टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 2 जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। कहा है कि इन दोनों जिलों में गरज के साथ वज्रपात और वर्षा होगी। साथ ही ओलावृष्टि भी होने वाली है। इन दोनों जिलों में अगले 2 से 3 घंटे में तेज हवाएं भी चलेंगी।
हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान मौसम केंद्र रांची ने जताया है। मौसम विभाग की ओर से गिरिडीह जिले के लिए जारी पहली चेतावनी के बाद से ही बारिश शुरू हो गयी। इसने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
20 मार्च 2025 को मौसम विभाग ने अपने तात्कालिक मौसम चेतावनी में कहा है कि हजारीबाग और गिरिडीह जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। इसलिए लोगों को बहुत सावधान रहने की जरूरत है।
रांची में सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रहीं हैं। इससे मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
टीम एबीएन, रांची। भारत सचमुच विविधताओं का देश है। यहां विभिन्न धर्म संस्कृति के अलावा कभी-कभी ऐसी स्थिति परिस्थितियां भी बनती हैं, जिसके चलते भारत के इस विविधताओं का प्रमाण मिल जाता है। वर्तमान हालात भी फिलहाल ऐसा ही है। देश भर में कहीं बर्फबारी हो रही है, तो कहीं कड़ाके की गर्मी से लोग त्रस्त हैं। झारखंड में अभी से प्रचंड गर्मी का अनुभव होने लगा है। अधिकतर जिलों का उच्चतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इसमें अभी और बढ़ोतरी का अनुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि अगले 2 दिन में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। मौसम केंद्र की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट में बताया गया है कि चाईबासा का उच्चतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया है। यह सामान्य से 7.6 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है।
झारखंड का अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक हो गया है, तो न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.6 डिग्री सेंटीग्रेड तक अधिक हो गया है। रांची के हिनू में उच्चतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री है, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है।
देश के कई हिस्सों में कड़ी गर्मी पड़ रही है, तो कुछ जगहों पर तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है। पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर भारत में भी देखने को मिलेगा, जिससे कई राज्यों में बारिश, ओले और तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, ओडिशा सबसे गर्म राज्य बना हुआ है और झारखंड से पश्चिम बंगाल तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 18 मार्च तक बारिश और बर्फबारी होगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में तेज गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
ओडिशा में 16 से 18 मार्च, सौराष्ट्र-कच्छ में 16-17 मार्च, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक में 16 से 19 मार्च तक लू (हीटवेव) चल सकती है।
शुक्रवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में 41.8°C, महाराष्ट्र और तेलंगाना में 40-42°C, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और झारखंड में 38-40°C दर्ज किया गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी 36-38°C तक तापमान रहा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्र वनतारा का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने वनतारा की अलग-अलग सुविधाओं का निरीक्षण किया। गुजरात में बना वनतारा संरक्षण केंद्र दो हजार से अधिक प्रजातियों और डेढ़ लाख से अधिक बचाये गये जानवरों का घर है। पीएम मोदी ने वनतारा संरक्षण केंद्र की बेहतरीन पशु चिकित्सा सुविधाओं और दुर्लभ प्रजातियों की जानकारी ली।
उन्होंने जानवरों की सर्जरी होते हुए भी देखी। वनतारा पहुंचने के दौरान प्रधानमंत्री ने शेर, बाघ, जिराफ, हाथी और तोते समेत कई जानवरों के साथ वक्त बिताया। पीएम मोदी ने यहां अलग-अलग प्रजाति के शावकों को दूध पिलाया। उन्होंने जिन शावकों के साथ वक्त गुजारा, उनमें एशियाई शावक, सफेद शेर, काराकल शावक और क्लाउडेड तेंदुए के शावक शामिल हैं।
पीएम मोदी जिस सफेद शेर के बच्चे को दूध पिलाते दिखे, उसकी मां को रेस्क्यू करके वनतारा में लाया गया था। काराकल शेर कभी भारत में काफी संख्या में थे, लेकिन अब दुर्लभ होते जा रहे हैं। वनतारा में काराकल शेरों के प्रजनन के बाद उन्हें जंगल में छोड़ दिया जाता है। पीएम मोदी ने अस्पताल में एमआरआई रूम का दौरा किया और एक एशियाई शेर का एमआरआई होते देखा।
इसके अलावा उन्होंने आपरेशन थियेटर का भी दौरा किया, यहां एक तेंदुए की सर्जरी की जा रही थी। इस तेंदुए को हाईवे पर किसी कार ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उसे रेस्क्यू कर वनतारा लाया गया था। इसी तरह से अन्य जगहों से रेस्क्यू करके लाए गए जानवरों को भी वनतारा में जगह मिलती है। वनतारा में खासतौर पर एशियाई शेर, हिम तेंदुआ, एक सींग वाला गैंडा आदि का संरक्षण किया जाता है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक आज से 1 मार्च तक राज्य के उत्तर पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी के साथ-साथ निकटवर्ती उत्तर भाग वाले जिले में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में हल्की वर्षा और बाकी के जिलों में आंशिक बादल बनने की संभावना है। राज्य के उत्तर पश्चिमी भाग के जिले जैसे गढ़वा, पलामू और चतरा में हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है। शेष भाग में आंशिक बादल छाये रहेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक 1 मार्च - राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों एवं इससे सटे निकटवर्ती उत्तरी भाग वाले जिलों जैसे गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग और लातेहार में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। जबकि राज्य के शेष हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। 2 मार्च से मौसम शुष्क रहेगा। वहीं पिछले 24 घंटे राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला और सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस चतरा का दर्ज किया गया।
एबीएन नॉलेज डेस्क। फरवरी में ही गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं, आगे भी राहत के आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने क्वार्टली फोरकास्ट में यही भविष्यवाणी की है। IMD के अनुसार, मार्च से मई 2025 के बीच भारत में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा।
IMD की रिपोर्ट कहती है, अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा, खासकर उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत में। गर्मी के रिकॉर्ड टूट सकते हैं और लू के दिन भी ज्यादा हो सकते हैं। खासतौर पर उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में हीटवेव (लू) का असर ज्यादा दिखेगा।
मार्च 2025 में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अपेक्षाकृत सामान्य या उससे कम रह सकता है। IMD ने चेतावनी दी है कि अप्रैल और मई में गर्मी और बढ़ेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जल्द ही न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक की वृद्धि हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 3 दिन में इसमें धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेंटीग्रेड तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
रांची के मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने एबीएन न्यूज 24 से खास बातचीत में कहा है कि झारखंड में कोई विशेष परिस्थिति बनती नहीं दिख रही है। अभी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 27 फरवरी को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भाग में आंशिक बादल छाये रहने का अनुमान है। शेष भाग में मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहेगा। 28 फरवरी और 1 मार्च 2025 को भी आसमान में बादल छाये रहने का अनुमान है।
टीम एबीएन, रांची। फरवरी का आधा से ज्यादा महीना गुजर चुका है। झारखंड में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। दिन में तीखी धूप देखी जा रही है, लेकिन इसी बीच फिर से मौसम में बदलाव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 19 फरवरी से लेकर 22 फरवरी तक बादल के साथ-साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है।
इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड की राजधानी रांची, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू और धनबाद में बारिश की संभावना जतायी गयी है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, ऐसे में लोगों को सतर्क होने की जरूरत है। चूंकि, मौसम में बदलाव होने से मौसमी बीमारियों की संख्या बढ़ जाती है। इस दौरान सर्दी-खांसी, एलर्जी, अस्थमा सहित अन्य मरीजों की संख्या में तेजी आती है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम खिला रहा। हालांकि, दोपहर में कनकनी हवा और शाम में शीतलहर जैसी स्थिति भी देखने को मिली। लेकिन, एक बार फिर से अब मौसम अपना रूप बदलने वाला है। जहां अब तक आपको ठंड लग रही थी, वहीं आज से गर्मी लगने वाली है।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ का असर अब आपको न के बराबर देखने को मिलेगा। अब थोड़ा-थोड़ा गर्मी लगना शुरू हो जायेगी। दोपहर में अच्छी-खासी धूप और शाम में हल्की ठंडी हवा चलेगी। लेकिन अचानक से मौसम में इस बदलाव के चलते सेहत खराब हो सकती है। ऐसे में सतर्क रहें।
मौसम केंद्र के अनुसार, आज मौसम खिला हुआ रहेगा। आसमान साफ रहेगा व लगभग हर जिले का ऐसा ही हाल रहेगा। दोपहर में कर्कश धूप लगेगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है। इससे थोड़ा गर्मी का एहसास होगा व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक जाने की वजह से रात में भी गर्मी का एहसास हो सकता है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब न के बराबर है। अब लोगों को थोड़ी गर्माहट का एहसास होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse