वर्ल्ड

View All
Published / 2022-03-13 18:02:12
उत्तरी इराक : अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर मिसाइलों से हमला

एबीएन सेंट्रल डेस्क। इराक के इरबिल शहर में रविवार को अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर कम से कम छह मिसाइल दागी गयीं और इनमें से अधिकतर मिसाइल वाणिज्य दूतावास पर आकर गिरीं। इराक और अमेरिका के सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अमेरिका के एक अधिकारी ने बताया कि ये मिसाइल पड़ोसी मुल्क ईरान से दागी गयीं। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितनी मिसाइल दागी गयीं और वे कहां गिरी। उन्होंने कहा कि यह भी स्पष्ट नहीं है कि इन हमलों में कोई हताहत हुआ है या नहीं। इराक के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ये हमले आधी रात के ठीक बाद में किए गए हैं और इनसे क्षेत्र में ढांचागत नुकसान हुआ है। एक अन्य अधिकारी ने भी कहा कि बैलेस्टिक मिसाइल ईरान से दागी गयीं। टेलीविजन चैनल कुर्दिस्तान 24 का कार्यालय अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास ही है और उसने हमले के बाद अपने कार्यालय में कांच के टुकड़े और मलबे की तस्वीरें दिखायीं। एक बयान में कहा गया कि इरबिल को रविवार सुबह, कई मिसाइल से निशाना बनाया गया। इसमें कहा गया कि सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं और शीघ्र ही और अधिक जानकारी देंगे।

Published / 2022-03-13 10:16:48
हिंद-प्रशांत वार्ता में भारत के साथ संबंधों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है अमेरिका-ब्रिटेन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ब्रिटेन ने कहा है कि भारत के साथ संबंध बढ़ाने पर ध्यान देने के साथ-साथ अपनी-अपनी हिंद-प्रशांत रणनीतियों के क्रियान्वयन में समन्वय के लिए अमेरिका और ब्रिटेन प्रतिबद्ध हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में हिंद-प्रशांत पर आयोजित उच्च-स्तरीय परामर्श में दोनों सरकारों के अधिकारियों ने इस क्षेत्र में आपसी तालमेल और सहयोग को व्यापक और गहरा करने का संकल्प लिया। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच की जा रही कई बैठकों में से एक इस वार्ता में चीन के साथ व्यवस्थागत प्रतिस्पर्धा की चुनौती का सामना करने की तैयारियों का भी आकलन किया गया। बैठक के बाद शुक्रवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया, आगामी महीनों में अमेरिका और ब्रिटेन प्रशांत क्षेत्र के द्वीप समूह के साथ साझेदारी में निवेश करने के लिए मिलकर काम करेंगे। आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन) की केंद्रीयता का समर्थन करने तथा आसियान और उसके सदस्य राष्ट्रों के साथ ठोस सहयोग को आगे बढ़ाने तथा भारत के साथ संबंध बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। बयान में कहा गया, अमेरिका और ब्रिटेन के अधिकारी दोनों देशों की हिंद-प्रशांत नीति के क्रियान्वयन के समन्वय के लिए प्रतिबद्ध हैं, जैसा कि इसकी एकीकृत समीक्षा में निर्धारित किया गया है। स्वच्छ ऊर्जा पहल और दुनिया की बेहतरी के एजेंडा के हिस्से के रूप में महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों पर सहयोग, आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आर्थिक दबाव को दरकिनार करने के लिए साथ मिलकर काम करने का फैसला हुआ। सोमवार और मंगलवार को वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हिंद-प्रशांत नीति के समन्वयक कर्ट कैंपबेल ने किया तथा इसमें विदेश विभाग, रक्षा विभाग और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रतिनिधि शामिल थे। ब्रिटेन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डेविड क्वारे ने किया और इसमें ब्रिटेन सरकार के प्रतिनिधि शामिल थे। कुछ दिनों पहले ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रूस ने ब्रिटेन की संसद की विदेश मामलों की समिति (एफएसी) को बताया था कि रूस पर भारत की निर्भरता का मुकाबला करने के लिए भारत के साथ घनिष्ठ आर्थिक और रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाना होगा। लंदन में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज (आईआईएसएस) में दक्षिण एशिया के सीनियर फेलो राहुल रॉय-चौधरी ने कहा कि यह भारत के रक्षा उद्योग की ओर ब्रिटेन के एक महत्वाकांक्षी रुख में परिवर्तन का प्रतीक है।

Published / 2022-03-13 10:11:55
यूक्रेन के 20 से ज्यादा शहरों पर कभी भी एयर स्ट्राइक कर सकता है रूस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 18वां दिन है। इसके बावजूद दोनों देशों की ओर से अभी तक युद्ध विराम के संकेत नहीं मिले हैं। एक तरफ रूस यूक्रेन के शहरों पर हमले पर हमले किए जा रहा है, तो वहीं यूक्रेन से भी उसको कड़ा प्रतिरोध मिल रहा है। यूक्रेन का दावा है कि उसने अब तक 13 हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। इस बीच अमेरिका की ओर से घोषणा की गई है कि वह यूक्रेन को 20 करोड़ डॉलर की सैन्य मदद देगा। 20 से ज्यादा शहरों में सुनाई दिए सायरन : यूक्रेन के 20 से ज्यादा शहरों में एयर रेड अलर्ट के सायरन सुनाई दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि रूस इन शहरों पर कभी भी हवाई हमले कर सकता है। यूक्रेन की राजधानी कीव समेत जाइतोमिर, लविव, ओडेसा, जपोरिजिया, चर्नीहीव, सूमी समेत कई शहरों में ये सायरन सुनाई दिए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों का आरोप है कि युद्धग्रस्त क्षेत्र से निकाले जा रहे आम नागरिकों पर रूसी सैनिकों ने हमला किया। इस हमले में एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई।

Published / 2022-03-13 10:05:08
रूस के केंद्रीय बैंक की घोषणा, 18 के बाद खुलेगा मॉस्को शेयर बाजार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस के केंद्रीय बैंक ने शनिवार को घोषणा की कि वह मॉस्को शेयर बाजार के इक्विटी बाजार में 18 मार्च तक व्यापार शुरू नहीं करेगा। सीएनएन ने बैंक ऑफ रसिया के हवाले से कहा कि विदेशी मुद्रा बाजार सोमवार सुबह 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) खुलेगा और उत्पाद व्यवसाय भी तभी शुरू होगा। बैंक की वेबसाइट पर बताया गया कि शेयर बाजार पर अगले हफ्ते का फैसला बाद में घोषित किया जाएगा। यूक्रेन में रूस के हमले के बाद से शेयर बाजार बंद है। सीएनएन ने बताया कि अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य पश्चिमी सहयोगियों के रूस पर प्रतिबंध लगाने के बाद रूसी रूबल में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है।

Published / 2022-03-13 09:45:17
प्रतिबंधों का असर : रूस से कोयला आपूर्ति का विकल्प तलाश रही टाटा स्टील

एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा स्टील लिमिटेड ने शनिवार को कहा कि वह रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच रूसी आपूर्तिकर्ताओं और बैंकों के साथ अनिश्चितता का सामना कर रही है और कोयले के आयात के लिए वैकल्पिक बाजारों की तलाश कर रही है। यूक्रेन पर रूस के हमले के साथ अमेरिका और यूरोप ने रूस पर तेल गैस और कोयले से जुड़े प्रतिबंध लगा दिये हैं। इसके साथ ही कई विदेशी कंपनियों से रूस के साथ कारोबार रोक दिया है। वहीं कार्गो शिप पर इंश्योरंस कवर न मिलने से शिप ऑपरेटर रूस के बंदरगाहों से दूरी बना रहे हैं। इन कदमों से रूस से आपूर्ति पर काफी बुरा असर पड़ा है। हालांकि इसी वजह से कंपनियों के लिये नए मौके में मिल रहे हैं। रूस यूक्रेन संकट ने बदले समीकरण : टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन ने कहा कि रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद के भू-राजनीतिक हालात ने यूरोप में इस्पात निर्यात के नए अवसर भी खोले हैं। उनके मुताबिक इस संघर्ष के चलते रूस और यूक्रेन की आपूर्ति बाधित होने से यूरोप में 4.5 करोड़ टन इस्पात की कमी हो गई है, जिससे दुनिया भर की अन्य कंपनियों के लिये नये मौके बन गए हैं। हालांकि रूस से आपूर्ति घटने का नकारात्मक असर भी पड़ रहा है। नरेंद्रन ने सीआईआई पूर्वी क्षेत्र की वार्षिक बैठक के मौके पर कहा कि टाटा स्टील कोयले के आयात के लिए वैकल्पिक बाजारों की तलाश करेगी। इस समय रूसी आपूर्तिकर्ताओं और बैंकरों को लेकर काफी अनिश्चितता है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील अपनी कोयला जरूरतों का 10-15 फीसदी रूस से खरीदती है। उन्होंने कहा कि कंपनी के यूरोपीय परिचालन के लिए उत्तरी अमेरिका से अधिक कोयला खरीदना होगा। नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील बेहतर मार्जिन के लिए दक्षिणी यूरोप को अधिक निर्यात करने पर जोर देगी। उन्होंने कहा कि यदि यूक्रेन-रूस संघर्ष अगले कुछ महीनों तक जारी रहता है, तो लागत में वृद्धि सभी को प्रभावित करेगी।

Published / 2022-03-12 17:52:52
रूसी हमले में यूक्रेन का खाद्य भंडारण गोदाम राख, चार सैनिक शहीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच 17 दिन से जारी जंग के बीच रूसी सेना अब कीव को घेरने की तैयारी कर रही है। ओडेसा में सुबह से गोलीबारी जारी है। कीव में भी रूसी सैनिकों ने बमबारी की। रूसी हमले में यूक्रेन के ब्रोवरी में खाद्य भंडारण गोदाम राख हो गया। उधर, अमेरिका ने रूस की घेराबंदी के लिए 12 हजार सैनिक भेज दिए हैं। वहीं यूक्रेन के लटस्क में रूसी सेना ने गोलीबारी की जिसमें 4 सैनिकों की मौत हो गई जबकि 6 लोग घायल हो गए। रूस-यूक्रेन युद्ध पर नए अपडेट के लिए जुड़े रहें abnnews24.com के साथ। • यूक्रेन पर हमले के बाद रूस पर अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों की नजर है। हाल ये है कि अब अमेरिका ने रूस की घेराबंदी करने के लिए 12 हजार फौजियों को भेजा है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि हम NATO के हर क्षेत्र के हर इंच की रक्षा करेंगे। साथ ही उन्होंने यूक्रेन में तीसरा विश्व युद्ध नहीं लड़ने पर भी जोर दिया। • यूक्रेन की सरकार ने शनिवार को कहा कि रूसी बलों ने मारियूपोल शहर की एक मस्जिद को निशाना बनाया, जिसमें 80 से अधिक लोग ठहरे हुए थे। हालांकि, सरकार की ओर से जारी बयान में हताहतों की संख्या को लेकर तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है। • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि शुक्रवार को खोले गए ह्यूमन कॉरिडोर से 4 शहरों से कुल 7,144 यूक्रेनियन को निकाला गया।नउन्होंने कहा कि बीत 17 दिन से कीव पर रूस हमले कर रहा है। यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी सेना ने भारी बमबारी की है। यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि रूस ने राजधानी कीव पर कई विस्फोट किए हैं। • यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस को दंडित करने के अन्य कदमों के बीच अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य सहयोगियों ने शुक्रवार को रूस पर अपने आर्थिक दबाव को बढ़ा दिया हैा। इन प्रतिबंधों को तहत रूस से विशेषाधिकार प्राप्त व्यापार और आर्थिक अधिकार छीन लिए जाएंगे।

Published / 2022-03-12 06:42:40
यूक्रेन के एक और शहर पर रूस का कब्जा, मेयर भी हुए अगवा

एबीएन सेंटल डेस्क। यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी हैं और इस बीच उसने मेलिटोपोल शहर पर भी कब्जा जमा लिया है। रूसी सेनाएं तेजी से कीव को कब्जा करने की ओर बढ़ रही हैं और उससे पहले आसपास के शहरों पर वह नियंत्रण करने में जुटी है। इस बीच यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि मेलिटोपोल पर कब्जा करने के साथ ही रूसी सेना ने शहर के मेयर इयान फेडोरोव को भी अगवा कर लिया है। यूक्रेन का कहना है कि फेडोरोव ने उनसे सहयोग करने से इनकार कर दिया था और उसके बाद उन्हें रूसी सेना ने अगवा कर लिया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि मेयर को अगवा करना लोकतंत्र के खिलाफ है और वॉर क्राइम जैसा है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, मेलिटोपोल के मेयर की किडनैपिंग लोकतंत्र के खिलाफ युद्ध अपराध है। मैं बताना चाहता हूं कि रूस की इस हरकत के बारे में दुनिया के लोकतांत्रिक देशों के 100 फीसदी लोग जानेंगे। इसके साथ ही उन्होंने रूसी सेना के एक्शन की तुलना खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से भी की है। इस बीच रूसी सेना के राजधानी कीव में भी हमले तेज हो गए हैं। शनिवार को सुबह कीव में कई धमाकों की आवाज सुनी गई। शहर के बाहरी इलाकों इरपिन और होस्टोमेल में इस बीच कड़ा संघर्ष चल रहा है और रूसी सेना तेजी से आगे बढ़ रही है। इस बीच रूस ने भी यूक्रेन के साथ संघर्ष में जेलेंस्की की ही रणनीति अपना ली है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वॉलंटियर्स को यूक्रेन के युद्ध में जाने की मंजूरी दे दी है। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष का आज 17वां दिन है और लगातार युद्ध जारी है। इसे लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि युद्ध के चलते कोरोना वायरस के केसों में इजाफा हो सकता है। संस्था ने कहा कि इस युद्ध के चलते पलायन हो रहा है। यूक्रेन में वैक्सीनेशन का आंकड़ा बेहद कम है और उसके चलते दूसरे देशों में जाने वाले लोगों से कोरोना का विस्फोट हो सकता है।

Published / 2022-03-12 06:04:12
यूट्यूब ने पूरी दुनिया मे ब्लॉक किये रूसी मीडिया चैनल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन पर रूसी हमले का आज 17वां दिन है। इतना लंबा समय हो जाने के बाद भी दोनों देशों के बीच जंग समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। रूस की ओर से यूक्रेन के कई शहरों पर हमले जारी हैं। युद्ध के दो हफ्तों के दौरान यूक्रेन के 1,00,000 नागरिक क्राको और करीब 2,00,000 नागरिक वारसॉ में शरण लेने पहुंचे हैं। ऐसे में दोनों देश अब शरणार्थियों को स्वीकार करने में असमर्थ हैं। वहीं यूट्यूब ने विश्व स्तर पर रूसी राज्य द्वारा वित्त पोषित मीडिया चैनलों को ब्लॉक कर दिया है। 17 दिन के बाद भी रूस की ओर से यूक्रेन के कई शहरों पर हमले जारी हैं। वहीं युद्ध पर लगाम लगाने के लिए बड़ी कंपनियां रूस में अपना काम बंद कर रही हैं। इस कड़ी में ड्यूश बैंक भी अब रूस में अपना कारोबार को बंद करेगा। यूट्यूब ने विश्व स्तर पर रूसी मीडिया चैनलों को किया ब्लॉक : अमेरिकी ऑनलाइन वीडियो शेयरिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने कहा कि वह रूस द्वारा वित्त पोषित मीडिया चैनलों को वैश्विक स्तर पर तुरंत प्रभाव से ब्लॉक कर रहा है। साथ ही कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि हमारे कंटेट को लेकर दिशानिर्देश साफ है कि हम हिंसक घटनाओं से जुड़ी सामग्री को नहीं रखते हैं। हम यूक्रेन में रूस के आक्रमण के बारे में सामग्री को हटाते हैं जो इस नीति का उल्लंघन करता है। वहीं ड्यूश बैंक भी रूस में अपना कारोबार को बंद करेगा। अमेरिका रूस पर लगाता रहेगा प्रतिबंध : अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि हम यूक्रेन के साथ प्रतिबद्ध और एकजुट रहेंगे। हम रूस पर प्रतिबंधों को लगाते रहेंगे और इनमें कोई राहत नहीं होगी। ऐसे प्रतिबंध रूस पर तब तक थोपना जारी रखेंगे जब तक कि पुतिन अपना रास्ता नहीं बदलते और उनके यूक्रेन पर आक्रमण नरम नहीं पड़ते।

Page 85 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse