वन और पर्यावरण

View All
Published / 2022-10-18 22:20:40
दिवाली पर कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दशहरा के बाद अब दिवाली का मजा भी किरकिरा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिवाली या उससे पूर्व या फिर उसके बाद तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है जिससे दीए जलाना, बाहर रोशनी करना आसान नहीं रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सप्ताहांत तक चक्रवात में बदल सकता है। अगले 48 घंटों में दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके पश्चिम-उत्तर की ओर बढ़ने और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 22 अक्तूबर की सुबह तक एक अवसाद में केंद्रित होने की संभावना है। इसके बाद पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती तूफान के तेज होने की संभावना है। अगर कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदलता है तो पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में जमकर बारिश होगी। यह बारिश दिवाली के रंग में भंग डाल सकती है।

Published / 2022-10-16 12:46:01
लोहरदगा : वायु प्रदूषण से निपटने की मुहिम चला रहीं ग्रामीण महिलाएं

टीम एबीएन, लोहरदगा/ रांची। जिले की सुमन वर्मा कुजरा (48) ने अपने सात-सदस्यीय परिवार के लिए भोजन पकाने के लिए वर्षों तक ठोस ईंधन, ज्यादातर लकड़ी, का इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें जब घरेलू वायु प्रदूषण की स्थिति का भान हुआ तो उन्होंने इसके खिलाफ जंग छेड़ दी। झारखंड में ऐसी कई महिलाएं हैं, जिन्होंने घरेलू प्रदूषण के प्रति महिलाओं को जागरूक करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाये हैं। राज्य की राजधानी से करीब 80 किमी दूर हेंडलासो गांव की रहने वाली कुजरा को एस्बेस्टस की छत वाले रसोईघर में बने चूल्हे से निकलने वाले धुएं के कारण आंखों में सूजन और सांस लेने में तकलीफ जैसी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लेकिन, उन्होंने सोचा कि यह सामान्य है और हर रसोईघर में ऐसा ही होता है। तब तक वह घरेलू वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव के बारे में अनभिज्ञ थी। कुजरा ने कहा कि मैंने कभी नहीं सुना कि चूल्हे से निकलने वाला धुआं स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है और इससे कई बीमारियां हो सकती हैं। कुजरा ने कहा कि हालांकि, झारखंड स्थित एक गैर-सरकारी संगठन द्वारा दो दिसंबर, 2020 को आयोजित वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पर एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद गृहिणी की धारणा बदल गयी, जहां उन्हें पहली बार घरेलू वायु प्रदूषण के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि बाद में, हमें घर के अंदर की वायु गुणवत्ता मापने और प्रदूषण के प्रभाव को कुछ हद तक कम करने के तरीकों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। हमें एक वायु गुणवत्ता निगरानी उपकरण भी दिया गया था। जब उन्होंने चूल्हे को जलाने के बाद पहली बार इस तरह के उपकरण से अपनी रसोई की हवा की गुणवत्ता मापी, तो प्रदूषक कण पीएम 2.5 की संख्या लगभग 900 यूजी/एम3 थी, जबकि सामान्य सीमा 40यूजी/एम3 होती है। उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया था कि यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बहुत खतरनाक है। प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए, मैंने तुरंत रसोई में उचित वेंटिलेशन के लिए एक खिड़की का निर्माण किया और चूल्हे में प्लास्टिक, कागज जलाना बंद कर दिया। वर्तमान में, मैं खाना पकाने के लिए एलपीजी संचालित चूल्हों का इस्तेमाल करती हूं। कुजरा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) परियोजनाओं के कार्यान्वयन संबंधी नोडल एजेंसी झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत एक स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) चलाती हैं। उन्होंने कहा, चूंकि मैं एसएचजी से जुड़ी हूं, इसलिए मैंने एनजीओ के सहयोग से गांवों में महिलाओं के बीच घरेलू वायु प्रदूषण के बारे में जागरूकता पैदा करने का फैसला किया। अब तक मैं करीब 400 महिलाओं से संपर्क कर चुकी हूं और वे भी प्रदूषण के खिलाफ अभियान में शामिल हुई हैं। ऐसा ही नजरिया हरिहरपुर गांव निवासी रीना उरांव ने जाहिर किया। उरांव ने कहा, मुझे पहले घरेलू प्रदूषण की जानकारी नहीं थी। अब, मैंने लिविंग रूम के बाहर एक किचन बनाने का फैसला किया, ताकि धुआं आसानी से निकल जाये। मैं अपने गांव में वायु प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के मिशन में भी शामिल हुई हूं।

Published / 2022-10-16 12:16:58
रांची समेत कई जिलों में अगले चार दिन हल्की बारिश

टीम एबीएन, रांची। मानसून वापसी के दौरान राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आने वाले चार दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे। इनमें रांची समेत कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। शनिवार को राज्य के उत्तरी हिस्सों से मानसून लौट चुका है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पलामू, संताल परगना और उत्तरी छोटानागपुर के कई जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है। अगले दो दिनों के दौरान रांची समेत राज्य के शेष हिस्सों में मानसून लौटने की संभावना जताई गई है। बारिश से तापमान में भी गिरावट आयी है। रांची में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में दो डिग्री की कमी आयी है। 24 घंटों के दौरान देवघर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 33.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सबसे कम रहा। वहीं मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के उत्तरी हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है। इसके अंदरूनी और शेष हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान इसकी वापसी की संभावना है। इसके प्रभाव से रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों पर आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई। रांची में सुबह नौ मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के खलारी में सबसे अधिक 59 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

Published / 2022-10-15 09:36:18
झारखंड : अगले 24 घण्टे तक हल्की बारिश की आशंका

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई इलाकों में इस समय लगातार बारिश हो रही है। वहीं, झारखंड के पलामू में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार राज्य में मानसून जल्द ही समाप्त हो जायेगा। राज्य में मानसून के दौरान अभी तक 817.6 मिमी बारिश हुई है, जो कि बीते साल से कम है। इस साल 205 मिमी कम बारिश दर्ज की गयी। हालांकि बीते दो महीने में राज्य में लगातार बारिश हो रही है, जो कि सामान्य से अधिक है। झारखंड के दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी के साथ हल्की ठंड भी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई। जिसके कारण राज्य में ठंडी हवाएं चल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के उत्तर पश्चिमी इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। जिसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा शामिल है। वहीं, राज्य के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के बाद मानसून समाप्त होने के आसार है। बंगाल की खाड़ी में इस दौरान साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके चलते राजधानी रांची समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

Published / 2022-10-12 07:22:59
झारखंड : कई जिलों में 13 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है और अगले कुछ दिन कमोबेश ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में 12 और 13 अक्टूबर तक बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार 13 अक्टूबर तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ घंटों में झारखंड के कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात होने की आशंका है। मौसम केंद्र ने इसे लेकर चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक आने वाले कुछ घंटों में बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। बारिश का असर बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, सिमडेगा के इलाकों में देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र ने लोगों को चेतावनी के मद्देनजर सावधान और सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की बात कही है।

Published / 2022-10-08 13:09:30
कृषि-वनोपजों का वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग के लिए आपस में सामंजस्य बनायें : संजीव कुमार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लिमिटेड के सीईओ संजीव कुमार ने कहा कि राज्य में उपलब्ध सभी प्रमुख कृषि एवं वनोपज का समयवार डाटाबेस तैयार कर इन उत्पादों का वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग के लिए हमें आपस में सामंजस्य स्थापित कर कार्य करना होगा। कुमार ने वन परिसर स्थित पलाश भवन सभागार में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लिमिटेड की एकदिवसीय कार्यशाला में आये सभी जिलों के वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में कृषि उपज के अलावा इमली, महुआ, साल बीज, पत्ते, लाह, करंज, चिरौंजी सहित कई प्रकार के अन्य वनोत्पाद हैं, जिसका उचित मूल्य वहां के ग्रामीणों को नहीं मिल पाता। बिचौलिये इनसे कम दाम में खरीदकर इसे बाजार में अधिक मूल्य में बेच रहे हैं। ग्रामीणों को इन उत्पादों का सही मूल्य मिले, उनके जीवनस्तर में सुधार आ सके, इसके लिए हमें सुद्दढ़ व्यवस्था बनाकर कार्य करना है। श्री कुमार ने कार्यशाला में आये सभी जिलों के वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारियों से संस्थान द्वारा किये जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी ली एवं कार्य में आ रही समस्याओं पर विमर्श किया। उन्होंने कहा कि हमें कृषि एवं वनोत्पाद का ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके, इसके लिए समस्या की जानकारी एकत्रित कर उनका समाधान करना है।

Published / 2022-10-07 04:50:03
उत्तराखंड, हिमाचल, यूपी, एमपी समेत कई जगह भारी बारिश का अलर्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में अलग-अलग मौसमी सिस्टमों की वजहों से शीतकालीन बारिश का दौर जारी है। आज भी उत्तराखंड और हिमाचल में भारी वर्षा का अलर्ट है, तो यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों में देश के कई राज्यों में वर्षा हुई। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और आंध्र में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण वहां से लेकर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड तक फैली द्रोणिका का देश के मौसम पर असर हो रहा है। इन्हीं मौसमी सिस्टमों की वजह से विभिन्न राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। यह अगले कुछ दिन बना रहेगा। अगले 24 घंटों में यहां होगी वर्षा : • उत्तराखंड के पूर्वी और मध्य भागों में भारी से बहुत भारी बारिश संभव है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी बारिश की संभावना है। • दिल्ली एनसीआर, यूपी, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। • तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी और आसपास के इलाकों में भी वर्षा के आसार हैं।

Published / 2022-10-06 04:16:49
झारखण्ड : दो दिनों तक राज्य में लगातार बारिश के साथ वज्रपात की आशंका

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में फिलहाल लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक सप्ताह तक ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार है। वहीं, मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार राज्य में 11 अक्टूबर तक लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार राज्य में 6 से 11 अक्टूबर तक मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर के दिन राज्य के कई स्थानों पर मध्यम बारिश होने के आसार है। इसके अलावा 7 से 9 अक्टूबर तक राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बने हुए हैं। साथ ही 10 अक्टूबर तक राज्य में हल्की फुल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य में बादल गरजने और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में बदलाव देखने को मिला है। राज्य में लगातार बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। वहीं, कुछ दिनों में मौसम में बदलाव वापस से होने की संभावना है। राजधानी रांची समेत राज्य के आसपास इलाकों में 7 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। साथ ही हल्की बारिश के भी आसार हैं। वहीं, आज राज्य में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Page 43 of 60

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse