एबीएन डेस्क। आमिर खान के बेटे जुनैद खान और श्रीदेवी की पुत्री खुशी कपूर तमिल सुपरहिट फिल्म लव टुडे के रीमेक में नजर आ सकती है। बॉलीवुड में चर्चा है कि फिल्म लव टुडे के रीमेक में आमिर खान के बेटे जुनैद और श्रीदेवी की बेटी खुशी कपूर साथ नजर आयेंगे।
चर्चा है कि इस फिल्म को अद्वैत चंदन निर्देशित करेंगे। कहा जा रहा है कि इस फिल्म की शूटिंग इस साल के सेकंड हाफ में शुरू हो सकती है। यह पहला मौका है जब जुनैद और खुशी साथ काम करेंगे। इस फिल्म की बाकी स्टार कास्ट अगले महीने तक फाइनल की जायेगी।
एबीएन डेस्क। अदा शर्मा की फिल्म द केरल स्टोरी ने 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म द केरल स्टोरी में अदा शर्मा ने लीड रोल प्ले किया है। इस फिल्म का निर्देशन सुदिप्तो घोष ने किया है जबकि निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है।
20 से 30 करोड़ के बजट में बनीं द केरल स्टोरी बॉक्स आफिस पर शानदार कमाई कर रही है। केरल में लड़कियों के धर्मांतरण, उन पर ज्यादती और फिर आतंकी संगठन की कहानी पर बनी द केरल स्टोरी की ताबड़तोड़ कमाई जारी है।
इस फिल्म ने 200 करोड़ के क्लब में शानदार एंट्री कर ली है। द केरल स्टोरी में अदा शर्मा के अलावा योगिता बिहानी, सिद्धि इदनानी और सोनिया बलानी लीड रोल में है।
एबीएन डेस्क। सारा अली खान ने अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ाई और अपनी आने वाली फिल्म जरा हटके जरा बचके के लिए दुआ मांगी। सारा अली खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म जरा हटके जरा बचके के प्रमोशन में व्यस्त है।
इस फिल्म में सारा के साथ विक्की कौशल लीड रोल में हैं। इस बीच सारा फिल्म की रिलीज से पहले राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह पर पहुंची। उन्होंने फिल्म जरा हटके जरा बचके की सफलता के लिए अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ाई। सारा का अजमेर शरीफ दरगाह में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि सारा अली खान ने मिंट ग्रीन सलवार सूट पहना था। जबकि उन्होंने दुपट्टा से अपने सिर को ढक रखा था और धूप का चश्मा पहन रखा था। इस वीडियो में सारा दरगाह की एक दीवार पर धागा बांधते और प्रार्थना करती नजर आ रही हैं।
टीम एबीएन, रांची। चित्रपट झारखण्ड फिल्म फेस्टिवल 2023 (जो सरला बिरला विश्वविद्यालय में 23, 24 एवं 25 जून को होने वाली है) की तैयारियों को लेकर आज कांके रोड स्थित विश्व संवाद केंद्र में चित्रपट झारखंड की कोर कमेटी की बैठक हुई।
जिसमें तैयारियों की समीक्षा के साथ सभी जिलों से मिल रही फिल्मकारों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए एवं फिल्म जमा करने संबंधी तिथि बढ़ाने की मांग को मध्य नजर रखते हुए कोर कमेटी ने फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई 2023 तक बढ़ाने का निर्णय किया है। यह भी निश्चय किया गया कि इस अवसर पर फिल्म से जुड़े राज्य के कलाकारों को सम्मानित किया जायेगा।
जनजातीय समाज आदि दस विषयों पर लघु फिल्म, वृत्त चित्र तथा कैम्पस फिल्म वर्ग में कुल दो लाख रुपये के पुरस्कार भी दिये जायेंगे जो सिर्फ झारखण्ड के फिल्मकारों के लिए है।
आज 2 दिनों से चल रही कोर कमेटी कील मैराथन बैठक में उपस्थित चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह, डॉ सुशील कुमार अंकन, डॉ दीपक प्रसाद, राकेश रमन, शैलेंद्र भट्ट, संजय आजाद, नवीन कुमार सहाय, सुमित मित्तल, भारत भूषण, विष्णु गिरी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी चित्रपट झारखण्ड के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ दीपक प्रसाद ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
एबीएन डेस्क। सलमान खान की बहन अर्पिता खान के मुंबई स्थित आवास से 5 लाख रुपये के डायमंड की ज्यूलरी चोरी करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने 30 साल की एक हाउस हेल्प को गिरफ्तार किया है। चोरी 16 मई को हुई थी। आरोपी संदीप हेगड़े को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने कहा कि वह अर्पिता के आवास पर घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रहा था। अर्पिता खान ने अभिनेता आयुष शर्मा से शादी की है। दोनों साल 2014 में शादी के बंधन में बंधे और छह साल के बेटे आहिल के माता-पिता हैं और 27 दिसंबर, 2021 को उनके दूसरे बच्चे, एक बच्ची आयत का जन्म हुआ।
आयुष शर्मा ने 2018 में बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली वरीना हुसैन के साथ रोमांटिक कॉमेडी फिल्म लवयात्री से डेब्यू किया। सलमान खान द्वारा निर्मित और अभिराज मनियावाला द्वारा निर्देशित, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को प्रभावित करने में विफल रही। इसके अलावा आयुष एक्शन थ्रिलर फिल्म एंटीम: द फाइनल ट्रुथ में सलमान खान और महिमा मकवाना के साथ नजर आये थे।
एबीएन डेस्क। आतंकवाद की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म द केरला स्टोरी अपने प्रदर्शन के शुरूआती दिनों में ही जबरदस्त कमाई कर रही है। फिल्म का बॉक्स आफिस कलेक्शन रोजाना करोड़ों में हो रहा है। इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों के लिए मुनाफा है, लेकिन देश को इस फिल्म से और इस फिल्म के जरिए जो माहौल बनाने की कोशिश की गई है, उससे घाटा हो रहा है।
फिल्म में 3 लड़कियों की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें बहला-फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन किया जाता है और फिर आतंकी संगठन आईएसआईएस में उन्हें भर्ती किया जाता है। दुनिया में इस तरह की घटनाएं बहुत होती हैं।
आतंकी संगठनों में शामिल करने के लिए लोगों का ब्रेन वॉश किया ही जाता है, क्योंकि कोई भी सामान्य समझ रखने वाला इंसान धर्म के नाम पर दूसरे की जान लेने या आतंक फैलाने के लिए तैयार नहीं होगा। उसे धर्मांध बनाकर ही आतंकवाद के कुत्सित इरादे सफल हो सकते हैं। धर्म परिवर्तन और आतंकवाद के इसी संबंध को दिखाकर, उसे केरल की पृष्ठभूमि से जोड़कर फिल्म बना दी गयी और नाम रख दिया द केरला स्टोरी। नाम से एकबारगी धारणा यह बनती है कि यह पूरे केरल की कहानी है।
इस फिल्म को बनाने के पीछे असली मकसद क्या है, क्या इससे आतंकवाद के खिलाफ कोई संदेश देना है या फिर हिंदू-मुस्लिम के बीच संदेह का वातावरण कायम करना है या ये बताना है कि केरल में हिंदू लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं, ये स्पष्ट नहीं है। लेकिन इतना तय है कि देश के चुनावी माहौल में राजनैतिक मकसद पूरा करने के लिए यह फिल्म बढ़िया जरिया बन गयी है।
फिल्म को हिट होना ही था, तो क्योंकि भाजपा के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव प्रचार करते हुए फिल्म का प्रचार भी कर दिया। उन्होंने कर्नाटक की एक रैली में इस फिल्म के बारे में कहा कि फिल्म आतंकी साजिश पर आधारित है और आतंकवाद के बदसूरत सच को दिखाती है। कांग्रेस आतंकवाद पर बनी फिल्म का विरोध कर रही है और आतंकवाद के साथ खड़ी है।
कांग्रेस वोट बैंक के लिए आतंकवाद का बचाव कर रही है।
प्रधानमंत्री ने यह फिल्म शायद नहीं देखी होगी, क्योंकि देखी होती तो अब तक उसकी खबर भी आ जाती। वैसे भी चुनाव प्रचार की व्यस्तता में उन्हें फिल्म देखने का अवकाश नहीं मिला होगा। तो यह माना जा सकता है कि शायद फिल्म के ट्रेलर को देखकर उन्हें इस की कहानी के बारे में पता चला होगा। लेकिन ट्रेलर में जो कुछ दिखाया गया है, वह भी काल्पनिक है।
फिल्म के टीजर में दावा किया गया था कि केरल की 32,000 से अधिक महिलाओं को आईएसआईएस में भर्ती किया गया था। इस आंकड़े पर सवाल उठे, आरोप लगे कि केरल को इस्लामी आतंकवाद के रूप में चित्रित करने की साजिश है, अदालत में फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गई, तो अब निर्माताओं ने हाईकोर्ट में कहा है कि वे इस भ्रामक दावे को सोशल मीडिया से हटा देंगे।
जब आंकड़ों को लेकर संदेह था तो उसे टीजर में इस तरह क्यों दिखाया गया, मानो वही कड़वी सच्चाई है। और क्यों देश के प्रधानमंत्री चुनाव जैसे गंभीर अवसर पर एक ऐसी फिल्म का जिक्र कर रहे हैं, जिसमें सच और झूठ का घालमेल है। श्री मोदी ने इस फिल्म के आधार पर आतंकवाद जैसे गंभीर मसले पर कांग्रेस की सोच को लेकर सवाल खड़े किये।
प्रधानमंत्री से पूछा जाना चाहिए कि क्या आतंकवाद को लेकर कोई भी लड़ाई इतनी हल्की हो सकती है कि उसकी दिशा कोई फिल्म तय करे। केरल में आतंकवाद के लिए धर्मांतरण की समस्या अगर है तो इसका खुलासा राष्ट्रीय जांच एजेंसी और खुफिया एजेंसियों से होना चाहिए या कोई फिल्म इस बारे में जानकारी देगी और सरकार उस मुताबिक काम करेगी।
कांग्रेस ने फिल्म में आतंकवाद और धर्मांतरण के मुद्दे के ट्रीटमेंट का विरोध किया है, क्योंकि इससे केरल की छवि खराब हो रही है। लेकिन मोदीजी ने फिल्म के विरोध को आतंकवाद के साथ खड़े होने के बराबर कर दिया।
ऐसा नहीं है कि पहली बार आतंकवाद की पृष्ठभूमि पर कोई फिल्म बनी हो। द्रोहकाल, माचिस, मिशन कश्मीर ऐसी न जाने कितनी फिल्में आतंकवाद की पृष्ठभूमि पर बनी हैं। लेकिन द केरला स्टोरी के जरिए कोई और ही नैरेटिव सेट करने की कोशिश दिखाई दी। ऐसी ही कोशिश कश्मीर फाइल्स में भी दिखी। उस फिल्म का भी खूब प्रचार भाजपा ने किया। कई राज्यों में फिल्म टैक्स फ्री की गई। भाजपा के बड़े नेताओं ने पूरे प्रचार के साथ इस फिल्म को देखा। जब गोवा फिल्म फेस्टिवल में इफ्फी के जूरी सदस्य नदाव लापिड ने इसे भ्रामक प्रचार करार दिया, तो उस पर खूब बवाल भी मचा।
तब जूरी के एक अन्य सदस्य सुदीप्तो सेन ने लापिड के बयान से किनारा कर लिया था। अब उन्हीं सुदीप्तो सेन ने द केरला स्टोरी को निर्देशित किया है। कश्मीर फाइल्स से लेकर केरला स्टोरी तक यही माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है कि भारत में हिंदू असुरक्षित हैं, वे आतंकवाद का शिकार हैं, जो इस्लाम से संबंधित है। संदेह का यही वातावरण चुनावों के वक्त भी बनाया जाता है, ताकि धर्म की रक्षा के नाम पर लोग भाजपा को वोट दे।
केरल में भाजपा लाख कोशिश के बावजूद सरकार नहीं बना पाई है। बल्कि ई.श्रीधरन जैसे सम्मानित व्यक्ति को भी भाजपा की राजनीति के कारण केरल की जनता ने नकार दिया। इस छोटे से प्रगतिशील राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन आदि में नयी ऊंचाइयां छुई हैं। यहां वामदलों के अलावा कांग्रेस का जनाधार है। राहुल गांधी को केरल के वायनाड से ही लोकसभा में जीत मिली थी। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई सभी यहां अमन चैन से रहते हैं। लेकिन अब उसे एक बेबुनियाद डर दिखाकर खत्म किया जा रहा है।
केरला स्टोरी जिन्हें देखना है, वो देखें, लेकिन इतना ध्यान रखें कि ढाई घंटे के तमाशे में पूरी कमान खेल दिखाने वाले के हाथ में रहती है। वह जिस तरह चाहे, चीजों को प्रस्तुत करता है। इसलिए उसे पूरा सच नहीं मानना चाहिए और याद रखना चाहिए कि आधा सच सबसे खतरनाक होता है।
एबीएन डेस्क। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन फिल्म द इम्मोर्टल अश्वत्थामा में काम करते नजर आ सकते हैं।
बॉलीवुड निर्देशक आदित्य धर की ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म द इम्मोर्टल अश्वत्थामा पिछले 5 सालों से रुकी पड़ी है।
पहले इस फिल्म में विक्की कौशल को साइन किया गया था। लेकिन कुछ कारणों से बात नहीं बन पायी। चर्चा है कि अब इस फिल्म के लिए अल्लू अर्जुन का चयन किया गया है।
आदित्य धर की फिल्म द इम्मोर्टल अश्वत्थामा मेगा बजट की फिल्म है। इस फिल्म में अश्वत्थामा को एक सुपरहीरो की तरह दिखाया जायेगा जिसके पास ऐसी अद्भुत शक्तियां होगी। वह कभी भी मर नहीं सकता है।
यह फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी। द इम्मोर्टल अश्वत्थामा को जियो स्टूडियों प्रोड्यूस कर रहे हैं।मेकर्स और अल्लू अर्जुन के बीच में कई चीजों पर बात हो चुकी हैं। यदि सबकुछ सही रहा तो अल्लू अर्जुन "द इम्मोर्टल अश्वत्थामा" में काम करते नजर आ सकते हैं।
एबीएन डेस्क। हेमा मालिनी ने दक्षिण भारतीय अभिनोत अल्लू अर्जुन के अभिनय की तारीफ की है। अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा: दि राइज दर्शकों को बेहद पसंद आयी थी। यह फिल्म बॉक्स आफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी।
अल्लू अर्जुन के अभिनय को बेहद पसंद किया गया। हेमा मालिनी अल्लू अर्जुन की तारीफ की है। हेमा मालिनी ने कहा कि मैंने पुष्पा देखी और बड़ा मजा आया देखने में। फिल्म का वह खास डांस स्टेप कई लोग करते हैं। मुझे अल्लू की परफॉर्मेंस बहुत अच्छी लगी।
इसके बाद मैंने अल्लू की दूसरी एक फिल्म देखी और अनुभव किया वह गुड लुकिंग बॉय है। पुष्पा में वह बिल्कुल ही अलग नजर आ रहे थे। उसने बहुत बढ़िया किरदार निभाया, सबसे बड़ी बात यह है कि उसने इस तरह के लुक के लिए हामी भरी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse