एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अमजद खान का नाम ऐसे अभिनेता के तौर पर याद किया जाता है, जिन्होंने खलनायकी के क्षेत्र में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। 12 नवंबर 1940 को जन्मे अमजद खान को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता जयंत फिल्म इंडस्ट्री में खलनायक की भूमिका निभा चुके थे। अमजद खान ने बतौर कलाकार अपने अभिनय जीवन की शुरूआत वर्ष 1957 में प्रदर्शित फिल्म अब दिल्ली दूर नहीं... से की।
इस फिल्म में अमजद खान ने बाल कलाकार की भूमिका निभायी। वर्ष 1965 में अपनी होम प्रोडक्शन मे बनने वाली फिल्म पत्थर के सनम के जरिये अमजद खान बतौर अभिनेता अपने करियर की शुरुआत करने वाले थे लेकिन किसी कारण से फिल्म का निर्माण नही हो सका। सत्तर के दशक मे अमजद खान ने मुंबई से अपनी कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद बतौर अभिनेता काम करने के लिये फिल्म इंडस्ट्री का रूख किया।
वर्ष 1973 में बतौर अभिनेता उन्होंने फिल्म हिंदुस्तान की कसम से अपने करियर की शुरुआत की लेकिन इस फिल्म से दर्शकों के बीच वह अपनी पहचान नहीं बना सके। इसी दौरान अमजद खान को थियेटर में अभिनय करते देखकर पटकथा लेखक सलीम खान ने अमजद खान से शोले में गब्बर सिंह के किरदार को निभाने की पेशकश की जिसे अमजद खान ने स्वीकार कर लिया।
फिल्म शोले के किरदार गब्बर सिंह ने अमजद खान को फिल्म इंडस्ट्री में सशक्त पहचान दिलायी लेकिन फिल्म के निर्माण के समय गब्बर सिंह की भूमिका के लिये पहले डैनी का नाम प्रस्तावित था। फिल्म शोले के निर्माण के समय गब्बर सिंह वाली भूमिका डैनी को दी गयी थी लेकिन उन्होंने उस समय धर्मात्मा में काम करने की वजह से शोले में काम करने से लिये इंकार कर दिया।
शोले के कहानीकार सलीम खान की सिफारिश पर रमेश सिप्पी ने अमजद खान को गब्बर सिंह का किरदार निभाने का अवसर दिया। जब सलीम खान ने अमजद खान से फिल्म शोले में गब्बर सिंह का किरदार निभाने को कहा तो पहले तो अमजद खान घबरा से गये लेकिन बाद में उन्होंने इसे एक चैलेंज के रूप में लिया और चंबल के डाकुओं पर बनी किताब अभिशप्त चंबल का बारीकी से अध्य्यन करना शुरू किया।
बाद में जब फिल्म शोले प्रदर्शित हुयी तो अमजद खान का निभाया किरदार गब्बर सिंह दर्शकों में इस कदर लोकप्रिय हुआ कि लोग गाहे बगाहे उनकी आवाज और चाल ढाल की नकल करने लगे। बताया जाता है कि जब फिल्म शोले की शूटिंग शुरू हुई तो अमजद खान को मुंबई से बैंगलौर पहुंचना था। अमजद खान को किसी भी तरह बैंगलौर पहुंचना था। अमजद खान ने विमान में यात्रा का फैसला किया और शूटिंग पर पहुंचे।
फिल्म शोले की सफलता से अमजद खान के सिने कैरियर में जबरदस्त बदलाव आया और वह खलनायकी की दुनिया के बेताज बादशाह बन गये। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नही देखा और अपने दमदार अभिनय से दर्शको की वाहवाही लूटने लगे। वर्ष 1977 मे प्रदर्शित फिल्म शतरंज के खिलाड़ी में उन्हें महान निर्देशक सत्यजीत रे के साथ काम करने का मौका मिला।
इस फिल्म के जरिये भी उन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। अपने अभिनय मे आयी एकरूपता को बदलने और स्वंय को चरित्र अभिनेता के रूप मे भी स्थापित करने के लिये अमजद खान ने अपनी भूमिकाओं में परिवर्तन भी किया। इसी क्रम में वर्ष 1980 मे प्रदर्शित फिरोज खान की सुपरहिट फिल्म कुर्बानी में अमजद खान ने हास्य अभिनय कर दर्शको का भरपूर मनोरंजन किया।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेता अजय देवगन की फिल्म सिंघम अगेन ने भारतीय बाजार में 206 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंघम अगेन, सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। सिंघम अगेन दीवाली के अवसर पर 01 नवंबर को रिलीज हुई है।
सिंघम अगेन में अजय देवगन, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, अर्जुन कपूर, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, रवि किशन और जैकी श्राफ की अहम भूमिका है। सिंघम अगेन बॉक्स आफिस पर धमाल मचा रही है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार सिंघम अगेन ने पहले हफ्ते में 173 करोड़ का शानदार कारोबार किया था। वहीं फिल्म ने आठवें दिन आठ करोड़, नौवें दिन 12.25 करोड़ और दसवें दिन 13.25 करोड़ रुपए की अनुमानित कमाई की है। इस तरह फिल्म सिंघम अगने ने भारतीय बाजार में 206 करोड़ की कमाई कर ली है।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेता शाहरुख खान को गुरुवार को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गयी। जिसके बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आयी और मामले की छानबीन करने लगी। जांच में पाया कि फोन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से की गयी।
मुंबई पुलिस जांच के लिए रायपुर पहुंची, जिसमें पता चला कि मोहम्मद फैजान खान, जो पेशे से वकील है, उसके नंबर से कॉल किया गया था। पुलिस ने आरोपी फैजान से घंटों पूछताछ की और नोटिस दिया। अब आरोपी फैजान का बयान भी सामने आ चुका है। उसने बड़ा खुलासा कर दिया है। आरोपी मोहम्मद फैजान खान ने मीडिया से बातचीत में बताया, दो नवंबर को मेरा फोन चोरी हो गया था जिसकी शिकायत मैंने खमारडीह थाने में की थी।
आज स्थानीय पुलिस के साथ बांद्रा थाने के दो पुलिस कर्मी मेरे पास आये थे और बताया कि आपके फोन से शाहरुख खान को कॉल गया है। उन्होंने दो घंटे पूछताछ की। फैजान ने कहा कि वह राजस्थान के मूल निवासी हैं, एक फिल्म में हिरण वाले दृश्य को लेकर उन्होंने शाहरुख खान के खिलाफ पहले मुंबई में शिकायत दर्ज करायी थी।
उन्होंने बताया, मैंने अंजाम फिल्म को लेकर पहले शाहरुख खान के खिलाफ शिकायत की थी जिसमें वह हिरण को मार कर लाते हैं। उसका मैंने विरोध किया था और मुंबई में इसकी शिकायत की थी। फैजान ने अभिनेता को धमकी भरा कॉल करने की पीछे साजिश की आशंका व्यक्त की है।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी और न देने पर उन्हें मार डालने की धमकी दी गयी थी। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अब मुंबई पुलिस ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने और उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को मुंबई के बांद्रा इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
मुंबई पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस को मंगलवार को एक गुमनाम संदेश मिला, जिसमें धमकी दी गयी थी कि अगर अभिनेता ने दो करोड़ रुपये नहीं दिये तो उन्हें जान से मार दिया जायेगा। जिसके बाद वर्ली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने बांद्रा (पूर्व) निवासी आजम मोहम्मद मुस्तफा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उस पर सलमान खान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने और उनसे दो करोड़ रुपये मांगने का आरोप है। सलमान खान मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा (पश्चिम) के गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं, जहां अप्रैल में दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोलीबारी की थी।
इस महीने के प्रारंभ में भी मुंबई यातायात पुलिस के व्हॉट्सऐप हेल्पलाइन डेस्क को एक धमकी भरा संदेश मिला था जिसमें अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले मुंबई पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिस पर सलमान खान और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिली थीं।
गिरोह के संदिग्ध सदस्यों ने इस साल अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी। कुछ माह पहले, नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह द्वारा खान को मारने की साजिश का पर्दाफाश किया था।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने अभिनेता और निर्माता कमल हसन ने फिल्म अमरन बनाने का खुलासा किया है। कमल हासन, आर महेंद्रन और सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित अमरन 31 अक्टूबर, 2024 को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है। अमरन में शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह फिल्म प्रेम, त्याग और देशभक्ति से भरपूर कहानी का वादा करती है।
अमरन की कहानी की खोज कैसे हुई, इस बारे में बात करते हुए कमल हासन ने कहा, हमने इस कहानी को नहीं चुना, हम यह नहीं कह सकते कि हमने इस कहानी को चुना है। यह हुआ है, और हमें इसे पाकर गर्व है। इसमें हमारी भूमिका बस यही है कि हमने अपना कर्तव्य निभाया है, बस इतना ही।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। फ्रांस की प्रतिष्ठित लक्जरी फैशन हाउस डिओर ने ग्लोबल फैशन आइकन, अभिनेत्री और निर्माता सोनम कपूर को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। सोनम कपूर अब मारिया ग्राजिÞया चिउरी द्वारा तैयार की गई डिओर की कलेक्शंस का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अपने नये एंबेसडर के रूप में डिओर के साथ अपनी साझेदारी पर बात करते हुए सोनम कपूर ने कहा कि यह मेरे लिए एक सम्मान की बात है कि मैं डिओर की कहानी का हिस्सा बन रही हूं, जो फैशन की दुनिया में रचनात्मकता और एलिगेंस को फिर से परिभाषित कर रहा है।
उनकी प्रत्येक कलेक्शन बारीक कारीगरी और धरोहर का उत्सव है, जो मेरे स्टाइल के साथ गहरे स्तर पर मेल खाता है। यह साझेदारी डिओर और भारत के बीच सांस्कृतिक समन्वय का एक और महत्वपूर्ण कदम है, और मैं उत्साहित हूं कि हम इसे आगे कहां ले जायेंगे।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान महान पार्श्वगायक किशोर कुमार की बायोपिक में काम करते नजर आ सकते हैं। आमिर खान इन दिनों सितारे जमीन पर में काम कर रहे हैं। चर्चा है कि निर्देशक अनुराग बसु ने आमिर खान को किशोर कुमार की बायोपिक फिल्म आॅफर की है। इस फिल्म का प्रोडक्शन भूषण कुमार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि किशोर कुमार की बायोपिक निर्देशक अनुराग बसु और निर्माता भूषण कुमार के दिल के काफी करीब है। दोनों इस कहानी को बेहतरीन अंदाज में दुनिया के सामने रखना चाहते हैं। आमिर खान भी किशोर कुमार के बड़े प्रशंसक हैं और उन्हें अनुराग बसु का विजन बहुत पसंद आया। इससे पहले, ऐसी खबरें आयी थी कि रणबीर कपूर, किशोर कुमार का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। महानायक अमिताभ बच्चन को वड़ा पाव बेहद पसंद है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति 16, के आने वाले एपिसोड में, गुजरात निवासी कला और शिल्प और संगीत की शिक्षिका, प्रतियोगी हर्षा उपाध्याय हॉट सीट पर बैठेंगी।
खाने से संबंधित सवाल के बाद एक खुशनुमा बातचीत के दौरान, हर्षा उपाध्याय ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन से पूछा कि क्या उन्हें चूरमा पसंद है, जिस पर उन्होंने हंसते हुए खुलासा किया कि भले ही उन्होंने सभी व्यंजनों का स्वाद न चखा हो, लेकिन एक स्नैक उन्हें बेहद पसंद है- वड़ा पाव!
उन्होंने कहा, उससे बढ़ कर कोई चीज नहीं है, छोटा सा है पर लेकिन इतना बढ़िया है... हर जगह मिलता है। सिर्फ देश में ही नहीं पर विदेश में भी। कौन बनेगा करोड़पति सीजन 16 हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse