लोहरदगा। सरना धर्म प्रार्थना सभा जिला समिति सामाजिक कार्य के साथ-साथ समाज के उत्थान की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। लोगों के सुख-दुख हो या शादी-विवाह हर क्षेत्र में सभा निपुणता के साथ अपने कार्यों एवं दायित्वों का निवर्हण कर रही है। इसी क्रम में एमजी रोड के निकट स्थित झखरा कुंबा में सरना आदिवासी रीति रिवाज के अनुरूप दो जोड़ों का सामूहिक शादी संपन्न हुई। वर और वधू के जोड़े में सदर प्रखंड क्षेत्र के बाघा गांव निवासी खदीया उरांव का पुत्र सियोन उरांव से भंडरा के मसमानो गांव निवासी मंगरु उरांव की पुत्री छोटी कुमारी का शादी हुआ। वहीं लातेहार के रहने रामेश्वर उरांव के पुत्र रमेश उरांव का बिशुनपुर निवासी रमेश उरांव की पुत्री रीबा उरांव का शादी हुआ। मौके पर बिरसा उरांव व कहरु उरांव ने सरना आदिवासी रीति रिवाज के अनुरूप पूरी विधि विधान से शादी का कार्यक्रम संपन्न कराया। दोनों वरों ने अपने-अपने वधुओं की मांग पर सिंदूर देकर पुरे जीवनभर साथ निभाने का कसम खाया। विवाह के बाद प्रार्थना सभा के अध्यक्ष एतवा उरांव के द्वारा वर एवं वधू को सुखमय जीवन व्यतीत करने का संदेश देते हुए प्रमाण पत्र दिया। मौके पर सरना धर्म प्रार्थना सभा के राष्ट्रीय सचिव सोमे उरांव, जिला अध्यक्ष एतवा उरांव, सचिव सोमदेव उरांव, सुबोध उरांव, राजमनी उरांव, अरुण उरांव, आशीष उरांव, पंकज उरांव, भिखा उरांव, जयंती उरांव, शुशीला उरांव, नीलम उरांव सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद उरांव, आदिवासी जन परिषद के लोहरदगा जिला प्रभारी रंजीत लकड़ा, सुरेंद्र उरांव सहित काफी संख्या में वर और वधू के परिजन मौजूद थे।
रांची। रंगों का त्योहार होली का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। बसंत ऋतु में फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के दिन होलिका दहन के साथ इसकी शुरुआत होती है। यह महत्वपूर्ण पर्व पारंपरिक रूप से दो दिन मनाया जाता है। पहले दिन होलिका दहन होता है और उसके अगले दिन रंग-गुलाल से होली का त्योहार मनाया जाता है। फाल्गुन मास में मनाए जाने के कारण होली को फाल्गुनी भी कहा जाता है। होली किस दिन मनायी जायेगी और होलिका किस दिन जलेगी इसकी गणना पंचांग के जरिए की जाती है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस बार फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 28 मार्च 2021 (रविवार) को है, इसलिए होलिका दहन 28 मार्च को और रंगों वाली होली उसके अगले दिन 29 मार्च सोमवार को खेली जाएगी। होली का त्योहार सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के उन देशों में मनाया जाता है, जहां भी भारत के लोग बसे हों। होलिका दहन इस बार 28 मार्च को है और इस दौरान भद्रा का साया नहीं होगा। पंचांग की मानें तो भद्रा पूंछ 28 मार्च को सुबह 10:13 से 11:16 बजे तक है और भद्रा मुख 28 मार्च की सुबह 11:16 बजे से 1 बजे तक रहेगा। चूंकि भद्रा दोपहर में समाप्त हो जाएगी, इसलिए शाम को होलिका दहन बिना भद्रा के पूर्ण होगा। इस बार पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ 28 मार्च 2021 को सुबह 03:27 बजे और समाप्ति 29 मार्च 2021 को रात 12:17 बजे होगी। इस साल होली पर कई विशेष योग बन रहे हैं जिससे होली के त्योहार का महत्व और बढ़ गया है। इस साल होली के दिन ध्रुव योग बन रहा है और इस दिन चंद्रमा कन्या राशि में गोचर करेगा। इसके अलावा दो सबसे बड़े और अहम ग्रह शनि और गुरु, होली के दिन मकर राशि में विराजमान होंगे तो वहीं शुक्र और सूर्य ये दोनों ही मीन राशि में रहेंगे। मंगल और राहु वृषभ राशि में, बुध कुंभ राशि और केतु वृश्चिक राशि में विराजमान होगा। ग्रहों की ऐसी स्थिति के चलते ही इसे ध्रुव योग कहा जाता है। इस बार होली सर्वार्थसिद्धि योग में मनेगी और इसके साथ ही होली पर अमृतसिद्धि योग भी रहेगा।
रामगढ़/रजरप्पा। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू बुधवार की सुबह अपनी बेटी इति श्री,नातिन आदया श्री व दामाद गणेश चंद्रा के साथ अपनी नातिन का मुंडन करवाने व पूजा-अर्चना के लिए रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंची। भारी सुरक्षा- व्यवस्था के बीच राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू 15 मिनट के करीब भगवती के दरबार में पूजा-अर्चना में लीन रहीं। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित मुंडन शाला में आकर अपनी नातिन का मुंडन संस्कार कराया। मौके पर राज्यपाल ने कहा कि पहली बार रजरप्पा स्थित मां छिन्नन्मस्तिका मंदिर के दर्शन करने आई हूं। रजरप्पा मंदिर झारखंड के ही लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। यहां लोग पूरी आस्था के साथ पूजा करने आते हैं। क्योंकि मां है तो संसार है। वहीं, उपायुक्त संदीप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुष्प देकर राज्यपाल का रजरप्पा मंदिर परिसर में स्वागत किया। साथ ही राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को रजरप्पा मंदिर परिसर में जिला प्रशासन ने गार्ड आॅफ आॅनर दिया। मौके पर उपायुक्त संदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, डीएसपी बीरेंद्र कुमार चौधरी, डीडीसी नागेंद्र सिन्हा, चितरपुर बीडीओ उदय कुमार, सीओ नरेश रजक, मांडू बीडीओ, दुलमी सीओ, गोला बीडीओ अजय कुमार रजक, गोला सीओ अनिल कुमार, अंचल अधिकारी मांडू, डीटीओ रामगढ़, ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, रजरप्पा थाना प्रभारी बिपिन कुमार, गोला थाना प्रभारी अवधेश कुमार, सफीउल्लाह अंसारी, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। राज्यपाल के आगमन को लेकर रजरप्पा जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहे।
पांकी पलामू। पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम माड़न महाबीर टोला में रामजानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह मारुतिनंदन महायज्ञ को लेकर बुधवार को कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा महाबीर टोला से निकलकर हुसैनी गुरहा, माड़न, नवागढ़ सहित कई गांव होते नावागढ़ महादेव माड्डा नदी पहुंची। श्रद्धालुओं ने कलश में जल लिया इसके पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महंत अयोध्या के रबिंद्र जी महाराज ने पूजा अर्चना कराई। कलश में जल भरकर श्रद्धालु पुन: यज्ञ स्थल पहुंचे। इसके पूर्व कलश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता शामिल हुए। विधायक ने प्रथम कलश उठाकर और पूजा अर्चना कर उन्होंने कलश यात्रा की शुरुआत की। मौके पर पंचायत के मुखिया शाजदा खातून और पंचायत के युवा समाजसेवी सह मुखिया पति रफीक अंसारी उपस्थित थे। मौके पर विधायक डॉ मेहता ने कहा कि यज्ञ एक विशिष्ठ वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है। यज्ञ से मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है। ऐसा मानना है यज्ञ करने वालों को परमगति की प्राप्ति होती है साथ ही लोग धर्मानुरागी होते हैं। यज्ञ को सफल बनाने में अध्यक्ष मंटू शर्मा, सचिव दिनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल पासवान, उपाध्यक्ष प्रमोद पासवान कमलेश उरांव, राजेंद्र साव, बालदेव राम, सोमनाथ शर्मा, मुंशी विश्वकर्मा, कर्मदेव रज्जाक, सुखलाल यादव, नईम सेठ, संजय प्रसाद यादव, जितेंद्र विश्वकर्मा का नाम शामिल है। बुधवार को माड़न में आयोजित राम जानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह मारुतिनंदन महायज्ञ में कलश यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच बोलते हुए मुखिया शाजदा खातून ने कहा कि क्षेत्र में व्यापक सुख शांति, आरोग्य, समृद्धि के लिए यज्ञ की जरूरत होती है। यज्ञ किसी खास उद्देश्य से देवताओं को दी जाने वाली आहुति है। उन्होंने कहा कि यज्ञ से मानव में धर्म के प्रति आशक्ति बढ़ती है। इसलिए यज्ञ का आयोजन समय-समय पर क्षेत्र में होना चाहिए। श्रीमती खातून ने यज्ञ कमेटी को इसके लिये बधाई दी। साथ ही आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। यज्ञ करा रहे महंत रबिंद्र नाथ पाण्डेय जी महाराज अयोध्या, विभूति सुमन ब्रह्मचारी जी महाराज ने बताया कि यज्ञ की भव्यता देखते ही बनेगी। यज्ञ कमिटी के लोग पूरी तरह सक्रिय है। प्रतिदिन शाम को सुश्री लक्खी प्रिया जी बंगाल एवं रघुवीर जी महाराज का प्रवचन होगा। यज्ञ 28 मार्च को समाप्त होगा।
मेदिनीनगर। देवी मंडप सुदना के प्रांगण में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा का सम्मेलन हुआ। इसकी अध्यक्षता युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजा पाठक व संचालन विजय शंकर ओझा ने किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि महासभा के अध्यक्ष अजय कुमार तिवारी व संरक्षक विजय तिवारी मौजूद थे। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष अजय तिवारी ने कहा कि पुरूषों के समान महिलाएं भी महासभा को मजबूत प्रदान करने में लगी हैं। यह समाज के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्ष द्वारा सदस्यता अभियान चलाने की जरूरत है ताकि अधिक से अधिक लोग महासभा से जुड़ सकें। कहा कि समाज के मेधावी बच्चे को ब्राह्मण महासभा उनके शिक्षा के लिए हरसंभव मदद करेगी। गरीब बेटी की शादी महासभा करायेगा। बेटा- बेटी की शादी में परेशानी होने पर लोग महासभा के कार्यालय में आकर पंजीयन करायें। महासभा योग्य वर व कन्या चुनने में महासभा मदद करेगी। महासभा के अध्यक्ष ने सुशीला मिश्रा को जिला महिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष और पुनिता देवी को महासचिव मनोनीत किया है। सम्मेलन में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा की गयी। महामंत्री अजीत पाठक, रमाकांत पांडेय, संजीव दूबे, हिमांशु द्विवेदी, उपाध्यक्ष प्रभात दूबे, छोटू दूबे, फोटू दूबे, सचिव दिनेश पांडेय, सुधीर तिवारी, कोषाध्यक्ष गोपेश पाठक, सदर प्रखंड युवा मोर्चा अध्यक्ष आशुतोष तिवारी लेस्लीगंज अमित तिवारी, लेस्लीगंज प्रखंड अध्यक्ष विनोद उपाध्याय को बनाया गया। सम्मेलन में धर्मराज तिवारी, अरविंद द्विवेदी, अमरेश पांडेय, मनीष उपाध्याय, बीएन पांडेय, संतोष पाठक, कामख्या पांडेय, दीनबंधु तिवारी, अनिता देवी, इंदेश्वर पासवान, किरण देवी समेत कई लोग शामिल थे।
भारतीय पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली होली पर्व के आगमन की पूर्व सूचना होलाष्टक से प्राप्त होती है। यही कारण है कि होलाष्टक को होली पर्व की सूचना लेकर आने वाला एक हरकारा कहा जाता है।होलाष्टक से होली के आने की दस्तक मिलने के साथ ही इस दिन से होली उत्सव के साथ-साथ होलिका दहन की तैयारियां भी शुरू हो जाती है।होलाष्टक दो शब्दों के योग से बना है - होला+ अष्टक अर्थात होली से पूर्व के जो आठ दिन होते हैं, वे होलाष्टक कहलाते हैं। उल्लेखनीय है कि होली एक दिन का पर्व न होकर पूरे नौ दिनों का त्यौहार है। धुलेण्डी के दिन रंग और गुलाल के साथ इस पर्व का समापन होता है। अर्थात होली पर्व की शुरूआत होलाष्टक से प्रारम्भ होकर धुलैण्डी तक रहती है।इसके कारण प्रकृति में खुशी और उत्सव का माहौल रहता है। मान्यता है कि जब भगवान श्री भोलेनाथ ने क्रोध में आकर कामदेव को भस्म कर दिया था, तो उस दिन से होलाष्टक की शुरुआत हुई थी। वर्ष 2021 में 21 मार्च 2021 से 28 मार्च, 2021के मध्य की अवधि होलाष्टक पर्व की रहेगी ।होलाष्टक अर्थात होली से पहले के आठ दिनों में शुभ मुहूर्त देखकर किये जाने वाले विवाह, ग2ह प्रवेश, नवीन व्यवसाय प्रारंभ करने या अन्यान्य शुभ कार्य आरंभ नहीं किये जाते। होलाष्टक से सम्बन्धित पौराणिक मान्यता के अनुसारहिरण्यकशिपु ने अपने पुत्र भक्त प्रहलाद को भगवद्भक्ति से हटाने और स्वयं अर्थात हिरण्यकशिपु को ही भगवान की तरह पूजन हेतु तैयार करने के लिए अनेक यातनाएं दी लेकिन जब किसी भी उपाय से प्रहलाद के द्वारा भगवद्भक्ति से मुंह न मोड़ने और अपने पिता हिरण्यकशिपु को भगवान की तरह पूजने के लिए तैयार न होने पर होली से ठीक आठ दिन पहले उसने प्रह्लाद को मारने के प्रयास आरंभ कर दिये थे, लेकिन लगातार आठ दिनों तक भगवान अपने भक्त प्रहलाद की रक्षा करते रहे । फाल्गुन पूर्णिमा का दिन होलिका के अंत और नरसिंह भगवान के द्वारा हिरण्यकशिपु को मार दिए जाने पर यह सिलसिला थमा। इसलिये आज भी भारतीय इन आठ दिनों को अशुभ मानते हैं। लोगों का बिश्वास है कि इन दिनों में शुभ कार्य करने से उनमें विघ्न बाधाएं आने की संभावनाएं अधिक रहती हैं।एक अन्य पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव ने अपनी तपस्या भंग करने का प्रयास करने पर क्रोद्ध में आकर कामदेव को फाल्गुन शुक्ल अष्टमी तिथि को भस्म कर दिया था, तब से ही होलाष्टक की शुरूआत हुई । कामदेव प्रेम के देवता माने जाते हैं, इनके भस्म होने के कारण समस्त संसार में शोक की लहर फैल गई थी। जब कामदेव की पत्नी रति द्वारा भगवान शिव से क्षमा याचना की गई, तब शिव ने कामदेव को पुनर्जीवन प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने खुशी मनाई। होलाष्टक का अंत धुलेंडी के साथ होने के पीछे एक कारण यह माना जाता है।ज्योतिष शास्त्र में भी होली से आठ दिन पूर्व शुभ कार्यों के करने की मनाही होती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इन दिनों में किए गए कार्यों से कष्ट, अनेक पीड़ाओं की आशंका रहती है तथा विवाह आदि संबंध विच्छेद और कलह का शिकार हो जाते हैं या फिर अकाल मृत्यु का खतरा या बीमारी होने की आशंका बढ़ जाती है।होलाष्टक में शुभ कार्य न करने के पीछे ज्योतिषीय कारण भी बताई जाती है। ज्योतिषियों के अनुसार इन दिनों में नकारात्मक उर्जा अर्थात नेगेटिव एनर्जी काफी हावी रहती है। होलाष्टक अष्टमी तिथि से आरंभ होता है। और अष्टमी से लेकर पूर्णिमा तक अलग-अलग ग्रहों की नकारात्मकता अर्थात नेगेटिविटी काफी उच्च रहती है। जिस कारण इन दिनों में शुभ कार्य न करने की सलाह दी जाती है। इनमें अष्टमी तिथि को चंद्रमा, नवमी को सूर्य, दशमी को शनि, एकादशी को शुक्र, द्वादशी को गुरु, त्रयोदशी को बुध, चुतर्दशी को मंगल तो पूर्णिमा को राहू की ऊर्जा काफी नकारात्मक रहती है। इसी कारण यह भी कहा जाता है कि इन दिनों में जातकों के निर्णय लेने की क्षमता काफी कमजोर होती है जिससे वे कई बार गलत निर्णय भी कर लेते हैं जिससे हानि होती है। लोक मान्यतानुसार होलाष्टक के दौरान विवाह व अन्य कार्यों हेतु शुभ मुहूर्त नहीं होने के कारण इन दिनों में विवाह, गृह प्रवेश जैसा मांगलिक कार्य संपन्न नहीं करना चाहिये।भूमि पूजन भी इन दिनों में नहीं किया जाना बेहतर रहता है।नवविवाहिताओं को इन दिनों में मायके में रहने की सलाह दी जाती है। इन दिनों भारतीय संस्कृति में प्रचलित सोलह संस्कार में से किसी भी संस्कार को संपन्न नहीं करना चाहिये। दुर्भाग्यवश इन दिनों किसी की मौत होती है तो उसके अंत्येष्टि संस्कार के लिये भी शांति पूजन करवाया जाता है। इन दिनों में सोलह संस्कारों पर रोक होने का कारण इस अवधि को शुभ नहीं माना जाता है। किसी भी प्रकार का हवन, यज्ञ कर्म भी इन दिनों में नहीं किये जाते। शुभ कार्यों के करने की मनाही होने के बाद भी होलाष्टक में अपने आराध्य देव की पूजा अर्चना किया जा सकता है। इन दिनों व्रत उपवास करने से भी पुण्य फल प्राप्त होती है। इन दिनों में धर्म कर्म के कार्य, वस्त्र, अनाज व अपनी इच्छा व सामर्थ्य के अनुसार जरुरतमंदों को धन का दान करने से भी लाभ मिल सकता है। साथ ही कुछ शास्त्रोक्त विधि अपनाकर नकारात्मक उर्जा के प्रभाव को कम किया जा सकता है।
सनातन धर्म के अनुसार जैसे प्रदोष की तिथि भगवान शिव को अत्यंत प्रिय होती है, उसी प्रकार भगवान विष्णु को एकादशी अत्यंत प्रिय मानी गई है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आमलकी का मतलब आंवला होता है, जिसे हिंदू धर्म और आयुर्वेद दोनों में श्रेष्ठ माना गया है। पद्म पुराण के अनुसार भगवान विष्णु को आंवले का वृक्ष अत्यंत प्रिय होता है। माना जाता है कि आंवले के वृक्ष में श्री हरि और लक्ष्मी जी का वास होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार आमलकी एकादशी फाल्गुन माह के कृष्ण शुक्ल पक्ष को आती है। इसे आमलक्य एकादशी भी कहा जाता है। सामान्यत: यह हर साल फरवरी या मार्च महीने में मनाई जाती है। वहीं इस बार 2021 में यह आमलकी एकादशी 25 मार्च को पड़ रही है। आमलकी एकादशी को कई शुभ मुहूर्तों के रूप में भी बांटा गया है, जो इस वर्ष निम्न प्रकार से हैं : सुकर्मा - 24 मार्च की सुबह 11 बजकर 41 मिनट से 25 मार्च की सुबह 10 बजकर 03 मिनट तक। धृति - 25 मार्च की सुबह 10 बजकर 03 मिनट से 26 मार्च की सुबह 07 बजकर 46 मिनट तक। पारणा मुहूर्त- 26 मार्च को 06:18:53 से 08:46:12 तक। अवधि-2 घंटे 27 मिनट माना जाता है कि आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होने की वजह से उसी के नीचे भगवान का पूजन किया जाता है, यही आमलकी एकादशी कहलाती है। इस दिन आंवले का उबटन, आंवले के जल से स्नान, आंवला पूजन, आंवले का भोजन और आंवले का दान करना चाहिए। इस दिन भगवान विष्णु के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा की जाती है। पीपल और आंवले के वृक्ष को हिंदू धर्म में देवता के समान माना गया है। माना जाता है कि जब भगवान श्री हरि विष्णु ने सृष्टि की रचना के लिए ब्रह्मा जी को जन्म दिया, उसी समय भगवान विष्णु ने आंवले के वृक्ष को भी जन्म दिया। इसी कारण आंवले के वृक्ष की पूजा की जाती है। आंवले वृक्ष के हर अंग में ईश्वर का निवास माना गया है। आमलकी एकादशी में आंवले का विशेष महत्व है। इस दिन पूजन से लेकर भोजन तक हर कार्य में आंवले का उपयोग किया जाता है। ऐसे समझें आमलकी एकादशी की पूजा विधि... 1. इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर भगवान विष्णु का ध्यान कर व्रत का संकल्प करना चाहिए। 2. व्रत का संकल्प लेने के बाद स्नान आदि से निवृत्त होकर भगवान विष्णु की पूजा करना चाहिए। घी का दीपक जलाकर विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। 3. वहीं पूजा के बाद आंवले के वृक्ष के नीचे नवरत्न युक्त कलश स्थापित करना चाहिए। यदि आंवले का वृक्ष उपलब्ध नहीं हो, तो आंवले का फल भगवान विष्णु को प्रसाद स्वरूप अर्पित करें। 4. आंवले के वृक्ष का धूप, दीप, चंदन, रोली, पुष्प, अक्षत आदि से पूजन कर उसके नीचे किसी गरीब, जरुरतमंद व्यक्ति या ब्राह्मण को भोजन कराना चाहिए। 5. इसके बाद अगले दिन यानि द्वादशी को स्नान कर भगवान विष्णु के पूजन के बाद जरुतमंद व्यक्ति या ब्राह्मण को कलश, वस्त्र और आंवला आदि दान करना चाहिए। फिर भोजन ग्रहण कर उपवास खोलना चाहिए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse