वन और पर्यावरण

View All
Published / 2022-12-22 09:43:53
हिमाचल : आठ शहरों का पारा माइनस में पहुंचा, क्रिसमस पर बर्फबारी के आसार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। आलम यह है कि राज्य के आठ शहरों का पारा शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। मैदानी भागों में घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उच्च पर्वतीय इलाकों में क्रिसमस के दिन 25 दिसंबर को बर्फ गिरने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। सर्दी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां बहने वाले नालों, झरनों व झीलों समेत प्राकृतिक जलस्रोत भी जम गये हैं।

बुधवार की सुबह कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -7.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। इसके अलावा केलांग में न्यूनतम पारा -7.4 डिग्री, कल्पा में -3.2, रिकांगपिओ में -1.4, सोयोबाग में -1, सुंदरनगर में -0.6, भुंतर में -0.5 और मनाली में -0.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। अन्य शहरों के पारे प्रंजर डालें, तो मंडी में 0.1, सोलन में 0.7, शिमला में 4, धर्मशाला में 6.2, ऊना में 3.6, नाहन में 9.3, पालमपुर में 3.5, कांगड़ा में 4.6, बिलासपुर में 5, हमीरपुर में 2.5, चम्बा में 2.6, डल्हौजी में 4.6, कुफरी में 3.1, नारकंडा में 1 और कोटखाई में 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

राहत की बात यह है कि राज्य भर में दिन में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से निजात मिल रही है। पिछले लगभग एक माह से प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि फिलहाल ठंड से लोगों को निजात मिलने वाली नहीं है। पूरे राज्य में आगामी तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। उच्च पर्वतीय इलाकों में 25 दिसम्बर को बर्फ गिरने के आसार हैं। इस दौरान लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित कुल्लू, शिमला, चम्बा औऱ सिरमौर जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

Published / 2022-12-21 22:55:52
झारखंड वासियों को मिल सकती है ठंड से थोड़ी राहत

  • 3 से 4 डिग्री तक तापमान में होगी वृद्धि

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गुरुवार से मौसम का मिजाज थोड़ा बदलने वाला है। इसके चलते झारखंडवासियों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। ठंड कम होने से आने वाले क्रिसमस का राज्य के लोग आनंद ले पायेंगे। जानकारी के मुताबिक बीते कुछ दिनों से राज्य में कड़ाके की ठंड थी, लेकिन आज से यहां 3 से 4 डिग्री तक तापमान में वृद्धि होगी। इसके चलते राज्य के लोग क्रिसमस का आनंद ले पाएंगे। 

मौसम विभाग रांची के विशेषज्ञ अभिषेक आनंद ने बताया कि आज से तीन से चार डिग्री तक तापमान में वृद्धि होगी। इससे आम जीवन थोड़ा सामान्य होगा। बीते कुछ दिनों से मौसम में कनकनाहट थी। अहले सुबह और देर शाम लोगों को ठंड का अहसास हो रहा था। हालांकि ठंड बरकरार रहेगी, लेकिन अगले तीन से चार दिनों तक राहत मिलेगी। अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी मौसम की जैसी स्थिति झारखंड में है, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि लोग क्रिसमस का आनंद उठा सकेंगे। कड़ाके की ठंड नहीं रहेगी। मौसम थोड़ा गर्म रहेगा। उन्होंने बताया कि कुहासे से लोगों को राज्य में राहत मिलेगी। मैदानी, जंगली और वैसे इलाके जहां आसपास नदी-झरने हैं, उन्हीं इलाकों में कुहासे देखते को मिलेंगे।

Published / 2022-12-18 11:57:23
ठंड के बीच अब बारिश के आसार, कई शहरों का तापमान गिरा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के उत्तरी भाग में ठिठुरन वाली सर्दी ने दस्तक दे दी है। कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे गिरता जा रहा है। आने वाले दिनों में रिकॉर्डतोड़ सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। सबसे पहले दिल्ली की बात करें तो आज सुबह यहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पर आ गया था वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

वहीं कुछ ऐसे भी राज्य हैं जहां ठंड के मौसम में भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 घंटे में निकोबार द्वीप समूह के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित महाराष्ट्र में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार में सर्दी में पिछले आठ साल का रिकॉर्ड टूट सकता है। कटिहार, बेगूसराय, खगड़िया, छपरा बक्सर, आरा समेत कई जिलों में 25 दिसंबर के बाद से रिकॉर्डतोड़ सर्दी पड़ने की संभावना है।

Published / 2022-12-11 21:34:52
झारखंड : रांची में 3-4 दिनों में बढ़ेगी ठंड, होगा कनकनी का एहसास

टीम एबीएन, रांची। रांची सहित पूरे प्रदेश में लगातार ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। लोगों को कनकनी का एहसास हो रहा है। शाम होते ही घरों में दुबकने लगे हैं। मौसम वैज्ञानिक गिरते तापमान की वजह बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान और उत्तर भारत में हो रहे बर्फबारी को बता रहे हैं। 

रांची में करीब एक सप्ताह से कोहरा भी दिख रहा है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने abnnews24.com को बताया कि रविवार को रांची का अधिकतम ताममान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 12 दिसंबर से सुबह के समय आसमान साफ रहेगा, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। 

उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान सामान्य मना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान में 3 से 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री गिरावट की संभावना है। ऐसे में ठंड अभी और बढ़ सकती है।

Published / 2022-12-09 13:47:10
पिछले 24 घंटे में शुष्क रहा झारखंड का मौसम

टीम एबीएन, रांची। देश के उत्तरी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिसके कारण देश के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। इसके अलावा दक्षिणी राज्य में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों में बने निम्न दबाव का आंशिक असर झारखंड पर पड़ेगा। 
वहीं, राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान राज्य में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। साथ ही ये तेज, ठंडी हवाएं लोगों की कंपकंपी बढ़ा रही हैं। वहीं, सरायकेला के काकी के न्यूनतम तापमान में बुधवार को गिरावट दर्ज की गई थी। 

हालांकि मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार काकी के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव और चक्रवाती तूफान के तमिलनाडु में टकराने पर 8 दिसंबर यानी की आज रात से झारखंड के कई इलाकों में बादल छाये रहेंगे। जिसके कारण राज्य में लगभग 2 दिनों में कंपाने वाली ठंड के आसार हैं। इसके अलावा 9 दिसंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटों में तेज ठंडी हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना रहा है। इस बीच सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में दर्ज किया गया है। यहां पर 28.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Published / 2022-12-05 11:38:07
रिपोर्ट का दावा : झारखंड के वन क्षेत्र की 69% मिट्टी पौधों के विकास के लिए बेकार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नाइट्रोजन की भारी कमी के कारण झारखंड के वन क्षेत्र की करीब 69 प्रतिशत मिट्टी पौधों के विकास के लिए अनुपयुक्त हो गई है। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर रांची स्थित भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईएफपी) द्वारा तैयार वन मृदा स्वास्थ्य कार्ड (एफएसएचसी) रिपोर्ट में यह निष्कर्ष सामने आया है। आईएफपी के मुख्य तकनीकी अधिकारी शंभुनाथ मिश्र ने बताया कि राज्य के वन क्षेत्र की मिट्टी में नाइट्रोजन की अत्यधिक कमी है, जो पौधों के विकास के लिए बेहद जरूरी होता है। मिट्टी में नाइट्रोजन की उपस्थिति करीब 258 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर होनी चाहिए, लेकिन झारखंड के वन क्षेत्र की मिट्टी में हमें यह औसतन 140 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर मिला है।

वहीं परियोजना के मुख्य अन्वेषक मिश्र ने बताया कि अधिकांश वन प्रभागों में प्रति हेक्टेयर 160 किग्रा और 180 किग्रा के बीच नाइट्रोजन की मौजूदगी है। कुछ क्षेत्रों में यह आंकड़ा 100 किग्रा प्रति हेक्टेयर के करीब है। उन्होंने बताया कि देश में झारखंड पहला ऐसा प्रदेश है, जिसने एफएसएचसी रिपोर्ट जारी की है।

Published / 2022-12-02 07:05:12
दिसंबर से फरवरी तक के मौसम पर आईएमडी का क्या है अनुमान, यहां जानें...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में इस साल मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है इसके बावजूद बीते सालों की तुलना में अभी सर्दी कम ही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कम रहने की संभावना है। इसके कारण दिसंबर से फरवरी के बीच में इन हिस्सों में बीते सालों की तुलना में सामान्य से ज्यादा तामपान रहने का अनुमान है। 
भारत मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्रा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तापमान में दिन-प्रतिदिन के आधार पर बदलाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि आगामी सर्दियों के मौसम (दिसंबर 2022 से फरवरी 2023) के दौरान, प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य न्यूनतम तापमान नीचे रहने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
उन्होंने अनुमान जताते हुए कहा कि पश्चिमी विक्षोभ गतिविधि कम हो जायेगी। इसलिए, कम बादल छाए रहेंगे और दिन का तापमान अधिक रहेगा। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रवेश के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। इस दौरान बारिश को लेकर उन्होंने कहा कि इस काल में यह जरूरी नहीं है कि बारिश होगी।

Published / 2022-11-29 22:58:30
डालटनगंज के बाद रांची में भी सतायेगी सर्दी, जानें पांच दिनों का हाल

टीम एबीएन, रांची। दिसंबर का महीना दस्तक देने वाला है। इससे पहले ही ठंड का मिजाज दिखने लगा है। झारखंड के डालटनगंज में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रिकार्ड हुआ है। इसके बाद सबसे कम तापमान सिमडेगा में 9.9 डिग्री दर्ज हुआ है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रहा है।

अगले पांच दिनों यानी 3 दिसंबर तक की बात करें तो मौसम केंद्र के मुताबिक पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और कोडरमा में औसत तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। राज्य के प्रमुख शहरों में रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, धनबाद में 14 डिग्री, दुमका में 14 डिग्री, देवघर में 14 डिग्री, बोकारो में 11 डिग्री और जमशेदपुर में 14 डिग्री के आसपास रहेगा। अगले पांच दिनों तक सुबह के वक्त कोहरा या धुंध देखने को मिलेगा।
सबसे खास बात है कि रांची में न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच 10 से 15 डिग्री का गैप रहेगा। इसकी वजह से धूप खिलने पर ज्यादा ठंड महसूस नहीं होगी लेकिन शाम ढलते ही सतर्कता बरतनी होगी।

चिकित्सकों के मुताबिक ऐसे मौसम में थोड़ी भी लापरवाही मुसीबत में डाल सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखना होगा। मौसम केंद्र के मुताबिक अगले चार दिनों के बाद रात के तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।

Page 39 of 59

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse