टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 1 फरवरी दिन रविवार को कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा मंदिर में प्रत्येक रविवार को आयोजित अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा का 5 वर्ष पूर्ण हो जायेगा।
मौके पर 1 फरवरी को 251वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा, श्री राधा रानी का अलौकिक भव्य श्रृंगार, भजन जागरण, सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया है। साथ ही साथ भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल के सौजन्य से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया है।
जिसमें ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, पल्स आक्सीजन आदि की जांच की जायेगी। चिकित्सकों द्वारा जांच एवं इलाज के संबंध में मरीजों को परामर्श दिया जायेगा। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में दिनांक 29 जनवरी 2026 को जया एकादशी पर्व अत्यंत श्रद्धा व भक्तिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। प्रात: श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र (बागा) पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत कर विभिन्न प्रकार के ताजे व खुशबूदार फूलों से श्री श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार किया गया। साथ ही मंदिर में विराजमान शिव परिवार एवं हनुमान जी का भी इस अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया।
फाल्गुन मास में खाटू धाम (राजस्थान) स्थित श्री श्याम मंदिर में अर्पित किये जाने वाले निशानों (ध्वजा) की विधिवत पूजन मंडल के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश बगला व मंत्री धीरज बंका के करकमलों से कर स्थापित किये गये। मंदिर में भक्तों के दर्शनार्थ हेतु निशान (ध्वजा) 3 फरवरी 2026 तक स्थापित रहेंगे।
रात्रि 9 बजे श्री श्याम देव की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित कर श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन का शुभारंभ किया गया।
मौके पर ओ सांवरिया यो निशान महे दूर देश से लाया, भगत तुम जइयो रे, जइयो रे फागुन में इक बार, बुलावा आयेगा, आयेगा, खाटू से हर बार, बाबा से होगी मुलाकात, अब के फागुण में, नाचेंगे सारी-सारी रात, अब के फागुण में, तुम झोली भर लो भक्तों रंग और गुलाल से, होली खेलांगा आपां, गिरधर गोपाल से, आये हैं दिन फागण के, आये हैं दिन नाचण के, आज नहीं तो कब नाचोगे, बीत गये दिन सावन के इत्यादि भजनों की लय पर श्याम भक्त झूमते रहे।
इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल, मेवा, केसरिया दूध और मगही पान का भोग अर्पित किया गया। रात्रि 12 बजे महाआरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आज के इस क्रायक्राम को सफल बनाने में रमेश चंद्र सारस्वत, ओम जोशी, गोपी किशन ढांढनीयां, जितेश अग्रवाल, विकाश पाडिया, नितेश केजरीवाल, प्रियांश पोद्दार, अमित जलान, अजय साबू का सहयोग रहा। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।
टीम एबीएन, रांच। कवि सम्मेलन आयोजन समिति की बैठक आज दिनांक 27 जनवरी 2026 स्थानीय अग्रसेन भवन के कार्यालय में आहूत हुई।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष श्री पवन पोद्दार ने करते हुए आये हुए सभी पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य एवं सदस्यगणों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। तत्पश्चात बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई।
समिति के सचिव अंजय सरावगी ने गत बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनायी, जिसे सर्वसमिति से संपूष्टि की गयी। कवि सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक पवन शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 1 मार्च 2026 को कवि सम्मेलन का आयोजन स्थानीय मारवाड़ी भवन परिसर में किया जायेगा, जिसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामी गिरामी भाग लेंगे।
पूर्व अध्यक्ष विनोद जैन ने बताया कि वीररस, हास्यरस और श्रृंगार रस के कवियों के नामों का चयन कवि सम्मेलन के लिए आरक्षित किया गया है, जल्द ही उनके आरक्षित होने पर नामों की जानकारी दी जायेगी।
विदित हो कि रांची में आयोजित हास्य कवि सम्मेलन आयोजन संपूर्ण झारखंड में अपनी एक पहचान बनाई हुई है, जिसमें विशेष रूप से युवावर्ग महिला वर्ग और वरिष्ठ नागरिक शामिल होते हैं, यह आयोजन पूर्णतया निशुल्क रहता है। सुरक्षा के मद्देनजर विशेष व्यवस्था रहती है। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष मनोज बजाज ने धन्यवाद ज्ञापन दिया तदोपरान बैठक की कार्रवाई अगले बैठक के लिए स्थगित की गयी।
मौके पर पूर्व अध्यक्ष ललित पोद्दार, अशोक नारसरिया, किशोर मंत्री, कमल जैन, हरिशंकर कनोडिया, प्रकाश धेलिया, निर्भय शंकर हरीत, अनूप अग्रवाल उपस्थित थे। उक्त जानकारी सचिव अंजय सरावगी ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड रांची से 7 बार बंगाल से 2 बार छतीसगढ़ के रायगढ़ से 2 बार बिहार के भागलपुर, दरभंगा से 3 बार कुल 14 बार खाटू श्याम निशान पद यात्रा कर चुके है यह इनकी 15 वी यात्रा है।
टीम एबीएन, रांची। मुन्ना शर्मा जिन्होंने झारखंड के राँची से 7 बार श्री श्याम के निशान के साथ खाटु धाम की पदयात्रा कर श्री श्यामजी को निशान अर्पित किया है। ये झारखण्ड में रांची से आठवी यात्रा होगी। मुन्ना शर्मा ने बताया की कुल 14 बार पैदल निशान ले कर यह यात्रा खाटु धाम तक हमने की है। 7 बार रांची से 2 बार कलकत्ता से 2 बार रायगढ़ से और 3 बार भागलपुर,दरभंगा से यह यात्रा खाटू धाम तक के लिए की गयी। प्रतिदिन 50 किलो मीटर तक चलते है।
प्रात: 6 बजे निशान का पूजन, आरती, भोग के उपरांत यह यात्रा प्रारंभ की जाती है और सायं 6 बजे तक यात्रा को विश्राम दिया जाता है। मंदिरों में, धर्मशाला में, श्याम प्रेमी के आवास पर जहां भी लोग रुकने के लिये एवं पवित्र जगह निशान को रखने के लिये जगह उपलब्ध कराते है वही पर सायं आरती, पूजन, संकीर्तन, प्रसाद का भोग बाबा के निशान को लगाया जाता है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के क्रम में कई धार्मिक स्थलों पर लोग निशान का पूजन व आरती करते है लोगों को व्हाट्सएप्प ग्रुप के माध्यम से सूचना मिल जाती है कि निशान लेकर कहां किस गांव, शहर और जिला में प्रवेश कर रहे है। वहां पूर्व निर्धारित समय व दिन में लोगों के द्वारा स्वागत किया जाता है। बाबा श्याम की भक्ति व लगन में लीन मुन्ना शर्मा सफर में श्री श्याम गुण गान करते हुए श्रद्धा के साथ अपने मुकाम पर समय में पहुंचना चाहते है।
प्रत्येक साल बाबा को निशान समर्पित रखने की इच्छा मन में रखे बाबा के दरबार पहुंच कर उन्हें निशान अर्पित कर बाबा श्याम से अपने ईस्ट मित्रों, परिवार, सहयोगीयो के लिए आशिर्वाद चाहतें है झारखंड के खुशहाली की कामना चाहते है।
यात्रा का बहुत बड़ा महत्व है जो भी मनो कामना आपकी है वो बाबा के निशान पद यात्रा से अवश्य पूर्ण होती है। फागन में श्री श्याम मंदिर खाटु धाम में लाखों श्रद्धालू श्याम भक्त रिंगस, जयपुर व राजस्थान के कोने कोने से पैदल बाबा का निशान ले कर आते है और बाबा को अर्पित करते है।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा को मैंने स्वयं प्रारंभ किया है अपनी इच्छा से में निशान ले कर बाबा के दरबार में अर्पित करता हूं। मुझे श्याम प्रेमियों का तन, मन, धन से पूर्ण सहयोग प्राप्त होता है। इस यात्रा को सजाने में कई श्याम प्रेमीयो का मुझे सहयोग प्राप्त हो रहा है।
धर्मप्रेमी प्रमोद सारस्वत ने बताया कि आज 24 जनवरी को लालपुर के ब्यवसायिक मुकेश पांडेय के आवास से पूजन, संकीर्तन के साथ यह यात्रा प्रारंभ हुई जो अपर बाजार होते हुए श्री श्याम मंदिर में बाबा के दर्शन के साथ यात्रा प्रारंभ हुई। दोनों मंदिरों में दर्शन के उपरांत श्याम भक्त नटवर शर्मा के आवास पर निशान पूजन व मुन्ना शर्मा जी का स्वागत किया गया।
यहां से यात्रा बूटी मोड़ होकर बी आई टी ,ओरमांझी, रामगढ़, हजारीबाग, बरही, चौपारण, डोभी होते हुए आगे बढ़ेगी। आज रात्रि पहला विश्राम रामगढ़ में होगा। मुन्ना शर्मा का मोबाइल नंबर 6203080274 है जिनको इनसे संपर्क करना है बात कर कर सकते हैं। उक्त जानकारी संगठन के प्रमोद सारस्वत (9431325438) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। सेठ रामेश्वर पोद्दार स्मृति भवन चुटिया रांची में आज दिनांक 23.1.26 दिन शुक्रवार को श्री श्याम सेवा समिति की प्रेस कॉन्फ्रेंस सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन में कार्यक्रम संयोजक ऋषि टिबरेवाल के सान्निध्य में की गयी।
इसमें श्री श्याम सेवा समिति के तृतीय वार्षिक उत्सव के संबंध में विस्तृत रूप में कार्यक्रम के बारे में बताते हुए उन्होंने बताया कि दिनांक 25. 01. 2026 दिन रविवार को चुटिया स्थित श्री राम मंदिर से अपराह्न 3 बजे पारंपरिक पोशाक धारण कर 111 महिला एवं पुरुष श्याम भक्तों द्वारा श्याम निशान लेकर चुटिया के विभिन्न मार्ग से होकर आयोजन स्थल में आकर बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे।
इस यात्रा में बाबा का अलौकिक श्रृंगार से सुशोजित रथ के साथ-साथ भजन गायक भजन गाते हुए साथ साथ चलेंगे। संध्या 6:00 बजे से मुख्य कार्यक्रम स्मृति भवन चुटिया के प्रांगण में शुभारंभ समाज के गणमान्य अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर प्रारंभ किया जायेगा।
मुख्य जजमान सीताराम जी चौधरी के परिवार द्वारा बाबा कि ज्योत जलाकर बाबा को आमंत्रित किया जायेगा। इस दौरान श्याम बाबा को विभिन्न प्रकार के फूलों से निर्मित बाघा पहनाया जायेगा। बाबा को सुगंधित इत्रों से स्नान कराया जायेगा। इसके बाद समिति सदस्य किशन मोदी, प्रमोद पोद्दार, राजेश जी, कुमारी अंशिका, कुमारी रिशिका, परमेश्वरी जोशी बाबा को भजनों की माला अर्पित करेंगी।
धनबाद से आये हुए प्रख्यात भजन प्रवाहक श्री रोमित बंसल एवं श्री आशीष सिंगल भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। श्याम बाबा को 56 भोग और महाभोग विशिष्ठ सदस्य चढ़ायेंगे। रात्रि 8:30 बजे से उपस्थित सभी श्याम भक्तों के बीच महाभोग का वितरण किया जायेगा। महिला सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रकार के बधाई स्वरूप सिक्का, ट्रॉफी, मोर पंख, मेवा भक्तों के बीच वितरित की जायेगी। कार्यक्रम का समापन रात्रि 11 बजे बाबा की महा आरती के साथ संपन्न किया जायेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदीप मोदी, दीपक अग्रवाल, पवन अग्रवाल, भवानी बिरला, पंकज सिंघानिया, हरिशंकर, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, प्रकाश अग्रवाल, मुकेश साबू, अर्जुन सिंघानिया, विनोद बेगवानी, डॉ भरत अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, मिकी केडिया, ललित केडिया, वीणा माहेश्वरी, सुजाता टिबरेवाल, बॉबी अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
एबीएन सोशल डेस्क, रांची। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आर्यपुरी शिवपंच मंदिर हिमालय परिवार की ओर से पहाड़ी बाबा की भव्य तिलकोत्सव शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी। शोभायात्रा से पूर्व बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई।
इसके पश्चात बाबा के भक्त हर-हर महादेव और पार्वती मैया की जय के जयघोष के साथ तिलकोत्सव की सामग्री सिर पर धारण कर बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर नृत्य करते हुए आर्यपुरी से रातू रोड होते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचे। शोभायात्रा के पहाड़ी मंदिर पहुंचने पर पहाड़ी मंदिर विकास समिति, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा हिमालय परिवार के भक्तों का चंदन तिलक, पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
इसके बाद भक्तों ने पहाड़ी बाबा के जयकारों के साथ मुख्य मंदिर में प्रवेश किया। यहां मंदिर के पुजारी संत कबीर दास, शिव प्रसाद गुप्ता एवं कैलाश राय ने हिमालय परिवार के पुजारी नंद किशोर पाठक एवं रितेश पाठक का स्वागत अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर किया। तत्पश्चात विधि-विधान के साथ पहाड़ी बाबा का तिलकोत्सव संपन्न कराया गया।
तिलकोत्सव के अवसर पर सेव, केला, संतरा, अंगूर, पेड़ा, लड्डू, खाजा सहित अनेक प्रकार की मिठाइयां और फल पहाड़ी बाबा को अर्पित किये गये।
प्रेम साहू, रंजन साहू, अशोक बजाज, रंजीत बिहारी लाल, राजेश साहू, पूर्व पार्षद सुनीता देवी, दिलीप गुप्ता, शंकर प्रसाद, बादल सिंह, हिंदू जागरण मंच के सुजीत सिंह, बसंत पटवारी, गोपाल यादव, संदीप जैन, बबलू जायसवाल, मोती सिंह, तड़ीत राय, अंकित सिंह, देवाशीष राय, रिवाल्डो वर्मा, शुभाशीष चटर्जी, कौशल चौधरी, नवीन पपनेजा, डमरूवाले बाबा, राम सिंह, राजकुमार मित्तल, सुभाष सिन्हा, गोविंद, अमित सिंह, मधु देवी, मीना देवी, मुनी चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने बसंत पंचमी के अवसर पर भव्य तिलकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया। प्रात: नित्य पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात पहाड़ी बाबा को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सुबह 8 बजे से महाभंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो देर रात तक चला। इसमें लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाभंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर में रंग-बिरंगे मौसमी पुष्पों एवं आभूषणों से पहाड़ी बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों ने बाबा के मनोहारी श्रृंगार दर्शन कर अपने एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाभंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने अनुशासन में कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में पूरी, बूंदिया, खीर, सब्जी एवं अन्य व्यंजन परोसे गये।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव प्रसाद गुप्ता, अमित कुमार, अंजन कुमार, गोपाल कुमार, अमित पांडेय, रमन, कुणाल, जितेंद्र पहलवान, आनंद गाड़ोदिया, सुनील माथुर सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में बसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अनुष्ठान, प्रसाद भोग तथा भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बसंत ऋतु के आगमन और ज्ञान, कला व विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की आराधना के इस पावन पर्व पर मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: विशेष पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई। उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान को भोग अर्पित किया और समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं ज्ञान-विवेक की कामना की। पूजा के पश्चात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भक्ति गीतों के माध्यम से प्रभु की महिमा का गुणगान किया।
मौके पर मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी का विशेष अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। बसंत पंचमी की परंपरा के अनुरूप श्री राधा रानी को पीले वस्त्र धारण कराये गये तथा पीले फूलों से मनोहारी सजावट की गयी। जड़ित एवं सुसज्जित आभूषणों से उनका दिव्य श्रृंगार अत्यंत मनमोहक प्रतीत हो रहा था, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
पूरा मंदिर परिसर पीले रंग की आभा से आलोकित दिखाई दी, जो बसंत ऋतु की उमंग और उल्लास का प्रतीक था। पूजा-अनुष्ठान के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच विशेष प्रसाद का वितरण किया गया। केसर युक्त खीर एवं मेवायुक्त पीले पुलाव का प्रसाद भक्तों को श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया, जिसे सभी ने प्रसन्नता और भक्ति भाव से ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। मौके पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने उपस्थित श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है।
मां सरस्वती की आराधना से जीवन में विवेक, संस्कार और सृजनशीलता का विकास होता है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि इस पर्व के मूल भाव को आत्मसात करते हुए शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया जाये। समूचा आयोजन भक्तिमय वातावरण में शांतिपूर्वक एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।
बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक आनंद, उल्लास और नवचेतना का संचार किया। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
एबीएन सोशल डेस्क। झारखंड की धरती से निकलकर राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् फलक फातिमा एक बार फिर देश और राज्य का नाम रोशन करने जा रही हैं। फलक फातिमा को 25 जनवरी 2026 को देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित द इंटरनेशनल अवार्ड्स समिट 2026 में टीआईएएफ अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा।
यह सम्मान उन्हें द इंटरनेशनल अवार्ड्स फोरम (टीआईएएफ- यूएसए & इंडिया) द्वारा प्रदान किया जायेगा, जो वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने वाली प्रतिष्ठित संस्था है।
एक छोटे से शहर धनबाद से शुरू हुआ उनका सफर आज अंतरराष्ट्रीय पहचान तक पहुंच चुका है। यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, समर्पण और नि:स्वार्थ भाव से किये गये कार्यों की वैश्विक स्वीकृति है। फलक फातिमा पिछले आठ वर्षों से निरंतर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और समाज के हर उस वर्ग के लिए कार्य कर रही हैं, जिन्हें सहयोग और मार्गदर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनका योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा है। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम और स्वच्छता से जुड़े अभियानों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाया। इसके साथ ही उन्होंने नशा और ड्रग्स के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को सही दिशा देने का कार्य किया। उनका मानना है कि नशा मुक्त समाज ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव बन सकता है।
फलक फातिमा ने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया। उनके द्वारा आयोजित और प्रेरित रक्तदान अभियानों से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला। कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा देश संकट से जूझ रहा था, तब उन्होंने सेवा को ही अपना धर्म बनाया। जरूरतमंदों तक राशन, दवाइयां, मास्क, सैनिटाइजर और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाकर उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की। उस कठिन समय में उनका समर्पण समाज के लिए एक संजीवनी साबित हुआ।
उनके इन्हीं असाधारण कार्यों के लिए भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें एनएसएस राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जो अपने आप में अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इसके अतिरिक्त उन्हें अब तक तीन राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हो चुके हैं। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर टीआईएएफ अवार्ड से सम्मानित होना उनके सामाजिक जीवन की एक नई ऊंचाई को दर्शाता है।
25 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के होटल हॉलिडे इन एरोसिटी में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में दुनिया के कई देशों से आये सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, उद्यमी और वैश्विक प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस मंच पर फलक फातिमा का सम्मानित होना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे झारखंड, धनबाद और देश के लिए गर्व की बात है।
धनबाद से रांची, रांची से राष्ट्रपति भवन और अब राष्ट्रपति सम्मान से अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार तक का यह सफर बताता है कि सच्ची लगन और सेवा भाव से कोई भी व्यक्ति वैश्विक पहचान बना सकता है। फलक फातिमा आज केवल एक नाम नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मानवता और युवा प्रेरणा की पहचान बन चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे शहरों से भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse