वर्ल्ड

View All
Published / 2022-08-06 06:07:43
आजादी के 75 साल के जश्न का Google भी बन रहा सहभागी, डिजिटल संग्रह का नाम रखा "भारत की उड़ान"

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत की आजादी के 75 साल के सफर में हासिल की गई अहम उपलब्धियों को समेटते हुए गूगल ने एक ऑनलाइन परियोजना शुरू की है, जिसमें समृद्ध अभिलेखागार और कलात्मक चित्रण के जरिये देश की कहानी बयां की गई है। गूगल आर्ट्स एंड कल्चर द्वारा शुरू की गई परियोजना इंडिया की उड़ान देश की उपलब्धियों का जश्न मनाती है और यह इन 75 वर्षों में भारत की अटूट और अमर भावना पर आधारित है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और संस्कृति मंत्रालय तथा गूगल के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में आयोजित एक समारोह में इसका आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया। देशभर में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के तौर पर गूगल ने सरकार के एक साल तक चलने वाले "आजादी का अमृत महोत्सव" कार्यक्रम का समर्थन करने के लिए सूचनात्मक ऑनलाइन सामग्री तक पहुंच बढ़ाने और 1947 के बाद से भारत की प्रगति और भारतीयों के योगदान को दिखाने के वास्ते संस्कृति मंत्रालय के साथ सहयोग किया है। कंपनी ने 2022 के लिए अपनी लोकप्रिय "डूडल 4 गूगल" प्रतियोगिता की भी घोषणा की, जिसकी थीम अगले 25 वर्षों में मेरा भारत होगा... है। इसमें पहली से 10वीं कक्षा तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। रेड्डी ने कहा कि गूगल केंद्र द्वारा संरक्षित 3,000 से अधिक स्मारकों की सीमाओं का डिजिटल मानचित्र तैयार करने में संस्कृति मंत्रालय की मदद कर सकता है, जिससे इन स्थलों की बेहतर निगरानी में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि नया दुर्लभ अभिलेखागार सामग्री के डिजीटलीकरण में भी कारगर साबित हो सकता है।

Published / 2022-08-06 05:52:39
ताइवान के रक्षा मंत्रालय का दावा : हमले की तैयारी कर रहा चीन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ताइवान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि चीन उसके मुख्य द्वीप पर हमले का अभ्यास कर रहा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार चीनी विमानों और जहाजों के एक से ज्यादा बैच ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार करते हुए देखे गये। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें ताइवान के मुख्य द्वीप पर एक हमले का अभ्यास करने के लिए लगाया गया था। अमेरिकी हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान की यात्रा के बाद चीन ने जलवायु परिवर्तन सहित प्रमुख मुद्दों पर अमेरिका के साथ सहयोग समाप्त करने की घोषणा की है, जबकि वाशिंगटन ने कहा कि पेलोसी की ताइवान यात्रा को लेकर चीन बेवजह प्रतिक्रिया कर रहा है। बहरहाल, पेलोसी की ताइवान की यात्रा के बाद से अमेरिका और चीन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी की मंगलवार को हुई ताइवान की यात्रा को लेकर चीन और ताइवान के बीच संबंध काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। चीन ने अमेरिका को बार-बार चेतावनी दी थी कि अगर ये यात्रा हुई तो उसे माकूल जवाब दिया जायेगा और कठोर कार्रवाई की जायेगी।

Published / 2022-08-06 02:32:03
मोदी ने फिलीपींस के 17वें राष्ट्रपति से फोन पर की बात, दी बधाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से फोन पर बातचीत की और उन्हें फिलीपींस के 17वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा की और हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग में तीव्र प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। श्री मोदी ने भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी (पूर्व के देशों के साथ काम करने की नीति) और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बारे में भारत की सोच की दिशा में फिलीपींस द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका के महत्व को दोहराया।उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को और विस्तार देने की इच्छा व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने श्री मार्कोस जूनियर का भी आश्वासन दिया कि भारत फिलीपींस के विकास की योजनाओं और परियोजनाओं में पूरी सहायता करेगा। श्री मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति के बीच यह वार्ता ऐसे समय हुई है जबकि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पलोसी की इसी सप्ताह ताइवान यात्रा पर चीन ने तीखी आपत्ति जताई थी।

Published / 2022-08-05 17:49:50
अफगानिस्तान : काबुल में बड़े धमाके में छह की मौत, 12 अन्य घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अफगानिस्तान के काबुल में बड़े धमाके की जानकारी मिली है। खबर है कि काबुल के सरकारीज इलाके में एक गाड़ी में ये धमाका हुआ है। धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं। तालिबान के एक अधिकारी ने बताया कि धमाका शिया इलाके में एक मस्जिद के पास हुआ। उन्होंने बताया कि यहां एक गाड़ी में छिपा हुआ बम ब्लास्ट कर गया है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हो गये। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।

Published / 2022-08-05 16:02:53
ताइवान का दावा... 68 चीनी विमान और 13 युद्धपोतों ने पारी की मध्य रेखा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका की हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी के ताइवान यात्रा के बाद चीन और ताइवान के बीच लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच, ताइवान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि 68 चीनी विमानों, 13 युद्धपोतों ने मध्य रेखा को पार किया है। ताइवान ने चीन की इस हरकत की कड़े शब्दों में निंदा की है। ताइपे सेना ने कहा कि, हम चीनी सेना के द्वारा जानबूझकर जलडमरू मध्य की मध्य रेखा को पार करने और ताइवान के आसपास समुद्र व हवा में इस तरह की हरकत करने के लिए निंदा करते हैं। इससे पहले बीते दिन चीन ने सैन्य अभ्यास के दौरान ताइवान के आसपास कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और फाइटर जेट्स को तैनात किया था। ताइवान के विदेश मंत्री जोसेफ वू ने अमेरिका के तीसरी सबसे बड़ी नेता व प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पिलोसी की यात्रा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और इसके जवाब में चीन द्वारा शुरू किए गए सैन्य अभ्यास की कड़ी आलोचना की। वू बीबीसी से शुक्रवार को बात करते हुए चीन की ओर से की गयी कारर्वाई को बहुत उकसाने वाला तथा एशिया में शांति और स्थिरता लिए बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि ताइवान चीन के सपनों के विस्तार का आखिरी टुकड़ा नहीं है। उनका यह बयान चीन के मिसाइल प्रक्षेपण किये जाने के बाद आया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने गुरुवार को चीन द्वारा ताइवान के ऊपर से मिसाइल दागने की बात पर कोई टिप्पणी नही की। वाशिंगटन में जापानी दूतावास ने कहा कि उसका मानना है कि चीन द्वारा दागी गई चार मिसाइलें द्वीप की राजधानी ताइपे के ऊपर से गुजरी थी। पर हुआ ने कहा मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं।

Published / 2022-08-05 10:10:18
अब यूरोपीय देशों पर भड़का चीन, ताइवान मुद्दे पर राजदूत तलब

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़का चीन, आक्रामक होता जा रहा है। उसने गुरुवार को ताइवान की घेराबंदी के लिए युद्धाभ्यास शुरू किया। इसके बाद खबर आई कि चीन ने पांच मिसाइलें दागीं, जो जापान के इईजेड में जाकर गिरीं। इसका जापान ने कड़ा विरोध जताया है। वहीं चीन के 22 विमानों ने एक बार फिर ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में प्रवेश किया। इन सबके बीच नैंसी पेलोसी जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच गईं। रक्षा बजट के मामले में चीन दूसरे स्थान पर : चीन इस वक्त रक्षा बजट के मामले में अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश है। इसके चलते दुनिया में युद्धक हथियारों के मामले में चीन काफी आगे है। चीन ने यूरोपीय देशों के राजदूतों को किया तलब : अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़के चीन ने अब यूरोपियन यूनियन में शामिल सात देशों के राजदूतों को तलब किया है। जानकारी के मुताबिक, चीन ने उनके साझा बयान का विरोध दर्ज कराया है। दरअसल, इन देशों की ओर से बयान में कहा गया था कि ताइवान की सीमा पर चीन का सैन्य अभ्यास गलत है और इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। चीन का कहना है, यूरोपीय देशों का यह बयान हमारे आंतरिक मामलों में दखल है। चीन और ताइवान की जनसंख्या में कितना फर्क : चीन और ताइवान को बांटने वाली ताइवान की खाड़ी महज कुछ 100 किलोमीटर ही चौड़ी है। इस खाड़ी के जरिए ही चीन की 139 करोड़ लोगों की आबादी ताइवान की 2.36 करोड़ की आबादी से अलग रहती है। यानी अगर आबादी के अंतर को ही आधार बना लें तो ताइवान के एक व्यक्ति के मुकाबले चीन के पास 65 लोगों की ताकत है। चीन ने उड़ाए 100 फाइटर जेट : चीन और ताइवान के बीच तनातनी बढ़ती नजर आ रही है। गुरुवार को मिसाइल दागने के बाद अब खबर है कि चीन ने ताइवान की सीमा पर 100 फाइटर जेट उड़ाए। हालांकि, ताइवान ने भी पीछे हटने से इंकार कर दिया। इससे पहले खबर आई थी कि 22 चीनी विमान ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में भी घुस गए थे।

Published / 2022-08-05 04:33:46
"मंकीपॉक्स" की भयावहता देख अमेरिका ने लगायी हेल्थ इमरजेंसी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका तेजी से फैल रहे "मंकीपॉक्स" के प्रति सरकारी जवाबी कार्रवाई को बढ़ाने के लिए इस बीमारी को जन स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित कर दिया है। देश में पहले से ही 6600 से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इस घोषणा से इस वायरस का मुकाबला करने के लिए संघीय धन एवं संसाधनों को लगाने में मदद मिलेगी। इस मामले से जुड़े लोगों ने इस घोषणा से पहले अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर इसकी जानकारी दी। यह घोषणा ऐसे समय होने जा रही है जब बाइडेन प्रशासन मंकीपॉक्स के टीके की उपलब्धता को लेकर आलोचनाओं का सामना कर चुका है। न्यूयार्क और सान फ्रांसिस्को जैसे बड़े शहरों में क्लीनिकों का कहना है कि मांग को पूरा करने के लिए उन्हें दो खुराक वाले टीके की पर्याप्त मात्रा नहीं मिली है। कुछ को तो पहली खुराक की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दूसरी खुराक देना बंद करना पड़ा।

Published / 2022-08-04 11:10:58
चीन-ताइवान तनातनी : युद्ध के आसार के बीच ड्रैगन ने शुरू किया सैन्य अभ्यास

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन और ताइवान के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़का चीन, उनके लौटते ही और आक्रामक हो गया है। चीन ने ताइवान को घेरने के लिए उसकी सीमा के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी है। खबर यह भी है कि चीनी सेना ने ताइवान के आसपास सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन ने ताइवान की सीमा पर युद्धाभ्यास के लिए युद्धपोत, फाइटर जेट व मिसाइलों को तैनात किया है। आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पीएलए चार से सात अगस्त तक छह अलग-अलग क्षेत्रों में भी सैन्य अभ्यास करेगा, जो ताइवान द्वीप को सभी दिशाओं से घेरता है। नैंसी की यात्रा का चीन ने किया था विरोध : अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी चीन के विरोध के बावजूद मंगलवार को ताइवान की राजधानी ताईपेई पहुंचीं थीं। 25 साल बाद ये पहली बार है जब अमेरिकी स्पीकर ताइवान के दौरे पर थीं। इससे पहले 1997 में उस समय के स्पीकर न्यूट गिंगरिक यहां पहुंचे थे। पेलोसी के दौरे से बौखलाए चीन ने तमाम एलान कर डाले। इसके अलावा चीन के फाइटर जेट ताइवान की सीमा के ऊपर उड़ान भरते नजर आए। पेलोसी के ताइवान से रवाना होते ही 27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में पहुंचे। चीन-ताइवान के बीच विवाद क्या है? ताइवान दक्षिण पूर्वी चीन के तट से करीब 100 मील दूर स्थिति एक द्वीप है। ताइवान खुद को संप्रभु राष्ट्र मानता है। उसका अपना संविधान है। ताइवान में लोगों द्वारा चुनी हुई सरकार है। वहीं चीन की कम्युनिस्ट सरकार ताइवान को अपने देश का हिस्सा बताती है। चीन इस द्वीप को फिर से अपने नियंत्रण में लेना चाहता है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ताइवान और चीन के पुन: एकीकरण की जोरदार वकालत करते हैं। ऐतिहासिक रूप से से देखें तो ताइवान कभी चीन का ही हिस्सा था।

Page 63 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse