एबीएन डेस्क। दिशा पाटनी दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार प्रभास की फिल्म में काम करती नजर आयेंगी। प्रभास और दीपिका पादुकोण स्टारर आने वाली फिल्म में दिशा पाटनी की एंट्री हो चुकी है। इसका खुलासा दिशा पाटनी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से किया है। निर्देशक नाग अश्विन की इस फिल्म में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी है। दिशा पाटनी ने इंस्टास्टोरी पर एक गिफ्ट की तस्वीर शेयर की है। जिसमें फिल्म टीम दिशा का अपनी फिल्म में शामिल होने के लिए शुक्रिया अदा कर रही है। दिशा पाटनी की इंस्टास्टोरी पर शेयर की गई इस तस्वीर में एक गिफ्ट रैप बुके के साथ नजर आ रहा है।
एबीएन डेस्क। कन्नड़ अभिनेता यश की फिल्म केजीएफ चैप्टर-2 ने हिंदी संस्करण में 400 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। हिंदी में सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फिल्म का दर्जा प्राप्त कर चुकी फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही सिनेमाघरों में जलवा बिखेर रही है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने शनिवार को ट्वीट किया कि केजीएफ चैप्टर-2 हिंदी में 400 पर नॉट आउट है। फिल्म ने हिंदी संस्करण में कुल 401.80 करोड़ की कमाई की। केजीएफ चैप्टर-2 ने कमाई के मामले में आमिर खान की फिल्म दंगल को पीछे छोड़ दिया है। हिंदी में कमाई करने के मामले में केजीएफ चैप्टर-2 से आगे केवल बाहुबली 2 ही है, जिसने हिंदी में 510 करोड़ रुपए की कमाई की थी। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी केजीएफ चैप्टर-2 ने वैश्विक स्तर पर कमाई के मामले में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और यह सबसे अधिक कमाई करने वाली चौथी फिल्म का दर्जा हासिल कर चुकी है। फिल्म में कन्नड़ अभिनेता यश, बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त, अभिनेत्री रवीना टंडन, अभिनेत्री श्रीनिधि शेट्ठी और अन्य कलाकारों ने काम किया है।
एबीएन डेस्क। अमिताभ बच्चन की फिल्म "झुंड" शुक्रवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज हो गयी। इस फिल्म का मामला न्यायालय में अटका हुआ था। फिल्म निर्माताओं के ऊपर कॉपीराइट का आरोप लगने के बाद तेलंगाना उच्च न्यायालय ने इस फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने से रोक लगा दी थी। मामले की सुनवाई नौ जून को तय की थी, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने तेलंगाना उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी, जिसके बाद यह फिल्म आज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो गयी। महानायक अमिताभ बच्चन की यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म में अभिनेता विजय बरसे की भूमिका में हैं, जिन्होंने गरीब बच्चों को फुलटबॉल खेलने के लिए प्रेरित किया था। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक नागराज पोपटराव मंजुले के निर्देशन में बनी यह फिल्म चार मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में अभिनेता अमिताभ बच्चन के अलावा अभिनेत्री रिंकू राजगुरु, अभिनेता विक्की कादियान, अभिनेता गणेश देशमुख और आकाश ठोसर ने भूमिका निभाई है।
एबीएन डेस्क। फिल्म निर्देशक करण जौहर ने बुधवार को एलान किया कि वह अब कॉफी विद करण शो का नया सीजन लेकर नहीं आएंगे। करण जौहर ने कहा, कॉफी विद करण शो मेरे और आपके जीवन का एक अहम हिस्सा रहा है। इसके छह सीजन ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। फिल्म निर्देशक ने अपने इंस्ट्राग्राम एकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, हेलो, कॉफी विद करण मेरी और आपकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है। शो के छह सीजन तक सबका मनोरंजन किया गया। इस शो ने पॉप संस्कृति में प्रभाव डाला है और अपनी जगह बनाई है। भारी मन के साथ कहना पड़ रहा है कि अब कॉफी विद करण का नया सीजन नहीं आएगा। कॉफी विद करण शो के अभी तक छह सीजन आ चुके हैं, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है।
एबीएन डेस्क। ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने हीमेन के रूप में मशहूर अभिनेता पति धर्मेंद्र को 42वीं वैवाहिक वर्षगांठ की बधाई दी है। अभिनेत्री एवं सांसद सुश्री मालिनी ने ट्विटर पर धर्मेंद्र के साथ एक पुरानी फोटो साझा करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि आज हमारी विवाह की वर्षगांठ है। मैं इन सभी वर्षों की खुशी के लिए ईश्वर को धन्यवाद देती हूं। अपने प्यारे बच्चों और पोते तथा हमारे शुभचिंतकों के साथ मैं सचमुच धन्य महसूस करती हूं। उन्होंने एक और तस्वीर भी साझा की और लिखा, आपकी खुशी के लिए हम दोनों की एक और तस्वीर। उनकी बेटी ईशा देओल ने भी अपने माता-पिता को उनके विशेष दिन पर बधाई देने के लिए वही तस्वीर साझा की। ईशा न लिखा, हैप्पी वेडिंग एनिवर्सरी पापा और मम्मा। लव यू। ड्रीम गर्ल ने एक अन्य पोस्ट में धमेंन्द्र के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने के लिए शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा, मैं उन हजारों शुभचिंतकों को धन्यवाद देना चाहूंगी जो धरम जी के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। हां, वह कुछ दिनों के लिए अस्पताल में थे लेकिन अब वह ठीक हैं और शुक्र है कि घर वापस आ गए। भगवान दयालु हैं। उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड फिल्मों की इस मशहूर जोड़ी ने 1980 में वैवाहिक बंधन में बंधा था। धर्मेंद्र निर्देशक करण जौहर की रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में जया बच्चन, शबाना आज़मी, आलिया भट्ट और रणवीर सिंह के साथ दिखाई देंगे।
एबीएन डेस्क। हॉलीवुड अभिनेत्री और संयुक्त राष्ट्र की मानवतावादी एंजेलिना जोली ने यूक्रेन में रूसी कार्रवाई के बीच देश के पश्चिमी शहर लवीव में एक बोर्डिंग स्कूल और चिकित्सा संस्थान का दौरा किया। अभिनेत्री एंजेलिना शनिवार को बोर्डिंग स्कूल पहुंचीं, जो इनदिनों विस्थापित लोगों, मानवीय सहायता और हथियारों के लिए एक केंद्र बन गया है। सीएनएन ने लवीव के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख मैक्सिम कोज़ित्स्की के हवाले से कहा, उन्होंने बच्चों से कहा कि वह दुबारा वापस आएंगी। उन्होंने एक चिकित्सा संस्थान में रूसी सैनिकों के हमले में घायल कुछ बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान वह उन बच्चों की बात सुनकर काफी प्रभावित हुई। एक बच्ची ने अभिनेत्री को अपने सपने के बारे में बताया। अभिनेत्री एवं संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत एंजेलिना ने लवीव रेलवे स्टेशन पर चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता देने के लिए स्वयंसेवकों को धन्यवाद दिया। श्री कोज़ित्स्की ने बताया, अभिनेत्री ने उन लोगों से भी बात की, जो युद्ध क्षेत्र से सफलतापूर्वक बाहर निकले थे। अभिनेत्री का यह दौरा सबको चौंकाने वाला था। यूएनएचसीआर के ग्लोबल कम्युनिकेशंस के प्रमुख जोंग-आह गेदिनी-विलियम्स ने शनिवार को कहा कि एंजेलीना जोली व्यक्तिगत तौर पर इस क्षेत्र की यात्रा कर रही हैं, जिसमें यूएनएचसीआर की कोई भागीदारी नहीं है।
एबीएन डेस्क। बॉलीवुड के डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती की हेल्थ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक अभिनेता को हाल ही में बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस खबर के सामने आते ही मिथुन के प्रशंसक परेशान हो गए हैं। हॉस्पिटल के बेड पर लेटे हुए अभिनेता की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वायरल तस्वीर को देख अभिनेता के हेल्थ को लेकर तरह-तरह की अफवाहें भी उड़नी शुरू हो गई हैं। सामने आया मिथुन के बेटे का बयान : मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेता के बेटे मिमोह चक्रवर्ती ने वायरल हो रही तस्वीर का सच बताया है। मिमोह ने बताया कि मिथुन, किडनी में स्टोन से पीड़ित थे। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह वायरल तस्वीर अस्पताल की ही है, जिसमें वह बेहोशी की हालत में बेड पर लेटे हुए हैं। हालांकि अब उनकी सेहत ठीक है और वह अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर पर आराम कर रहे हैं। राष्ट्रीय सचिव ने की अभिनेता की जल्द ठीक होने की दुआ मिथुन चक्रवर्ती का हेल्थ अपडेट सामने आने के बाद अब उनके लाखों प्रशंसक ने राहत की सांस ली है। सभी अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव डॉ अनुपम हजरा ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बॉलीवुड के डिस्को डांसर की तस्वीरें साझा कर उनके जल्दी ठीक होने की दुआ की है। मिथुन के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता को हाल ही में द कश्मीर फाइल्स में देखा गया था। विवेक अग्निहोत्री निर्देशित इस फिल्म में अभिनेता के अलावा अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, भाषा सुंबली और चिन्मय मंडलेकर भी मुख्य भूमिकाओं में थे।
एबीएन डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने भारतीय महिला क्रिकेटर मिथाली राज की बायोपिक फिल्म "शाबाश मिट्ठू" की रिलीज डेट जारी कर दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसमें उऩ्होंने कहा कि यह फिल्म 15 जुलाई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जायेगी। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर लिखा, एक सपना और उसे पूरा करने की कोशिश करने वाली लड़की से ज्यादा पावरफुल कुछ नहीं होता है। ये कहानी ऐसी ही एक लड़की की है, जो इस जेंटलमैन गेम में बल्ले के साथ अपने सपने को पूरा करती हैं। "शाबाश मिट्ठू" 15 जुलाई को सिनेमाघरों आ जाएगी। मिथाली राज ने अपने 23 साल के करियर में चार बार विश्व कप में भारतीय क्रिकेट महिला टीम का नेतृत्व किया है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो हजार रन बनाने वाली अकेली महिला क्रिकेटर हैं। तापसी ने इस फिल्म में किरदार निभाने के लिए क्रिकेट की ट्रेनिंग ली थी। वह फिल्म शूटिंग के दौरान सोशल मीडिया पर कई फोटो शेयर करती रहती थीं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse