टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा है, तो कहीं दोपहर बाद की बारिश ने थोड़ी राहत दी है। इसी बीच रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। 13 और 14 मई को खासतौर पर राज्य के पूर्वी क्षेत्रों में लू का असर ज्यादा रहेगा।
वहीं 15 मई से मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। इस दिन उत्तर-पूर्वी हिस्सों में लू चल सकती है, जबकि पूर्वी और आसपास के मध्य क्षेत्रों में दोपहर बाद आसमान में बादल छा सकते हैं, तेज हवा चल सकती है और कहीं-कहीं वज्रपात व बारिश की संभावना है। हवा की गति इस दिन 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
16 मई को उत्तर-पश्चिम के 6 जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं (50 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना जताई गई है। 17 और 18 मई को भी बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इधर सोमवार को संथाल परगना क्षेत्र में तेज गर्मी और लू का प्रभाव देखा गया, जबकि पाकुड़, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज और देवघर में दोपहर बाद बारिश हुई।
बीते 24 घंटों में बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे गर्म जिला पलामू रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा था। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
लू से बचने के लिए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही, बारिश और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की भी चेतावनी दी गयी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गर्मी और उमस के बीच राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 11 मई यानी रविवार को झमाझम बारिश से राहत मिलनेवाली है। 14, 15 और 16 मई को भी बारिश की संभावना जतायी गयी है। इससे तीखी धूप के बीच राहत की बूंदों से लोगों को सुकून मिलेगा। राज्य में कहीं-कहीं पर 11 से 16 मई तक हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की गयी है। येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो 11 मई को झारखंड के दक्षिणी, मध्य एवं निकटवर्ती भागों में कहीं-कहीं पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 14 मई से 16 मई तक मौसम में बदलाव से राहत की उम्मीद है। इस दौरान गरज के साथ बारिश का अनुमान है।
झारखंड के उत्तर-पूर्वी भागों में रविवार को कहीं-कहीं गर्मी और उमस की स्थिति बन सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में बताया है कि 16 मई तक हीट वेव चल सकती है।
इस बाबत चेतावनी जारी की गयी है। 12 और 13 मई को झारखंड के छह जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गयी है। इनमें देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 के पार पहुंच गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य में आज से लू चलने की संभावना जतायी है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 10 से 13 मई तक झारखंड में लू चलने की पूरी संभावना है। इसी के चलते आज 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 मई को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में लू चलने की संभावना है।
12 मई को दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में गर्म हवाएं और तेज लू चलने की संभावना है।13 मई को बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में लू की तीव्रता सबसे ज्यादा रहेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और डाल्टनगंज में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 26 अप्रैल तक भीषण गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गयी है। आनंद ने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान बहुत अधिक है।
राज्य भर में बीते बुधवार को डालटनगंज में सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। इसके बाद जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आनंद ने कहा कि कम से कम 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके बाद तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जबकि 27 अप्रैल से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
एबीएन नॉलेज डेस्क। गूगल ने 22 अप्रैल 2025 को अर्थ डे के अवसर पर एक विशेष डूडल जारी किया है, जो जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकट पर केंद्रित है। इस डूडल का उद्देश्य लोगों को पृथ्वी के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश देना है।
डूडल में स्पष्ट किया गया है कि हमारी पृथ्वी खतरे में है। जलवायु परिवर्तन के कारण धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके कारण भयंकर तूफान, बाढ़ और सूखे जैसी आपदाएं सामने आ रही हैं। अर्थ डे दुनिया को याद दिलाता है कि पृथ्वी की रक्षा करना प्रत्येक इंसान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। डूडल में पृथ्वी के विभिन्न हिस्सों की सुंदरता और विविधता को दिखाया गया है।
गूगल का यह डूडल लोगों को पृथ्वी को बचाने के लिए प्रेरित करता है और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है, जैसे कि जहां संभव हो वहां निजी वाहन की बजाय साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना, घर और कार्यालय में सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय विकल्पों को तवज्जो देना, पेड़ लगाने वाली संस्थाओं को सहयोग देना या वृक्षारोपण करना और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी पुस्तकें पढ़ना और लेखों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने समेत कई कदम उठाये जा सकते हैं।
प्रत्येक व्यक्ति को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनानी चाहिए, जैसे कि ऊर्जा की बचत करना, पानी का संरक्षण करना, और कूड़ा-कचरा प्रबंधन करना। पृथ्वी को बचाने की दिशा में कारगर कदम उठाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के कई राज्यों में मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बीते दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवा ने आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया है।
रामबन में भयंकर बारिश से आई बाढ़ के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं। पूर्वी और उत्तरी पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी बारिश और तेज हवा का दौर जारी है। इधर, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों खास कर मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है।
बिहार, यूपी, राजस्थान, झारखंड, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में गर्मी का पारा चढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा। मौसम विभाग ने अनुमान जाहिर किया है कि इस सप्ताह के अंदर उत्तर भारत में गर्मी का पारा 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मध्य भारत और पूर्वी भारत में भी तापमान में इजाफा होगा। पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ाने का मौसम विभाग का पूवार्नुमान है। कई इलाकों में लिए विभाग ने हीट वेव अलर्ट भी जारी किया है। 25 से 26 अप्रैल को बिहार और झारखंड में हीट वेव की स्थिति रहेगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने देशभर के किसानों और कृषि पर निर्भर लोगों के लिए एक राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार, इस बार जून से सितंबर तक का मानसून सामान्य से बेहतर रहने वाला है। यानी देश में इस बार मौसम मेहरबान रहेगा। बता दें कि मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरल तट से दस्तक देता है, जो पूरे देश में वर्षा ऋतु की शुरुआत का संकेत होता है और मध्य सितंबर में वापस चला जाता है।
आइएमडी के मुताबिक, 2025 के मानसून सीजन में 105% बारिश होने की संभावना है, जो कि लॉन्ग पीरियड एवरेज से ज्यादा है। सामान्य तौर पर मानसून के 4 महीनों (जून से सितंबर) में भारत में औसतन 868.6 मिलीमीटर (86.86 सेंटीमीटर) बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 87 सेंटीमीटर तक पहुंचने का अनुमान है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मराठवाड़ा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
आइएमडी के मुताबिक, मई और जून में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। हालांकि, अच्छी बात ये है कि इस बार अल नीनो का असर नहीं देखा जायेगा, जो आमतौर पर मानसून को कमजोर बना देता है।
भारत की 52% कृषि भूमि मानसून पर निर्भर है और 70% से अधिक वर्षा मानसून के दौरान होती है। ऐसे में अच्छी बारिश का मतलब है : बेहतर फसल, अच्छी पैदावार और किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी। देश की लगभग आधी आबादी आज भी कृषि क्षेत्र में काम करती है, जिससे साफ है कि इस बारिश का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी होगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मौसम में बदलाव लगातार जारी है। राज्य में कभी बारिश तो कभी तेज धूप देखने को मिल रही है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य में अगले 2 दिनों तक वज्रपात और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 तारीख को बादल छाये रहेंगे।
मेघ गर्जन के साथ कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 10 अप्रैल के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है जिसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज के साथ-साथ रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी तथा रामगढ़ जिले शामिल हैं।
11 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने की संभावना है। इस दौरान आकाश में बिजली गिरने की भी संभावना जतायी गयी है। वहीं, 12 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी, मध्य एवं उत्तर-पूर्वी भाग में मेघ गर्जन, तेज हवा का झोंका और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे बाद पूरे झारखंड में मौसम बिगड़ने वाला है। इस दौरान लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। बहुत अधिक जरूरी पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse