वन और पर्यावरण

View All
Published / 2023-01-19 23:08:41
झारखंड : ठंड के प्रकोप के बीच 23 से हो सकता है मौसम साफ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। उत्तर भारत और बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रही हवा और नमी के कारण रांची समेत पूरे झारखंड में कोहरे और बादल छाए हुए हैं। ऐसी स्थिति अगले 4 से 5 दिनों तक रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत अन्य जिलों में 5 से 6 दिन तक इसी तरह कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

 वहीं कोहरे की वजह से एक बार फिर विमान और रेलवे पर इसका असर देखने को मिलेगा। रांची समेत पूरा झारखंड कोहरे की चादर में तब्दील हो चुका है। इसके चलते ठंड बढ़ गयी है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं. इसके चलते 23 जनवरी तक ठंड रहने के आसार हैं। मौसम बदलाव से झारखंड में ठंड बढ़ने की संभावना जाहिर की गयी है।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी से मौसम का मिजाज बदलेगा। 23 और 24 जनवरी को सुबह में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी रांची में बुधवार को कोहरा होने के वजह से कई विमानों का आवागमन प्रभावित हुआ था। जिसके वजह से कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

 बेंगलुरु रांची एयर एशिया के विलंब होने के वजह से बाकी कई उड़ानों पर भी इसका प्रभाव पड़ा। वहीं जानकारी के मुताबिक मौसम केंद्र रांची में डॉप्लर वेदर रडार लगाया जाएगा। यह मौसम के हर करवट पर निगरानी रखने में मददगार होगा। 
वहीं मौसम केंद्र रांची में डॉप्लर वेदर रडार लगाया जायेगा। जिसकी सहायता से मौसम की हर करवट पर निगरानी रखी जा सकेगी। नये रडार में भारी बारिश, आंधी, ओला की बिल्कुल सटीक जानकारी मिल पायेगी। हालांकि डॉप्लर वेदर रडार इस साल के अंत तक रांची केंद्र में लगाया जायेगा। मौसमी चेतावनी में सुधार के लिए यह मददगार साबित होगा।

Published / 2023-01-19 22:35:21
डॉ अशोक नाग ने सीएम से की करम नदी को पुनर्जीवित करने की मांग

टीम एबीएन, रांची। शहर के समाजसेवी सह पर्यावरणविद् डॉ अशोक कुमार नाग (9835114732) ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि शहर का एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मैं अपने राज्य के मुखिया को नगर निगम रांची के अनैतिक कार्य के सम्बन्ध में यह पत्र आपको लिख कर जानकारी दे रहा हूं।

उन्होंने सीएम से अपने स्तर पर इसकी छानबीन कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनकी मांगें निम्नवत है : 

  1. करमटोली तालाब से होकर पूर्व दिशा की ओर, सबसे निचले इलाके से होकर करम नदी बहती थी जिसमें शहर के अधिकांश इलाके लालपुर, मोराबादी, बरियातु, कोकर का भी पानी निकलकर डिस्टलरी पुल, भगवान बिरसा मुण्डा की समाधि स्थल के रास्ते स्वर्णरेखा नदी में मिलता था।
  2. करम नदी के कारण ही रांची शहर के अधिकांश आबादी के घरों में भूगर्भ जलस्तर ऊंचा रहता था और बहुत सारे कुओं में तो गर्मी में भी लवालव पानी भरा रहता था और पूरी रांची को पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ता था।
  3. बरसात के समय करम नदी के रास्ते पूरे शहर का पानी डिस्टलरी पुल होता हुआ, स्वर्णरेखा नदी में मिलता था और घनघोर बारिश के आधे घंटे बाद ही रांची शहर में कहीं जलजमाव नहीं होता था।
  4. रांची शहर के लिए डिस्टलरी पुल और करम नदी एक महत्वपूर्ण स्थान रखता था क्योंकि भूगर्भ जल करम नदी के कारण और पूरी रांची में बाढ़ की समस्या कभी नहीं हुई, क्योंकि बरसात का अधिकांश पानी करम नदी के संग मिलकर डिस्टलरी पुल होता हुआ स्वर्णरेखा नदी में मिल जाता था।
  5. महाशय, यह उल्लेख करना महत्वपूर्ण है कि भगवान बिरसा मुण्डा की समाधि स्थल, कोकर
    डिस्टलरी पुल के पास ही क्यों है? भगवान बिरसा मुण्डा की असहज विवादास्पद मौत रांची जेल में हुई तो अंग्रेजों ने उनके शव को डिस्टलरी पुल के पास फेंक दिया, जहां पानी
    जलप्रपात के रूप में बहता था, अंग्रेजों को लगा कि बिरसा की मौत की खबर से शहर में दंगा नहीं फैलेगा और उनका शव डिस्टलरी पुल से होता हुआ पानी के बहाव के साथ स्वर्णरेखा नदी में मिल जायेगा।
  6. महाशय, डिस्टलरी पुल, करम नदी अपने प्रवाह में आराम से बहती रही जबतक की रांची नगर निगम के पदाधिकारियों और भू-माफिया की कुदृष्टि डिस्टलरी पुल और करम नदी के प्रवाह के रास्ते में नहीं पड़ी।
  7. भू-माफियाओं और नगर निगम के अधिकारियों ने करम नदी को ही विलुप्त करने की ठानी और डिस्टलरी पुल को ही पाट दिया और वहां करम नदी के रास्ते को घेरकर पार्क और
    डिस्टलरी मार्केट का निर्माण करा दिया। भारत ही नहीं विश्व में यह प्रथम घटना होगी जहां जीवित नदी के रास्ते को वहीं के नगर निगम ने घेरकर पार्क व दुकान बना दिया है, जो आज भी बरसात में पूरा डूब जाता है, क्योंकि पानी निकासी का वही एकमात्र निचला इलाका है।
    8रांची नगर निगम के इस कुकृत्य के कारण रांची के लगभग 7-8 लाख लोगों के यहां भूगर्भ जलस्तर बिल्कुल नीचे चला गया है और रांची शहर में बरसात में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जा रही है और पानी निकासी की समस्या से शहर जूझ रहा है।
  8. महाशय, विडम्बना यह है कि रांची नगर निगम के सरकारी बेवसाईट में रांची मास्टर प्लान 2037 का उल्लेख है जिसमें पानी निकासी के रास्ते दिखाये गये हैं (संलग्न-1) जो जमीन खाता नं0, प्लॉट नं0 के रूप में उल्लेखित है। रांची नगर निगम अपने रांची मास्टर प्लान 2037 के तहत जिस भूमि को वाटर वॉडी बनाता है उसी में पार्क और दुकान का निर्माण कैसे कराता है? यह समझ से परे हैं?

इन सब बातों को ध्यान में रखकर मैं माननीय मुख्यमंत्री महोदय से आग्रह करता हूं कि
अवलिम्ब करम नदी को करमटोली तालाब से होकर डिस्टलरी पुल तक अतिक्रमण मुक्त करायें और नदी के रास्ते में नगर निगम द्वारा बनाये गये अवैध पार्क व दुकानों को अविलम्ब तोड़ा जाए और करम नदी को पुनर्जीवित किया जाये।

Published / 2023-01-18 07:53:51
कल से चढ़ सकता है पारा, ठंड से राहत की उम्मीद

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गुरुवार यानी 19 जनवरी से तापमान में बढ़ोतरी होगी। तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी। अगले चार दिनों तक तापमान का बढ़ना जारी रहेगा। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 17 जनवरी को जारी बुलेटिन में दी है।

उत्तर भारत में एक पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय है। इसका प्रभाव झारखंड में भी देखने को मिलेगा। इसकी वजह से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। कई जिलों में न्‍यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

केंद्र के मुताबिक पिछल 24 घंटे में राज्‍य में मौसम शुष्‍क रहा। राज्‍य में कहीं-कहीं पर हल्‍के दर्जे का कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया। न्‍यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस देवघर केवीके में दर्ज किया गया।

Published / 2023-01-16 11:13:56
झारखण्ड : इस हफ्ते फिर लौटेगी ठंड, अगले तीन भारी मुश्किल

टीम एबीएन, रांची। पिछले कुछ दिनों से खिली धूप ने राजधानीवासियों व आसपास के जिलों के लोगों को ठंड से राहत दी है। दरअसल, पश्चिमी दिशा से बह रही ठंडी हवा का प्रकोप कम हो जाने के कारण राजधानी के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है। 

राज्य के उत्तरी हिस्सों में कोहरे और धुंध का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो अगले तीन दिनों तक रांची के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। राहत की बात यह है कि इसके बाद 19 जनवरी से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से खिली धूप ने ठंड से लोगों को राहत दी है। नये साल में कोहरे, धुंध और आसमान में छाये आंशिक बादल ने तापमान को लुढ़का दिया था। 

मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की मानें तो 10 जनवरी से पश्चिमी दिशा से बह रही हवा में रुकावट से ठंड का असर थोड़ा कम हुआ है। यह स्थिति पूरे राज्य में बनी है। यही वजह है कि अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 

केंद्र के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। आज राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ हिस्सों में सुबह में धुंध के साथ आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है।

आज राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री। बुधवार को भी अधिकतम 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तीनों दिन राजधानी का आसमान साफ रहेगा व मौसम शुष्क बना रहेगा। 

वहीं पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान अधिकतम 30.2 डिग्री जमशेदपुर और सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री खूंटी का रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 26.6 डिग्री व न्यूनतम 12.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

Published / 2023-01-15 20:12:09
पहाड़ों में बर्फबारी तेज, तीन दिनों में फिर लौटेगी शीतलहर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी का दौर जारी है। ऐसे में सोमवार से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर शीतलहर लौटने की चेतावनी दी गयी है। यहां तापमान के 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार से शुक्रवार तक यहां शीतलहर और घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

दिल्ली में इसी महीने पांच दिनों तक लगातार शीतलहर की स्थिति बनी हुई थी। दिल्ली में 5 जनवरी से लगातार शीतलहर की स्थिति बनी हुई थी, जहां एक दशक में पहली बार इतना लंबा शीतलहरी देखा गया। आईएमडी के एक सीनियर साइंटिस्ट ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस खत्म होने की कगार पर है, ऐसे में अगले कुछ और दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से रात के समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस महीने अबतक का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रहा।

पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी : आईएमडी ने बताया कि नॉर्थ-वेस्टर्ली हवा की वजह से आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों से हवाएं उत्तर भारत की तरफ चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आयेगी। गौरतलब है कि, उत्तराखंड के धनोल्टी में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं जम्मू कश्मीर के बांदिपोरा जिले के गुरेज सेक्टर का एक गांव हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा सहित 12 जिलों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गयी है।

Published / 2023-01-14 10:57:59
झारखण्ड : पलामू सहित कई जिलों में कोल्डवेव का अलर्ट

  • धूप कर रही सर्दी का सितम कम

टीम एबीएन, रांची। राजधानी समेत आसपास के जिलों में खिली धूप ने सर्दी के सितम को कम कर दिया है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बह रही हवा शाम को कनकनी बढ़ा रही है लेकिन दोपहर को निकली धूप लोगों को राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ठंड से राहत मिलने के संकेत हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम दिशा से बह रही ठंडी हवा में रुकावट आयी है, जिससे ठंड का असर कम हुआ है। 10 से 17 जनवरी तक ठंड से राहत की संभावना है। वहीं उत्तरी व दक्षिणी हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री, जबकि न्यूनतम 09 से 13 डिग्री रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में कोल्ड वेव चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। पलामू संभाग यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, राजधानी समेत आसपास के जिलों में इससे राहत की उम्मीद है। तीन-चार दिन बाद राजधानी और आसपास के जिलों में तापमान गिर सकता है।

उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण शुक्रवार को भी 16 घंटे तक टेनें लेट रहीं। नई दिल्ली से रांची आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस 15 घंटा, जम्मूतवी से टाटा जाने वाली ट्रेन 11 घंटा, पूर्णिया कोर्ट हटिया ट्रेन 16 घंटा और दिल्ली भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 7 घंटा लेट रही। इससे रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री घंटों रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन के आने का इंतजार करने को मजबूर रहे। समय पर ट्रेन नहीं पहुंचने के कारण कई यात्रियों की ट्रेन छूट गयी, तो कई यात्रियों ने अपना टिकट कैंसिल करा दिया।

Published / 2023-01-13 10:39:56
झारखण्ड : 13 जनवरी के बाद मौसम होगा सामान्य, धीरे-धीरे कम होगी ठंड

  • मौसम के रुख बदलने से लोग ले रहे राहत की सांस

टीम एबीएन, रांची। झारखंड वासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने वाली है क्योंकि मौसम सामान्य की तरफ बढ़ रहा है। राज्य में कुछ दिनों बाद अच्छी धूप निकलना शुरू होगी, जिससे तापमान सामान्य रहेगा।

राज्य के अभी भी कई जिलों में ठंड है, लेकिन कई जिलों में मौसम सामान्य हो जायेगा। 13 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि सुबह-शाम कोहरा होगा, लेकिन दिन में मौसम गर्म रहेगा। वहीं, सबसे ज्यादा खूंटी जिले में ठंड बताई जा रही है। पिछले 24 घंटे में खूंटी का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया है। अभी भी कई जिलों का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के नीचे है।

मौसम विभाग ने अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटे में राज्य में ठंड कम होगी। राज्य में कहीं-कहीं ठंड का असर ज्यादा है। सर्द हवा की रफ्तार में कमी आयी है। मौसम साफ है और धूप निकल रही है। अगले 24 घंटों के दौरान रात में कनकनी की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव होगा। 

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 1-2 जिलों को छोड़ शेष जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर आ गया है। वहीं, मौसम विभाग ने दावा किया है कि कुछ जिलों को छोड़कर राज्य में धीरे - धीरे तापमान सामान्य की तरफ बढ़ रहा है, आसमान साफ होगा और अच्छी धूप निकलेगी।

Published / 2023-01-13 10:35:39
अभी तक नहीं पकड़ा जा सका है आदमखोर तेंदुआ

  • देखते ही एनकाउंटर के आदेश पर विचार कर रहा वन विभाग

टीम एबीएन, गढ़वा-पलामू/ रांची। झारखंड में एक आदमखोर तेंदुए को बेहोश करने या पिंजरे में कैद करने की कोशिशें असफल रहने के बाद राज्य का वन विभाग उसे देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने पर विचार कर रहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

 हैदराबाद निवासी प्रसिद्ध शिकारी नवाब शफत अली खान को तेंदुए को पकड़ने में मदद के लिए यहां बुलाया गया है। यह तेंदुआ दिसंबर महीने से अब तक झारखंड के पलामू संभाग में कथित रूप से 4 बच्चों की जान ले चुका है। चारों बच्चे 6 से 12 साल के बीच के थे, जिनमें 3 गढ़वा से और 1 लातेहार जिले से था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) शशिकर सामंता ने बताया कि निगरानी समिति ने तेंदुए को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने की सिफारिश की है। 

हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है। हम और विशेषज्ञों से सलाह मांग रहे हैं। राज्य के मुख्य वन्यजीव वार्डन सामंता ने कहा कि आदेश के संबंध में फैसला 1 या 2 दिन में लिया जायेगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए 64 वर्षीय खान 5 जनवरी से झारखंड के गढ़वा जिले में डेरा डाले हुए हैं, जहां कथित तौर पर जानवर ने 3 बच्चों को मार दिया था। 

खान ने बताया कि तेंदुए को 5 जनवरी और 10 जनवरी को देखा गया था। इससे पहले 4 जनवरी तक 50 से अधिक ड्रोन कैमरों और एक ड्रोन से भी उसका पता नहीं चला था। न्होंने बताया कि तेंदुए ने गढ़वा के तिरतेडी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक सूअर को मार दिया, जिसे पिंजरे के बाहर खड़ा किया गया था, लेकिन उसने सूअर को खाया नहीं। वह पिंजरे में भी नहीं घुसा। उसके पैरों के निशान मिले हैं। 

झारखंड समेत 9 राज्यों के वन्यजीव सलाहकार खान ने कहा कि तेंदुए आमतौर पर दिन में जंगल के घनी छाया वाले इलाकों में सोते हैं और रात को शिकार के लिए निकलते हैं। इसलिए दिन में तेंदुए का पता लगाना मुश्किल है, हालांकि हमें उसके सोने की जगह का पता चल गया है। इस तेंदुए ने जिले के 3 प्रखंडों रामकंडा, रांका और भंडारिया में 50 से ज्यादा गांवों में आतंक फैला रखा है। वहीं, वन विभाग ने ग्रामीणों से शाम के बाद घरों से नहीं निकलने को कहा है।

Page 36 of 59

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse