बिहार

View All
Published / 2023-07-10 19:01:34
अपने शहर की स्वच्छता के लिए करें श्रमदान : राज चित्रकार

स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 अभियान

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान टीम ने बोरिंग रोड के आर एस एस, निफ्ट, एनआईडी कोचिंग संस्थान में जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता का अलख जगाया। 

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राज चित्रकार ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन में बहुत महत्व रखता है। स्वच्छता है तभी स्वास्थ्य है। गंदगी से अनेक प्रकार की बीमारियों का जन्म होता है। शरीर की सफाई के लिए हम प्रतिदिन स्नान करते हैं। शहर की सफाई के लिए हम प्रतिदिन नहीं तो कम से कम सप्ताह में 1 दिन श्रमदान करें। 

लोक गायिका डॉ नीतू नवगीत ने सबसे बड़ा है कहना साफ रहना उत्तम दवा है सफाई बापू का कहना, सब को मिलकर आगे आना है स्वच्छता का अलख जगाना है जैसे गीत गाकर संस्थान के विद्यार्थियों को स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। 

पटना नगर निगम की टीम द्वारा इस अवसर पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिस में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों रोशन कुमार राज, नयन पुणे, गौतम, अक्षिता अनु, आशिता श्रीवास्तव, कपल सिन्हा, सृष्टि शर्मा, साक्षी कुमारी, स्नेहा गुप्ता, साक्षी रंजन, अनन्या अग्रवाल, सोनाली सिंह, अनुष्का गुप्ता, खुशबू कुमारी, सृष्टि कुमारी, रितु राणा, संदली कुमारी, राखी, सौम्या, आशीष सिन्हा, वैष्णवी कुमारी, खुशी कुमारी, शुभांगी कुमारी, वैभवी झा, अश्विनी कुमारी, खुशी कुमारी, अंजली रॉय, प्राची हर्ष, पलक शर्मा, अंकिता रानी, दीप्ति आर्य और प्रिया सिंह को पुरस्कृत किया गया।

Published / 2023-07-08 20:02:44
बिहार के 13 करोड़ लोग एक साथ मिलकर राज्य के औद्योगिक वातावरण के निर्माण के लिए आगे आयें : समीर महासेठ

  • बिहार के बारे में निवेशकों के परसेप्शन को फिल्मों और दूसरे माध्यमों से किया गया खराब : उद्योग मंत्री

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। निवेशकों की सुविधा के लिए उद्योग विभाग ने पटना के अटल पथ स्थित इंदिरा भवन में निवेश सुविधा केंद्र की स्थापना की है। इसका उद्घाटन बिहार सरकार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ और उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने किया। 

मौके पर उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित, तकनीकी विकास निदेशालय के निदेशक संजीव कुमार, हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार, उद्योग मित्र के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मकेश्वर द्विवेदी आदि मौजूद रहे। 

निवेश सुविधा केंद्र का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि उपभोक्ता बिहार को उद्यमी बिहार में तब्दील करने के लिए हर बिहारी को प्रयास करने की आवश्यकता है। बिहार के 13 करोड़ लोग एक साथ मिलकर राज्य के औद्योगिक वातावरण के निर्माण के लिए आगे आएं। 

उन्होंने कहा कि बिहार के बारे में निवेशकों के परसेप्शन को फिल्मों और दूसरे माध्यमों से जान-बूझकर खराब किया गया है। बिहार गौतम बुद्ध, महावीर और गुरु गोविंद सिंह की भूमि है। बिहार श्रम को प्रतिष्ठा देने वाले लोगों की भूमि है। 

बिहार के लोग मेहनत करने से नहीं घबराते हैं। देश के 40% से अधिक मिलों और उद्योगों में बिहार के लोग काम कर रहे हैं। इन सभी लोगों को जोड़कर बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग प्रयत्नशील है।

मंत्री ने कहा कि बिहार में इथेनॉल और बायोफ्यूल्स को बढ़ावा देने के लिए बिहार बायो फ्यूल्स नीति 2023 लायी गयी है। इसके तहत निवेशकों को निवेश पर पूंजीगत प्रोत्साहन प्राप्त होगा। लेदरआॅफ टेक्सटाइल क्षेत्र के उद्यमियों को बिहार में निवेश करने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बिहार राज्य लेदर एवं टेक्सटाइल नीति को 1 साल के लिए अवधि विस्तार दे दिया गया है। 

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि का आवंटन अब मात्र 1 सप्ताह के अंदर किया जा रहा है। उद्योगों को सभी प्रकार के क्लीयरेंस प्रदान करने के लिए निवेश सुविधा केंद्र में ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से कार्य संपादित होगा।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास जारी है। इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश प्रोत्साहित करने के लिए 24 लाख वर्ग फीट में प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल शेड तैयार किया गया है। 

10 शेड बनकर तैयार हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की प्रगति के बारे में बताते हुए कहा कि 29,000 उद्यमियों को 2,006 करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है। अधिकांश उद्यमी अपने यूनिट में उत्पादन चालू कर चुके हैं। कुछ उद्यमियों द्वारा उद्योग न लगाने की शिकायतें प्राप्त हुई है, जिन का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत जमा किए गए बिलों का वेरिफिकेशन कमर्शियल टैक्स विभाग द्वारा कराया जा रहा है। नियमों की अवहेलना करके अभी फजीर्वाड़ा करते हुए कोई पकड़ा जाता है तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रिकवरी की कार्रवाई की जायेगी।

Published / 2023-07-07 19:17:45
भागलपुर के रेशम भवन में लगाया गया खादी मेला

क्या बोले बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ 

  • भागलपुर के रेशम की है अंतरराष्ट्रीय पहचान 
  • ग्लोबल मार्केट में मजबूत बनने के लिए लोकल को दे महत्व 
  • खादी के कपड़े होते हैं आरामदायक और स्वास्थ्यवर्धक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। भागलपुर जीरो माइल के पास स्थित रेशम भवन में बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा खादी मेला लगाया गया है जिसका उद्घाटन बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार तथा मुजफ्फरपुर के एडीएम  महफूज आलम ने किया। 

उद्घाटन के बाद खादी मेला में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि भागलपुर का रेशम उद्योग अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है। यहां का रेशम सऊदी अरब से लेकर अमेरिका तक जाता है। रेशम उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए हर प्रकार की मदद मिलेगी। रेशमी खादी को भी बढ़ावा दिया जाएगा। खादी हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। 

महात्मा गांधी ने जब स्वदेशी का आंदोलन चलाया था तो घर-घर में चरखा चलाने का काम हुआ। घर-घर में कुटीर उद्योग प्रारंभ हुए। इससे हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। लोग स्वाबलंबी हुए। चरखा और खादी से जो ताकत मिली उसी ताकत के बल पर देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि ढाका का मलमल और भागलपुर का रेशम हर जगह जाना जाता है। 

प्रदेश के लाखों लोग रेशम, खादी और ग्रामोद्योग से रोजगार पाते हैं। खादी और कुटीर उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। हमारी सरकार बिहार के हर युवा को रोजगार देने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत हमने लगभग 29000 उद्यमियों को 2006 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की है। 

10- 10 लाख रुपए की सहायता पाकर बिहार के युवा न सिर्फ अपने लिए रोजगार का इंतजाम कर रहे हैं बल्कि दर्जनों दूसरे लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं। उद्यमियों को मजबूती प्रदान करने के लिए कलस्टर योजना पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चार-चार लाख रुपए की राशि पहली किस्त के रूप में दी जाती है। 

जिन लोगों ने प्रथम किस्त का उपयोग कर लिया उन्हें दूसरा किस्त भी दे दिया गया है और दूसरे किस्त की उपयोगिता का प्रमाण पत्र देने वाले उद्यमियों को तीसरा किस्त भी दे दिया गया है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पिछले 8 महीनों में हजारों नए उद्योग खुल चुके हैं। हर उद्योग में 5 से 10 लोगों को रोजगार मिला है। हम चाहते हैं कि बिहार के युवा बिहार में ही काम करें। 

बिहार में ही उद्योग लगाएं और अपने गांव समाज के दूसरे लोगों को भी रोजगार दें। उद्योग विभाग की हर योजना का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा नए उद्योग स्थापित हों। भागलपुर जिला के युवा भी कमर कस लें। विभाग द्वारा उन्हें हर प्रकार की मदद दी जाएगी। खादी मेला और हैंडलूम मेला लगा कर उन्हें मार्केटिंग का अवसर प्रदान किया जायेगा। 

इसके अलावा खादी मॉल के माध्यम से मार्केटिंग में मदद दी जायेगी। उन्होंने युवा उद्यमियों से कहा कि उद्योग के लिए मिलने वाले ऋण को खैरात नहीं समझे। योजना चाहे जो भी हो, सरकार से मिलने वाली वित्तीय सहायता का उपयोग नये उद्योगों की स्थापना और पुराने उद्योगों के विस्तार के लिए करें। 

भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर के रेशम और खादी को और अधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे ढेर सारे लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि समीर कुमार महासेठ बिहार के उद्योगों को आगे ले जाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बोलते कम है लेकिन इनका काम दिखता है। 

भागलपुर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला में उद्योगों की स्थापना के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार कोशिश हो रही है। सभी बैंकों को पीएमईजीपी और पीएमएफएमई जैसे कार्यक्रमों के तहत लक्ष्य के अनुसार ऋण स्वीकृत करने का निर्देश दिया गया है। जो बैंक लक्ष्य के अनुसार ऋण की स्वीकृति नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। 

बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि प्रदेश की सभी खादी संस्थाओं को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड द्वारा सहायता दी जा रही है। भागलपुर का खादी मेला भी एक ऐसा प्रयास है जिसके माध्यम से खादी वस्त्र के उत्पादकों को बाजार मुहैया कराया जा रहा है। ऐसा मेला मोतिहारी, गया, कैमूर, पूर्णिया, सिवान, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और आरा में भी लगाया जा चुका है। 

कार्यक्रम मे डॉ सलाउद्दीन एहसान, डॉ चक्रपाणि हिमांशु हलीम अंसारी, चंद्रशेखर, विपिन कुमार, हसनैन अंसारी, संजय साह मिथिलेश कुमार, बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अभय कुमार सिंह, राजीव कुमार शर्मा, जिला खादी ग्राम उद्योग पदाधिकारी आदि भी मौजूद रहे।

Published / 2023-07-07 19:14:12
मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है...

पीएमएफएमई कनेक्ट और मिलेट महोत्सव

  • खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए बिहार में भरपूर संभावनाएं : मुख्य सचिव

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय द्वारा ज्ञान भवन में पीएमएफएमई कनेक्ट और मिलेट महोत्सव का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बिहार सरकार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की सचिव अनीता प्रवीण और बिहार सरकार के उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने किया। 

उद्घाटन समारोह में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े उद्यमियों और जिला संसाधन सेवकों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि बिहार में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री की व्यापक संभावनाएं हैं। बिहार की भूमि उपजाऊ है। मसाले सब्जियों और फलों के उत्पादन में बिहार भारत का अग्रणी राज्य है। मखाना और मशरूम का सबसे अधिक उत्पादन बिहार राज्य में ही होता है। 

मक्का, टमाटर, केला, सब्जियां, फल और अनाज के उत्पादन में भी बिहार भारत के 5 सबसे बड़े राज्यों में एक है। कई कृषि उत्पाद 1 सप्ताह से 1 माह की अवधि के भीतर उपयोग न किए जाने पर खराब हो जाते हैं, लेकिन यदि उनकी अच्छी तरह से प्रोसेसिंग कर दी जाए तो उनका लाइफ बढ़कर कई साल हो जाता है। 

मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार में बैंकों उद्यमियों और सरकार के बीच तालमेल बढ़ा है। उद्योग विभाग के अधिकारियों की सकारात्मक कोशिशों से उद्यमियों के बीच जोश भर गया है। सब में एक साथ मिलकर आगे बढ़ने की चाहत भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बिहार एक बड़ा उपभोक्ता राज्य है और गांव शहर सभी जगह प्रोसेस्ड फूड की डिमांड बढ़ी है। 

मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने लघु एवं मध्यम उद्योगों के संचालकों से कहा कि अपने प्रोडक्ट बनाते समय शुद्धता और गुणवत्ता का ख्याल रखें। इससे प्रोडक्ट के प्रति कंज्यूमर का विश्वास बढ़ता है और स्थानीय बाजार में प्रोडक्ट का पॉजिटिव इमेज बनता है। इससे मांग बढ़ती है और दूसरे बाजारों में भी प्रोडक्ट की डिमांड बढ़ती है। 

उन्होंने कहा कि अब गांव-गांव में बाजार और दुकानें खुल गई हैं। उत्पादक अपने जिले के बाजार पर फोकस करें और फिर उत्पादन बढ़ने पर आसपास के दूसरे बाजारों में मार्केटिंग चालू करें। मुख्य सचिव ने कहा कि खुदरा दुकानदारों और स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को अपने कारखाने में बुलाकर वहां बनने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और प्रक्रिया को दिखायें, इससे आपकी विश्वसनीयता बढ़ेगी। 

भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की सचिव अनीता प्रवीण ने कहा कि पीएमएफएमई योजना के क्रियान्वयन में बिहार का प्रदर्शन उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का 9% से अधिक की दर से विकास हुआ है। पिछले साल इस सेक्टर का ग्रोथ रेट 22% रहा है। 

उन्होंने कहा कि आम और लीची का लाइफ 10 दिनों का होता है लेकिन यदि इनकी प्रोसेसिंग कर दी जाए तो अगले एक-दो सालों तक अलग-अलग तरीके से उनको खाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की योजनाओं को लागू करने में बिहार का स्थान पहला या दूसरा रहता है, यह उनके लिए गर्व की बात है। 

उन्होंने कहा कि किसान संपदा योजना और पीएमएफएमई योजनाओं के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में लगने वाली इकाइयों को अनुदान दिया जाता है। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौण्डरीक ने उद्यमियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रोडक्ट की गुणवत्ता के साथ समझौता कभी नहीं करें। अच्छी नीयत से काम करें तो उसका अच्छा परिणाम निकलेगा। 

उन्होंने कहा कि उद्योगों की सफलता एक लंबी प्रक्रिया है। सफलता के लिए धैर्य के साथ मेहनत करना जरूरी है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियों को उद्धृत करते हुए संदीप पौण्डरीक ने कहा कि है कौन विघ्न ऐसा जग में/टिक सके वीर नर के मग में/खम ठोक ठेलता है जब नर/ पर्वत के जाते पांव उखड़/मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है।

इससे पहले कार्यक्रम के प्रारंभ में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़ी हुई योजनाओं की प्रगति के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित ने स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित जूट के पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के डायरेक्टर डॉ राणा सिंह, विशाल भदौरिया रितेश कुमार और अरुण प्रकाश ने सूक्ष्म एवं लघु औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को सोशल मीडिया के उपयोग, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकों की क्रेडिट लिंक योजनाएं और फूड सेफ्टी प्रबंधन के संबंध में विस्तार से बताया। 

कार्यक्रम में तकनीकी विकास निदेशालय के निदेशक संजीव कुमार, उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार और आलोक कुमार, भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय के निदेशक डी प्रवीण एवं उद्योग विभाग के सभी अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की पीएमएफएमई योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने वाले बैंकों और जिला संसाधन सेवियों को सम्मानित भी किया गया।

Published / 2023-07-06 23:04:26
बिहार : बारिश के पानी में डूब गया डीएमसीएच

  • कई वार्डों में घुसा पानी, 5 दिनों के लिए अस्पताल बंद

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। सावन की पहली बरसात ने बिहार सरकार के सभी दावों की पोल खोल दी है। बारिश से बिहार का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल डीएमसीएच पानी-पानी हो गया है। दरभंगा शहर भी जलमग्न है। डीएमसीएच के कई वार्डों में पानी घुस गया है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। 

डीएमसीएच में जलजमाव की वजह से यहां इलाज कराने पहुंच रहे मरीज, उनके परिजन एवं स्वास्थ्य कर्मियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं जलजमाव के कारण पांच दिनों के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल को बंद करने का आदेश दिया गया है। 

इधर, डीएमसीएच में जलजमाव पर नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने बिहार सरकार पर हमला बोला है। विजय सिन्हा ने कहा है कि राज्य के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज का नजारा देखिये। मरीज और परिजन अस्पताल में हैं या तालाब में हैं, पता ही नहीं चलता। अस्पताल और तालाब का अंतर लगभग समाप्त हो गया है। 

शहर की लगभग सभी सड़कें जलमग्न है तो वहीं रिहायशी इलाकों में भी लोगों की घरों में नाले का गंदा पानी प्रवेश कर गया है। इससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासी नगर निगम प्रशासन से पानी निकासी के लिए गुहार लगा रहे हैं।

Published / 2023-07-05 20:29:45
घर-घर अलख जगायेंगे, पटना को स्वच्छ बनायेंगे : नीतू नवगीत

स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में पटना वासियों को भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की टीम द्वारा मृदंगम स्कूल आफ आर्ट्स में जागृति अभियान चलाया गया जिसमें पटना नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता हमारी मूलभूत आवश्यकता है। 

स्वच्छ तन-मन और स्वच्छ शहर से ही अच्छे विचारों का विकास होगा और हम देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगे। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता का दीप हमें जलाए रखना है। स्वच्छता एक संस्कार है।

उन्होंने पटना नगर के वासियों  से अनुरोध किया कि वे सभी स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में भाग लें। लोगों की स्वच्छता अभियान में जितनी अधिक भागीदारी होगी, पटना की स्वच्छता रैंकिंग में उतना ही सुधार होगा। कार्यक्रम में लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ भारत बनेगा, उत्तम दवा है सफाई सहित अनेक गीतों की प्रस्तुति की। 

कार्यक्रम में विनोद पंडित ने हारमोनियम पर और रंजीत रंजन ने नाल पर लोक गायिका नीतू नवगीत का साथ दिया। पायल कुमारी और रूपा कुमारी ने भी स्वच्छता से संबंधित गीत गाकर स्वच्छता का अलख जगाया। नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर नीतू नवगीत ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेकर हम लोग पटना की रैंकिंग में सुधार ला सकते हैं। 

देशभर में विभिन्न शहरों की रैंकिंग में इस बार नागरिकों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। जितने अधिक लोग स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेंगे, पटना की रैंकिंग उतनी ही बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से अपशिष्ट प्रबंधन और साफ-सफाई पर पहले से कई गुना अधिक ध्यान दिया जा रहा है। 

बिहार के प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट और पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर पवन में कार्टून बनाकर लोगों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए कहा। पवन ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। स्वच्छ भारत और स्वच्छ शहर का सपना किसी एक व्यक्ति का नहीं होता। 

यह हम सबका सामूहिक सपना है और स्वच्छता हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के समय प्रणव कुमार, अमितेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार रंजन, रोहित कुमार झा, सुमित मिश्रा, गुड्डी कुमारी, अंकिता पांडे आदि उपस्थित रहे।

Published / 2023-07-02 21:44:41
घर-घर अलख जगायेंगे, पटना को स्वच्छ बनायेंगे : नीतू नवगीत

स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में पटना वासियों को भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की टीम ने मृदंगम स्कूल आॅफ आर्ट्स में जागृति अभियान चलाया, जिसमें पटना नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता हमारी मूलभूत आवश्यकता है। 

स्वच्छ तन-मन और स्वच्छ शहर से ही अच्छे विचारों का विकास होगा और हम देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे पायेंगे। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता का दीप हमें जलाये रखना है। स्वच्छता एक संस्कार है।

उन्होंने पटना नगर के वासियों  से अनुरोध किया कि वे सभी स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में भाग लें। लोगों की स्वच्छता अभियान में जितनी अधिक भागीदारी होगी, पटना की स्वच्छता रैंकिंग में उतना ही सुधार होगा। कार्यक्रम में लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ भारत बनेगा, उत्तम दवा है सफाई सहित अनेक गीतों की प्रस्तुति की। 

कार्यक्रम में विनोद पंडित ने हारमोनियम पर और रंजीत रंजन ने नाल पर लोक गायिका नीतू नवगीत का साथ दिया। पायल कुमारी और रूपा कुमारी ने भी स्वच्छता से संबंधित गीत गाकर स्वच्छता का अलख जगाया। नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर नीतू नवगीत ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेकर हम लोग पटना की रैंकिंग में सुधार ला सकते हैं। 

देशभर में विभिन्न शहरों की रैंकिंग में इस बार नागरिकों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। जितने अधिक लोग स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेंगे, पटना की रैंकिंग उतनी ही बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से अपशिष्ट प्रबंधन और साफ-सफाई पर पहले से कई गुना अधिक ध्यान दिया जा रहा है। 

बिहार के प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट और पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर पवन में कार्टून बनाकर लोगों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए कहा। पवन ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। स्वच्छ भारत और स्वच्छ शहर का सपना किसी एक व्यक्ति का नहीं होता। 

यह हम सबका सामूहिक सपना है और स्वच्छता हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के समय प्रणव कुमार, अमितेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार रंजन, रोहित कुमार झा, सुमित मिश्रा, गुड्डी कुमारी, अंकिता पांडे आदि उपस्थित रहे।

Published / 2023-07-02 19:40:28
बाढ़ : रांची की चार महिला कांवरियों को बस ने कुचला

  • बिहार में बस ने रांची की चार महिला कांवरियों को कुचला, एक की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/ पटना। बिहार के बाढ़ थाना अंतर्गत कोणदी सकसोहरा रोड एनएच-30ए के लदमा गांव के निकट शनिवार की रात नौ बजे तेज रफ्तार एक बस ने रांची की चार महिला कांवरियों को कुचल दिया। एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि तीन महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं। 

मृत महिला की पहचान रांची निवासी संजय ओझा की 35 वर्षीया पत्नी के रूप में की गयी है। गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीया लीलावती देवी को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दो अन्य महिलाएं भी घटना में मामूली रूप से घायल हुई हैं। 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायल महिलाओं को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेजा। मौके पर बाढ़ थाना की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। 

पुलिस ने बताया कि महिलाएं बाढ़ के उमानाथ घाट पर स्नान करने के बाद गंगाजल लेकर बरबीघा (शेखपुरा जिला) के शिवालय में जल चढ़ाने के लिए जा रही थीं, तभी यह घटना हुई। महिलाओं के साथ करीब 100 लोगों का जत्था भी जल चढ़ाने के लिए जा रहा था।

Page 24 of 62

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse