वर्ल्ड

View All
Published / 2022-04-04 08:07:53
यूक्रेन : अब तक 1417 आम नागरिकों की मौत, मैरियूपोल में फंसे डेढ़ लाख लोग

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 40वां दिन है। रूस ने अब यूक्रेन के डोनाबास में अपनी फौज को केंद्रित करना शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस यहां पर लगातार हमले कर रहा है, जिस कारण यहां काफी नुकसान हुआ है। वहीं यूक्रेन की ओर से भी हमलों का जवाब दिया जा रहा है। ग्रैमी अवार्ड के मंच पर जेलेंस्की की अपील : ग्रैमी अवार्ड सेरेमरी के मंच पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का प्री रिकॉर्डेड वीडियो चलाया गया। इसमें उन्होंने दुनिया से मदद व समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा, आप यूक्रेन की मदद कीजिए। जैसे भी आप कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संगीत के विपरीत क्या है? बर्बाद हुए शहरों का शोर, मरे हुए लोग...इस सन्नाटे को संगीत से भर दीजिए। मैरियूपोल में डेढ़ लाख लोग फंसे : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि मैरियूपोल मंर करीब डेढ़ लाख लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि रूसी कब्बे वाले इलाकों में मानवीय सहायता पहुंचा पाना मुश्किल हो गया है। यूक्रेन में अब तक 1417 आम नागरिकों की मौत, मैरियूपोल में फंसे डेढ़ लाख लोग : संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक, रूसी हमलों में अब तक 1417 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं 2038 लोग घायल हुए हैं। इन आंकड़ों में मैरियूपोल और इरपिन शहर में हुई मौतें शामिल नहीं हैं। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि वास्तविक आंकड़ा इससे काफी ज्यादा हो सकता है।

Published / 2022-04-03 15:18:27
शूटआउट : कैलिफोर्निया की राजधानी में 6 की मौत, 9 घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्टेट से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां की राजधानी सैक्रामेंटों का भीड़-भाड़ वाला इलाका अचानक गोलियों की आवाजों से दहल गया। शूटआउट में 6 लोगों की मौत की खबर मिल रही है, जबकि कम से कम 9 लोगों के घायल होने की सूचना है। न्यूज एजेंसी एएफपी ने सैक्रामेंटो पुलिस के हवाले से बताया कि कैलिफोर्निया में हुई गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की जान गई है। कैलिफोर्निया की राजधानी सेक्रामेंटो में हुई इस अंधाधुंध फायरिंग की घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फायरिंग की चपेट में आने वाले 15 लोगों में से छह की मौत हो गई। पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है। द वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के अनुसार घटना रविवार (स्थानीय समयानुसार) सुबह तड़के हुई है। सैक्रामेंटो पुलिस ने ट्वीट करते हुए बताया कि अधिकारियों ने कम से कम 15 गोलीबारी पीड़ितों का पता लगाया है, जिनमें छह मारे गए हैं। मीडिया आउटलेट ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो का हवाला दिया, जिसमें लोगों को सड़क पर भागते हुए दिखाया गया था, क्योंकि तेजी से गोलियों की आवाज सुनी जा सकती थी। वीडियो में घटनास्थल पर भेजी गई कई एंबुलेंस भी दिखाई दे रही हैं। हालांकि घटना को लेकर पुलिस ज्यादा कुछ नहीं बताया है। वहीं घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक दूसरे का गला दबा रहे है। लोगों के बीच मारपीट हो रही है। इतने में गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शूटआउट की घटना में फिलहाल किसी को पुलिस ने नहीं पकड़ा है।

Published / 2022-04-03 15:09:14
पाक संसद पर विपक्ष का कब्जा, चीफ जस्टिस ने बुलाई जजों की बैठक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच इमरान के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। प्रस्ताव खारिज होने के बाद इमरान ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनता इस फैसले से खुश है। इस बीच इमरान ने राष्ट्रपति से संसद भंग करने की सिफारिश की जिसके बाद राष्ट्रपति आरिफ अल्फी ने संसद भंग कर दी और 90 दिन के भीतर चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। दरअसल, अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद पाकिस्तान में सियासी स्थिति बेहद खराब हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने जजों की बैठक बुलाई है जिसमें आज मचे सियासी घमासान पर चर्चा होगी। इधर, संसद में अजीबोगरीब हालात बन गए हैं। अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद विपक्षी नेताओं ने उग्र रूप धारण कर लिया है। वो संसद में ही डेरा जमाए हुए हैं। करीब 6 हजार सिक्योरिटी पर्सन संसद की सुरक्षा के लिए मौजूद हैं। राष्ट्रपति के ऐलान के बाद विपक्ष भड़क गया और संसद पर कब्जा कर अयाज सादिक को अपना स्पीकर चुन लिया। यही नहीं संसद में विपक्ष ने अपनी कार्रवाई भी शुरू कर दी। विपक्ष की इस हरकत के बाद चीफ जस्टिस ने सुप्रीम कोर्ट के जजों बैठक बुलाई है। इस बीच पाकिस्तान के हालात पर सेना का पहला बयान सामने आया है। पाक सेना ने देश में मची राजनीतिक उथल-पुथल से खुद को दूर बताया और कहा कि राजनीतिक प्रक्रिया से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। ISPR ने कहा कि आज जो हुआ वह सियासी बवाल था। उधर, शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर हमला बोलते हुए कहा कि वो गद्दार हैं और उन्होंने देश को विभाजित करने और गृहयुद्ध की ओर धकेलने का काम किया है। इससे पहले देश को संबोधित करते हुए इमरान खान ने कहा कि मेरे खिलाफ विदेशी साजिश हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब नए चुनाव की तैयारी करे।

Published / 2022-04-03 13:28:25
पाकिस्तान : राष्ट्रपति ने भंग की संसद, 90 दिन में होंगे चुनाव

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को नेशनल असेंबली (संसद) को भंग करने की सिफारिश की और नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की । राष्ट्रपति ने इमरान खान की सिफारिश को मंजूर करते हुए संसद को भंग कर दिया और 90 दिनों के भीतर चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। इससे पहले राष्ट्र के नाम एक संक्षिप्त संबोधन में खान ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति अल्वी को असेंबलीज़ को भंग करने की सलाह दी है। उनकी घोषणा से कुछ मिनट पहले ही नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने रविवार को खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को संविधान के अनुच्छेद पांच के खिलाफ बताते हुए खारिज कर दिया। विपक्ष की ओर से अध्यक्ष असद कैसर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के बाद सूरी ने संसद के अहम सत्र की अध्यक्षता की। विपक्ष के सदस्य जब सदन पहुंचे तो वे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आश्वस्त दिखाई दिए, लेकिन प्रस्ताव खारिज होने के बाद उन्होंने फैसले का विरोध किया। विपक्ष को खान को सरकार से बाहर करने के लिए 342 में से 172 सदस्यों के समर्थन की ज़रूरत है जबकि उन्होंने दावा किया है कि उनके पास 177 सदस्यों का समर्थन है। खान 2018 में नया पाकिस्तान बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे और अब अपने राजनीतिक करियर के नाजुक मोड़ पर हैं क्योंकि उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने बहुमत खो दिया है। उनकी दो सहयोगी पार्टियों ने भी सरकार से समर्थन वापस ले लिया और विपक्ष के खेमे से हाथ मिला लिया है।

Published / 2022-04-03 12:41:11
200 रुपये चावल, चीनी 240, तेल 850 रुपये लीटर, जानें श्रीलंका हाल...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। श्रीलंका में बढ़ती आर्थिक संकटों, बढ़ती मुद्रास्फीति और कमजोर मुद्रा की वजह से राशन और बुनियादी वस्तुओं की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। श्रीलंका में आर्थिक मंदी के दौर में राष्ट्र में लोग ईंधन, भोजन और दवाइयां खरीदने के लिए घंटों कतार में खड़े रह रहे हैं। कई बार तो घंटों दुकान और सुपर मार्केट की लाइन में खड़े होने के बाद भी लोगों को सामान नहीं मिलता है। या तो दुकान का सामान खत्म हो जाता है या फिर ग्राहकों के पैसे खत्म हो जाते हैं। राजधानी कोलंबो में एक सुपरमार्केट का दौरा किया है। मीडिया टीम यह देखने के लिए वहां पहुंची थी कि दैनिक किराने के सामान के लिए श्रीलंका के लोगों को कितना खर्च करना पड़ता है। हाल के हफ्तों में सब्जियों की कीमतें वहां दोगुनी हो गई हैं। जबकि चावल और गेहूं जैसे अनाज क्रमश 220 रुपये प्रति किलोग्राम और 190 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहे हैं। श्रीलंका में एक किलोग्राम चीनी 240 रुपये में मिल रही है, जबकि नारियल तेल 850 रुपये प्रति लीटर के भाव पर मिल रहा है। एक अंडे की कीमत 30 रुपये है। दूध पाउडर का एक किलो पैक अब 1900 रुपये में बिक रहा है। फरवरी में श्रीलंका की खुदरा मुद्रास्फीति पहले ही 17.5 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है और खाद्य मुद्रास्फीति 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई है, जिससे खाद्य और अनाज की कीमतों में अत्यधिक वृद्धि हुई है। दवाओं और मिल्क पाउडर की भी श्रीलंका में भारी किल्लत है।

Published / 2022-04-03 12:15:31
सेना का ऐलान- पाकिस्तानी संसद पर विपक्ष का कब्जा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में रविवार को प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को बिना मतदान के ही खारिज कर दिया गया। नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने पाकिस्तानी संविधान के अनुच्छेद 5 का हवाला देते हुए इस अविश्वास प्रस्ताव को बिना वोटिंग के ही खारिज कर दिया। सूरी ने आज सदन की जिम्मेदारी ऐसे वक्त संभाली जब विपक्ष ने नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। देश के संविधान पर हमला हुआ है : बिलावल भुट्टो- पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा है कि देश के संविधान पर बड़ा हमला हुआ है। हम सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद करते हैं वह वह इसे ठीक करेगा। इमरान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला : शहबाज शरीफ- पाकिस्तान के विपक्षी नेता शहबाज शरीफ ने एक ट्वीट में लिखा है कि इमरान खान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला है। उन्होंने लिखा, यह देशद्रोह से कम नहीं है। संविधान का जो उल्लंघन किया है उसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट संविधान को लेकर अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएगा। इमरान खान ने अपना वादा पूरा किया : कुरैशी- पाकिस्तान में सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के नेता शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपना वह वादा पूरा किया है, जिसमें उन्होंने देश को चौंकाने की बात कही थी। अब हम चुनाव की तैयारी करेंगे और भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करते चोर, लुटेरों और गद्दारों को पाकिस्तान से बाहर करेंगे। पाकिस्तानी संसद के बाहर इमरान के समर्थन में नारेबाजी : पाकिस्तान में संसद भंग किए जाने के बाद राजधानी में संसद के बाहर खूब नारेबाजी हुई। यहां इमरान खान पाकिस्तान को बचाएंगे और जो भी अमेरिका का दोस्त है वह गद्दार है जैसे नारे लगाए गए।

Published / 2022-04-03 09:55:20
यूक्रेन को 30 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता भेजेगा अमेरिका

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के रक्षा विभाग ने कहा कि वह यूक्रेन के सुरक्षा बलों को रूसी सेना से देश की रक्षा करने के लिए सैन्य उपकरणों के वास्ते अतिरिक्त 30 करोड़ डॉलर की मदद दे रहा है। पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने शुक्रवार शाम को एक बयान में कहा कि सैन्य उपकरणों में लेजर निर्देशित रॉकेट प्रणालियां, मानवरहित विमान, बख्तरबंद वाहन, अंधेरे में देखने वाले उपकरण और गोला बारूद शामिल हैं। साथ ही इसमें चिकित्सा आपूर्ति और अतिरिक्त पुर्जे भी शामिल हैं। किर्बी ने कहा कि नया पैकेज अमेरिकी सेना के भंडार से निकले उपकरण देने के बजाय यूक्रेन को नई क्षमताएं देने के लिए एक अनुबंधित प्रक्रिया की शुरुआत है। अमेरिका ने रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन को 1.6 अरब डॉलर से अधिक की सुरक्षा सहायता मुहैया करायी है।

Published / 2022-04-03 09:11:55
श्रीलंका : विरोध प्रदर्शन के बीच 36 घंटे का कर्फ्यू, फेसबुक -ट्विटर और व्हाट्सएप भी बंद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भोजन और ईंधन की कमी के खिलाफ हिंसक विरोध के बीच श्रीलंका सरकार ने देशभर में 36 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया है, क्योंकि देश में आपातकाल की स्थिति लागू है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने एक नोटिस जारी कर अधिकारियों की ओर से लिखित अनुमति के बिना लोगों को किसी भी सार्वजनिक सड़कों, पाकरं, ट्रेनों या समुद्र के किनारे जाने पर पाबंदी लगा दी है। BBC ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कर्फ्यू शनिवार शाम को शुरू हुआ। सरकार ने फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर सहित सोशल मीडिया साइटों को भी बंद कर दिया है। लोगों को उनके मोबाइल फोन पर संदेश प्राप्त हुए कि यह कदम दूरसंचार नियामक आयोग के निर्देशानुसार उठाया गया है। इन नए कड़े प्रतिबंधों का उद्देश्य गुरुवार को राष्ट्रपति राजपक्षे के निजी आवास के पास हुए हिंसक प्रदर्शन जैसे कमदमों को रोकना है। बता दें कि उग्र भीड़ ने श्री राजपक्षे के आवास के पास प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इसके बाद सेना को तैनात किया गया है और बिना वारंट के लोगों को गिरफ्तार करने की शक्ति दी गई है। श्रीलंका विदेशी मुद्दा की कमी के कारण अपने सबसे खराब आर्थिक दौर से गुजर रहा है। विदेशी मुद्रा का उपयोग ईंधन आयात के भुगतान के लिए किया जाता है। श्रीलंका में इस समय लोगों को 12 घंटे और उससे अधिक समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा ईंधन, आवश्यक खाद्य पदार्थों और दवाओं की कमी के कारण जनता में आक्रोश है और लोग सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान हिंसा भी हुई है।

Page 78 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse