मनोरंजन

View All
Published / 2025-11-18 18:33:22
120 बहादुर के एडिटिंग में जावेद की आंखें नम

रिलीज से पहले फरहान अख्तर के पिता जावेद ने देखी 120 बहादुर, दिया रिएक्शन; एडिटिंग के वक्त नम हुईं आंखें 

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। फरहान अख्तर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 120 बहादुर को लेकर सुर्खियों में हैं। वह इसका प्रमोशन कर रहे हैं। यह फिल्म 21 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इसकी रिलीज से पहले अभिनेता फरहान अख्तर ने बताया कि उनके पिता जावेद अख्तर ने फिल्म देखकर कैसी प्रतिक्रिया दी। 

फिल्म पर जावेद अख्तर की प्रतिक्रिया 

फरहान अख्तर ने बताया कि जावेद अख्तर ने न सिर्फ फिल्म का ट्रेलर देखा, बल्कि पूरी फिल्म भी एडिट के समय देखी थी। फरहान ने बताया उन्हें फिल्म बहुत पसंद आयी। वो बहुत भावुक हो गये थे। वह आसानी से रोने वाले इंसान नहीं हैं, लेकिन इस फिल्म के अंत में उनकी आंखें भर आयी थीं। हमें लगा कि हमने सच में कुछ अच्छा किया है। 

जोया अख्तर भी देखेंगी फिल्म 

फरहान ने यह भी बताया कि उनकी बहन, फिल्ममेकर जोया अख्तर, फिल्म को 19 नवंबर को इंडस्ट्री की बाकी हस्तियों के साथ देखेंगी। 

फिल्म की स्टारकास्ट 

यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रजांग ला की लड़ाई पर आधारित है। इसमें राशि खन्ना, स्पर्श वालिया, विवान भटेना, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप, साहिब वर्मा, अंकित सिवाच, देवेंद्र अहिरवार, आशुतोष शुक्ला, बृजेश करनवाल, अतुल सिंह, अजिंक्य देव और एजाज खान जैसे कलाकार हैं। 

फिल्म के बारे में 

फिल्म का निर्देशन रजनीश रेजी घई ने किया है और इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में फरहान मेजर शैतान सिंह भाटी के किरदार में ही नजर आएंगे। 120 बहादुर सिनेमाघरों में 21 नवंबर 2025 को रिलीज होगी।

Published / 2025-11-10 21:55:35
फिल्म स्टार धर्मेंद्र की हालत नाजुक

धर्मेंद्र की तबीयत नाजुक, हॉस्पिटल पहुंची फैमिली 

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। धर्मेंद्र हॉस्पिटल में हैं और उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में हेमा मालिनी और सनी देओल के बाद अब उनकी बेटी ईशा देओल भी उनसे मिलने हॉस्पिटल पहुंची हैं। एक तरफ सनी देओल की टीम ने बयान दिया है कि धर्मेंद्र की हालत स्थिर है। 

वहीं दूसरी तरफ इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने बताया है कि धर्मेंद्र की हालत नाजुक है। नाम न छापने की शर्त पर सूत्र ने पीटीआई से कहा- धर्मजी की हालत ठीक नहीं है। 

सनी देओल की टीम ने मीडिया से कहा- मिस्टर धर्मेंद्र की हालत स्थिर है और वो निगरानी में हैं। आगे की टिप्पणियां और अपडेट मिलने पर शेयर किये जायेंगे। सभी से रिक्वेस्ट है कि उनके जल्द ठीक होने की दुआ करें और परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें।

Published / 2025-11-07 21:10:16
जाने-माने अभिनेता और फिल्मकार कमल हासन

71 के हुए कमल हासन

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (मुम्बई)। जाने-माने अभिनेता और फिल्मकार कमल हासन आज 71 वर्ष के हो गये। कमल हासन का जन्म 07 नवंबर 1954 को तमिलनाडु के परमकुडी में हुआ था। उनके पिता चाहते थे कि उनके तीन बच्चों में कम से कम एक बच्चा अभिनेता बने। अपनी इसी चाहत को पूरा करने के लिये उन्होंने कमल हासन को अभिनेता बनाने का निश्चय किया ।कमल हासन ने अपने सिने करियर की शुरूआत बतौर बाल कलाकार 1960 में प्रदर्शित फिल्म कलाथुर कनम्मा से की। 

ए. भीम सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने अपने दमदार अभिनय से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि वह राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किये गये। फिल्म कलाथुर कनम्मा की सफलता के बाद कमल हासन ने कुछ फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम किया। इसके बाद उन्होंने लगभग नौ वर्षों तक फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। सत्तर के दशक में अपने पिता के जोर देने पर उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी और अपना ध्यान फिल्म इंडस्ट्री कीओर लगा दिया। 

इस बीच अपने पिता के कहने पर उन्होंने नृत्य की भी शिक्षा हासिल की और कुछ फिल्मों में सहायक नृत्य निर्देशक के रूप में भी काम किया। वर्ष 1973 में कमल हसन को दक्षिण भारत के जाने फिल्मकार के. बालचंद्र की फिल्म अरंगेतरम में काम करने का अवसर मिला। वर्ष 1975 में प्रदर्शित फिल्म अपूर्वा रंगानगल मुख्य अभिनेता के रूप में उनको सिने कैरियर की पहली हिट साबित हुयी।
वर्ष 1977 में प्रदर्शित फिल्म 16 भयानिथनिले की व्यावसायिक सफलता के बाद कमल हसन स्टार कलाकार बन गये। 

वर्ष 1981 में कमल हसन ने हिंदी फिल्मों की ओर भी अपना रूख कर लिया और निर्माता एल. प्रसाद की फिल्म एक दूजे के लिये में अभिनय किया। वर्ष 1982 में कमल हसन की एक और सुपरहिट तमिल फिल्म मुंदरम पिरई रिलीज हुयी जिसके लिये वह अपने सिने करियर में पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किये गये। बाद में वर्ष 1983 में सदमा शीर्षक से यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज हुई।

Published / 2025-11-04 18:48:08
कार्तिक आर्यन ने एक बड़ी रिलीज को क्रिसमस के लिए किया लॉक

कार्तिक आर्यन ने अपनी अगली बड़ी रिलीज तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी के लिए क्रिसमस 2025 को किया लॉक 

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन की फिल्म तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी क्रिसमस 2025 के अवसर पर रिलीज होगी। 
पिछली दीवाली अपनी रिकॉर्ड-तोड़ ब्लॉकबस्टर भूल भुलैया 3 से बॉक्स आफिस पर धमाका करने के बाद, कार्तिक आर्यन एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। इस बार उन्होंने अपने अगले बहुप्रतीक्षित फिल्म तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी के लिए क्रिसमस 2025 की तारीख पक्की कर दी है। 

पिछले कुछ वर्षों में खुद को देश के सबसे भरोसेमंद सितारों में से एक साबित करनेवाले कार्तिक आर्यन अब शानदार ओपनिंग की गारंटी बन चुके हैं, फिर चाहे बात मसाला एंटरटेनर की हो या रोमांटिक ड्रामा की। उनकी सहजता, आकर्षण और बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें नए दौर के व्यावसायिक सिनेमा का चेहरा बना दिया है, जो युवाओं और पारिवारिक दर्शकों, दोनों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हो चुके हैं। 

फिलहाल मैं मेरी पत्नी और वो के बाद एक बार फिर अनन्या पांडे के साथ लौट रहे कार्तिक आर्यन के लिए उनके दर्शक काफी उत्साहित हैं, क्योंकि अपनी पिछली फिल्म में भी इस आन स्क्रीन जोड़ी ने अपनी सिजलिंग केमिस्ट्री से दर्शकों का काफी मनोरंजन किया था। 

धर्मा प्रोडक्शंस और नम: पिक्चर्स द्वारा निर्मित तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी के निर्देशक समीर विदवान्स है, जिनके साथ कार्तिक सत्यप्रेम की कथा जैसी खूबसूरत रोमांटिक ड्रामा फिल्म कर चुके हैं। फिलहाल पिछली दिवाली पर खुशियां बिखेरने के बाद इस क्रिसमस को अपने प्यार और सुरों से सजाने आ रहे कार्तिक आर्यन की फिल्म तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी को लेकर दर्शकों के साथ ट्रेड सर्कल में भी काफी खासा उत्साह है।

Published / 2025-10-31 22:58:54
महाकाली के रूप में नजर आयेंगी भूमि शेट्टी

  • फिल्म महाकाली की मुख्य नायिका में नजर आयेंगी भूमि शेट्टी

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्मकार प्रशांत वर्मा की आने वाली फिल्म महाकाली में भूमि शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आयेंगी। फिल्म हनुमान के जरिए भारतीय सुपर हीरो जॉनर को नया आयाम देनेवाले आरकेडी स्टूडियोज और दूरदर्शी फिल्म मकार प्रशांत वर्मा ने अपनी अगली फिल्म महाकाली की मुख्य नायिका के खुलासे के साथ सभी को चौंका दिया है। 

मेकर्स ने पोस्टर के जरिए भूमि शेट्टी को महाकाली की मुख्य नायिका के रूप में पेश करते हुए, उनके अभूतपूर्व लुक से दर्शकों को रूबरू करवा दिया है, जिससे सभी अचंभित हैं। इस फिल्म की 50 प्रतिशत से अधिक शूटिंग पूरी हो चुकी है और वर्तमान समय में हैदराबाद में विशेष रूप से बनाए गए भव्य सेट पर इसकी शूटिंग जारी है। 

महाकाली के अपने पहले लुक में दिव्यता और रहस्य का अद्भुत संगम लग रहीं भूमि शेट्टी ने आते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। विशेष रूप से लाल और सुनहरे रंगों में रंगी, पारंपरिक गहनों और पवित्र चिह्नों से सजी, महाकाली का यह विकराल रूप आँखों में क्रोध और करुणा का बेमिसाल संगम है।

निर्माता प्रशांत वर्मा ने कहा- हनुमान के बाद, मैं दिव्य स्त्री शक्ति के सार को गहराई से समझने और उसे पर्दे पर उतारने की ओर आकर्षित हुआ और महाकाली के अलावा इससे अधिक उपयुक्त और क्या हो सकता था, जो हमारे इतिहास और पुराणों में गहराई से निहित एक ब्रह्मांडीय शक्ति हैं। हालांकि हमारी फिल्म इंडस्ट्री में शायद ही कभी उस भव्यता के साथ उन्हें चित्रित किया गया है, जिसकी वह वास्तव में हकदार हैं। 

साथ ही हमें भूमि शेट्टी के अपने चुनाव पर भी बेहद गर्व है, क्योंकि जब हमने भूमि को इस किरदार के लिए चुना, तो उन्होंने भी पूरे समर्पण के साथ अपने आप को इस भूमिका में ढालने की प्रक्रिया शुरू की। सिर्फ यही नहीं इस चरित्र की अपार शक्ति और गरिमा को आत्मसात करने के लिए उन्होंने कठोर प्रशिक्षण लिया। सच पूछिए तो उनकी आंखों में एक दुर्लभ तीव्रता है, जो महाकाली की आत्मा को सजीव कर देती है। मुझे यकीन है यह फिल्म दर्शकों के लिए पर्दे पर देवियों को देखने का दृष्टिकोण हमेशा के लिए बदल देगी। 

निर्माता प्रशांत वर्मा के साथ आरके दुग्गल और रिवाज रमेश दुग्गल द्वारा समर्थित आरकेडी स्टूडियोज महाकाली को भव्यता के नए स्तर पर ले जा रहा है। ऐसे में यह कहें तो कतई गलत नहीं होगा कि प्रशांत वर्मा की रचनात्मक दृष्टि और निर्देशिका पूजा कोल्लूरू के श्रेष्ठ निर्देशन में बन रही फिल्म महाकाली का इंतजार प्रशंसक बेसब्री से कर रहे हैं।

Published / 2025-10-25 20:23:26
74 की उम्र में साथ छोड़ गये प्रसिद्ध एक्टर सतीश शाह

प्रसिद्ध अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की उम्र में हुआ निधन 

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। प्रसिद्ध हास्य कलाकार सतीश शाह का शनिवार को 74 साल की उम्र में निधन हो गया। ये जो है जिंदगी और साराभाई वर्सेस साराभाई जैसे धारावाहिकों में दमदार अभिनय से मशहूर हुए सतीश शाह किडनी संबंधी समस्याओं से ग्रसित थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। 

उनके मैनेजर रमेश ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि श्री शाह का पार्थिव शरीर अस्पताल में ही है और उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज अपराह्न लगभग दो से 2.30 बजे के बीच श्री शाह का निधन हो गया। परिवार अभी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है। 

श्री शाह ने मैं हूं ना, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे और ओम शांति ओम जैसी कई अन्य फिल्म में दमदार भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच अपनी अलग छाप छोड़ी है। गुजरात के मांडवी में 25 जून 1951 में जन्मे सतीश रविलाल शाह ने जेवियर्स कॉलेज से स्नातक की उपाधि हासिल करने के बाद भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में शिक्षा ली। 

श्री शाह ने 250 से अधिक फिल्मों और कई टेलीविजन सीरियल में काम किया है। चार दशकों से भी ज्यादा लंबे करियर में शाह फिल्मों और टेलीविजन दोनों में अपनी यादगार भूमिकाओं के जरिए घर-घर में मशहूर हुए। 

साल 1983 में आई व्यंग्य फिल्म जाने भी दो यारो में भूमिका निभाकर उन्हें खास पहचान मिली। श्री शाह ने अपने करियर के दौरान हम साथ-साथ हैं, कल हो ना हो, कभी हां कभी ना जैसी हिट फिल्मों में भी भूमिका निभायी है।

Published / 2025-10-17 19:33:17
78 वर्ष की हो गयीं सिम्मी ग्रेवाल

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री सिम्मी ग्रेवाल आज 78 वर्ष की हो गयीं। पंजाब के लुधियाना में एक सिख परिवार में 17 अक्तूबर 1947 को जन्मीं सिम्मी ग्रेवाल को बचपन से ही अभिनय का शौक था, लेकिन घर वाले चाहते थे कि वह अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। घरवालों ने सिमी को पढ़ाई के लिए बहन के साथ इंग्लैंड भेज दिया। 

वहां जाकर सिम्मी ने अपनी शिक्षा पूरी की। लगभग 15 वर्ष की उम्र में सिम्मी बतौर अभिनेत्री बनने का सपना लेकर मुंबई आ गयीं। सिम्मी ने अपने सिने करियर की शुरुआत वर्ष 1962 में प्रदर्शित अंग्रेजी फिल्म टारजन गोज टु इंडिया से की। इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका अभिनेता फिरोज खान ने निभायी। दुर्भाग्य से यह फिल्म टिकट खिड़की पर नकार दी गयी। 

वर्ष 1962 में ही सिम्मी ग्रेवाल की राज की बात और सन आफ इंडिया जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयी लेकिन इन फिल्मों से उन्हें कोई खास फायदा नहीं पहुंचा। वर्ष 1965 सिम्मी के सिने करियर के लिये महत्वपूर्ण वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी तीन देवियां और जौहर महमूद इन गोआ जैसी फिल्में प्रदर्शित हु्इं। फिल्म तीन देवियां में अभिनेता देवानंद के साथ काम करने का अवसर मिला। 

फिल्म की सफलता के बाद सिम्मी ग्रेवाल फिल्म इंडस्ट्री में कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गयीं। वर्ष 1966 में प्रदर्शित फिल्म दो बदन सिम्मी के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। राज खोसला के निर्देशन में प्रेम त्रिकोण पर बनी इस फिल्म में मनोज कुमार और आशा पारेख ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।इस फिल्म में सिम्मी ने एक डाक्टर की भूमिका निभाई थी। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गयीं। 

वर्ष 1968 में प्रदर्शित फिल्म साथी सिम्मी के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। राजेन्द्र कुमार और वैजयंती माला की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में सिम्मी ने अपने दमदार अभिनय से दर्शको का दिल जीत लिया साथ ही अपने करियर में दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गयीं। 

Published / 2025-10-16 20:28:03
गुलाब सलाट : मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की जीवंत मिसाल

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। गुलाब सलाट एक्शन एक्टर को मिला है पुरस्कार अभिनंदन पत्र लोक गौरव राष्ट्रीय एकात्मता परिषद राष्ट्रीय एकता सन्मान महासोळा राज्यस्तरीय लोक सेवा गौरव अवार्ड गुलाब सलाट एक्शन ऐक्टर को कार्यक्षेत्र व कला अभिनय के रूप में 12 अक्टूबर 2025 वाशी नवी मुंबईस्पेशल थैंक्स नासिर खान सर सलमा खान मैडम जी।

गुजरात के आनंद जिले के एक साधारण परिवार में जन्मे गुलाब सलाट आज भारतीय सिनेमा के उभरते हुए एक्शन एक्टर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। गरीबी, संघर्ष और असफलताओं के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उनके जीवन की कहानी हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखता है, लेकिन हालात से हार मान लेता है। 

गुलाब को अब तक कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं दिल्ली बॉलीवुड सिने रिपोर्टर अवार्ड, नागपुर गौरव महाराष्ट्र अवार्ड, मुंबई जन गौरव कार्य दर्पण अवार्ड, वडोदरा सिने मीडिया अवार्ड, और वाइब्रेंट गुजराती फिल्म अवार्ड। ये सम्मान उनके कठिन परिश्रम और प्रतिभा की पहचान हैं। 

संघर्ष की शुरुआत : तंबू से मुंबई तक का सफर 

गुलाब के पिता तम्मा भाई सलाट बेहद गरीब थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन एक खाट-तंबू में बिताया। लेकिन उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी मरने नहीं दिया। बचपन से ही गुलाब फिल्मों की दुनिया से आकर्षित थे। मात्र 8 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता से कहा कि एक दिन वे फिल्मों में काम करेंगे।

पिता ने बेटे के सपनों के लिए दिन-रात मेहनत की और उन्हें आॅल इंडिया वाडो काई कराटे दो अकादमी में दाखिला दिलाया। यहीं से गुलाब ने अपने जीवन की दिशा तय की एक्शन और मार्शल आर्ट के जरिए फिल्मी दुनिया में नाम कमाना। 

हैदराबाद से मुंबई तक- मेहनत और धोखे की कहानी 

डांस और जिमनास्टिक में माहिर होने के लिए गुलाब हैदराबाद गये, जहां उन्होंने एक साल की डिग्री हासिल की। इसके बाद उनके पिता उन्हें लेकर मुंबई पहुंचे ताकि उन्हें फिल्म में काम मिल सके। 

लेकिन किस्मत ने फिर परीक्षा ली एक डायरेक्टर ने गुलाब के पिता से 15,000 ठग लिये और काम देने का वादा पूरा नहीं किया। निराश होकर पिता-पुत्र वापस आनंद लौट आये। कुछ समय बाद तम्मा भाई का निधन हो गया। यह गुलाब के जीवन का सबसे कठिन दौर था। 

संघर्ष से सफलता तक 

पिता की मृत्यु के बाद गुलाब ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कराटे सिखाना शुरू किया, छोटे-छोटे शो किए और डांस प्रस्तुतियों से जो भी कमा सकते थे, उससे घर चलाया। उनके परिवार में दो भाई और दो बहनें थीं, और मां की तबीयत भी बिगड़ती जा रही थी। 

इन्हीं संघर्षों के बीच गुलाब ने निश्चय किया कि वे अपने पिता का नाम रोशन करेंगे। लगातार प्रयासों के बाद उन्हें टीवी सीरियल जय जय जग जननी दुर्गा मां जय बजरंगबली में काम करने का अवसर मिला। इसके बाद फिल्मों में भी उनका सफर शुरू हुआ। 

अब एक्शन ही पहचान है 

गुलाब सलाट आज एक प्रशिक्षित एक्शन एक्टर हैं, जिन्होंने मार्शल आर्ट, कराटे, जिमनास्टिक, योगा, बॉडी स्टंट, ब्रेक डांस, लाठी, ननचाकू, तलवार, राइफल शूटिंग और फिल्मी अभिनय में महारत हासिल की है। उनका कहना है- मैं अपने पिता का नाम रोशन करने का सपना जल्द ही पूरा करूंगा। 

गुलाब सलाट की यह यात्रा न सिर्फ एक अभिनेता की कहानी है, बल्कि उस संघर्षशील भारतीय युवा की दास्तान है जो हालात से नहीं, बल्कि अपने हौसलों से लड़ता है।

Page 4 of 80

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse