के छात्रों की आवश्यकताओं को देखते हुए एक नया प्लेटफॉर्म "फिनशास्त्र" विशेष रूप से वाणिज्य छात्रों और सीए, सीएमए, सीएस, एमबीए, सीएफए जैसे कैरियर्स के लिए गौरक्षिनी, प्रेमचंद पथ, लाल हाता के सामने शुरू किया गया है। इसके माध्यम से छात्रों को कक्षा 11-12वीं से बी कॉम, बीबीए सभी स्तर पर मार्गदर्शन मिलता है और वे बहुत कम उम्र में ही सफलता हासिल कर सकते हैं। इस उद्घाटन समारोह में कई बड़े नाम शामिल हुए थे, जिनमें स्थानीय अधिकारी, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल थे।
संस्थान के चेयरमैन सीएमए मानस ठाकुर ने कहा कि फिनशास्त्र में छात्रों को न केवल उनके अध्ययन से संबंधित मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि यह उन्हें उनके करियर में आगे बढ़ने के लिए सभी आवश्यक साधन भी प्रदान करेगा। छात्रों के लिए इस प्लेटफॉर्म पर अनुभवी मेंटर भी उपलब्ध हैं।
समारोह का उदघाटन सेंट्रल कोल फील्ड्स के एक्स चीफ मैनेजर श्री अजय दीप वाधवा जी के कर कमलों से किया गया। सीए विनोद कुमार गुप्ता की भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर वाधवा जी ने कहा की अब कॉमर्स के छात्र 11-12वीं से ही सीए की पढ़ाई बिना किसी कठिनाई के सासाराम से ही कर पाएंगे यह अत्यंत सुखद अहसास है। फिनशास्त्र रिसर्च फाउंडेशन, कोलकाता एक शैक्षिक ट्रस्ट है जिसका उद्देश्य सबसे सस्ते लागत पर ऑनलाइन, ऑफलाइन और हाइब्रिड माध्यम से वित्त और वाणिज्य शिक्षा प्रदान करना और करियर बनाना है। ताकि ज्यादातर छात्र इस शिक्षा का लाभ उठा सकें।
फिनशास्त्र के सैकड़ों सफल विद्यार्थी विभिन्न सरकारी उद्योगों और कंपनीज में उच्च पदों पर नियुक्त हैं जो छात्रों को पेशेवर जिंदगी एवम् रोजगार में सफलता प्राप्त करने में मदद करेंगे।फिनशास्त्र का हेड आफिस कोलकाता एवम सेंटर आसनसोल और रांची में भी हैं।इस प्लेटफॉर्म पर सभी विषयों के लिए अधिकृत मैनुअल और वीडियो उपलब्ध हैं। इसके अलावा, इस प्लेटफॉर्म पर समय-समय पर सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन किया जायेगा।
फिनशास्त्र का उद्घाटन सासाराम में कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए नये दिन की शुरुआत माना जा रहा है क्योंकि अब उन्हें सीए, सीएमए, सीएस कोर्स की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।साथ ही खर्च भी अत्यंत कम लगेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, भागलपुर। भागलपुर जिला पशुपालन कार्यालय ने बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र के मुर्गे-मुर्गियों का जो सैंपल गत 29 मार्च को पटना भेजा था, उसी की जांच के बाद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल ने एवियन इंफ्लूएंजा की पुष्टि की है।
जाहिर है कि मुर्गे-मुर्गियों में संक्रमण फैले 18 दिन गुजर गये और इस दौरान मुर्गे-मुर्गियों का परिवहन, बिक्री, उपयोग आदि होते रहा। थोक विक्रेताओं से बातचीत में यह पता चला कि प्रतिदिन भागलपुर शहर में 85 से 90 क्विंटल मुर्गे की बिक्री होती है। ऐसे में इन 18 दिनों में 1500 क्विंटल से भी अधिक मुर्गे लोग खा चुके हैं।
जांच रिपोर्ट आने में लंबे वक्त के कारण नुकसान की क्या आशंका है, यह तो पशुपालन विभाग ही बता सकता है। दूसरी तरफ भागलपुर शहर में कुक्कुट प्रक्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में मुर्गे व अन्य पक्षियों की बिक्री पर जिला प्रशासन द्वारा रोक लगाये जाने के बाद भी शहर में धड़ल्ले से मुर्गे की बिक्री होती रही।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण के पांच प्रखंडों में जहरीला पेय पदार्थ पीने से 22 लोगों की मौत हो गयी। लोगों के मरने का सिलसिला शुक्रवार की शाम से शुरू हुआ। पहले दिन पांच लोगों की मौत हुई, उसके बाद शनिवार तक मौत का आंकड़ा 22 तक पहुंच गया। वहीं ढाई दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। सदर अस्पताल से लेकर शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।
प्रभावित इलाकों में कोहराम मचा है। लोगों में दहशत का माहौल है। चिकित्सकों, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम इलाके में पहुंच मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत हरसिद्धि मठलोहियार में पिता व पुत्र की मौत से हुई। इसके बाद रघुनाथपुर के लक्ष्मीपुर में लोगों के मरने का सिलसिला शुरू हो गया।
पहले लक्ष्मीपुर के रामेश्वर राम की मौत गांव में हो गयी, जबकि आधा दर्जन बीमार लोगों को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। बीमार लोगों को धुंधला दिखाई देने व सिर में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों ने गंभीर दो लोगों को रेफर किया। मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी।
शनिवार शाम तक पहाड़पुर के तीन, तुरकौलिया के 11, हरसिद्धि के तीन व सुगौली के पांच लोग दम तोड़ चुके हैं। प्रशासनिक स्तर पर 11 लोगों की मौत की पुष्टि की गयी है। मौत का कारण जहरीला पेय पदार्थ पीना बताया जा रहा है। मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। चारों ओर चीख-पुकार मची हुई है। मृतक के परिजन सहित गांव के लोग जहरीली शराब पीने से मौत की बात कह रहे हैं। स्थानीय स्तर के नेताओं का प्रभावित इलाकों में दौरा शुरू हो गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पर संदिग्ध अवस्था में 16 लोगों की मौत हो गई हैं, जबकि 7 की हालत गंभीर बनी हुई हैं।
गांव वालों का कहना है कि जहरीली शराब पीने से इनकी मौत हुई है तो वहीं डॉक्टर्स का कहना है कि सभी डायरिया और फूड पॉइजनिंग के शिकार थे, जिसके कारण इनकी मौत हो गयी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद से अरवल के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह के बेटे दिवाकर की हत्या कर दी गयी है। अज्ञात अपराधियों ने खलिहान में पूर्व विधायक के बेटे को गोली मार हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद अपराधी फरार हो गये। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। अरवल से राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधायक हैं रविंद्र सिंह। घटना दाउदनगर के हिछन बिगहा की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार में पटना एयरपोर्ट पर बम की सूचना मिलने से वहां हड़कंप मच गया था। सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता जांच में जुट गया था। लेकिन वहां कुछ मिला नहीं था।
अब पटना एसएसपी ने पुष्टि की है कि समस्तीपुर से एक नशेड़ी ने कॉल किया था और कोई मॉक ड्रिल भी नहीं थी। नशे में की गयी कॉल के बाद जांच की गयी। इसी सिलसिले में समस्तीपुर पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले नशेड़ी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं पटना एयरपोर्ट पर बम की अफवाह पर अफरातफरी रोकने के लिए सुरक्षा कर्मचारी मॉक ड्रिल और सामान्य जांच की बात कह रहे थे। सभी फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से आवागमन कर रही हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। बिहार के अररिया जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सुबह-सुबह ही भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप के झटके सुबह करीब 5 बजकर 35 मिनट पर महसूस किये गये। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गयी है।
भूंकप से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक, इतनी सुबह भूकंप आने के कारण बहुत से लोगों को पता ही नहीं चला, क्योंकि वह सो ही रहे थे। वहीं इससे पहले रविवार (9 अप्रैल) की रात को अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 रही थी।
टीम एबीएन, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता की मुहिम में सात माह बाद मंगलवार की शाम को तीन दिवसीय यात्रा पर फिर दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान नीतीश कुमार कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेताओं से बात करेंगे।
माना जा रहा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकजुटता पर कोई सहमति बन सकती है। नीतीश कुमार के साथ में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और जल संसाधन मंत्री संजय झा भी गये हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से वह सीधे राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मिलने सांसद मीसा भारती के आवास पर पहुंचे।
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अप्रैल के पहले सप्ताह में फोनकर तीन शीर्ष विपक्षी नेताओं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से विपक्षी एकता पर बात की थी।
इससे पहले नीतीश कुमार पांच सितंबर, 2022 को चार दिवसीय यात्रा पर दिल्ली गये थे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिलों के शीर्ष नेताओं से मिले थे। मुख्यमंत्री हमेशा कहते रहे हैं कि मैं मेरी इच्छा है कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में अधिक-से-अधिक विपक्षी पार्टियां साथ आयें और भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse