समाज

View All
Published / 2022-07-09 05:21:45
अमरनाथ में जल तांडव : सुरक्षित जगह भेजे गये 15,000 श्रद्धालु, लापता 48 लोगों की तलाश

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ की पवित्र गुफा के पास बादल फटने के कारण अचानक आयी बाढ़ के चलते फंसे कम से कम 15,000 तीर्थयात्रियों को यहां निचले आधार शिविर पंजतरणी स्थानांतरित कर दिया गया है। आईटीबीपी के प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि आईटीबीपी ने पवित्र गुफा के निचले हिस्से से पंजतरणी तक जाने वाले मार्ग में लगे दलों की संख्या भी बढ़ा दी है। दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ के गुफा मंदिर के पास अचानक आई बाढ़ में शुक्रवार शाम को कम से कम 13 लोगों की जान चली गई और तंबू व सामुदायिक रसोई में पानी भर गया। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि 30 जून को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा को इस त्रासदी के बाद स्थगित कर दिया गया है और बचाव अभियान खत्म होने के बाद इसे फिर से शुरू करने पर फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल शाम आई बाढ़ के कारण पवित्र गुफा क्षेत्र के पास फंसे अधिकांश यात्रियों को पंजतरणी में स्थानांतरित कर दिया गया है। निकासी अभियान तड़के 3.38 बजे तक चला। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रवक्ता ने कहा कि रास्ते में कोई यात्री नहीं है। अब तक करीब 15,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक प्रवक्ता ने कहा कि अर्धसैनिक बल के डॉक्टर और चिकित्सा कर्मियों ने बाढ़ में गंभीर रूप से घायल नौ मरीजों का इलाज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कम ऊंचाई वाले नीलग्राथ आधार शिविर पहुंचाया गया है। पवित्र गुफा से आने वाले तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए नीलग्राथ हेलीपैड पर बीएसएफ की एक छोटी टीम भी तैनात है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात पंजतरणी में बनाए गए बीएसएफ शिविर में करीब 150 यात्री रुके थे और शनिवार सुबह 15 मरीजों को हवाई मार्ग के जरिये बालटाल पहुंचाया गया।

Published / 2022-07-08 16:13:05
अमरनाथ यात्रा : गुफा के पास बादल फटने से 10 की मौत, यात्रा रोक रेस्क्यू आपरेशन जारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम को बादल फट गया। एनडीआरएफ ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जब यह घटना हुई तब मौके पर करीब बारह हजार यात्री मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद फिलहाल के लिए अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। जानकारी के मुताबिक अमरनाथ गुफा से करीब दो किलोमीटर दूर यह घटना हुई। जानकारी के मुताबिक अमरनाथ की गुफा के नीचे शाम साढ़े पांच बजे के करीब बादल फटा और भारी मात्रा में पानी नीचे बह कर गया। इसकी चपेट में आने के चलते पांच लोगों की मौत और कई लोगों के लापता होने की जानकारी मिल रही है। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और तमाम संबंधित एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। एजेंसी ने आइटीबीपी के हवाले से बताया है कि भारी बारिश के बाद ऊपर से पानी काफी मात्रा में अचानक नीचे बह कर आया। इस दौरान लगभग 25 टेंट और 2 लंगर तबाह हो गए। आइटीबीपी के मुताबिक अब बारिश रुक चुकी है और राहत बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। आइटीबीपी भी अन्य एजेंसियों के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है। रेस्क्यू आॅपरेशन के लिए तुरंत हेलीकॉप्टर भी रवाना किए गए हैं और घायलों को एयरलिफ्ट भी किया जा रहा है। भारी बारिश के बाद जो पानी बहकर आया उसमें कई लोगों के बहने की सूचना भी मिल रही है। बताया जा रहा है कि कई लोग लापता हैं। वहीं घायलों को उपचार के लिए यात्री टेंट में ले जाया गया है। कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि पवित्र गुफा के पास भारी बारिश के चलते कई लंगर पूरी तरह तबाह हो गए। राज्य पुलिस बल भी रेस्क्यू में जुटा हुआ है। घायलों को एयलिफ्ट भी किया जा रहा है। कश्मीर पुलिस के कॠ विजय कुमार के मुताबिक स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। भारी बारिश के चलते गाद और पानी काफी मात्रा में नीचे बह रहा है। ऐसे में राहत और बचाव कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करते हुए आॅपरेशन को अंजाम देना पड़ रहा है।

Published / 2022-07-08 13:18:09
पीएम के आगमन की पूर्व संध्या पर एक लाख दीयों से जगमगायेगी बाबानगरी

टीम एबीएन, देवघर। बाबानगरी देवघर में 11 जुलाई की शाम काफी खास होने वाली है। 11 जुलाई सोमवार की शाम पूरा बाबाधाम 1 लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठेगा। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को देवघर आने वाले हैं। देवघर दौरे के दौरान पीएम मोदी देवघर एयरपोर्ट समेत झारखंड को कई सौगातें देंगे। वहीं इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा बैद्यनाथ के दर्शन-पूजन भी करेंगे। ऐसे में पीएम मोदी के आगमन के ठीक 1 दिन पहले शाम के वक्त टावर चौक से लेकर वीर कुंवर सिंह चौक और कई गलियों में एक लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा सभी घरों में स्थानीय लोग भी अपने-अपने घर के सामने एक-एक दिया जलाएंगे। 11 जुलाई को बाबा नगरी में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिलेगा। देवघर में 1 लाख दीये जलाने को लेकर स्थानीय कुम्हारों में भी खुशी देखने को मिल रही है। दरअसल कुम्हारों को इन दिनों लगातार दीयों के आॅर्डर मिल रहे हैं। देवघर के जसीडीह के कुम्हार बस्ती के अनिल पंडित इन दिनों दीया बनाने में जुटे हुए हैं। वह बताते हैं कि 2 साल के बाद इनके घर खुशियां वापस लौटी है। बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभय आनंद झा के द्वारा इस दीप उत्सव की तैयारी की जा रही है और इनके द्वारा ही अनिल पंडित को 70 हजार दिए बनाने का काम दिया गया है। ऐसे में पूरा परिवार दिन-रात दीये बनाने में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को देवघर आने वाले हैं। पीएम देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ-साथ देवघर एम्स के ढाई सौ बेड का अस्पताल का भी आॅनलाइन उद्घाटन करेंगे। इसके साथ-साथ पीएम कई अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। वहीं पीएम मोदी लोगों को संबोधित भी करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे ।

Published / 2022-07-06 15:43:36
24 जुलाई को भव्य महारूद्राभिषेक करेगी मारवाड़ी युवा मंच रांची और माहेश्वरी महिला समिति

टीम एबीएन, रांची। भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व सावन के सुअवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा एवं माहेश्वरी महिला समिति के संयुक्त तत्वधान में 24 जुलाई 2022 दिन रविवार को पुरुलिया रोड स्थित स्वर्ण भूमि बैंक्वेट मे ऐतिहासिक भव्य सत्यम-शिवम -सुंदरम महारुद्राभिषेक का आयोजन होगा। भव्य स्तर पर होने जा रहे इस धार्मिक आयोजन के मुख्य संयोजक मुकेश काबरा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल और सरिता चितलांगिया के अध्यक्षता मे माहेश्वरी भवन अपर बाजार मे बैठक हुई। उन्होंने संयुक्त रूप से बताया कि 24 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से आयोजन स्थल पर मिट्टी से शिवलिंग को स्थापित कर 101यजमान जोड़ो द्वारा महारुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन होनें जा रहा है। जिसमे श्रद्धालुओं के द्वारा महारुद्राभिषेक में हिस्सा लिया जायेगा। 11 विद्वानों पंडितो द्वारा सामूहिक रूद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा और भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन और मंत्रोंन और मंत्रों से मंत्रोच्चारण कर रुद्राभिषेक संपन्न कराया जायेगा। इसके बाद प्रसाद वितरण का आयोजन किया जायेगा और फरियाली महा प्रसादी का भी वितरण किया जाएगा।कार्यक्रर्मो के दौरान शिवमय भजनो की गंगा बहती रहेगी। मंच के अध्यक्ष विकास अग्रवाल एवं माहेश्वरी महिला समिति की अध्यक्ष विजयश्री साबू एवं मंच के सचिव विकास अग्रवाल एवं माहेश्वरी महिला समिति की सचिव अनीता साबू ने संयुक्त रूप से बताया की आयोजन का विशेष आकर्षण 10 फिट का एक दिव्य महाज्योति लिंग के दर्शन श्रद्धालुजन कर सकेंगे। महारुद्राभिषेक के दौरान आकर्षक होगा भगवान शिव का श्रृंगार,आयोजन को लेकर सभी आयोजन समिति सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं। सदस्यो को अलग अलग विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं। उन्होंने बताया की महारुद्राभिषेक के पूजन मे भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य हैं। 101 जोड़े से ज्यादा रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा।रजिस्ट्रेशन करवाने हेतू सोनित अग्रवाल 8100020009,वंदना मारु 9430346664 से संपर्क करना होगा। इस कार्यक्रम के सह-संयोजक सारदा लाड्ढा,,नीरज अग्रवाल,अमित शर्मा, सोनित अग्रवाल, राहुल मित्तल हैं। उपरोक्त जानकारी मंच के उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता अमित शर्मा और महिला समिति की मीडिया प्रभारी रश्मी मालपानी ने जानकारी दी। आज की बैठक मे मुकेश काबरा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अमित शर्मा, नीरज अग्रवाल, सोनित अग्रवाल, विजयश्री साबू,अनीता साबू,रेणु फलोद, भारती चितलांगिया,सुमन चितलांगिया,सरिता चितलांगिया आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता अमित शर्मा और मीडिया प्रभारी रश्मी मालपानी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2022-07-06 13:48:54
टूथपिक के एक सिरे पर क्यों होती है उभार वाली डिजाइन, जानें इसका बड़ा फायदा...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रेस्तरां से लेकर घर में डिनर की टेबल तक टूथपिक मौजूद रहती है। लंच या डिनर के बाद दांतों में फंसे खाने के टुकड़े को निकालने के लिए इसका इस्तेमाल तो सभी करते हैं, लेकिन कभी सोचा है कि इसका अंतिम सिरा उभरा हुआ क्यों होता है। इसे ऐसी डिजाइन क्यों दी गई है। जानिए इसकी वजह इस तरह की टूथपिक को जापानी टूथपिक भी कहा जाता है। यह सबसे कॉमन टूथपिक है। हालांकि प्लेन टूथपिक भी चलन में हैं, लेकिन जापानी टूथपिक को ज्यादा बेहतर माना जाता है क्योंकि इसका अपना एक खास फायदा होता है और ओरल प्रॉब्लम से बचाता है। अब समझते हैं इस डिजाइन का मतलब क्या है? इसकी डिजाइन का मतलब इसे इस्तेमाल करने के तौर तरीके से जुड़ा है। जैसे- इसे इस्तेमाल करने के बाद डिजाइन वाला हिस्सा तोड़ दिया जाता है। इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि उस टूथपिक का इस्तेमाल किया जा चुका है और दोबारा यूज नहीं करना है। ऐसा करने की वजह क्या है, अब यह भी जान लीजिए। इस डिजाइन को देने की शुरुआत के पीछे बीमारियों को रोकना बताया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस्तेमाल करने के बाद टूथपिक का पिछला तोड़ने पर इसे दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जाता है, इससे कई बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। मान लीजिये, कोई शख्स पायरिया या दूसरी बीमारी से जूझ रह है और आप उसके इस्तेमाल किए हुए टूथपिक को यूज करेंगे तो बीमारी बढ़ने का खतरा बढ़ेगा। इस तरह टूथपिक को इस्तेमाल भी किया जा सकता है और बीमारियों से भी बचा जा सकता है। इसलिए अगली बार जब भी टूथपिक का इस्तेमाल करें तो देखें क्या उसका यह हिस्सा अलग है या नहीं ताकि दूसरे की टूथपिक का इस्तेमाल करने से खुद को रोक सकें।

Published / 2022-07-06 08:22:47
कुलगाम : दो आतंकियों ने किया सरेंडर, माता-पिता की भावुक अपील पर छोड़ दिया आतंक का रास्ता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच शुरू हुई मुठभेड़ में अब तक दो आतंकवादियों ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने बताया कि कुलगाम के हादीगाम गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान शुरू हुई मुठभेड़ में शामिल दो आतंकवादी अपने घरवालों की अपील और पुलिस के कहे जाने पर आत्मसमर्पण किया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान दो स्थानीय आतंकवादियों ने अपने माता-पिता और पुलिस की अपील पर आत्मसमर्पण कर दिया है। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादियों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है और न ही यह पता लगाया जा सका है कि वे किस समूह से संबंधित हैं। पुलिस ने कहा है कि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों की एक टीम ने आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर आधी रात के करीब कुलगाम के हादीगाम गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान की शुरुआत की। एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की टीम पर गोलीबारी कर दी, जिस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।

Published / 2022-07-03 16:29:56
अमरनाथ तीर्थयात्रियों को ऑक्सीजन और कंधे का सहारा देकर यात्रा पूरी करा रहे ITBP के जवान

एबीएन सोशल डेस्क। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 8,700 से अधिक तीर्थयात्रियों का पांचवां जत्था रविवार को आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ तीर्थस्थल के लिए रवाना हो गया। इसी बीच अमरनाथ यात्रा के मार्ग से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ( ITBP) के जवानों की तस्वीरें सामने आई हैं जो जरूरतमंद तीर्थयात्रियों की मदद में जुटे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर अगर किसी तीर्थयात्री की हालत खराब हो रही है तो उन्हें ऑक्सीजन भी दे रहे है। सामने आईं तस्वीरों में ITBP के जवान बुजुर्गों को पानी पिला रहे है और जिन लोगों को चढ़ने में दिक्कत आ रही है, उन्हें कंधे का सहारा देकर उनके स्थान तक ले जा रहे हैं। यही नहीं जवान घायलों को अस्पताल भी ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ जिन लोगों को मामूली चोटें आई हैं, उनका वे प्राथमिक उपचार भी कर रहे हैं। एक खबर के मुताबिक 2 जुलाई तक इन ITBP के जवानों ने अबतक 50 से अधिक लोगों को ऑक्सीजन की सेवा दी। अमरनाथ यात्रा के लिए 8,700 से अधिक तीर्थयात्रियों का पांचवां जत्था रविवार को यहां आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ तीर्थस्थल के लिए रवाना हो गया। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्री 326 वाहनों के काफिले में यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए। उन्होंने कहा कि बालटाल जाने वाले 2,618 तीर्थयात्री सबसे पहले भगवती नगर शिविर से 121 वाहनों में तड़के साढ़े तीन बजे रवाना हुए, इसके बाद 205 वाहनों से 6,155 तीर्थयात्रियों का दूसरा काफिला पहलगाम के लिए रवाना हुआ। वार्षिक 43-दिवसीय अमरनाथ यात्रा 30 जून को दोनों आधार शिविरों-दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में 48 किलोमीटर के नुनवान-पहलगाम मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग से शुरू हुई। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 9 बजे तक 39,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ के शिवलिंग की पूजा अर्चना की। अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम के लिए रवाना हुए 6,155 तीर्थयात्रियों में 1,924 महिलाएं, 12 बच्चे और दो ट्रांसजेंडर हैं, जबकि बालटाल जाने वाले समूह में 709 महिलाएं शामिल हैं। इसके साथ, 29 जून से घाटी के लिए भगवती नगर आधार शिविर से कुल 31,987 तीर्थयात्री रवाना हुए हैं। इसी दिन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी।

Published / 2022-07-03 10:05:14
श्रावणी मेला : श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही तीन स्पेशल ट्रेनें

टीम एबीएन, देवघर/रांची। श्रावणी मेले की शुरूआत 14 जुलाई से होने जा रही है। श्रावणी मेले को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे पटना, गया और रक्सौल से भागलपुर और जसीडीह के लिए तीन स्पेशल ट्रेने चलाई जाएंगी। श्रावणी मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, इस मेले में कांवरिया भागलपुर के सुल्तानगंज से गंगा जल झारखंड स्थित देवघर बाबा धाम जाएंगे। 5 दिन श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलेगी : पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग ने श्रावणी मेला को लेकर स्पेशल ट्रेनें चलाने को कहा, जिसको लेकर मंजूरी दी जा चुकी है। यह ट्रेनें पटना, गया और रक्सौल से होकर चलेंगी। रक्सौल से भागलपुर और गया से जसीडीह के लिए हफ्ते में 5 दिन श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलेगी। इसके अलावा पटना से जसीडीह के बीच प्रतिदिन श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। जिसका संचालन मेले की शुरूआत से दो दिन पहले 12 जुलाई से होने की संभावना बनी हुई है। फिलहाल, ट्रेन संख्या और समय का निर्धारण नहीं किया गया है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़े तो चलेगी और ट्रेनें : इस संबंध में सीपीआरओ ने कहा कि फिलहाल रेलवे द्वारा श्रावणी मेले को लेकर तीन स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने का फैसला लिया है। यदि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी तो कुछ और ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। जैसा कि श्रावणी मेले की शुरूआत 14 जुलाई से होने जा रही है। यह 12 अगस्त तक चलने वाला है। यह भारत के सबसे बड़े मेलों में से एक है। श्रावणी मेले में प्रतिदिन देश विदेश से लाखों श्रद्धालु आने के आसार हैं; क्योंकि यह मेला कोरोना के कारण दो साल बाद शुरू होने जा रहा है। सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक कांवरियों के लिए सभी सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा। इस मेले में सुरक्षा से लेकर सभी चीजों का ध्यान रखा जा रहा है। मेले की शुरूआत से पहले हर प्रकार की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।

Page 191 of 218

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse