एबीएन डेस्क। सारा अली खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ की शूटिंग पूरी कर ली है। सारा अली खान ऐ वतन मेरे वतन में स्वतंत्रता सेनानी की भूमिका में नजर आयेंगी। सारा, उषा मेहता के किरदार में नजर आयेंगी। ऐ वतन मेरे वतन धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनायी जा रही है। ऐ वतन मेरे वतन को कन्नन अय्यर ने निर्देशित किया है वहीं, फिल्म की कहानी दरब फारूकी ने लिखी है।
सारा अली खान ने अपनी इस फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर तस्वीरें साझा कर दी हैं। सारा अली खान ने तस्वीरें साझा कर बताया कि वह बीते कई दिनों से ऐ वतन मेरे वतन के लिए नाइट शेड्यूल की शूटिंग कर रही थीं, लेकिन रविवार को उन्होंने अपने इस शेड्यूल की शूटिंग को पूरा कर लिया है। इस तस्वीर में एक केक भी नजर आ रहा है, जिसमें पर लिखा है इट्स रैप। साथ ही उन्होंने तस्वीर में ऐ वतन मेरे वतन भी लिखा है।
गौरतलब है कि उषा मेहता स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सीक्रेट रेडियो आपरेटर थीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के दौरान अहम भूमिका निभायी थी। उषा मेहता ने सीक्रेट रेडियो सर्विस कांग्रेस रेडियो की शुरुआत की थी। इस सर्विस रेडियो की मदद से उस समय वह सारी जानकारी और अन्य खबरें शेयर की जाती थीं, जिस पर उस दौरान अंग्रेजों ने पाबंदी लगा रखी थी।
टीम एबीएन, रांची। सुधा सिने मूवीज़ की अधिकारिक ओटीटी चैनल वाऊ सिनेमा की भव्य लॉन्चिंग 11 दिसम्बर रविवार को रांची के एयरपोर्ट रोड पर स्थित होटल ग्रीन एकरेस में किया गया।जिसमें मुख्य अतिथि हटिया विधायक नवीन जायसवाल एवं बाॉलीवुड लेखक एवं निर्देशक इकबाल दुर्रानी उपस्थित हुए। इनके अतिरिक्त कार्यक्रम में फिल्म एक्टर देवेश खान, निर्माता सिराज अहमद, आनंद जालान सहित अन्य शामिल हुए। इस ओटीटी चैनल की एमडी शबनम राज़ एवं सीईओ प्रभात राज़ हैं।
इस कार्यक्रम में वाऊ सिनेमा लाइफ टाइम एचीवमेंट 2022 से झारखंड के ऐसे शख़्सियत को सम्मानित किया गया। जिन्होंने फिल्म क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। इनमें क्रमशः इकबाल दुर्रानी (लेखक एवं निर्देशक), सिराज अहमद (निर्माता एवं एक्टर), देवेश खान ( एक्टर), रीना सहाय (एक्ट्रेस) मुख्य हैं।
साथ ही इस दौरान हिन्दी फ़िल्म अपराधी कौन? का मुहूर्त भी किया गया। इस फिल्म की निर्मात्री शबनम राज़, लेखक एवं निर्देशक प्रभात राज़, डीओपी भास्कर डोरनाला एवं संदीप गुप्ता, गीतकार संजीव राय चौधरी एवं प्रभात राज़, संगीतकार अपूर्वा बनर्जी, पीआरओ युधिष्ठिर महतो एवं बुलंद अख्तर हैं। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में देवेश खान, संजय मौर्या, प्रिया राजपूत, रूमेली गांगुली, शोएब उर रहमान, अली खान, रीना सहाय, हेमंत बिर्जे, राकेश पाण्डेय, अरुण सिंह राठौड़, एसएम मेंहदी सहित अन्य होंगे। इस कार्यक्रम की मंच संचालिका मृदुल प्रिया थी।
इसके अलावा गायन कुमार गहलैत, कविता होररो एवं वीणा श्री ने अपनी मधुर प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध किया।
वाऊ सिनेमा के लिए राज्य स्तर एवं जिला स्तर के सदस्यों को भी सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा इस कार्यक्रम में शामिल विशिष्ट अतिथियों को यादगार के रूप में एक मोमेंट देकर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जायेगा। इस दौरान मासिक डिजिटल पत्रिका वाऊ सिनेमा न्यूज की भी घोषणा की गई।जिसका विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
वाऊ सिनेमा के सीईओ प्रभात राज ने कहा कि यह ओटीटी चैनल हर भाषा के दर्शकों के लिए हैं और इसमें हर भाषा के कलाकारों के कंटेंट को रिलीज किया जायेगा। वर्तमान में पूरे भारत से इस ओटीटी चैनल के साथ लोग जुड़े हुए हैं और जोर शोर से काम जारी हैं। बहुत सारे निर्माता निर्देशकों व कलाकारों ने अपने कंटेंट को वाऊ सिनेमा पर रिलीज के लिए दिया हैं और कई कंटेंट रिलीज भी हो चुके हैं।वर्तमान में कंपनी कंटेंट को रिलीज कर रहीं हैं। लेकिन, भविष्य में एक्सक्लूसिव राइट्स लेने एवं निर्माण की भी योजना हैं। अभी नॉन एक्सक्लूसिव राइट्स के साथ ओटीटी चैनल को विकसित किया जा रहा है।
विधायक नवीन जायसवाल ने ओटीटी चैनल की लॉन्चिंग पर प्रभात राज को बधाई दी एवं कहा कि इस तरह के डिजिटल मंच से झारखंड के कलाकारों, निर्माता, निर्देशकों को एक मंच मिलेगा और यहां की फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। साथ वे भी फिल्म इंडस्ट्री और कलाकारों के विकास में यथासंभव प्रयास करेंगे। फिल्म सब्सिडी के मामले को लेकर भी उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक पहल की थी। लेकिन, मौजूदा सरकार के कार्यकाल में निराशा हैं। इस पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास करेंगे।
इकबाल दुर्रानी ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में कहा कि यह बहुत ही नेक और सराहनीय पहल हैं।लेकिन, अपने आप को उस काबिल बनाना होगा कि यहां पर बाहर से लोग ढूंढते हुए आपके पास आये। यहां ऐसा काम करना होगा कि बाहर से यहां लोग काम करने की सोचेंगे। यहां के काम की चर्चा बाहर होगी। तभी एक विकसित फिल्म उद्योग की कल्पना सफल साबित होगी।
एबीएन डेस्क। अभिनेत्री नोरा फतेही ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस और कई मीडिया संस्थानों पर दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में आपराधिक मानहानि का मामला चलाने की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
अभिनेत्री नोरा फतेही ने कहा है कि उनके खिलाफ गलत बयान दिया गया, जिसे कई मीडिया संस्थानों की ओर से प्रसारित किया गया। इसकी वजह से उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। नोरा फतेही ने याचिका में कहा है कि महाठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ लगाए गए आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं।
याचिका में कहा गया है कि नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर मामले में गलत तरीके से घसीटा जा रहा है। न्यूज चैनल और कुछ समाचार पत्रों में खबर चलाने की वजह से उनकी छवि धूमिल हुई है। याचिका में मांग की गई है कि उनके खिलाफ मनगढ़ंत खबर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाये।
एबीएन डेस्क। ऋतिक रौशन का कहना है कि उनके पिता राकेश रौशन नहीं चाहते थे कि वह अभिनेता बनें। ऋतिक रौशन को फिल्म इंडस्ट्री में आये हुये दो दशक हो गये हैं। ऋतिक रौशन हाल ही में रेड-सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेरे पापा, मेरे फिल्मी दुनिया का हिस्सा बनने के खिलाफ थे। इसका कारण उनका लगातार 20 सालों तक किया स्ट्रगल था।मेरे पापा नहीं चाहते थे कि मुझे भी इस तरह का स्ट्रगल करना पड़े, लेकिन मुझे लगता है मेरे अंदर कुछ खास था जिसकी वजह से मैंने यहां आने का अटूट फैसला किया था।
ऋतिक रौशन ने कहा कि मैं खुद को साबित करना चाहता था क्योंकि मुझे हकलाने की दिक्कत थी। नॉर्मल दिखने और फील करने के लिए मेरे पास बस यही मौका था। जब मैंने एक्टिंग शुरू की थी, तब फिल्मों का एक फॉर्मूला हुआ करता था, लेकिन अब लोगों की सोच बदल गई है। कोरोना महामारी के बाद से सिनेमा पहले से ज्यादा रियल हो गया है क्योंकि एक सोसाइटी के तौर पर हमारी क्लेक्टिव सोच बढ़ी है। लोग ज्यादा चीजों को समझना चाहते हैं और समझ भी रहे हैं।
एबीएन डेस्क। भोजपुरी इंडस्ट्री में नेहा राज के नाम का सिक्का आज चल रहा है। नेहा अपनी बुलंद आवाज के दम पर इंडस्ट्री की सुपरसिंगरों की लिस्ट में शामिल हो गई हैं। उनका हालिया रिलीज गाना "नीला साड़िया..."5 मिलियन यानी कि 50 लाख से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। इस गाने को माही श्रीवास्तव पर फिल्माया गया है। जब जब माही और नेहा की जोड़ी साथ में आती है तो वो यूट्यूब पर धमाल मचा देती है। इनका ये सॉन्ग गैर भोजपुरिया लोग भी बड़े ही चाव से सुन रहे हैं।
इस मौके पर निर्माता रत्नाकर ने कहा कि ये सफलता मेरी नहीं बल्कि उस पूरी टीम की है, जिसने इसे इतने अच्छे तरीके से पूरा करने में मदद की है। गाने में नेहा की आवाज माही के ऊपर एक दम सटीक बैठती है। ऐसा लगता ही नहीं है कि माही इस गाने में लिपसिंग कर रही हैं। बल्कि वे खुद ही इसे गा रही हैं। गाने को इतना प्यार देने के लिए पूरी टीम का तहेदिल से धन्यवाद।
इस गाने के बोल अर्जुन शर्मा ने लिखे हैं, जो सुनते ही जुबान पर चढ़ जाते हैं। इसका संगीत इतना मधुर है कि सुनते ही दिमाग में फिट हो जाता है और गाने को गुनगुनाने पर मजबूर कर देता है। इसका निर्माण भोजपुरी इंडस्ट्री को एक अलग दिशा में ले जाने वाले निर्माता रत्नाकर कुमार ने किया है, जो अपने अच्छे विजन के लिए जाने जाते हैं।
इसके निर्देशन की बात करें तो निर्देशक भोजपुरिया ने किया है जो अपने एक खास अंदाज में गानों का फिल्मांकन करते हैं, जिससे एक आम सी लोकेशन भी खास लगने लगती है। कोरियोग्राफी दीपक शर्मा की है, जिन्होंने गाने में अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए इसे बेहतरीन कोरियोग्राफ किया है।
एबीएन डेस्क। अक्षय कुमार सिल्वर स्क्रीन पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आयेंगे। अक्षय कुमार छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म में काम करने जा रहे है। इस फिल्म में अक्षय शिवाजी जी के अहम किरदार में नजर आयेंगे। इस फिल्म के जरिए अक्षय मराठी फिल्मों में डेब्यू भी कर रहे हैं। अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की शूटिंग से जुड़ी जानकारी फैंस के साथ शेयर की है।
अक्षय ने छत्रपति शिवाजी महाराज की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के कांच के फ्रेम में अक्षय की झलक साफ दिख रही है। वह हाथ जोड़कर खड़े नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ अक्षय ने कैप्शन में लिखा, आज मराठी फिल्म वेडात मराठे वीर दौड़ले सात की शूटिंग शुरू कर रहा हूं, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज जी की भूमिका कर पाना मेरे लिए सौभाग्य है। मैं उनके जीवन से प्रेरणा लेकर और मां जिजाऊ के आशीर्वाद से मेरा पूरा प्रयास करूंगा।
अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म वेडात मराठे वीर दौड़ले सात को महेश मांजरेकर बनाने जा रहे हैं। इसे कुरैशी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के वसीम कुरैशी निर्मित कर रहे हैं। यह फिल्म अगले साल 2023 में दीवाली पर रिलीज होगी। यह फिल्म मराठी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज की जायेगी। फिल्म में अक्षय के अलावा जय दुधने, उत्कर्ष शिंदे, विशाल निकम, विराट मैडके, हार्दिक जोशी, सत्या, नवाब खान और प्रवीण तरडे जैसे कलाकार अहम रोल में हैं।
एबीएन डेस्क। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण फीफा विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण करेंगी। फुटबॉल विश्व कप का फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को कतर के लुसैल स्टेडियम में होगा। इस बार कतर फीफी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। दीपिका फीफा विश्व कप की ट्रॉफी का अनावरण करने कतर जााायेंगी। यह जानकारी अंग्रेजी में छपने वाले देश के एक प्रमुख आर्थिक अखबार ने दीपिका के करीबी व्यक्ति के हवाले से दी है।
कतर में फीफा विश्व कप जारी है। अभी राउंड ऑफ 16 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसमें से 6 टीमों ने अबतक क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी है। नोरा फतेही के बाद दीपिका के फीफा विश्व कप के दौरान कतर पहुंचने की सूचना से भारतीय फुटबॉल फैंस रोमांचित हैं। फाइनल मैच 18 दिसंबर को खेला जायेगा। 14 और 15 दिसंबर को सेमीफाइनल मुकाबले होगे। फाइनल मैच लुसैल स्टेडियम में भारतीय समयनुसार रात साढ़े 8 बजे से खेला जायेगा।
दीपिका पादुकोण को ग्लोबल आइकॉन कहना गलत नहीं होगा। उन्होंने हिंदी के साथ हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। इसी साल उन्होंने कांस फिल्म फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधितत्व कर चुकी हैं। फिलहाल वह इन दिनों फिल्म फाइटर की शूटिंग में व्यस्त हैं। वह जनवरी में रिलीज होने वाली पठान में नजर आयेंगी। इसमें शाहरुख खान भी हैं।
एबीएन डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन हर भाषा की फिल्म में काम करना चाहते हैं। कार्तिक आर्यन इन दिनों फिल्म ‘फ्रेडी’ को लेकर चर्चा में हैं। कार्तिक आर्यन के पास कई और फिल्में है। इसी बीच कार्तिक आर्यन ने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने की इच्छा जाहिर की है। कार्तिक आर्यन हर भाषा की फिल्म करने के इच्छुक हैं।
कार्तिक आर्यन ने कहा कि वह नहीं चाहते कि फिल्ममेकर्स उनके अलावा किसी और को देखें और उन्हें लगता है कि वह उस मुकाम तक पहुंच रहे हैं। कार्तिक आर्यन ने कहा कि अगले साल लोग सिर्फ उन्हीं को देखेंगे। कार्तिक आर्यन ने कहा, मैं किसी भी भाषा में फिल्में करने के लिए तैयार हूं लेकिन ये बात पूरी तरह से स्क्रिप्ट पर निर्भर करती है। लेकिन मैं एक तेलुगू या तमिल फिल्म करना पसंद करूंगा। कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्मों में शहजादा,सत्यप्रेम की कथा, आशिकी 3 और कैप्टन इंडिया शामिल है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse